- Home
- देश
- लखनऊ। कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए घोषित लॉक डाउन के दौरान गरीबों की मदद के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने मुख्यालय से साझी रसोई घर की शुरुआत की है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा- रविवार से लखनऊ प्रदेश कार्यालय में साझी रसोई की शुरुआत की गई है। इसमें बनने वाले खाने को गरीबों और जरूरतमंदों में बांटा जाएगा ताकि कोई भूखा न सोए। आज इस विपदा की घड़ी में हम सबको एक दूसरे के साथ खड़े होने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता कोरोना महामारी में आम लोगों की सेवा कर रहे हैं और जगह-जगह प्रशासन की मदद से लोगों तक राशन पहुंचाया जा रहा है एवं कई जिलों में भी साझी रसोई संचालित की जा रही है। लल्लू ने कहा कि देश और प्रदेश एक विपत्ति से गुजर रहा है, ऐसे में वक्त की जरूरत है कि हम सब एकजुट होकर इसका सामना करें। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि सभी पार्टियां, सामाजिक संगठन और आम लोग इस बात पर अमल करें।
- नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने जैन धर्म के प्रवर्तक भगवान महावीर की जयंती के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनायें देते हुये लोगों से भगवान महावीर की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर कोरोना संकट से निपटने में सकारात्मक रुख अपनाने की अपील की है।श्री नायडू ने अपने संदेश में कहा, भगवान महावीर, इस संसार में जन्म लेने वाले सबसे तेजस्वी और मूर्धन्य अध्यात्मिक गुरुओं में से थे। सबके प्रति करुणा से प्रेरित, अहिंसा, सत्य, निष्ठा, निस्पृहता और त्याग का, उनका संदेश शाश्वत है श्री नायडू ने कहा कि आज जब मानवता कोविड-19 के संक्रमण की विभीषिका का सामना कर रही, विशेषकर तब, हमें भगवान महावीर के जीवन, उनकी अनासक्त निस्पृहता, जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने के उनके संदेश से शिक्षा और प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, इस भयावह चुनौती के समक्ष हम एक रहें तथा न सिर्फ स्वयं की बल्कि अखिल विश्व की रक्षा कर, उसे निरापद बनाएं।
- नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने अपने 13 लाख कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य मंत्रालय के ऐप आरोग्य सेतु को डाउनलोड करने के लिए कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दो अप्रैल को यह ऐप शुरू किया था। इस मोबाइल ऐप से लोगों को यह पता लगाने में मदद मिलती है कि उन्हें कोरोना वायरस से संक्रमण का खतरा है या नहीं।इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत आने वाले नेशनल इंफोर्मेटिक्स सेंटर ने विकसित किया है। रेलवे ने कहा कि यह ऐप भारत में कोरोना वायरस संकट से निपटने में काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। शुरू किए जाने के बाद सिर्फ तीन दिनों में ही आरोग्य सेतु ऐप को गूगल प्ले स्टोर से 50 लाख से अधिक लोगों ने डाउनलोड किया है। यह ऐप 11 भाषाओं में उपलब्ध है।
-
मुंबई। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लोनावाला के पास ब्रिटिश काल का अमृतांजन पुल को रविवार को नियंत्रित विस्फोट से ध्वस्त कर दिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवेलपमेंट कॉर्पोरेशन ने एक्सप्रेस-वे पर यातायात की स्थिति सुधारने के लिए 190 साल पुराने इस पुल को गिरा दिया। अंग्रेजों द्वारा 1830 में बनाए गए इस पुल के कारण इस एक्सप्रेस-वे पर कई सड़क दुर्घटनाएं भी हुई हैं। हालांकि काफी समय से पुल के खंभे वाहनों के मार्ग में आने के कारण इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गयी थी। रायगढ़ जिला कलेक्टर ने महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवेलपमेंट कॉर्पोरेशन को चार से 14 अप्रैल के बीच पुल गिराने की अनुमति दे दी थी। कोविड-19 लॉकडाउन की वजह से मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर यातायात बेहद कम रह गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने पांच अप्रैल शाम पांच बजे पुल को गिराने के लिए हरी झंडी दी।