बरसात के दिनों में शरीर में रहता है अक्सर दर्द, तो राहत के लिए आजमाएं ये आयुर्वेदिक उपाय
मानसून आने से भले ही भीषण गर्मी से राहत मिल जाती है लेकिन इस मौसम में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ जाती हैं। खासतौर पर 40 की उम्र से ज्यादा के लोगों को इस मौसम में जोड़ों में दर्द, थकान और कमजोरी का एहसास ज्यादा होता है। दरअसल, आजकल लोगों की लाइफस्टाइल काफी बदल चुकी है और इसके साथ ही खराब खानपान, तनाव और नींद की कमी के कारण शरीर में दर्द की शिकायत हो सकती है।
बरसात के दिनों में अक्सर लोगों को जोड़ों में दर्द और अकड़न की शिकायत होती है, जिसकी वजह से व्यक्ति को कमजोरी का एहसास भी होता है। मानसून के दौरान हवा में नमी और तापमान में अचानक परिवर्तन होता है, तो व्यक्ति के शरीर में वायु इंबैलेंस हो जाती है, जिससे दर्द की शिकायत बढ़ जाती है। वात दोष के असंतुलन से जोड़ों और मांसपेशियों में सूजन और दर्द हो सकता है। जिन लोगों को बरसात के मौसम में जोड़ों और शरीर में दर्द की शिकायत रहती है उन्हें अपने शरीर में वायु का शमन करना चाहिए।
शरीर में दर्द के लिए आयुर्वेदिक उपाय
1. शरीर में वायु का शमन करने के लिए लोगों को सोंठ की चाय पीनी चाहिए। इसके लिए 1 कप पानी में एक चौथाई छोटी चम्मच सोंठ पाउडर डालकर उबालें और फिर इसे पिएं। इस चाय का सेवन सुबह और शाम दोनों वक्त 1-1 कप कर सकते हैं।
2. दर्द वाली जगह पर कैस्टर ऑयल यानी अरंडी के तेल से मालिश करें, इससे वेदना शमन यानी दर्द कम हो सकता है और इंफ्लेमेशन की शिकायत कम हो सकती है।
3. दर्द वाली जगह पर अजवाइन के तेल से भी मालिश कर सकते हैं, अजवाइन के तेल की मालिश से जोड़ों के दर्द में आराम मिलता है। ज्यादा फायदे के लिए रात के समय जोड़ों की मालिश करें और फिर सो जाएं, इससे रातभर में आपको ज्यादा आराम मिल सकता है।
4. मानसून में दर्द से राहत पाने के लिए तुलसी, अदरक, दालचीनी और काली मिर्च का काढ़ा बनाकर पिएं। यह शरीर को गर्माहट देता है और दर्द से राहत दिलाता है। इसके साथ ही इस काढ़े को पीने से शरीर की इम्यूनिटी भी बेहतर होती है।
5. गुनगुने पानी से स्नान करें, इससे मांसपेशियों की अकड़न कम होती है और शरीर को आराम मिलता है।
मानसून के मौसम में शरीर दर्द एक सामान्य समस्या है, लेकिन आयुर्वेदिक उपचारों का सहारा लेकर इसे आसानी से कम किया जा सकता है। आयुर्वेदिक उपचार न केवल शरीर को आराम देते हैं, बल्कि अन्य शारीरिक लाभ भी पहुंचाते हैं। नियमित रूप से इन घरेलू उपायों को अपनाकर आप मानसून के मौसम में हेल्दी रह सकते हैं।
Leave A Comment