महाराष्ट्र भाजपा ने दिया 125 उम्मीदवारों को टिकट
मुंबई। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार महाराष्ट्र भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में भाजपा ने 125 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इस सूची में पार्टी के दिग्गज नेताओं के नाम भी शामिल किए गए हैं। सीएम देवेंद्र फडणवीस दक्षिण पश्चिम नागपुर की सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, भाजपा प्रदेश प्रमुख चंद्रकांत पाटिल को पार्टी ने कोथरुड सीट से उतारा है। परली से पंकजा मुंडे को पार्टी ने टिकट दिया है। भाजपा ने पहली सूची में 52 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया है। वहीं 12 मौजूदा विधायकों का पार्टी ने टिकट भी काट दिया है।
भाजपा द्वारा जारी की गई पहली सूची में उन नेताओं को भी टिकट मिला है जो अन्य पार्टियों का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राधाकृष्ण विखे पाटिल को पार्टी ने शिर्डी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मंत्री गिरीश महाजन जामनेर से चुनाव लड़ेंगे।
महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को मतदान
भाजपा और शिवसेना का सोमवार शाम गठबंधन का ऐलान करने के बाद मंगलवार को भाजपा ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुनावी सरगर्मी को बढ़ा दी है। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को मतदान और 24 अक्टूबर को मतगणना की तारीख तय की है। बताया जा रहा है कि भाजपा और शिवसेना के बीच सीटों को लेकर बंटवारे की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
Leave A Comment