ब्रेकिंग न्यूज़

  7 से 8 एकड़ में गेंदा फूल की खेती कर विद्याधर पटेल कमा रहे लाखों रुपये

-छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा के कई जिलों तक फूलों की आपूर्ति, रोजाना निकलती हैं 12 से 15 गाड़ियां
-परिवार के साथ संभाल रहे खेती की जिम्मेदारी, 15 से 20 ग्रामीणों को मिल रहा नियमित रोजगार
 रायपुर । खेती में नई सोच, मेहनत और बाजार की मांग के अनुरूप बदलाव किया जाए तो इसे बेहतर आमदनी का जरिया बनाया जा सकता है। रायगढ़ जिले के  लैलूंगा विकासखंड के ग्राम-कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल ने इसे अपनी मेहनत और अनुभव से साबित किया है। वर्ष 2007-08 से गेंदा फूल की खेती कर रहे विद्याधर आज 7 से 8 एकड़ में इसका उत्पादन कर रहे हैं। आज उनके खेतों में तैयार गेंदा फूल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा तक पहुंच रहा है। इस खेती से वे स्वयं बेहतर आमदनी अर्जित करने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।
 विद्याधर पटेल बताते हैं कि वे वर्ष 1994-95 से सब्जी-भाजी की खेती कर रहे थे। इस दौरान रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में गमलों के माध्यम से सब्जियों की खेती का प्रदर्शन भी करते थे। इन्हीं प्रदर्शनियों में गेंदा फूल की अच्छी मांग और बिक्री देखकर उनके मन में इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने का विचार आया। इसके बाद वर्ष 2007-08 में उन्होंने गेंदा फूल की खेती शुरू की और अनुभव के साथ धीरे-धीरे इसका रकबा बढ़ाते चले गए।
 शुरुआती दौर में गेंदा फूल की खेती के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पहले खुले खेत में पौधे तैयार करते थे, लेकिन कई बार बीज का अंकुरण ठीक से नहीं होने के कारण दोबारा बीज मंगाकर बुवाई करनी पड़ती थी। इससे पौधे तैयार होने में देरी होती और दशहरा-दीपावली के प्रमुख सीजन में फूल बाजार तक नहीं पहुंच पाते थे। वहीं, समय पर बिक्री नहीं होने से फूल खराब होने और लागत डूबने का खतरा भी रहता था। इस समस्या का समाधान निकालते हुए उन्होंने पॉलीबैग में पौधे तैयार करना शुरू किया। इसका फायदा यह हुआ कि दीपावली के दौरान फूलों की बिक्री नहीं होने पर भी बाद में उन्हें बाजार में बेचा जा सकता है। इस तकनीक से उत्पादन और बिक्री के बीच बेहतर तालमेल बना और नुकसान की आशंका कम हुई।
 विद्याधर पटेल के अनुसार, गेंदा फूल की खेती में एक एकड़ से लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री होती है, जबकि प्रति एकड़ करीब 1 से 1.5 लाख रुपये तक लागत आती है। दशहरा से दीपावली तक फूलों की सर्वाधिक मांग रहती है। इसी अवधि को ध्यान में रखकर वे उत्पादन और बिक्री की तैयारी करते हैं। सिंचाई के लिए उनके पास दो निजी बोरवेल हैं। खेतों में पाइपलाइन बिछाने के साथ आवश्यकता के अनुसार ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है।
 विद्याधर पटेल के खेतों में उत्पादित गेंदा फूल की मांग छत्तीसगढ़ के साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी है। सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित ओडिशा के कई क्षेत्रों में फूलों की नियमित आपूर्ति की जाती है। इसके अलावा सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर तक भी फूल भेजे जाते हैं। सीजन के दौरान प्रतिदिन लगभग 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से फूलों का वितरण किया जाता है। फूलों की बिक्री नगद होती है और श्रमिकों तथा वाहन चालकों का भुगतान भी नियमित रूप से किया जाता है।
 इस खेती की सफलता में विद्याधर पटेल के परिवार की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उनकी पत्नी और तीनों बेटियां खेती के काम में बराबर सहयोग करती हैं। इसके साथ ही गांव के 15 से 20 श्रमिक नियमित रूप से उनके साथ काम करते हैं। फूलों को बाजार तक पहुंचाने के लिए उनके अपने वाहनों के अलावा प्रतिदिन 8 से 10 वाहन किराये पर भी लेने पड़ते हैं। इस तरह उनकी खेती से प्रत्यक्ष रूप से श्रमिकों और अप्रत्यक्ष रूप से वाहन चालकों को भी नियमित रोजगार मिल रहा है।
 गेंदा फूल की खेती के अलावा विद्याधर पटेल लगभग 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इसमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूल का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी अपनी बाड़ी में तैयार करते हैं। इस तरह फूलों और सब्जियों की खेती के माध्यम से उन्होंने अपनी आय के लिए अलग-अलग रास्ते तैयार किए हैं।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english