प्रख्यात हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक पंडित राजन मिश्र का निधन
नई दिल्ली। प्रख्यात हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक पंडित राजन मिश्र का रविवार शाम को यहां एक अस्पताल में कोविड-19 समस्याओं के चलते निधन हो गया। वह 70 वर्ष के थे। इससे पहले पंडित मिश्र के लिए उनके मित्रों एवं शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया पर जीवन रक्षा संदेश (एसओएस) जारी कर वेंटिलेटर उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। हालांकि, इससे कोई लाभ नहीं हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
मिश्र के बेटे रजनीश ने कहा कि वह पिछले तीन दिन से सेंट स्टीफन अस्पताल में भर्ती थे। रजनीश ने कहा, '' उनका शाम करीब 6:30 बजे दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। हम वेंटिलेटर के लिए प्रयास कर रहे थे, लेकिन किसी ने हमारी सहायता नहीं की। बाद में प्रधानमंत्री कार्यालय ने मदद का हाथ बढ़ाया, लेकिन तब तक पंडित राजन मिश्र का निधन हो चुका था।'' मिश्र के परिवार में उनकी पत्नी, बेटी अंजू, और बेटे रितेश और रजनीश हैं।
वे खयाल गायकी में अपने भाई साजन मिश्र के साथ अग्रणी गायकों में शामिल थे। वे पद्म भूषण से सम्मानित थे। दोनों भाई बनारस घराने से संबंध रखते हैं।
पंडित पंडित राजन मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ''शास्त्रीय गायन की दुनिया में अपनी अमिट छाप छोडऩे वाले पंडित राजन मिश्र जी के निधन से अत्यंत दुख पहुंचा है। बनारस घराने से जुड़े मिश्र जी का जाना कला और संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं।''


.jpg)




.jpg)
.jpg)

Leave A Comment