- Home
- देश
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से अंगदान के लिए आगे आने की अपील की है। आज आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम की 99वीं कड़ी में उन्होंने कहा कि ऐसे जरूरतमंद लोगों की संख्या काफी अधिक है जो अंगदान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारत में परमार्थ को इतना अधिक मूल्य दिया गया है कि लोग दूसरों के सुख के लिए अपना सर्वस्व दान करने से भी संकोच नहीं करते। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि केन्द्र सरकार अंगदान के लिए देश में एक समान नीति लाने पर काम कर रही है। श्री मोदी ने यह भी कहा कि अंगदान के लिए राज्यवासी होने की शर्त को हटाने का निर्णय लिया गया है। इससे लोग किसी भी राज्य में अंगदान के लिए अपना पंजीकरण करा सकेंगे। सरकार ने अंगदान के लिए उम्र 65 वर्ष से कम होने की शर्त को भी समाप्त करने का निर्णय लिया है। श्री मोदी ने कहा कि देश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। देश में वर्ष 2013 में पांच हजार से भी कम लोगों ने अंगदान किए थे, लेकिन वर्ष 2022 में यह संख्या बढ़कर 15 हजार से अधिक हो गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे अंगदान का पुण्य कार्य करने वालों के मन की बात जानने के लिए लंबे समय से इच्छुक थे।
उन्होंने उस अभिभावक से भी बात की जिन्होंने अपनी 39 दिन की बेटी के गुजर जाने पर उसका अंगदान किया था। पंजाब में अमृतसर के निवासी श्री सुखबीर सिंह संधू और उनकी पत्नी सुप्रीत कौर के घर बिटिया का जन्म हुआ था जिसका नाम अबाबत कौर नाम रखा था। श्री सुखबीर ने प्रधानमंत्री से कहा कि अबाबत के दिमाग में नाड़ियों का एक ऐसा गुच्छा बना हुआ था जिसकी वजह से उनकी बेटी के दिल का आकार बड़ा हो रहा था और उसे महज 39 दिन की अवस्था में दिल का दौरा पड़ गया। श्री सुखबीर ने महसूस किया कि उनकी बेटी का जन्म किसी प्रयोजन विशेष से हुआ है और इसलिए उन्होंने उसके अंगदान का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री ने श्री सुखबीर की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके इस नेक कार्य की जानकारी मिलने के बाद कई लोग अंगदान के लिए प्रेरित होंगे। श्री सुखबीर ने कहा कि उन्हें उस वक्त बहुत गर्व का अनुभव हुआ जब डॉक्टरों ने उनसे कहा कि उनकी बेटी देश की सबसे कम उम्र की अंगदान करने वाली बन गई है और उसके अंगों का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण कर दिया गया है।प्रधानमंत्री ने झारखंड की अभिजीत चौधरी से भी बातचीत की जिनकी मां स्नेहलता चौधरी ने 63 वर्ष की उम्र में अपना हृदय, गुर्दा और लीवर दान किया। श्री अभिजीत ने प्रधानमंत्री से कहा कि उनकी मां के अंगदान के कारण चार लोगों को जान बची और दो लोगों को आंखें मिल गईं। श्री मोदी ने कहा कि समाज को ऐसे लोगों पर गर्व है। -
पीलीभीत . भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद वरुण गांधी ने शनिवार को कहा कि वह राजनीति में उन लोगों की आवाज बनने के लिए आए हैं जो अपनी आवाज नहीं उठा सकते। पीलीभीत से सांसद गांधी यहां एक दिवसीय दौरे पर थे। उन्होंने पूरनपुर प्रखंड में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में ‘‘ईमानदारी'' और ‘‘स्वच्छता'' की बहुत जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजनीति इस बात पर केंद्रित होनी चाहिए कि हम उन लोगों की आवाज बनें जो स्वयं अपनी आवाज नहीं उठा पाते और वह राजनीति में ऐसे लोगों की आवाज बनने के लिए आए हैं। उन्होंने संकल्प लिया है कि जब तक वह राजनीति में हैं, समाज के कमजोर लोगों की आवाज उठाते रहेंगे।
-
जयपुर. ‘अर्थ ऑवर' के उपलक्ष्य पर राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सिविल लाइन्स स्थित राजकीय निवास पर शनिवार रात को शाम साढ़े आठ बजे से एक घंटे तक बिजली बंद रखी गई। आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, ‘‘ऊर्जा के साधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए रात साढ़े आठ बजे से एक घंटे के लिए बिजली बंद रखी गई।'' इस दौरान मुख्यमंत्री निवास स्थित विभिन्न कार्यालयों में भी लाइट एवं उपकरण बंद रहे और कर्मियों ने मोमबत्ती की रोशनी में कार्य किया। -
अंडमान एवं निकोबार के सांसद कुलदीप राय शर्मा को ‘संसद रत्न पुरस्कार'
नयी दिल्ली. अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के सांसद कुलदीप राय शर्मा को रविवार को लगातार दूसरे वर्ष ‘संसद रत्न पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने दिल्ली में आयोजित एक समारोह में कांग्रेस सांसद कुलदीप राय शर्मा को संसद में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए इस पुरस्कार से नवाजा। इस समारोह में केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज जी अहीर के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी शामिल हुए। ‘संसद रत्न पुरस्कार' पाने के बाद शर्मा ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के लोगों का आभार जताया और कहा कि वह खुद को बेहद खुशनसीब मानते हैं कि उन्हें वहां के लोगों की सेवा करने का अवसर मिला। शर्मा ने अपना पुरस्कार अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के लोगों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह जीत उनकी नहीं, बल्कि अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के लोगों की जीत है। एक बयान के अनुसार, संसद रत्न पुरस्कार गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन द्वारा संसद में उत्कृष्ट कार्य के लिए सांसदों को दिए जाने वाले सम्मानों में से एक है। मेघवाल इस पुरस्कार की जूरी के अध्यक्ष हैं। -
