कोरबा में ट्रक और बस की टक्कर में दो लोगों की मौत, पांच घायल
कोरबा/ जिले में रविवार तड़के तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने एक निजी बस को टक्कर मार दी, जिससे दो यात्रियों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हादसा तड़के करीब तीन बजे कटघोरा थाना क्षेत्र के तनाखार में सड़क किनारे स्थित एक भोजनालय के पास हुआ। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बस को पीछे से टक्कर मार दी। बस रायपुर से अंबिकापुर जा रही थी। अधिकारी ने बताया कि हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान जशपुर के कुनकुरी निवासी संजीव लकड़ा (34) और गरियाबंद जिले के देवभोग के रहने वाले खीर सिंधु प्रधान (40) के रूप में हुई है। कटघोरा के उप-मंडलीय अधिकारी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस ने घायलों को कटघोरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को बेहतर उपचार के लिए रायपुर ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। मामले की जांच की जा रही है।











.jpeg)

Leave A Comment