पाचन-आर्थराइटिस में बहुत लाभकारी है ब्रोमेलैन एंजाइम
हमारे शरीर के सभी अंग ठीक तरीके से काम करते रहें इसके लिए जरूरी है कि आहार के माध्यम से आप नियमित रूप से पौष्टिक चीजों का सेवन करें। अध्ययनकर्ता बताते हैं, भारतीय आहार में शरीर के लिए जरूरी लगभग सभी प्रकार के पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, मतलब आप अगर डाइट को ठीक रख लेते हैं तो ये कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से सुरक्षा देने वाला कारगर तरीका हो सकता है। आहार में सुधार करके हृदय रोग-डायबिटीज सहित कई प्रकार की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का भी खतरा कम कर सकते हैं।
डाइटीशियन कहते हैं, हम सभी तमाम प्रकार के विटामिन्स और अन्य पोषक तत्वों की तो चर्चा कर लेते हैं, पर ब्रोमेलैन एंजाइम और इससे होने वाले फायदों से ज्यादातर लोग अनजान हैं। शरीर की इंफ्लामेटरी समस्याओं को ठीक करने लिए कई शोध में इसके लाभ का जिक्र मिलता है।
ब्रोमेलैन से पाचन में लाभ
अध्ययनों में पाया गया है कि अनानास, ब्रोमेलैन का एकमात्र ज्ञात खाद्य स्रोत है। ये प्रोटीन को पचाने वाले महत्वपूर्ण एंजाइमों में से है। आपके शरीर में, ब्रोमेलैन भोजन को पचाने और उसे अवशोषित करना आसान बनाता है। इतना ही नहीं शरीर में होने वाली इंफ्लामेटरी समस्याओं के लिए भी ब्रोमेलैन को बहुत फायदेमंद माना जाता है। ज्यादातर क्रोनिक बीमारियों के लिए इंफ्लामेशन को प्रमुख कारण माना जाता है, ब्रोमेलैन इन दिक्कतों को कम कर सकता है।
कई प्रकार की दवाओं में होता है इसका इस्तेमाल
शोधकर्ता बताते हैं, ब्रोमेलैन का उपयोग अक्सर टेंडिनिटिस (मांसपेशियों की समस्या) मोच और खिंचाव और अन्य छोटी मांसपेशियों की चोट से होने वाली सूजन को कम करने के लिए किया जाता रहा है। दांत, नाक और पैर की सर्जरी कराने वाले लोगों के अध्ययन में पाया गया कि ब्रोमेलैन से सूजन कम करने में लाभ पाया जा सकता है। यूरोप में, ब्रोमेलैन का उपयोग कान, नाक और गले की सर्जरी या आघात के इलाज के लिए किया जाता है। अनानास को आहार का हिस्सा बनाकर इससे संबंधित कई तरह के लाभ प्राप्त किए जा सकते हैं।
जोड़ों की समस्या से परेशान लोगों के लिए लाभकारी
शोध में पाया गया है कि आहार में अनानास को शामिल करके आर्थराइटिस जैसे जोड़ों के दर्द-सूजन की समस्या में विशेष लाभ मिल सकता है। ब्रोमेलैन सूजन को कम करता है, इसे ऑस्टियोआर्थराइटिस से परेशान लोगों के लिए भी फायदेमंद पाया गया है। दर्द से राहत पाने और जोड़ों के कार्य में सुधार करने के लिए अनानास के सेवन को बहुत फायदेमंद हो सकता है। अनानास में मैंगनीज भी होता है जो हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है।
मैगनीज भी हड्डियों के लिए जरूरी
अनानास को जिन पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है, मैगनीज भी उनमें से एक है। भोजन के मेटाबॉलिज्म से लेकर, रक्त का थक्का बनाने और हड्डियों को स्वस्थ रखने में इस खनिज की आवश्यक भूमिका होती है। एक कप अनानास से आपकी प्रतिदिन की आवश्यकता का आधे से अधिक मैंगनीज प्राप्त हो सकता है। मैगनीज हड्डियों के घनत्व को ठीक रखने, इसे मजबूती देने के लिए भी आवश्यक पोषक तत्व माना जाता है।
Leave A Comment