एचपीवी टीके की हर खुराक लड़कियों को गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाने की दिशा में एक कदम : मोदी
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 'ह्यूमन पैपिलोमा वायरस' (एचपीवी) रोधी टीके की एक करोड़ से अधिक खुराक दिए जाने की उपलब्धि की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि टीके की हर खुराक लड़कियों को गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाने और उनका स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीने से भी कम समय में 14 वर्ष की लड़कियों को एचपीवी टीके की एक करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। इसके साथ ही निर्धारित वार्षिक लक्ष्य का लगभग 87 प्रतिशत हासिल कर लिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''निवारक स्वास्थ्य देखभाल की दिशा में हमारी यात्रा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। टीके की हर खुराक लड़कियों को गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाने और उनके लिए अधिक स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम है।'' प्रधानमंत्री ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि को हासिल करने में योगदान देने वाले सभी संबंधित पक्षों के प्रयासों की सराहना भी की। देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 वर्ष की लड़कियों को निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर एक खुराक वाला यह टीका निशुल्क लगाया जाता है।










Leave A Comment