-- - नई दिल्ली। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने देश में अपने स्कूलों के लिए एक नियमावली तैयार की है ताकि लॉकडाउन के कारण अपने घरों में फंसे छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की जा सकें।मानव संसाधन विकास मंत्रालय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रीय विद्यालयों से कहा गया है कि शिक्षकों, छात्रों और उनके माता-पिता से इस संबंध में संपर्क करें। वे ई-मेल, व्हाट्सऐप और एसएमएस के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं ताकि छात्रों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा, हमने सभी प्राचार्यों के साथ कुछ कार्य-बिंदु साझा किए हैं, हमारे शिक्षकों द्वारा आयोजित ऑनलाइन कक्षाओं के लिए एक आवश्यक नियमावली भी तैयार की गई है।गौरतलब है कि केंद्रीय विद्यालय संगठन मानव संसाधन विकास मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्था है।--
- नई दिल्ली। उत्तर रेलवे के एक वर्कशॉप में बनी व्यक्तिगत सुरक्षा पोशाक (पीपीई) के दो नमूनों को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने अपनी हरी झंडी दे दी है, जिससे रेलवे इकाइयों में इनके उत्पादन का रास्ता साफ हो गया है।दरअसल, ये पोशाक रक्त या शरीर से निकलने वाले तरल पदार्थ को रोक पाने में कारगर साबित हुई हैं। उल्लेखनीय है कि देश में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों का इलाज कर रहे चिकित्साकर्मियों के लिये पीपीई की काफी कमी है। उत्तर रेलवे ने बताया कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के ग्वालियर लैब में की गई जांच रक्त या शरीर से निकलने वाले तरल पदार्थ को रोकने के लिये जैव-सुरक्षात्मक कवरिंग पदार्थ (कपड़े) की प्रतिरोधक क्षमता का पता लगाने के उद्देश्य से की गई। उत्तर रेलवे ने कहा, अब इन पीपीई का विनिर्माण भारतीय रेल द्वारा किया जाएगा और इसे रेलवे के अस्पतालों में कोविड-19 रोगियों का इलाज करने वाले चिकित्सक पहनेंगे।इसके महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने कहा, यह उत्तर रेलवे और भारतीय रेल के लिये एक बड़ी उपलब्धि है। हम कोरोनो वायरस संकट से निपटने में सरकार की कोशिशों में सहयोग करना जारी रखेंगे। रेलवे ने कहा कि इन पीपीई की तकनीकी विशेषताएं अब तैयार हैं। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता दीपक कुमार ने बताया कि अभी प्रतिदिन 20 बना पा रहे हैं लेकिन आने वाले हफ्तों में प्रतिदिन 100 बना लेंगे। रेलवे बोर्ड ने पीपीई के उत्पादन के लिये जोनल रेलवे को आवश्यक निर्देश जारी किये हैं। उत्तर रेलवे के जगाधरी वर्कशॉप ने इन नमूनों को विकसित किया है वह मंजूरी प्राप्त नमूनों की विशेषताएं और उत्पादन में लगने वाली सामग्री की मात्रा सहित तकनीकी ब्योरा अन्य जोनल वर्कशॉप और रेलवे की अन्य उत्पादन इकाइयों के साथ साझा करेगा।
- जम्मू। देश में लागू लॉकडाउन के कारण मुंबई में रहने वाले 30 वर्षीय आरिफ के पास 2100 किमी दूर जम्मू-कश्मीर के राजौरी में अपने 60 वर्षीय बीमार पिता से मिलने का एक ही रास्ता बचा था। उन्होंने साइकिल से यह 2100 किमी की दूरी तय करने की सोची।दरअसल लॉकडाउन लागू होने के एक सप्ताह बाद आरिफ को पता चला कि एक अप्रैल को उनके पिता को दिल का दौरा पड़ा है। वह किसी चमत्कार की उम्मीद में अपने पिता से मिलने निकल पड़े। इस बीच सीआरपीएफ जवान उनके मददगार बनकर सामने आए। सीआरपीएफ के कश्मीर स्थित मददगार हेल्पलाइन की कार्रवाई के बाद आरिफ के पिता वजीर हुसैन को रविवार को पंजग्रेन गांव से एक विशेष हेलिकॉप्टर से लाया गया ।सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक (जेके ज़ोन) जुल्फिकार हसन ने बताया कि मददगार को आरिफ के बारे में एक मीडिया सूत्र से पता चला था। जिसके बाद हेल्पलाइन तुरंत कार्रवाई में जुट गई। आरिफ को फोन किया और पांच राज्यों में फैले सीआरपीएफ के लोगों के जरिए सभी चीजों की व्यवस्था कराई। गुजरात के वडोदरा में रविवार को आरिफ को खाने के पैकेट, 2 हजार रुपये नकद, सैनिटाइजर, मास्क और कुछ सामान दिया गया। उन्होंने कहा कि हमने उन्हें लॉकडाउन के कारण हमारे बेस कैंप में रहने को कहा और आश्वासन दिया कि हम उनके पिता का ध्यान रखेंगे। लेकिन आरिफ ने अपने पिता से मिलने के लिए कहा। हसन ने कहा, इसलिए हमने उसके ट्रक में यात्रा करने की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा, ट्रक उन्हें राजस्थान के जोधपुर के पास छोड़ देगा और हम उनकी आगे की यात्रा की व्यवस्था करेंगे। आईपीएस अधिकारी ने बताया कि उनके पिता को जम्मू के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
- नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खिलाफ जारी देश की लड़ाई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सहभागिता निभाई । उन्होंने अपने निवास स्थान में आज रात 9 बजकर 9 मिनट पर 9 मिनट के लिए दीये जलाएं। उन्होंने अपने ट्वीट में एक श्लोक के साथ कुछ फोटो भी पोस्ट की जिसमें वे दीये जलाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा-शुभं करोति कल्याणमारोग्यं धनसंपदा ।शत्रुबुद्धिविनाशाय दीपज्योतिर्नमोऽस्तुते ॥
-
.नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को याद दिलाया है कि कोरोना वायरस के खिलाफ राष्ट्र के सामूहिक संकल्प के लिए आज रात उन्हें दीया जलाना है।
एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने 9 बजकर 9 मिनट के समय का उल्लेख किया है। प्रधानमंत्री ने लोगों से अनुरोध किया कि दीया जलाते समय एक-दूसरे से दूरी बनाए रखें, घर के भीतर रहें और समूह में एकत्रित न हों। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को सामाजिक दूरी की लक्ष्मण रेखा का उल्लंघन नहीं करना है।श्री मोदी ने शुक्रवार को लोगों से अपील की थी कि वे 5 अप्रैल को रात 9 बजे, 9 मिनट के लिए अपने घरों की लाइट बंद करके दीया, मोमबत्ती जलाएं अथवा, टार्च, मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट से रोशनी करें। इसका उद्देश्य कोरोना वायरस को हराने के लिए राष्ट्र की सामूहिक शक्ति प्रदर्शित करना है। - नई दिल्ली।. वित्त मंत्रालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ मंत्रालय के अधीनस्थ वित्तीय संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों/उद्यमों के पदाधिकारी भी 'कोविड-19 महामारीÓ से प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से पीएम केयर्स फंड में एक दिन का वेतन दान करने के लिए आगे आए हैं, जिसमें कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत राशि भी शामिल है। इसमें दान की गई राशि कुल मिलाकर 430.13 करोड़ रुपये है।भारत में कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए 28 मार्च 2020 को आपात स्थितियों में प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष (पीएम केयर्स फंड) बनाया गया। यह विशेष राष्ट्रीय कोष किसी भी प्रकार की आपातकालीन या संकटपूर्ण स्थिति से निपटने के मुख्य उद्देश्य से बनाया गया है, जैसा कि कोविड-19 महामारी ने वर्तमान में गंभीर स्थिति उत्पन्न कर दी है। यह कोष बनाने का एक और अहम उद्देश्य प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करना है।
- श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटे के दौरान सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में नौ आतंकी मारे गए हैं। उत्तर कश्मीर के केरन सैक्टर में एक घुसपैठ विरोधी अभियान में नियंत्रण रेखा पर पांच आतंकवादी मारे गए। ये खराब मौसम का फायदा उठा कर घुसपैठ कर रहे थे। इस अभियान में तीन सैनिक भी शहीद हुए हैं।खराब मौसम के बावजूद इनके पार्थिव शरीर घटना स्थल से हटा दिए गए हैं। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के बातकोरा इलाके में चार आतंकवादी मारे गए हैं। ये आतंकवादी निर्दोष नागरिकों की हत्या में शामिल हैं।
