'चेंज ऑफ गार्ड' कार्यक्रम का समय शनिवार से बदलेगा: राष्ट्रपति भवन
नयी दिल्ली. राष्ट्रपति भवन ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रपति के अंगरक्षकों की तैनाती में बदलाव संबंधी (चेंज ऑफ गार्ड) कार्यक्रम इस शनिवार से सुबह आठ बजे से नौ बजे तक आयोजित होगा। यह समारोह एक सैन्य परंपरा है, जिसके तहत राष्ट्रपति के अंगरक्षकों (पीबीजी) के नये दल हर सप्ताह जिम्मेदारी संभालते हैं। राष्ट्रपति भवन ने एक बयान में कहा, ''राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाला 'चेंज ऑफ गार्ड' समारोह इस शनिवार (सात नवंबर, 2026) से सुबह आठ बजे से नौ बजे के बीच आयोजित किया जाएगा।'' राष्ट्रपति कार्यालय ने पिछले महीने इस साप्ताहिक समारोह का समय बदलकर 10 अक्टूबर से सुबह सात बजकर 30 मिनट से आठ बजकर 30 मिनट तक कर दिया था। वर्ष 1773 में गठित राष्ट्रपति के अंगरक्षक (पीबीजी) भारतीय सेना की सबसे वरिष्ठ रेजिमेंट है और राष्ट्रपति के लिए औपचारिक कर्तव्यों का निर्वहन करती है। पीबीजी के जवान घुड़सवारी में दक्ष होने के साथ-साथ टैंक चलाने और पैराशूट से उतरने में भी कुशल होते हैं।






.jpg)

.jpeg)
.jpg)
Leave A Comment