ब्रेकिंग न्यूज़

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के पैकेज की घोषणा की

नयी दिल्ली.  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के आर्थिक पैकेज की घोषणा की और अपने नेपाली समकक्ष बालेन्द्र शाह के साथ दोनों देशों के बीच यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए एक साझा दृष्टिपत्र को अंतिम रूप दिया और आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। सीमा विवाद को लेकर लंबे समय से जारी तनाव के बाद इन कदमों को दोनों देशों के संबंधों में नयी शुरुआत के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। दोनों प्रधानमंत्रियों ने व्यापक बातचीत के दौरान संबंधित देशों के विदेश सचिवों को सीमा विवाद के लंबित मुद्दे पर काम आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। वहीं, शाह ने कहा कि नेपाल और भारत के संबंध 'हिमालय की तरह अडिग और महासागरों की तरह विशाल' हैं। दोनों नेताओं ने नेपाल में भारत की सहायता से तैयार ऊर्जा और संपर्क से जुड़ी दो परियोजनाओं का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया तथा तीन अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इसके अलावा, उन्होंने कई अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया। 'विकसित भारत और समुन्नत नेपाल : साझेदारी की नयी परिकल्पना' शीर्षक वाले साझा दृष्टिपत्र का उद्देश्य आर्थिक सहयोग, ऊर्जा, जल संसाधन, जलवायु अनुकूलन, संपर्क, प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को नयी गति देना है। शाह की मौजूदगी में मीडिया को दिए गए अपने बयान में मोदी ने कहा, ''भारत और नेपाल का संबंध सिर्फ पड़ोस का नहीं, बल्कि आपसी निकटता और अटूट विश्वास का है।'' उन्होंने कहा, ''हम एक-दूसरे की खुशियां साझा करते हैं और चुनौतियों में भी साथ खड़े रहते हैं। हम एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार हैं और मुश्किल समय में भी एक-दूसरे का साथ देते हैं।'' पिछले साल युवाओं के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद नेपाल में हुए संसदीय चुनावों में भारी जीत हासिल कर मार्च में सत्ता में आए शाह रविवार को अपनी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा पर भारत पहुंचे। नेपाल के प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 'आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और निरंतर सद्भावना' नेपाल-भारत संबंधों की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा, ''इस अतुलनीय रिश्ते के केंद्र में दोनों देशों के लोग हैं। नेपाल और भारत के संबंध हिमालय की तरह अडिग और महासागरों की तरह विशाल हैं। यह इतनी गहरी निकटता है कि इसे केवल शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है।'' उन्होंने कहा, ''एक भरोसेमंद और विश्वसनीय पड़ोसी के रूप में भारत प्राकृतिक आपदाओं और कठिन समय में लगातार सबसे पहले सहायता के लिए आगे आया है। इसके लिए मैं भारत सरकार और यहां के लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।'' प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल की विकास यात्रा में भारत का अटूट समर्थन दोहराते हुए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये (15,000 करोड़ भारतीय रुपये) की विकास सहायता देने की घोषणा की। इसमें भूकंप के बाद पुनर्निर्माण और नेपाल में नयी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 5,600 करोड़ नेपाली रुपये (3,500 करोड़ भारतीय रुपये) की अनुदान सहायता तथा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 18,400 करोड़ नेपाली रुपये (11,500 करोड़ भारतीय रुपये) की ऋण सुविधा शामिल है। दोनों देशों के बीच हुए समझौतों का उद्देश्य फॉरेंसिक विज्ञान, स्वास्थ्य, सतत शहरी विकास और मत्स्य पालन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है। दोनों प्रधानमंत्रियों ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच शुरू की गई सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई। इस रेल सेवा से न केवल दोनों देशों के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है, बल्कि रामायण सर्किट के धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। दोनों नेताओं ने बौद्ध और शिव-शक्ति धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने के लिए इसी तरह के संपर्क मार्गों की संभावनाएं तलाशने पर भी सहमति जताई। मोदी और शाह ने 'विकसित भारत और समुन्नत नेपाल' के लिए एक साझा दृष्टिपत्र को अपनाया, जो दोनों देशों के बीच महत्वाकांक्षी और भविष्यपरक साझेदारी का खाका प्रस्तुत करता है। इसमें आर्थिक एवं विकास साझेदारी, संपर्क, ऊर्जा और जल संसाधन तथा जनसंपर्क जैसे पारंपरिक रूप से मजबूत सहयोग के क्षेत्रों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ जलवायु अनुकूलन, आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन, खेल, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं, अंतरिक्ष और नवाचार के क्षेत्रों में नए सहयोग को भी शामिल किया गया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल बंदरगाह के माध्यम से नेपाल के पारगमन व्यापार के लिए एक नया संपर्क मार्ग उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके अलावा, आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार होने के बाद नेपाल को ओडिशा के पारादीप बंदरगाह तक पहुंच भी उपलब्ध कराई जाएगी। दोनों नेताओं ने नयी रेलवे लाइनों, पुलों, एकीकृत