ब्रेकिंग न्यूज़

व्यवहार परिवर्तन से समाज को मिलेगी नई दिशा : कलेक्टर

‘आप देंगे साथ तो बनेगी बात’ विषय पर संभाग स्तरीय कार्यशाला
योजनाओं की सफलता के लिए जनभागीदारी पर जोर
बिलासपुर/ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन से समाज को नई दिशा दी जा सकती है। शासकीय योजनाओं के उद्देश्यों को साकार करने के लिए लोगों की सक्रिय भागीदारी और उनके व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आवश्यक है। श्री अग्रवाल आज मंथन सभागृह में यूनिसेफ, प्रकृति सेवा संस्थान बिलासपुर एवं एलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। ‘आप देंगे साथ तो बनेगी बात’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों के स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों और विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने प्रतिभागियों को अपने व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी संस्थाएं और युवा समुदाय को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। लोगों को साथ लेकर किए गए प्रयासों से योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सकता है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल ने जिला पंचायत द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में व्यवहार परिवर्तन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि समुदाय की सहभागिता और सकारात्मक व्यवहार को प्रोत्साहित कर योजनाओं का संचालन अधिक सुचारू एवं परिणाममूलक बनाया जा सकता है। कार्यशाला में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे भी उपस्थित थे।
यूनिसेफ के श्री अभिषेक सिंह ने कहा कि योजनाओं से जुड़ी उपयोगी बातों को दैनिक व्यवहार में अपनाने सेz उनके बेहतर परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं से लोगों को व्यवहार परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। विषय विशेषज्ञ श्री चंदन कुमार ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि किसी भी योजना की सफलता में लोगों की समझ, स्वीकार्यता और उसे अपने व्यवहार में अपनाने की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यशाला में बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, सक्ती, रायगढ़, मुंगेली एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, युवोदय के सदस्य, सीएमडी कॉलेज एवं गर्ल्स कॉलेज के समाज कार्य विभाग के शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए। इसके साथ ही मीडिया, अरपा रेडियो, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी तथा स्कूल एवं महाविद्यालयों के शिक्षकों ने भी सहभागिता की। अंत में प्रकृति सेवा संस्थान बिलासपुर के प्रमुख डॉ. राजीव अवस्थी ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english