ओडिशा के बालासोर में बड़ा हादसा, तीन ट्रेनों की भिड़ंत- 50 लोगों के मरने की आशंका
नई दिल्ली। ओडिशा के बालासोर जिले के बहानागा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस और मालगाड़ी आपस में भिड़ गई। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में कम से कम पचास लोगों के मरने की आशंका हैं वहीं साढ़े तीन सौ से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। तलाशी व बचाव अभियान की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।
मृतकों के परिजनों के लिए रेल मंत्रालय ने मुआवजे का एलान किया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए 2 लाख रुपए और मामूली चोटों वाले लोगों के लिए 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले में हुई ट्रेन दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया।
विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने बताया कि बालासोर कलेक्टर को भी सभी जरूरी व्यवस्था करने के लिए मौके पर पहुंचने और राज्य स्तर से किसी भी अतिरिक्त मदद की आवश्यकता होने पर एसआरसी को भी सूचना दे दी गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ओडिशा के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए ट्विटर पर लिखा, "ओडिशा के बालासोर मे हुई रेल दुर्घटना का समाचार सुनकर स्तब्ध हूँ। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मैं अपनी गहन संवेदना प्रकट करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है की सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करे।"केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने एम्स भुवनेश्वर में घायलों के लिए बिस्तर आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ओडिशा के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा में रेल दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा-
"ओडिशा में हुई रेल दुर्घटना से व्यथित हूँ। दुख की इस घड़ी में, मेरे विचार शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। रेल मंत्री @अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना-स्थल पर बचाव कार्य जारी है। दुर्घटना से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है।"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा ट्रेन हादसे में मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा ओडिशा के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना बेहद पीड़ादायक है। एनडीआरएफ की टीम पहले ही दुर्घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने विशेष राहत आयुक्त नियंत्रण कक्ष में दुर्घटना की स्थिति और बचाव कार्यों की समीक्षा की।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, चेन्नई, तमिलनाडु संदीप मित्तल ने बताया कि ओडिशा में हुए रेल हादसे की घटना के संबंध में उस रेल में सफर कर रहे लोगों को सभी प्रकार की सहायता देने के लिए तमिलनाडु सरकार ने इंतजाम किए हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओडिशा के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
ओडिशा ट्रेन दुर्घटना पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि लोगों की मदद के लिए ओडिशा सरकार, दक्षिण पूर्व रेलवे के साथ समन्वय कर रही है। आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को तुरंत 033- 22143526/22535185 नंबर के साथ सक्रिय कर दिया गया है।


.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)
.jpg)
Leave A Comment