लौकी या कद्दू पेठा का जूस? सेहत के लिए क्या होता है अधिक फायदेमंद
लौकी और पेठा, दोनों का सेवन हम सब्जी और सूप आदि के रूप में तो करते हैं, लेकिन आपने बहुत से लोगों को देखा होगा कि वे इनके जूस का सेवन भी करते हैं। लौकी और पेठा दोनों ही बहुत स्वस्थ और कम कैलोरी वाले फूड हैं। साथ ही, ये पोषण से भरपूर होते हैं। इनका सेवन करने से सेहत को कई लाभ मिलते हैं। लौकी और पेठे का जूस भी सेहत के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है। बहुत से लोग वजन घटाने के लिए भी इनका सेवन करते हैं। लेकिन अक्सर लोगों पूछते हैं कि लौकी और पेठे के जूस में से सेहत के लिए कौन सा ज्यादा लाभकारी है? किसका सेवन करने से सेहत को अधिक लाभ मिलते हैं? अगर आप इस असमंजस का सामना कर रहे हैं, तो इस लेख में हम आपको बताएंगे कि आपके लिए दोनों में से कौन सा जूस लाभकारी है।
लौकी या कद्दू पेठा, किसका जूस ज्यादा फायदेमंद होता है
पेठा स्वाद में थोड़ा खट्टा-मीठा होता है। इसे काफी शुद्ध माना जाता है और इसकी मिठाई भी बनाई जाती है। वहीं, लौका का सेवन तो हम सभी कई तरह से करते हैं। दोनों के जूस की बात करें, तो नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के अनुसार, कद्दू पेठा एक अद्भुत फूड है, इसकी भारत में व्यापक रूप से खेती की जाती है। आयुर्वेद में इसका प्रयोग पेप्टिक अल्सर, यूरिन में इन्फेक्शन, डायबिटीज मेलेटस, मिर्गी और अन्य तंत्रिका तंत्र से जुड़े रोगों के उपचार के लिए किया जाता है।
वहीं लौकी की बात करें, तो यह एक बेहतरीन प्रीबायोटिक है। इसमें मानव स्वास्थ्य के लिए जरूरी सभी अमीनो एसिड और जरूरी पोषक तत्व होते हैं। इसे कार्डियोटोनिक और सामान्य टॉनिक के रूप में प्रयोग किया जाता है। इसमें शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-इंफ्लेमेटरी, कैंसर से लड़ने वाले और मूत्रवर्धक गुण होते हैं। इसलिए इसका जूस भी सेहत के लिए बहुत लाभकारी होता है।
दोनों में कौन सा ज्यादा फायदेमंद की बात करें, तो इसका कोई सटीक जवाब नहीं है। आपको किसका सेवन करना चाहिए या आपके लिए कौन सा लाभकारी साबित हो सकता है, यह आपकी जरूरत पर निर्भर करता है। कोई एक जूस आपको सभी लाभ प्रदान नहीं कर सकता है। आपको अपनी जरूरत के अनुसार इनका चुनाव करने की जरूरत है।
एक्सपर्ट क्या सलाह देते हैं?
लौकी और पेठा, दोनों का ही जूस आपके लिए बहुत लाभकारी साबित हो सकता है। इनका लाभ देने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप दोनों का ही सेवन करें। आप अलग-अलग दिन पर किसी एक जूस का सेवन कर सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि अधिक मात्रा में इनका सेवन न करें। सीमित मात्रा में सेवन करने से ही आपको अधिक लाभ मिल सकते हैं।
Leave A Comment