चालक को झपकी आने पर कार ट्रक में पीछे से टकरायी, तीन लोगों की मौत
जयपुर. राजस्थान के पाली जिले के सोजत थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकरायी। दुर्घटना में कार सवार सेना के जवान, उसकी पत्नी और सास की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि अजमेर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर खोखरा गांव के पास हुये हादसे में कार सवार गुजरात निवासी प्रभु भाई (33), उसकी पत्नी सुशीला पटेल (30) और सास संतोष बेन (55) की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कार चालक को झपकी आने के कारण वाहन आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।उन्होंने बताया कि सैनिक सूरतगढ़ में तैनात था और वह कार से नागौर के बुटाटी धाम जा रहे थे। उन्होंने बताया कि सैनिक प्रभु भाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी और सास ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।उन्होंने बताया कि इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। -
राज्य की 17 जेलों में छापेमारी , मोबाइल फोन और “घातक” वस्तुएं बरामद
अहमदाबाद. गुजरात पुलिस ने बीती रात एक व्यापक अभियान के तहत राज्य की 17 जेलों में एक साथ छापेमारी की और कई मोबाइल फोन, “घातक” वस्तुएं व मादक पदार्थ बरामद किए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस अभियान में 1,700 पुलिसकर्मी शामिल थे। इनमें से कई ने जेल गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए शरीर पर कैमरे लगा रखे थे। छापेमारी का मकसद यह पता लगाना था कि जेलों में कोई अवैध गतिविधि तो नहीं हो रही। साथ ही इसका उद्देश्य यह जानना था कि कैदियों को कानून के तहत सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। अधिकारियों ने बताया कि गांधीनगर पुलिस भवन में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय में गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में छापेमारी का फैसला किया गया था। छापेमारी अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट और अन्य शहरों की केंद्रीय जेलों के साथ-साथ उप-जेलों में की गई। राज्य सरकार ने एक बयान में कहा कि मंत्री संघवी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने राज्य की राजधानी गांधीनगर में कमान एवं नियंत्रण केंद्र से अभियान की लाइव निगरानी की जबकि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने “सीएम डैशबोर्ड” से अभियान का निरीक्षण किया। शरीर पर कैमरा लगाए पुलिस कर्मी राज्य के कमान एवं नियंत्रण केंद्र 'त्रिनेत्र' को ताजा तस्वीरें भेज रहे थे। बयान में कहा गया है, “राज्य भर की जेलों में व्यापक अभियान के दौरान 16 मोबाइल फोन, 10 इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं, 39 घातक वस्तुएं, तीन मादक पदार्थ और 519 तंबाकू उत्पाद बरामद किए गए।” इससे पहले शुक्रवार रात गुजरात के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विकास सहाय ने पत्रकारों को बताया कि 17 जिले में किए गए इस अभियान में अधिकारियों समेत करीब 1,700 पुलिसकर्मी शामिल हैं। सहाय ने कहा, “इन छापों का मकसद यह पता लगाना है कि जेलों से कोई अवैध गतिविधि तो संचालित नहीं की जा रही है, साथ ही इसका उद्देश्य उन्हें रोकना भी है। इस अभियान में खोजी कुत्तों को भी शामिल किया गया है।” -
युवती की हत्या करने के बाद युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास
जयपुर. जिले के मनोहरपुरा कस्बे में शनिवार को एक युवक ने 22 वर्षीय युवती की चाकू से हमला कर कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि युवती की हत्या के बाद आरोपी ने भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि हत्या और आत्महत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं।उन्होंने बताया कि शोभा चौधरी (22) एक कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी, जबकि आरोपी सुरेंद्र मीणा वहां पुस्तकालय आया करता था। पुलिस ने बताया, “आरोपी ने कोचिंग संस्थान की छत पर लड़की को कथित तौर पर चाकू से गोद दिया। युवती को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।'' पुलिस ने बताया कि घटना के बाद वहां से फरार हुए आरोपी ने जहर खा लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कहा कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है। -
