कब्ज और गैस की समस्या में फायदेमंद है बथुआ, दूर होगी पेट की परेशानियां
कब्ज, गैस, बदहजमी जैसी पेट की समस्याओं से आप भी परेशान हैं, तो बथुआ खाएं। बथुआ को पेट के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसकी पत्तियों में विटामिन ए, कैल्शियम, फॉस्फोरस और पोटैशियम होता है इसलिए ये शरीर की कई परेशानियों को ठीक करने में आपकी मदद करता है। बथुआ के साग में आयरन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। इसके साग को नियमित खाने से कई रोगों को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। बथुआ को साग के तौर पर खाना पसंद न हो तो इसका रायता बनाकर खाएं। आइए आपको बताते हैं बथुआ कितना फायदेमंद है और पेट के लिए कितना फायदेमंद है।
कब्ज और गैस को दूर करे बथुआ
बथुआ के साग में फाइबर की मात्रा भरपूर होती है। इसके साथ ही इसमें विटामिन ए और पोटैशियम होता है इसलिए ये पेट के लिए फायदेमंद होता है। अगर आपको कब्ज या गैस की समस्या है तो सप्ताह में 3-4 बार बथुआ की सब्जी जरूर खाएं। बथुआ में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स आपके शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करेंगे।
एनीमिया को दूर करे बथुआ
एनीमिया में हरी पत्तेदार सब्जियां खाना फायदेमंद होता है। बथुआ में आयरन और फोलिक एसिड होता है इसलिए ये शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी को ठीक करता है और रक्त के निर्माण में भी सहायक है। बथुआ के इन्हीं गुणों के कारण ये महिलाओं के मासिक धर्म की अनियमितता में भी फायदेमंद है। अगर किसी के शरीर में खून कम है या ब्लड टेस्ट में हीमोग्लोबिन कम आया है, तो उसे रोजाना एक कप बथुआ का जूस पीना चाहिए।
दांत और मसूड़ों के रोगों में चबाएं बथुआ
मुंह की बीमारियों जैसे मुंह का अल्सर, सांसों में दुर्गंध आना, दांतों से संबंधित रोग आदि समस्याएं होने पर बथुए की पत्तियों को चबाना फायदेमंद हो सकता है। इससे पायरिया में भी लाभ होता है। बथुआ में एंटीबैक्टीरियल गुण भी होते हैं इसलिए ये आपके मुंह में मौजूद विषाणुओं को मारता है और आंतों को अच्छी तरह साफ करता है।
पथरी को जड़ से मिटाए बथुआ
अगर आप रोजाना बथुआ खाते हैं, तो आपको पथरी होने का खतरा कम हो जाता है। पथरी के रोग में भी बथुआ खाने से लाभ मिलता है। इसके अलावा पेशाब रुक-रुक कर आना, गुर्दे में इंफेक्शन और गुर्दे की पथरी के लिए बथुआ का साग लाभप्रद है। अगर आपको पथरी है तो तीन ग्लास पानी में आधा किलो बथुआ डालकर उबाल लें और इसके पानी को छान कर गुनगुना कर लें। अब बथुए के इस पानी में दो चुटकी काली मिर्च पाउडर, सेंधा नमक और दो चम्मच नींबू का रस मिलाकर रोज पियें। इससे पथरी की समस्या में लाभ मिलेगा।
अर्थराइटिस और हड्डी रोगों से बचाए बथुआ
बथुआ में कैल्शियम और पोटैशियम होता है इसलिए ये हड्डियों के लिए फायदेमंद होता है। अर्थराइटिस से राहत पाने के लिए बथुआ एक जादुई औषधि है। बथुआ की मदद से गठिया रोग से छुटकारा पा सकते हैं। बथुआ के पत्तों का 15 ग्राम रस रोजाना सेवन करने से गठिया रोग से निजात पाया जा सकता है। बथुआ के पत्तों के रस में बिना कुछ मिलाए सेवन करना चाहिए।
Leave A Comment