दो ऐसे जिगरी दोस्त जिन्होंने एक ही तारीख को दुनिया को कहा अलविदा
मुंबई। आज जाने-माने अभिनेता फिरोज खान और विनोद खन्ना की पुण्यतिथि है। दोनों ही जिगरी दोस्त थे और एक संयोग देखिए कि दोनों ने एक ही तारीख 27 अप्रैल को इस दुनिया को अलविदा कहा। दोनों को ही कैंसर हो गया था।
फिरोज खान को फेफड़े का कैंसर था और 27 अप्रैल 2009 को इस कैंसर ने उनकी जान ले ली । वहीं 27 अप्रैल 2017 को ब्लैडर कैंसर की वजह से विनोद खन्ना ये दुनिया छोड़ गए। दोनों ही अपने जमाने के सबसे हैंडसम हीरो माने जाते थे। साथ में उन्होंने कई फिल्में कीं।
पहली बार विनोद खन्ना को फिल्म शंकर शंभू में फिरोज खान के साथ काम करने का मौका मिला। दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया गया। ये फिल्म 1976 में प्रदर्शित हुई थी। उसके बाद फिरोज खान जब कुर्बानी फिल्म बना रहे थे, तो उन्होंने फिल्म में अहम रोल में अपने दोस्त विनोद खन्ना को साइन किया। फिल्म में विनोद इतने हैंडसम नजर आए, कि उनकी लोकप्रियता फिरोज खान से काफी आगे निकल गई। फिल्म सुपर हिट रही और इस फिल्म के बाद उनकी दोस्ती और मजबूत हो गई।
फिरोज खान जब 1986 में जांबाज फिल्म बना रहे थे, तब भी उन्होंने विनोद खन्ना को याद किया, लेकिन ऐसा कुछ हुआ कि विनोद खन्ना के हाथ से यह फिल्म निकल गई और फिर यह रोल अनिल कपूर ने निभाया। दरअसल उस समय विनोद खन्ना अपने कॅरिअर , परिवार सब कुछ छोड़कर ओशो की शरण में अमरीका चले गए थे।
विनोद खन्ना ने जब फिर से बॉलीवुड में कमबैक किया तो फिरोज खन्ना ने ही उनकी मदद की। फिरोज के उनके साथ फिल्म दयावान साइन की। फिल्म में विनोद खन्ना की नायिका का रोल माधुरी दीक्षित ने निभाया था। इस प्रकार इन दोनों की जोड़ी ने तीन फिल्में की और सभी हिट रहीं।
दोनों ही स्टार्स ने कई शानदार फिल्में की और इन फिल्मों की लोकप्रियता आज भी बरकरार है। आज दोनों स्टार की कुछ फिल्मों का हम जिक्र कर रहे हैं, समय मिले तो इन्हें जरूर देखिएगा।
फिरोज खान की प्रमुख 10 फिल्में - 2007- वैलकम, 1986- जाँबाज़, 1982-कच्चे हीरे , 1980-कुर्बानी, 1976- नागिन राज, 1975-काला सोना, 1975 -धर्मात्मा, 1974- खोटे सिक्के, 1970-सफर , 1967-रात और दिन ।
विनोद खन्ना की 10 प्रमुख फिल्में-1970 सच्चा- झूठा, 1971- रेशमा शेरा, 1971-मेरा गांव मेरा देश, 1971-मेरे अपने, 1974, हाथ की सफाई, 1976 हेराफेरी, 1977-खून पसीना, 1978- मुकद्दर का सिकंदर, 1979 मीरा, 1985 सत्यमेव जयते।
Leave A Comment