दल्लीराजहरा के स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित हुआ ‘मिशन वात्सल्य’ एवं ‘मिशन शक्ति’ जागरूकता शिविर
नगर पालिका अध्यक्ष श्री तोरण साहू के मुख्य आतिथ्य में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति किया गया सजग
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 के प्रभावी उपयोग की दी गई जानकारी
बालोद/कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा के आदेश एवं मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्वामी आत्मानंद विद्यालय दल्लीराजहरा में ‘मिशन वात्सल्य’ एवं ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के प्रति जागरूक कर अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के अध्यक्ष श्री तोरण साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में उन्नति के लिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक संस्कारों का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सजग और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री छगन लाल साहू तथा नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के पार्षद श्री भूपेंद्र श्रीवास उपस्थित रहे।
कानूनी प्रावधानों और विभागीय योजनाओं से कराया गया अवगत
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन, बच्चों के साथ होने वाले दुव्र्यवहार से बचाव तथा बाल संरक्षण से जुड़े विषयों की सारगर्भित जानकारी दी गई। इसके साथ ही बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, पॉक्सो एक्ट (लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012), किशोर न्याय अधिनियम 2015, किशोर न्याय बोर्ड तथा बाल कल्याण समिति के कार्यों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण पर विस्तार से बात रखते हुए आपात स्थिति अथवा शोषण से बचाव के लिए ’चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098’ तथा ’महिला हेल्पलाइन नंबर 181’ के उपयोग की जानकारी दी और किसी भी समस्या के समाधान के लिए इन नंबरों पर संपर्क करने का आह्वान किया।
जागरूकता बैनर-पोस्टर के जरिए सुरक्षित वातावरण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान बैनर व पोस्टरों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा महिलाओं व बालिकाओं को समान अवसर एवं सम्मान प्रदान करने में समाज की भूमिका पर बल दिया गया। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक (मिशन शक्ति) डॉ. एस. कुमार, श्री अनिल सिन्हा, चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर श्री परमानंद परसगिया, सुपरवाइजर नेहा चंद्राकर, मोना रावत, मास्टर ट्रेनर रणतिका रात्रे, ओआरडब्ल्यू गुणवती, चैतन्य संस्था से रोशनी यादव, विद्यालय के प्राचार्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












.jpg)
Leave A Comment