आरोग्य सेतु ऐप को कैसे पता चलता है कि आपके आसपास कोरोना वायरस है....
कोरोना वायरस को डिटेक्ट करने वाले भारत सरकार के आरोग्य सेतु ऐप को अब तक 14 करोड़ से ज्यादा लोगों ने डाउनलोड कर लिया है। नागरिकों को कोरोना वायरस से सुरक्षित रखने के लिए सरकार ने 2 अप्रैल को आरोग्य सेतु ऐप लांच किया था। सरकार ने इसे कई जगहों पर डाउनलोड करना अनिवार्य किया है। आरोग्य सेतु कोरोना वायरस का पता लगाने के साथ सेल्फ असेसमेंट और कोरोना वायरस से जुड़ी जरूरी जानकारी मुहैया कराता है।
आरोग्य सेतु ऐप क्या है?
आरोग्य सेतु ऐप एक मोबाइल एप्लीकेशन है, जो कोविड-19 के संभावित खतरों से अवगत कराता है। यह ऐप ब्लूटूथ बेस्ड कांटैक्ट ट्रेसिंग तंत्र का उपयोग करता है। यह उन सभी लोगों का डेटा रिकॉर्ड करता है, जिनके संपर्क में व्यक्ति आता हैं। यदि आप किसी कोविड-19 पॉजिटिव के संपर्क में आते हैं तो ये एप्लीकेशन आपको सचेत करता है। साथ ही यह बचाव संबंधी जानकारी भी देता है। इससे यह कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने में मदद करता है।
आरोग्य सेतु ऐप 12 भाषाओं में और Android, iOS और KaiOS प्लेटफार्मों पर उपलब्ध है। एक बार डाउनलोड किए जाने के बाद, उपयोगकर्ताओं को अपने, ब्लूटूथ पर स्विच करना होगा और अपने लोकेशन के बारे में बताना होगा। यह एप्लीकेशन आईसीएमआर द्वारा अनुमोदित उन प्रयोगशालाओं की सूची प्रदान करता है जहां कोविड-19 परीक्षण की सुविधा है। यह पूरे देश में कोरोना के कुल एक्टिव मामले, ठीक हुए लोग और मरने वालों संख्या राज्यवार उपलब्ध कराता है।
आरोग्य सेतु ऐप कैसे काम करता है?
आपके फोन में मौजूद आरोग्य सेतु एप ब्लूटूथ के जरिए एक रेंज के भीतर आने वाले अन्य उपकरणों का पता लगाता है जिनमें भी यही ऐप काम कर रहा होता है। जब ऐसा होता है तो दोनों फोन सुरक्षित रूप से एक डिजिटल इंटरैक्शन का आदान-प्रदान करते हैं, जिसमें समय, निकटता, स्थान और अवधि शामिल होती है। यह डेटा सभी व्यक्तियों के मोबाइल फोन में इकठ्ठा होता है। अगर आप पिछले 14 दिनों में किसी कोरोनोवायरस पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए हैं, तो ये ऐप उस व्यक्ति के साथ आपकी निकटता के आधार पर संक्रमण के जोखिम की गणना करता है। उसके बाद ये ऐप आपको सही कदम उठाने की सलाह देता है। आपको क्या करना चाहिए ये आपके एप्लिकेशन की होम स्क्रीन पर दिखाई देना शुरू हो जाता है। ये एप्लिकेशन आपको आवश्यकतानुसार और आवश्यक चिकित्सा जानकारी भी प्रदान करता है।
Leave A Comment