- नई दिल्ली। भारतीय रेलवे द्वारा, कोविड-19 के कारण राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान बिजली, परिवहन और मुख्य आधारभूत संरचना के क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अपनी माल सेवाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण कच्चे माल और ईंधन की उपलब्धता को सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा किया जा रहा है।इस लॉकडाउन के दौरान, भारतीय रेलवे के कर्मचारी विभिन्न माल शेडों, स्टेशनों और नियंत्रण कार्यालयों में तैनात हैं और पूरी निष्ठा के साथ अपना काम कर रहे हैं, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो।रेलवे द्वारा लगातार परिचालन को ध्यान में रखते हुए, कोविड-19 लॉकडाउन होने के बावजूद सभी विद्युत संयंत्रों और पेट्रोलियम डिपो में पहले से ही पर्याप्त स्टॉक रख दिया गया है।पिछले 12 दिनों में, 23 मार्च से लेकर 3 अप्रैल 2020 तक, रेलवे द्वारा कोयले के ढाई लाख से अधिक वैगनों और पेट्रोलियम उत्पादों के 17 हजार 742 वैगनों (एक वैगन में 58-60 टन माल) की लदाई और ढुलाई की गई है । भारतीय रेलवे में बिजली, परिवहन और आधारभूत संरचना वाले क्षेत्रों और अन्य आवश्यक वस्तुओं को ईंधन देने वाली सामग्रियों के निर्बाध आवागमन की निगरानी करने के लिए, रेल मंत्रालय में एक आपातकालीन माल नियंत्रण केंद्र काम कर रहा है। माल ढुलाई पर उच्च स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है। रेलवे द्वारा लोडिंग और अनलोडिंग को दौरान कई टर्मिनल बिंदुओं पर पहले जिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, उनका प्रभावी तरीके से समाधान किया जा रहा है। भारतीय रेलवे, गृह मंत्रालय के साथ राज्य सरकारों के संपर्क में है जिससे अगर परिचालन-संबंधी कोई समस्या उत्पन्न होता है तो उसका समाधान किया जा सके।--
- मुंबई। सस्ती उड़ान सेवा देने वाली प्रमुख कंपनी एयर एशिया इंडिया 15 अप्रैल से टिकटों की बुकिंग शुरू करेगी। हालांकि कंपनी ने कहा कि यह नागर विमानन नियामक डीजीसीए के इस संबंध में किसी नए दिशा निर्देश नहीं आने पर निर्भर करेगा।कोरोना वायरस के सामुदायिक फैलाव को रोकने के लिए देश में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 14 अप्रैल तक रोक है। इसलिए अधिकतर विमानन कंपनियों ने 15 अप्रैल के बाद की बुकिंग करना शुरू कर दिया है। हालांकि शुक्रवार को एअर इंडिया ने 30 अप्रैल तक बुकिंग नहीं लेने की घोषणा की थी। हालांकि इसमें नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के किसी नए निर्देश के बाद बदलाव हो सकता है। नागर विमानन सचिव प्रदीप सिंह खरोला ने बृहस्पतिवार को कहा था कि विमानन कंपनियां 14 अप्रैल के बाद से टिकट बुक कर सकती हैं।
- नई दिल्ली। कोरोना वायरस संकट के चलते लागू सार्वजनिक पाबंदियों के बीच मदर डेयरी ने लोगों की सुविधा के लिए पूरे दिल्ली-एनसीआर में 25 अस्थाई कियोस्क खोले हैं।मदर डेयरी के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि, दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न आरडब्ल्यूए संगठनों और स्थानीय लोगों ने मदर डेयरी से कंपनी के उत्पादों को मुहैया करवाने हेतू बूथ स्थापित करने का आग्रह किया था। इसको संज्ञान में लेते हुए कंपनी ने विभिन्न इलाकों में अस्थाई कियोस्क खोल कर दूध व अन्य उत्पादों की सुचारू सप्लाई को सुनिश्चित किया है। प्रवक्ता ने कहा, हम अपनी पूरी क्षमता के साथ स्थानीय उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए तत्पर हैं। मौजूदा समय में हम अपने 850 बूथों और लगभग 30 हजार रिटेल दुकानों के नेटवर्क के माध्यम से लगभग 30 लाख लीटर प्रति दिन दूध की बिक्री कर रहे हैं।
