शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संवर रहा सेहत और भविष्य: ग्राम सिवनी की भुवनेश्वरी सिन्हा को मिला मातृत्व और पोषण का संबल
-आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण आहार व शिशु देखभाल की मिली सीख
-प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मिली 06 हजार और महतारी वंदन योजना से मिल रही हर माह 01 हजार रुपये की नियमित सहायता
बालोद । शासन के महत्वाकांक्षी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत संचालित ‘आंगन मिलन सेवा’ ग्रामीण अंचलों में माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और आर्थिक स्वावलंबन को नई दिशा दे रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पाकर ग्रामीण महिलाएं न केवल जागरूक हो रही हैं, बल्कि अपने बच्चों का बेहतर लालन-पालन भी सुनिश्चित कर रही हैं। बालोद जिले के ग्राम सिवनी की निवासी श्रीमती भुवनेश्वरी सिन्हा इसका एक प्रेरक उदाहरण हैं। ग्राम सिवनी की निवासी श्रीमती भुवनेश्वरी सिन्हा ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के दौरान उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं, बच्चों की उचित देखरेख और संतुलित पोषण आहार के संबंध में अत्यंत उपयोगी जानकारियां प्राप्त हुईं। केंद्र में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और पोषण विशेषज्ञों द्वारा बच्चों की वृद्धि निगरानी, टीकाकरण और पौष्टिक खान-पान की बारीकियों से अवगत कराया गया, जिससे वे अपने बच्चे के स्वास्थ्य और शारीरिक विकास के प्रति पहले से कहीं अधिक सजग हुई हैं।
श्रीमती भुवनेश्वरी सिन्हा ने बताया कि पहले बच्चे के जन्म के समय उन्हें ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ के अंतर्गत 06 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई थी। इसके साथ ही अब राज्य शासन की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा प्रतिमाह 01 हजार रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में नियमित रूप से भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग वे अपने बच्चे के स्वास्थ्य, खान-पान, पढ़ाई-लिखाई और रोजमर्रा की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। श्रीमती भुवनेश्वरी सिन्हा ने कहा कि प्रतिमाह मिलने वाली निश्चित राशि से परिवार के बजट को बड़ा संबल मिला है और उन्हें छोटी-मोटी जरूरतों के लिए किसी अन्य पर आश्रित नहीं रहना पड़ता। माताओं और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए इन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार प्रकट किया।













Leave A Comment