हथेली पर बेहद शुभ माना गया है स्वास्तिक का निशान
-पं. प्रकाश उपाध्याय
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, किसी जातक की हथेलियों पर मौजूद कुछ रेखाएं और चिन्ह बेहद शुभ माने जाते हैं। हथेलियों पर ये निशान होने पर जातक जीवन सुख-सुविधाओं और खुशहाली से भरपूर होता है। ऐसे लोगों पर देवी-देवताओं की विशेष कृपा रहती हैं और जीवन में किसी भी क्षेत्र में दुख और बाधाओं का सामना नहीं करना पड़ता है। जिन व्यक्ति की हथेलियों पर ऐसी रेखाएं बनती हैं वे बहुत सौभाग्यशाली माने जाते हैं। चलिए जानते हैं कि हथेलियों पर किन रेखाओं को बेहद शुभ माना जाता है?
कमल का निशान
जिन व्यक्ति की हथेलियों पर कमल का निशान बनता है, उन्हें जीवन में कभी भी धन-संपत्ति की कमी नहीं रहती है। सूर्य पर्वत पर कमल का निशान बनने से व्यक्ति अपार धन-दौलत का मालिक होता है और उसे जीवन में कभी धन की तंगी का सामना नहीं करना पड़ता है।
स्वास्तिक का चिन्ह
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, हथेली पर स्वास्तिक का चिन्ह बेहद शुभ फलदायी होता है। यह भगवान गणेश का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि जिन लोगों की हथेलियों पर स्वास्तिक का निशान बनता है, उन्हें समाज में खूब मान-सम्मान मिलता है। ऐसे लोग बहुत प्रतिभाशाली होते हैं और उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में अपार सफलता मिलती है।
चक्र का निशान
हथेलियों पर चक्र का चिन्ह बनना भी जातक के जीवन में सुख-सौभाग्य का संकेत देता है। जिस व्यक्ति के हाथ में चक्र का निशान होते हैं वह अपार धन-संपदा के मालिक होते हैं। ऐसे लोगों की समाज में खूब यश-कीर्ति बढ़ती है।
मछली का निशान
हस्तरेखा के अनुसार, हथेलियों पर मछली का निशान बनना भी बेहद शुभ होता है। ऐसे जातकों को करियर में खूब सफलता मिलती है। धन, सुख-सौभाग्य में वृद्धि होती है। व्यक्ति का भाग्य साथ देता है और रिश्तों में मधुरता भी बनी रहती है। व्यक्ति का जीवन खुशहाली में व्यतीत होता है।
शंख का चिन्ह
हथेलियों पर शंख का चिन्ह बनना भी बहुत मंगलकारी माना जाता है। मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु को शंख बहुत प्रिय है। जिन जातकों की हथेलियों पर शंख का निशान बनता है, ऐसे लोगों पर मां लक्ष्मी और विष्णुजी हमेशा मेहरबान रहते हैं। ऐसे जातकों को सभी कार्यों में जीत मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कमी नहीं रहती है।
Leave A Comment