जांच चौकियों (आईसीपी) और पेट्रोलियम पाइपलाइनों के निर्माण के माध्यम से सीमा पार संपर्क और सीमावर्ती बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के महत्व पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने बनबसा में एक नयी एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) की आधारशिला डिजिटल माध्यम से रखी। उन्होंने भैरहवा, सुनौली और दोधारा-चांदनी में आईसीपी के निर्माण में हुई प्रगति का भी स्वागत किया। भारत के धारचूला और नेपाल के दार्चुला के बीच एक नए सड़क पुल का उद्घाटन भी दोनों नेताओं ने डिजिटल माध्यम से किया। दोनों नेताओं ने सीमा स्तंभों के रखरखाव और मरम्मत से जुड़े संयुक्त क्षेत्रीय कार्यों में हुई प्रगति पर संतोष जताया। संयुक्त बयान के अनुसार, उन्होंने लंबित सीमा मुद्दों पर काम आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों के विदेश सचिवों को निर्देश दिया। मई में शाह की उन टिप्पणियों के बाद दोनों देशों के संबंधों में कुछ तनाव आ गया था, जिनमें उन्होंने लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद के समाधान के लिए चीन और ब्रिटेन की भागीदारी की बात कही थी। नयी दिल्ली ने इसके कुछ दिनों बाद नेपाल के साथ सीमा विवाद के समाधान में किसी तीसरे पक्ष की भूमिका को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया था। भारत ने कहा था कि सीमा विवाद के सभी पहलुओं से निपटने के लिए दोनों देशों के बीच एक स्थापित द्विपक्षीय तंत्र मौजूद है। नेपाल और भारत के बीच लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी को लेकर लंबे समय से सीमा विवाद है। भारत लगातार यह रुख अपनाता रहा है कि ये क्षेत्र उत्तराखंड का हिस्सा हैं। भारत और नेपाल के बीच सीमा पार पेट्रोलियम बुनियादी ढांचे के विस्तार के तहत दोनों नेताओं ने मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण को नेपाल की जनता को समर्पित किया। दोनों नेताओं ने नेपाल के झापा में एक पेट्रोलियम टर्मिनल के निर्माण की आधारशिला भी डिजिटल माध्यम से रखी और सिलीगुड़ी तथा झापा के बीच पेट्रोलियम पाइपलाइन का काम जल्द शुरू करने पर जोर दिया। दोनों पक्षों ने भारत और नेपाल के बीच गैस पाइपलाइन निर्माण में सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर भी सहमति जताई। भारत और नेपाल ने बिजली क्षेत्र में सहयोग के लिए साझा दृष्टिपत्र और दीर्घकालिक बिजली व्यापार समझौते के अनुरूप जलविद्युत क्षेत्र में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। दोनों पक्षों ने नेपाल के जलविद्युत क्षेत्र में भारतीय कंपनियों की सक्रिय भागीदारी का स्वागत किया और भारतीय कंपनियों द्वारा विकसित की जा रही विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं का काम जल्द पूरा करने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने 669 मेगावाट क्षमता वाली लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी डिजिटल माध्यम से रखी। मोदी और शाह ने नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) का एक परिसर स्थापित करने पर भी सहमति जताई। नेपाल के प्रधानमंत्री शाह ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें विश्वास है कि बातचीत के दौरान हासिल हुईं 'ऐतिहासिक उपलब्धियां' नेपाल-भारत संबंधों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएंगी। उन्होंने कहा, ''समय की मांग है कि हम इस स्थायी रिश्ते की मजबूत नींव पर खड़े होकर भविष्य के लिए मजबूत स्तंभ तैयार करें। हमारे हिमालय स्वच्छ जल के स्रोत के रूप में इस क्षेत्र के लाखों लोगों की जीवनरेखा हैं।'' शाह ने कहा, ''हिमालय से निकलकर गंगा में मिलने वाली निर्मल नदियां हमें हमारे भविष्य और नियति की याद दिलाती हैं। वे सामूहिक प्रयासों से जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने की आवश्यकता को भी रेखांकित करती हैं।'' शाह ने अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली सीमा पार रेल सेवा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ''भगवान राम और माता जानकी के पावन काल से ही नेपाल और भारत ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों से जुड़े रहे हैं। आज हमने इस रिश्ते को और जीवंत बनाने के लिए रेल संपर्क की शुरुआत की है।'' नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नेपाल आने का आमंत्रण दिया।
मोदी ने ऊर्जा क्षेत्र में नेपाल को दी जा रही भारत की सहायता का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, ''भारत कई वर्षों से नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाला एक भरोसेमंद आपूर्तिकर्ता रहा है। हमारी 'पड़ोसी प्रथम' नीति की भावना के अनुरूप इस वर्ष तेल आपूर्ति से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद हमने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जारी रखी है।'' मोदी ने कहा, ''इस प्रतिबद्धता को धरातल पर उतारने के लिए हम नेपाल में एक स्टार्टअप इनक्यूबेटर, एक नवाचार केंद्र और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) का एक परिसर स्थापित करेंगे।'' उन्होंने कहा, ''हम भारत में नेपाली छात्रों के लिए कानून और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसरों का विस्तार करेंगे। इसके अलावा, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने के उद्देश्य से नेपाल में एक कृषि-औद्योगिक पार्क के विकास में भी सहयोग करेंगे।''

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english