ब्रेकिंग न्यूज़

आपदा प्रबंधन के लिए 'शून्य जनहानि' का दृष्टिकोण अपना रही सरकार : शाह

ईटानगर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि सरकार आपदा प्रबंधन के लिए ''शून्य जनहानि'' का दृष्टिकोण अपना रही है और इसके तहत जोखिम वाले लोगों की सुरक्षा के लिए समय पर चेतावनी देने एवं तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को प्राथमिकता दी जा रही है। शाह ने ईटानगर के पास होलोंगी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन करते हुए कहा कि इससे पूर्वोत्तर में आपदाओं से निपटने की तैयारी और क्षमता मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से देश के सबसे संवेदनशील इलाकों में शामिल है। शाह ने कहा कि यह क्षेत्र विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से संवेदनशील है। उन्होंने जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए आपदा से निपटने की तैयारी, आधुनिक चेतावनी प्रणालियों और समन्वित प्रयासों की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियों के खतरे को देखते हुए इस परिसर का निर्माण भूकंप रोधी मानकों के अनुरूप किया गया है। गृह मंत्री शाह ने कहा कि देश की आपदा प्रबंधन क्षमताओं को मजबूत करने के लिए एनडीआरएफ का विस्तार, संसाधनों में सुधार और विशेष प्रशिक्षण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। आपदा प्रबंधन में सामुदायिक भागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए गृह मंत्री शाह ने स्थानीय स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना की जिनमें स्काउट से जुड़े बच्चे और प्रशिक्षित 'आपदा मित्र' भी शामिल हैं, जो आपात स्थिति में लोगों की मदद के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के प्रयास केवल विशेष बलों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इसमें जमीनी स्तर पर लोगों और ग्रामीण स्तरीय पदाधिकारियों की भी भागीदारी होनी चाहिए। शाह ने कहा कि देश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था में सुधार हुआ है और 24 से 48 घंटे पहले जारी किए जाने वाले चक्रवात संबंधी पूर्वानुमानों से अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और जनहानि रोकने में मदद मिलती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में कई चक्रवात आए, लेकिन उनमें किसी की जान नहीं गई। उन्होंने इसका श्रेय बेहतर पूर्वानुमान, तैयारियों और समन्वित तरीके से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के प्रयासों को दिया। गृह मंत्री ने कहा कि एनडीआरएफ ने जापान, नेपाल, तुर्किये और श्रीलंका सहित भारत तथा विदेशों में 11,000 से अधिक बचाव एवं राहत अभियान चलाए हैं। शाह ने कहा कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में आपदाओं के दौरान पेशेवर तरीके से राहत कार्य करने के कारण एनडीआरएफ को पहचान मिली है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english