रोज चाइनीज खाना खाने से सेहत को हो सकता है गंभीर नुकसान
बच्चे हों या बड़े, आजकल चाइनीज खाना खासकर मोमोज और चाऊमीन, सबको बहुत पसंद आते हैं। बच्चे तो अक्सर चाइनीज खाने की जिद कर बैठते हैं। वहीं, हाल के दिनों में यह भी देखने को मिल रहा है युवा और वयस्क भी खूब चाइनीज खा रहे हैं। यहां तक कि इसे रोजाना की डाइट का हिस्सा बना रहे हैं। जबकि, हम यह बात अच्छी तरह से जानते हैं कि मैदे से बनी चीजें रोज नहीं खाई जानी चाहिए। इस संबंध में विस्तार से जानते हैं।
वेट गेन हो सकता है
एक्सपर्ट की मानें, तो चाइनीज फूड में काफी ज्यादा मात्रा में कैलोरी, सोडियम और अनहेल्दी फैट होता है। ये तमाम चीजें वेट गेन करने यानी मोटापा बढ़ाने में जिम्मेदार हो सकती हैं। जाहिर है, मोटापा कई तरह की बीमारियों का गढ़ बन सकता है। बताते चलें कि मोटापे के कारण थाइरॉयड, डायबिटीज जैसी घातक बीमारियां हो सकती हैं।
हाई बीपी की समस्या
चाइनीज फूड में काफी ज्यादा मात्रा में हाई सोडियम का यूज किया जाता है, जैसे सोया सॉस। हाई सोडियम स्वास्थ्य को कई तरह से नुकसान पहुंचाता है। अगर आप रोजाना हाई सोडियम का सेवन करते हैं, तो इससे ब्लड प्रेशर का स्तर बढ़ सकता है, हार्ट से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं और स्ट्रोक का रिस्क भी बढ़ सकता है।
मोनोसोडियम ग्लूटामेट के प्रति संवेदनशीलता
मोनोसोडियम ग्लूटामेट या एमएसजी एक प्रकार का फ्लेवर एन्हैंसर होता है। इसका इस्तेमाल ज्यादात एशियाई खाद्य पदार्थों में किया जाता है। लेकिन, यह स्वास्थ्य के लिए सही नहीं होता है। अगर आप रोजाना चाइनीज फूड खाते हैं, जिसके जरिए एमएसजी का सेवन करते हैं, तो इससे आपको गर्मी लगना, पसीना आना, सीने में दर्द और कमजोरी जैसा महसूस हो सकता है।
अनहेल्दी फैट बढ़ना
चाइनीज फूड्स में कई ऐसे आइटम शामिल हैं, जिन्हें डीप फ्राई किया जाता है, जैसे स्प्रिंग रोल। आमतौर पर दुकानों में खराब तेल का उपयोग किया जाता है, जिसका सेवन करने से शरीर में अनहेल्दी फैट बढ़ जाता है। इस तरह का फैट ट्रांस फैट कहलाता है। इसकी अधिकता होने के कारण दिल से जुड़ी बीमारियां बढ़ सकती हैं।
ब्लड शुगर में बदलाव
चाइनीज फूड में काफी ज्यादा मात्रा में सॉस का यूज होता है। इसमें काफी मात्रा में शुगर होती है। अगर आप काफी मात्रा में इसका सेवन करते हैं, तो इससे ब्लड शुगर का स्तर बहुत तेजी से ऊपर जा सकता है। कहने का मतलब साफ है कि डायबिटीज के मरीजों को चाइनीज से दूर रहना चाहिए।
कुल मिलाकर कहने की बात ये है कि आप चाइनीज फूड आइटम्स कभी-कभी जैसे सप्ताह या दस दिन में एक बार खा सकते हैं। लेकिन, रोजाना खाने से आपकी सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। खासकर, अगर आपको पहले से ही कोई बीमारी है, तो इसका दुष्प्रभाव पड़ सकता है।
Leave A Comment