- नई दिल्ली। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को पशु अधिकार संस्था- पेटा इंडिया ने कोरोना वायरस महामारी को लेकर चल रहे लॉकडाउन के दौरान राज्य में सामुदायिक पशुओं को खिलाने के लिए धन आवंटित करने जैसे पुनीत कार्य हेतु पुरस्कृत किया है।उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने पांच नगर निगमों और सभी 48 नगर पालिकाओं में आवारा पशुओं को खिलाने के लिए 54 लाख रुपये मंजूर किया है। लॉकडाउन के दौरान पशुओं को भोजन मिलने में मुश्किलें हो रही हैं। उनके प्रयासों का सम्मान करते हुए पीपुल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (पेटा) इंडिया ने पटनायक के लिए हीरो टू एनिमल्स अवार्ड की घोषणा की। पुरस्कार स्वरूप उन्हें एक प्रमाण पत्र और प्रशस्ति पत्र दिया गया। श्री पटनायक ने पेटा इंडिया को इस सम्मान के लिए धन्यवाद दिया और सभी से इन कठिन समय में परोपकारी बनने और आसपास के जीव-जन्तुओं का ख्याल रखने की अपील की।
- नई दिल्ली। कोरोना वायरस संकट से निपटने में विपक्षी दलों को भी साथ लेने की पहल करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आठ अप्रैल को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये लोकसभा और राज्यसभा में विभिन्न दलों के नेताओं के साथ संवाद करेंगे।संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री आठ अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संसद के दोनों सदनों में उन दलों के नेताओं के साथ संवाद करें, जिनके संसद में पांच से अधिक सांसद हैं। समझा जाता है कि इस बैठक में कोरोना वायरस संकट से जुड़े विभिन्न मुद्दों और देशव्यापी लॉकाडाउन पर चर्चा हो सकती है ।गौरतलब है कि 24 मार्च से 21 दिनों का लॉकडाउन लागू होने के बाद प्रधानमंत्री का विपक्षी दलों के साथ यह पहला संवाद होगा । हालांकि, प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के मुद्दे पर दो अप्रैल को देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से संवाद किया था । बहरहाल, संसद के दोनों सदनों में विभिन्न दलों के नेताओं के साथ होने वाली बैठक के समन्वय का दायित्व संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी और उनके सहयोगी अर्जुन राम मेघवाल को दिया गया है । समझा जाता है कि इस बैठक में कोविड-19 एवं लॉकडाउन के विभिन्न पहलुओं पर मोदी विभिन्न दलों के नेताओं से चर्चा कर सकते हें । इस बैठक के लिये लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद के अलावा तृणमूल कांग्रेस, बसपा, द्रमुक, बीजद, टीआरएस सहित कई अन्य दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है । बहरहाल, तृणमूल कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी नीत पार्टी के नेता डेरेक ओ ब्रायन और सुदीप बंदोपाध्याय के शामिल होने की संभावना नहीं है । बैठक में राजग के सहयोगी दलों नेता भी हिस्सा लेंगे । इस संवाद में सभी दलों के नेताओं को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के संबंध में विचार रखने और सुझाव देने का अवसर दिया जायेगा । सरकारी सूत्रों के अनुसार, इसमे प्रधानमंत्री विभिन्न दलों के नेताओं के साथ कोविड-19 के मद्देनजर उत्पन्न स्थिति पर चर्चा कर सकते हैं और उनसे सहयोग मांग सकते हंै।--
- अमेठी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को अमेठी में सेनिटाइजर, मास्क और साबुन का वितरण शुरू कराया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने बताया कि राहुल गांधी ने 12 हजार सेनिटाइजर, 20 हजार मास्क और 10 हजार साबुन का वितरण जिला कांग्रेस कमेटी के माध्यम शुरू करा दिया है।श्री सिंघल ने बताया कि राहुल गांधी ने कोरोना वायरस महामारी से लडऩे वाले योद्धाओं तक उपरोक्त सामग्री पहुंचाने की जिम्मेदारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सौंपी है। उन्होंने बताया कि महामारी से लडऩे वाले योद्धाओं में बैंक के कर्मचारी/ अधिकारी, पुलिस, पत्रकार, पंचायत प्रतिनिधियों, कोटेदारों एवं अन्य शामिल हैं जो इस आपातकाल में आम जनता की सेवा में लगे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों राहुल गांधी ने अमेठी के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए एक ट्रक गेहूं और एक ट्रक चावल भेजा था।--
- नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के प्रमुख ए.पी. माहेश्वरी ने अप्रत्यक्ष रूप से कोरोना वायरस संक्रमित डॉक्टर के संपर्क में आने के कारण खुद को पृथक कर लिया है।सीआरपीएफ के प्रवक्ता उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मोसेस दिनाकरण ने बताया, 'सीआरपीएफ का एक अधिकारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। उस अधिकारी के संपर्क में आने वाले कर्मचारी पृथक वास में चले गए हैं। सीआरपीएफ महानिदेशक अप्रत्यक्ष रूप से उस अधिकारी के संपर्क में आए थे और तय दिशानिर्देशों के तहत वह पृथक वास में हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल के प्रमुख दिशा निर्देश के तहत पृथक वास में हैं लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ लड़ाई सहित विभिन्न परिचालन मामले में अपने अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।
- नई दिल्ली। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने शनिवार को लोगों से अपील की कि वे तंबाकू का सेवन न करें और ना ही सार्वजनिक स्थानों पर थूकें।शीर्ष स्वास्थ्य अनुसंधान निकाय ने कहा कि तम्बाकू उत्पादों (गुटखा, पान मसाला तंबाकू के साथ, पान और अन्य चबाने वाले तम्बाकू उत्पाद) और सुपारी लार के उत्पादन को बढ़ाते हैं जिसके बाद थूकने की बहुत तीव्र इच्छा होती है। आईसीएमआर ने कहा, सार्वजनिक स्थानों पर थूकना कोविड-19 वायरस को और फैला सकता है। महामारी के बढ़ते खतरे के मद्देनजर, यह आम जनता से अपील है कि तम्बाकू उत्पादों के सेवन और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से परहेज करें।
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने राज्य आपदा जोखिम प्रबंधन कोष (एसडीआरएफएफ) के तहत पृथकवास बनाने और अन्य सुविधाओं के लिए 11,092 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है।पृथकवास सुविधाएं बनाने, नमूने एकत्रित करने और स्क्रीनिंग करने, अतिरिक्त जांच प्रयोगशालाएं बनाने, स्वास्थ्य, निगम, पुलिस और दमकल कर्मियों के लिए निजी सुरक्षा उपकरणों को खरीदने, थर्मल स्कैनर, वेंटिलेटर, एयर प्यूरीफायर आदि खरीदने में इस निधि का उपयोग किया जाएगा।गौरतलब है कि देश में पिछले चौबीस घंटे के दौरान कोरोना वायरस के नए छह सौ एक नये मामलों की पुष्टि हुई हैंं। इसके साथ ही कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या दो हजार नौ सौ दो तक पहुंच गई है। इनमें से एक सौ तिरासी रोगी ठीक हो चुके हैं और इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।देश में कोरोना वायरस से 68 लोग मर चुके हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि विदेशों के मुकाबले देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या कम है। उन्होंने बताया कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों में से नौ प्रतिशत लोग बीस वर्ष से कम उम्र के हैं। इक्कीस से चालीस वर्ष तक की आयु के लोगों की संख्या बयालीस प्रतिशत है। इकतालीस से साठ वर्ष तक की आयु वाले लोगों की संख्या तैंतीस प्रतिशत और साठ वर्ष से ऊपर की आयु के लोगों की संख्या सत्रह प्रतिशत है। श्री अग्रवाल ने सुझाव दिया कि ज्यादा जोखिम के दायरे में आने वाले लोगों को सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।श्री अग्रवाल ने बताया कि सत्रह राज्यों में कोरोना वायरस के तब्लीगी जमात से जुड़े एक हजार तेईस मामलों की पुष्टि हुई हैंं। इनमें तमिलनाडु, राजस्थान, दिल्ली, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, असम, झारखंड और कर्नाटक शामिल हैं। श्री अग्रवाल ने बताया कि अब तक देश में कोरोना वायरस से संक्रमित जितने भी मामले सामने आए हैं, उनमें से तीस प्रतिशत तब्लीगी जमात से जुड़े हैं।इस अवसर पर गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि लॉकडाउन को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता संतोषजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन कोष के तहत ग्यारह हजार 92 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई।---
