जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिला पंचायत में प्रशिक्षण एवं कार्यशाला
बालोद. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रचार प्रसार हेतु तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा जारी प्लान आफ एक्शन के अन्तर्गत श्री श्याम लाल नवरत्न, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के आदेशानुसार 27 नवंबर को जिला पंचायत बालोद में सुश्री भारती कुलदीप, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों के संरक्षण तथा बाल अपराधों की रोकथाम के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न शासकीय एवं अर्धशासकीय विद्यालयों से बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित हुए। कार्यशाला के दौरान संस्था द्वारा संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही अभियान का प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक लोगों को बच्चों की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर बच्चों के साथ होने वाले लैंगिक अपराध, बाल शोषण बाल श्रम, बाल विवाह, बाल तस्करी एवं अन्य प्रकार की हिंसा और दुव्र्यवहार जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा की गई। शिक्षकों को बताया गया कि विद्यालय बच्चों के लिए शिक्षा का केंद्र होने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का भी महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे में शिक्षक बच्चों के व्यवहार में होने वाले असामान्य बदलावों को समझकर समय रहते उनकी सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
साथ ही शिक्षकों को प्रेरित किया गया कि वे विद्यार्थियों को गुड टच बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल अधिकारों एवं अपने विरुद्ध होने वाले अपराधो के प्रति जागरूक करें, ताकि बच्चे बिना किसी भय और संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बाल अपराधो की रोकथाम केवाल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें न्यायिक संस्थाओं, प्रशासन, विद्यालयों, अभिभावकों एवं समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर कु. कुसुमांजलि सिन्हा, प्रथम अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी बालोद के अजुम द्वारा, द्वितीय अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी बालोद, समस्त विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे।










Leave A Comment