सेवा सेतु पोर्टल: ग्रामीण सेवा सेतु प्रबंधकों का प्रशिक्षण
0- 110 प्रबंधकों को नई ऑनलाइन नागरिक सेवाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
बालोद. आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं और नागरिक सेवाओं का त्वरित, पारदर्शी एवं सुगम लाभ ग्राम स्तर पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में संयुक्त जिला कार्यालय बालोद के ऑडिटोरियम कक्ष में जिले के लगभग 110 ग्रामीण सेवा सेतु प्रबंधकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
सेवा सेतु पोर्टल की नवीन सेवाओं का मिला तकनीकी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान सेवा सेतु पोर्टल में हाल ही में जोड़ी गई नवीन ऑनलाइन सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रबंधकों को ग्रामीण विवाह प्रमाण पत्र, नाम परिवर्तन हेतु साधारण राजपत्र अधिसूचना, आर्थिक रूप से ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, आईटीआई स्थानांतरण प्रमाण पत्र हेतु आवेदन, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, खाद्य विभाग से जुड़ी राशन कार्ड संबंधी सेवाओं, ग्रामीण स्तर की अन्य सेवाओं तथा ई-चालान जैसी महत्वपूर्ण ऑनलाइन प्रक्रियाओं के संचालन व इनके लिए आवश्यक अनिवार्य दस्तावेजों की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया गया।
गांव-गांव शिविर लगाकर ई-केवाईसी कराने के निर्देश
कार्यशाला में सेवा सेतु प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि वे श्रम विभाग के अंतर्गत पंजीकृत एवं पात्र श्रमिकों के शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराएं। इसके लिए ग्राम स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन कर श्रमिकों को जागरूक करने और मौके पर ही सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। प्रशिक्षण में सभी सेवा सेतु प्रबंधकों से सेवा भाव और तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि ग्रामीण नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला अथवा ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, यही सेवा सेतु केंद्र का मुख्य उद्देश्य है।









.jpg)
Leave A Comment