स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
बालोद/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रचार-प्रसार हेतु तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा जारी प्लान आफ एक्शन के अन्तर्गत श्री श्याम लाल नवरत्न, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/ अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के आदेशानुसार 31 अक्टूबर 2026 को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, बालोद में श्री ताजुद्दीन आसिफ, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एफ.टी.सी.) बालोद के द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
बाल संरक्षण को सामाजिक सरोकार का महत्वपूर्ण विषय बताते हुए बच्चों के साथ होने वाले दुव्र्यवहार, शोषण, उत्पीड़न एवं अन्य अपराधों की पहचान, रोकथाम तथा उनके विरुद्ध उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी दी गई। सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें अपने साथ होने वाली किसी भी अनुचित गतिविधि के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। वहीं, आधुनिक संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी के विस्तार के साथ बढ़ती साइबर आपराधिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल वित्तीय अपराध, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, फर्जी वेबसाइट, संदिग्ध लिंक एवं साइबर उत्पीड़न से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। आमजन को आगाह किया गया कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी की गोपनीयता बनाए रखना तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित प्राधिकरण को देना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त नालसा शिक्षा योजना के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में समानता एवं समावेशिता को बढ़ावा देने, वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने तथा शिक्षा संबंधी समस्याओं के निराकरण में विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता एवं मार्गदर्शन की भूमिका को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना, समाज को डिजिटल अपराधों के प्रति सतर्क करना तथा शिक्षा के माध्यम से प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना रहा। इस प्रकार विधिक जागरूकता की पहल के माध्यम से एक सुरक्षित, शिक्षित एवं अधिकार-संपन्न समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
अंत में उन्होंने सभी बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा एक जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य, समस्त विद्यालय परिवार एवं पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे।










.jpeg)

Leave A Comment