- नई दिल्ली। शुक्रवार की रात दिल्ली के एम्स से एक अच्छी खबर यह आई, वहां कोरोनो संक्रमण का इलाज करा रही एक महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है।मां और बच्चे को आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया है और लगातार निगरानी की जा रही है। इस महिला के पति डॉक्टर हैं और एम्स में फिजियोलॉजी विभाग में पदस्थ हैं, जो दो दिन पहले ही वे भी कोरोना के टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे। कुछ समय बाद उनकी पत्नी भी कोरोना संक्रमण के टेस्ट में पॉजिटिव पाई गई थी। इसके बाद उनका इलाज एम्स में किया जा रहा है। एम्स के मेडिकल सुपरिडेंटेंट डॉ. डी. के. शर्मा ने बताया कि पीडि़त महिला ने सिजेरियन के माध्यम से एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है। इसका सारा श्रेय डॉ. नीरजा बाटला को जाता है।---
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से 5 अप्रैल को रात 9:00 बजे से लेकर 9:09 बजे तक स्वेच्छापूर्वक बत्तियां बुझाने की अपील की है। ऐसी आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं कि इसके कारण ग्रिड में अस्थिरता तथा वॉल्टेज में उतार-चढ़ाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे इलैक्ट्रिक उपकरणों को नुकसान पहुंच सकता है। ये आशंकाएं अनुपयुक्त हैं।भारतीय बिजली ग्रिड सुदृढ़ एवं स्थिर है तथा मांग में होने वाली भिन्नताओं से निपटने के लिए इसमें पुख्ता प्रबंध और प्रोटोकॉल मौजूद हैं। निम्नलिखित बातों पर ध्यान दिया जाना चाहिए -प्रधानमंत्री की अपील है कि 5 अप्रैल को रात 9:00 बजे से लेकर 9:09 बजे तक अपने घरों की बत्तियां बुझाई जाएं। स्ट्रीट लाइट्स को बुझाने अथवा घरों में कम्प्यूटर, टीवी, पंखे, रेफ्रिजरेटर और ए सी को बंद करने का आह्वान नहीं किया गया है। केवल घर की बत्तियां बुझानी हैं। अस्पतालों और सार्वजनिक सुविधाओं, नगर निगम सेवाओं, कार्यालयों, पुलिस स्टेशनों, विनिर्माण कारखानों आदि जैसी अन्य आवश्यक सेवाओं की बत्तियां जलती रहेंगी। प्रधानमंत्री ने केवल घरों की बत्तियां बुझाने का आह्वान किया है।समस्त स्थानीय निकायों को सार्वजनिक सुरक्षा हेतु स्ट्रीट लाइट्स जलते रहने देने का परामर्श दिया गया है।
- नई दिल्ली। कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए देश में जारी लॉकडाउन के बीच खेती-किसानी को लेकर केंद्र सरकार ने कई तरह की छूट प्रदान की है, ताकि किसानों को कोई परेशानी नहीं हो और देश में खाद्यान्न की कमी भी नहीं आने पाएं। इसी क्रम में गृह मंत्रालय ने एक और आदेश जारी किया है।खेती-किसानी के संबंध में गृह मंत्रालय के ताजा आदेश के अनुसार, कृषि मशीनरी तथा उनके कलपुर्जों की दुकानें लॉकडाउन के दौरान चालू रखी जा सकेगी। इस छूट में संबंधित आपूर्तिकर्ताओं को भी शामिल किया गया है। हाईवे पर ट्रकों की मरम्मत करने वाले गैरेज तथा पेट्रोल पंपों को भी चालू किया जा सकेगा, ताकि कृषि उपज का परिवहन सुगमता से हो सकें। इसी तरह, चाय बागानों पर अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारी रखते हुए काम किया जा सकेगा। गृह मंत्रालय ने यह भी कहा है कि इस दौरान सामाजिक दूरी बनाए रखने का ध्यान रखा जाएं और बीमारी से बचाव के लिए समुचित व्यवस्थाएं की जाएं। जिला प्रशासन को इस संबंध में निगरानी रखने को कहा गया है।
