खड़े ट्रक से टकराई सवारियों से भरी गाड़ी; एक ही परिवार के 9 की मौत
-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुख जताया
कोटा। राजस्थान में कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक गाड़ी खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में कई लोग घायल भी हो गए हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा, राजस्थान के कोटा-उदयपुर हाईवे पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
कोटा के अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक, शंभूपुरा के पास, आधी रात को 16 लोगों को ले जा रहा एक वाहन ट्रक से भिड़ गया। यह एक दर्दनाक हादसा था, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई। राजेश जोशी ने आगे बताया कि गाड़ी में सवार लोग खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करके महाराष्ट्र लौट रहे थे। वे सभी एक ही परिवार के थे। अभी हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि जख्मी हुए लोगों को सही इलाज मिले और वे जल्द ठीक हो जाएं। वहीं, हादसे में जान गंवाने वालों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को शव सौंपे जाएंगे।
एक पीड़ित ने बताया कि हम खाटू श्याम से धार की तरफ जा रहे थे। रास्ते में हमारी दो गाड़ियां पीछे रह गईं, जबकि बाकी 3 गाड़ियां आगे निकल गई थीं। फिर, हमारे साथ मौजूद एक महिला का फोन आया कि हादसा हो गया है, इसलिए हम तुरंत मौके पर पहुंचे।










Leave A Comment