घर में घुसकर 80 हजार रुपये की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चेहरे ढके दो संदिग्ध
- सेवानिवृत्त कर्मचारी के सूने घर को बनाया निशाना, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भानसोज में बीते 14-15 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त 85 वर्षीय सतानंद शर्मा के घर से करीब 80 हजार रुपये पार कर दिए। चोरी की वारदात को अंजाम देकर बाहर निकलते चेहरे ढके दो संदिग्ध घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने फिलहाल एफआईआर दर्ज करने के बजाय केवल आवेदन लिया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात रात 10 से 11 बजे के बीच होने का अनुमान है। घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में रात 11 बजकर 08 मिनट पर चेहरे ढके दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक व्यक्ति आगे-आगे चलता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा अपने हाथ में एक पेटी लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि इसी पेटी में चोरी की रकम रखी हुई थी।
बताया जाता है कि सतानंद शर्मा घर में अकेले रहते हैं। चोरों ने घर के पिछले हिस्से से कबेलू हटाकर भीतर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य दरवाजे से आराम से बाहर निकल गए। उनकी यह गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
इधर, सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों के बीच दोनों संदिग्धों में से एक की पहचान को लेकर भी कानाफूसी हो रही है। चर्चा है कि संदिग्धों में से एक व्यक्ति घटना के बाद से गांव में दिखाई नहीं दे रहा है। हालांकि, इस संबंध में किसी ने खुलकर कुछ कहने से परहेज किया है।
सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई का इंतजार
घटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से थाने में शिकायत आवेदन दिया गया है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज होने और पुलिस टीम के घटनास्थल पर पहुंचने की जानकारी नहीं मिली थी। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से सामने आने के बावजूद पुलिस की ओर से कार्रवाई में देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक जांच शुरू कर आरोपियों तक पहुंच पाती है।








.jpeg)

Leave A Comment