गायत्री शक्तिपीठ समता कॉलोनी में मनाई गई आध्यात्मिक दीपावली
- अखंड दीप शताब्दी वर्ष पर गूंजे ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ और ’’संस्कार संवर्धन’’ के संकल्प
रायपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार, जिला रायपुर के परिजनों द्वारा समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में शनिवार को दीपावली मिलन का आयोजन किया गया इस अवसर पर वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा एवं अखंड दीप जन्म शताब्दी वर्ष 2026 हेतु सत् संकल्प भी लिये गये। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय कवि एवं चिंतक श्री संजीव ठाकुर एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में गायत्री परिवार छ.ग. की जोन समन्वयक श्रीमती आदर्श वर्मा, डाॅ. अंजनी शुक्ला (से.नि. अति. संचालक, उच्च शिक्षा) श्री अशोक तिवारी (से.नि. संयुक्त कलेक्टर) श्री सी.पी. साहू (उपजोन समन्वयक), लच्छूराम निषाद (जिला समन्वयक), श्रीमती उर्मिला नेताम आसीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गायत्री शक्ति पीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी श्री श्याम बैस ने की। कार्यक्रम का अत्यंत सहज, प्रवाहमयी और ऊर्जावान संचालन श्री दीनानाथ शर्मा जी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक गायत्री मंत्रोच्चार के साथ हुआ, उपस्थित सैकड़ो परिजन नेएक-दूसरे को दीपावलियों की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि श्री संजीव ठाकुर ने अपनी विदेश यात्रा के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि भौतिकता की अंधी दौड़ से जूझ रहे पाश्चात्य जगत में पारिवारिक विघटन बढ़ रहा है, ऐसे में भारत की सनातन संस्कृति और गायत्री परिवार के संस्कार ही संपूर्ण मानवता के लिए एकमात्र संबल हैं। उन्होंने अपनी कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध भी किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री श्याम बैस ने कहा कि दीपावली केवल माटी के दिये जलाकर बाह्य प्रकाश का नहीं, बल्कि अंतःकरण के अंधकार को मिटाकर समाज में सद्विचार फैलाने का महापर्व है।समारोह को संबोधित करते हुए गायत्री परिवार की जोन समन्वयक श्रीमती आदर्श वर्मा ने कहा कि अखंड दीप जन्म शताब्दी वर्ष 2026 हम सभी के लिए आत्मपरिष्करण और युग निर्माण के संकल्प को घर-घर पहुँचाने का स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने बल दिया कि जब तक हमारी मातृशक्ति और युवा पीढ़ी गायत्री परिवार के वैचारिक अनुशासन से जुड़कर संस्कारों को अपने जीवन में नहीं उतारेंगी, तब तक समाज में एक स्वस्थ और नैतिक परिवार व्यवस्था की स्थापना अधूरी रहेगी। अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य रुप से गायत्री शक्ति पीठ समता काॅलोनी के सहायक प्रबंध ट्रस्टी श्री सदाशिव हथमल, वरिष्ठ परिजन कृष्ण कुमार निगम, घनश्याम, केशरवानी, श्रीमती पूर्णिमा साहू, कोमल साहू, अजय साहू, आशीष राय, नीलकंठ साहू सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित थे।: अखंड दीप शताब्दी वर्ष पर गूंजे ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ और ’’संस्कार संवर्धन’’ के संकल्प







.jpeg)

Leave A Comment