सैनिक परिवार हादसे का शिकार, 3 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुख जताया
देहरादून/ कच्छ। गुजरात के कच्छ में 21 नवंबर की रात खावड़ा-भुज हाईवे पर हुए एक एक्सीडेंट में एक आर्मी परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार अपनी कार से खावड़ा से भुज जा रहा थे, तभी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई. जानकारी के मुताबिक, यह आर्मी परिवार दिवाली की छुट्टियों में उत्तराखंड से कच्छ आया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताया है और मदद का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा, गुजरात के कच्छ में हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड का एक आर्मी परिवार घूमने के लिए कच्छ आया था. शनिवार को वे कच्छ का रण घूमकर भुज लौट रहे थे, तभी खावड़ा-भुज हाईवे पर उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई. एक्सीडेंट इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से तबाह हो गई. हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में पति-पत्नी और उनकी 3 महीने की बच्ची शामिल हैं. हालांकि परिवार की कार पर लगी नंबर प्लेट टूटी हुई है. जिसमें सिर्फ UK07 लिखा नजर आ रहा है. अंदाजा लगाया जा रहा है कि परिवार देहरादून का रहने वाला हो सकता है. हालांकि, इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है।
हादसे की खबर मिलते ही आस-पास के लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी. जिसके बाद सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भुज के जीके जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया. शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक परिवार आर्मी में सेवारत है. घटना की खबर मिलते ही आर्मी के अधिकारी तुरंत जीके जनरल हॉस्पिटल पहुंच गए. हादसे के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कच्छ वेस्ट पुलिस कंट्रोल रूम के मुताबिक, शनिवार रात 10 बजे जब यह हादसा हुआ, तब परिवार कच्छ का रण घूमकर भुज लौट रहा था।
हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया और लिखा, 'कच्छ में हुए हादसे में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं. मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड से 2 लाख रुपए की मदद दी जाएगी. घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे'.










Leave A Comment