सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने को लेकर रेलवे मंत्रालय को पीएम सूर्य घर उत्कृष्टता पुरस्कार
नयी दिल्ली. रेल मंत्रालय को बृहस्पतिवार को यहां भारत मंडपम में आयोजित 'नवीकरणीय ऊर्जा सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2026' में उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने प्रतिष्ठित 'पीएम सूर्य घर उत्कृष्टता पुरस्कार' प्रदान किया। सरकार की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ''पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की श्रेणी में सबसे अधिक इमारतों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए मंत्रालय ने पहला स्थान हासिल किया है। इसने सार्वजनिक संस्थानों में नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने के मामले में देश के सामने एक मिसाल पेश की है।'' विज्ञप्ति में कहा गया कि मंत्रालय ने देशभर में छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए 15,868 रेलवे इमारतों की पहचान की है। विज्ञप्ति के अनुसार, ''अब तक कुल 12,495 इमारतों यानी चिह्नित इमारतों में से 79 प्रतिशत में छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा चुके हैं। मंत्रालय ने 424 मेगावाट के लक्ष्य के मुकाबले 351 मेगावाट क्षमता के छत आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए हैं।'' राष्ट्रीय स्तर पर 77 केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की ओर से चिह्नित 39,135 इमारतों में से अब तक 25,984 में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा चुके हैं। यह कुल चिह्नित इमारतों का 66 प्रतिशत है। अधिकारियों ने कहा कि इस राष्ट्रव्यापी उपलब्धि में रेल मंत्रालय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।






.jpg)

.jpeg)
.jpg)
Leave A Comment