- श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में शनिवार को दो आतंकी मारे गए हैं।पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा बलों को कुलगाम के हरमंद गुरी गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली जिसके बाद बलों ने इलाके को घेर लिया और तलाश अभियान शुरू किया। प्रवक्ता ने कहा, पुलिस को मिली विश्वसनीय जानकारी के आधार पर आज सुबह अभियान शुरू किया गया। ऐसा बताया जा रहा है कि अभी तक दो आतंकवादी मारे गए हैं। इससे पहले पुलिस ने ट्वीट किया था कि घेरेबंदी में तीन आतंकवादी फंसे हुए हैं। पुलिस ने कहा था, ये उन्हीं आतंकवादियों का समूह है जिसने हाल में तीन आम नागरिकों की हत्या की थी।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रख्यात खिलाडिय़ों के साथ संवाद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 पूरी मानवता का दुश्मन है और वर्तमान स्थिति की गंभीरता का पता इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार ओलंपिक गेम्स को स्थगित किया गया है।इस महामारी से उत्पन्न विकट चुनौतियों के कारण विम्बलडन जैसे कई अन्य प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों और क्रिकेट से संबंधित इंडियन प्रीमियर लीग जैसे घरेलू खेल आयोजनों के पूर्व निर्धारित समय में परिवर्तन करने पर विवश होना पड़ा है। प्रधानमंत्री ने खेल के मैदान पर शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्र को गौरवान्वित करने के लिए खिलाडिय़ों की प्रशंसा की। अब उन्हें राष्ट्र का मनोबल बढ़ाने और सकारात्मकता का माहौल बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। इसके साथ ही खिलाडिय़ों को लोगों से लॉकडाउन के दौरान जारी की जाने वाली एडवाइजरी का निरंतर पालन करने के लिए कहना है। प्रधानमंत्री ने यह बात रेखांकित की कि खेल प्रशिक्षण के दौरान सीखी जाने वाली विशिष्ट बातें जैसे कि चुनौतियों का डटकर सामना करने की क्षमता, स्व-अनुशासन, सकारात्मकता और आत्मविश्वास इस वायरस के फैलाव का मुकाबला करने की दृष्टि से भी अत्यंत आवश्यक तरीके हैं।प्रधानमंत्री ने खिलाडिय़ों से लोगों को दिए जाने वाले अपने संदेश में इन पांच बिंदुओं को शामिल करने को कहा है- महामारी से लडऩे के लिए संकल्प , सामाजिक दूरी बनाए रखने का पालन करने के लिए संयम , सकारात्मक माहौल निरंतर बनाए रखने के लिए सकारात्मकता , इस लड़ाई में सबसे आगे रहने वाली चिकित्सा बिरादरी एवं पुलिस कर्मियों जैसे योद्धाओं का आदर करने के लिए सम्मान और पीएम-केयर्स फंड में योगदान के जरिए निजी स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी सहयोग । प्रधानमंत्री ने खिलाडिय़ों से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य दोनों के महत्व पर प्रकाश डालने के साथ-साथ आयुष मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को लोकप्रिय बनाने के लिए भी कहा।खिलाडिय़ों ने इस अत्यंत चुनौतीपूर्ण समय में प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की। खिलाडिय़ों ने यह सुनिश्चित करने के लिए भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया कि वे इस लड़ाई में सबसे आगे रहकर नि:स्वार्थ सेवा करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों और पुलिस कर्मियों को सम्मान दिलाने के लिए तत्?पर हैं जिसके पात्र वे वास्तव में हैं। उन्होंने अनुशासन एवं मानसिक शक्ति के विशेष महत्व, फिटनेस बनाए रखने और रोग-प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी चर्चा की।प्रधानमंत्री ने इस बात का उल्लेख किया कि यह अत्यंत आवश्यक है कि भारत महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में विजयी बनकर उभरे। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस लड़ाई में समस्त खिलाड़ी अत्यंत सक्रियतापूर्वक भाग लेंगे।विभिन्न खेलों से जुड़े 40 से भी अधिक शीर्ष खिलाडिय़ों ने इस वीडियो कॉन्फ्रेंस में भाग लिया जिनमें भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, कबड्डी खिलाड़ी एवं हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में डीएसपी अजय ठाकुर, तेज धावक हिमा दास, पैरा एथलीट हाई जम्पर शरद कुमार, शीर्ष टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना, धुरंधर क्रिकेटर युवराज सिंह और पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली शामिल हैं। केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस संवाद में भाग लिया।---









.jpg)













.jpg)
.jpg)


