कमजोर हड्डियों के पीछे छुपी हैं खाने-पीने की ये चार चीजें, आज ही छोड़ना फायदेमंद
इंसान के शरीर का हर एक अंग महत्वपूर्ण होता है। वहीं, अगर बात शरीर के बेहतर कामकाज की करें, तो इसके लिए आपकी हड्डियों का मजबूत होना बेहद जरूरी है। लेकिन आपने कई ऐसे लोगों को देखा होगा जो अक्सर अपने शरीर में दर्द, हड्डियो में दर्द को लेकर शिकायत करते रहते होंगे। यहां तक कि ये समस्या जवान लोगों में भी देखा जाती है। ऐसे में जो लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं, इसके पीछे उनका खराब खानपान हो सकता है। खाने-पीने की कुछ ऐसी चीजें और आदतें हैं जो हड्डियों को समय से पहले ही काफी कमजोर कर सकती हैं। ऐसे में हमें सिर्फ उन चीजों का सेवन करना चाहिए, जो हमारी हड्डियों को कैल्शियम दे सके। तो चलिए हम आपको कुछ ऐसी ही खाने की चीजों के बारे में बताते हैं, जिनका सेवन करने से आपकी हड्डियां कमजोर हो सकती है। इसलिए इनको छोड़ना ही बेहतर विकल्प हो सकता है।
नमक का ज्यादा सेवन
नमक हमारे खाने को स्वाद देने का काम करता है। लेकिन दो तरह के लोग होते हैं एक वे जो कम नमक खाते हैं, तो दूसरे वे जो काफी ज्यादा मात्रा में नमक का सेवन करते हैं। यहां ये समझना होगा कि नमक में सोडियम होता है, जो व्यक्ति के शरीर में प्रवेश करने के बाद कैल्शियम को यूरीन के माध्यम से बाहर निकाल देता है, जिसकी वजह से हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। इसलिए नमक का ज्यादा सेवन करने से बचें।
चॉकलेट
आजकल के युवा और बच्चे काफी ज्यादा चॉकलेट का सेवन करते हैं, लेकिन हमें ये समझना होगा कि ये हमारी हड्डियों को अंदर ही अदंर खोखला बना देती है। चॉकलेट के सेवन से शरीर में ऑक्सलेट और शुगर की मात्रा बढ़ जाती है, जिसके कारण कैल्शियम शरीर में अवशोषित नहीं हो पाता है और ये हड्डियां कमजोर होने का कारण बनता है।
शराब
कई लोग कभी-कभी पार्टी में, तो कई लोग तो रोजाना शराब पीते हैं। लेकिन हम ये भूल जाते हैं कि शराब हमारे शरीर को नुकसान पहुंचाती है। वहीं, शराब के सेवन से व्यक्ति के शरीर में कैल्शियम की मात्रा कम होने लगती है, जो हड्डियों को कमजोर करने का कारण बनता है।
कोल्ड ड्रिंक्स
गर्मी के मौसम हो या घर पर पार्टी हो, ऐसे समय पर लोग कोल्ड ड्रिंक्स काफी पीते हैं। उन्हें लगता है कि ये उनको ठंडक दे रही है, लेकिन असल में ये आपकी हड्डियों को कमजोर करने का काम करती है। इसमें पाए जाने वाले फॉस्फोरस और कार्बन डाईऑक्साइड हड्डियों को खोखला बनाने का काम करता है।
Leave A Comment