पत्नी की हत्या करने के बाद चलती ट्रेन के आगे कूदकर पति ने की आत्महत्या
कृष्णगंज. पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में 29 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पत्नी की गला काटकर हत्या करने के बाद खुद भी चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी जयंत सरदार का शव शनिवार सुबह मजदिया रेलवे स्टेशन के पास पटरी के करीब मिला जबकि उसकी पत्नी दीपाली का शव कृष्णगंज पुलिस थाने के मजदिया कुथीपाड़ा गांव स्थित उसके घर में मिला। पुलिस ने बताया कि दीपाली के हाथ-पैर बांधे थे और धारदार हथियार से उसका गला काटा गया था।पुलिस ने बताया कि नियमित तौर पर लड़ाई होने की वजह से दीपाली अपने मां-बाप के घर रह रही थी लेकिन शुक्रवार की रात आरोपी जयंत दीपाली के मायके आया और पत्नी को ससुराल चलने को कहा। उन्होंने बताया कि आरोपी जयंत के साथ दीपाली ससुराल के लिए निकली थी और उनका शव शनिवार सुबह मिला।पुलिस ने बताया कि दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि आशंका है कि आरोपी जयंत ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली।पुलिस ने बताया कि दंपति के दो बच्चे हैं। -
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार कोविड-19 और मौसमी इंफ्लूएंजा के बढ़ते मामलों के बीच अस्पतालों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए 10 और 11 अप्रैल को राष्ट्रव्यापी समीक्षा की योजना बना रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से शनिवार को जारी एक संयुक्त परामर्श के अनुसार, सभी जिलों के सार्वजनिक व निजी स्वास्थ्य केंद्रों के इस कवायद में भाग लेने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य दवाओं, अस्पतालों में बिस्तरों, चिकित्सा उपकरणों और मेडिकल ऑक्सीजन की उपलब्धता की समीक्षा करना है। परामर्श में कहा गया है कि 27 मार्च को होने वाली डिजिटल बैठक में राज्यों को समीक्षा के बारे में सटीक विवरण दिया जाएगा। संयुक्त परामर्श में कहा गया है कि पिछले कुछ सप्ताह में कुछ राज्यों में कोविड-19 जांचों में कमी आई है और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा निर्धारित मानक (प्रति दस लाख की आबादी पर 140 जांच) की तुलना में वर्तमान जांच स्तर अपर्याप्त हैं। संयुक्त परामर्श में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के 10 और 16 मार्च के दिशानिर्देशों को जारी रखने का निर्देश दिया गया है। इन दिशानिर्देशों में देश में सांस संबंधी बीमारियों के फैलने और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 से निपटने के बारे में जानकारी दी गई है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत दी जाने वाली सब्सिडी की अवधि बढ़ाए जाने से लाभार्थियों को काफी मदद मिलेगी और खाना पकाने के स्वच्छ ईंधन की दिशा में कदम आगे बढ़ेंगे। सरकार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत 200 रुपये प्रति एलपीजी सिलेंडर सब्सिडी एक साल के लिये बढ़ा दी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों के दाम अधिक होने के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। इस पहल से 9.6 करोड़ परिवारों को लाभ होगा। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से संबंधित कैबिनेट के फैसले से लाभार्थियों को काफी मदद मिलेगी और खाना पकाने के स्वच्छ ईंधन की दिशा में कदम आगे बढ़ेंगे।'' प्रधानमंत्री ने कच्चे जूट के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे किसान और सशक्त होंगे। सरकार ने शुक्रवार को 2023-24 सत्र के लिए कच्चे जूट के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 300 रुपये बढ़ाकर 5,050 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर विकास की राजनीतिक धारणा को कार्यों में बदल दिया है। प्रधानमंत्री आज दावणगेरे में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भाजपा की विजय संकल्प यात्रा के सम्पन्न होने के अवसर पर आयोजित इस रैली से पहले लोगों ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि खंडित जनादेश से विकास लक्ष्य बाधित होते हैं और पूर्ण बहुमत वाली डबल इंजन सरकार के माध्यम से विकास की गति तेज होती है।
उन्होंने कहा कि मिलीजुली सरकार से सत्ता में शामिल लोगों के स्वार्थ ही सिद्ध होते हैं। उन्होंने मतदाताओं का आह्वान किया कि वे एक बार फिर उन्हें लोगों की सेवा का अवसर प्रदान करें। प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से कर्नाटक में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने के लिए एकसाथ आगे आने की अपील की।प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में तुमकूर स्थित हिंदुस्तान ऐरोनोटिक लिमिटेड कारखाना शिवमोग्गा के हवाईअड्डे, हुबली स्थित सबसे लंबे रेलवे प्लेटफार्म, नारायणापुरा लेफ्ट बैंक कैनाल, धारवाड स्थित आईआईटी, जलजीवन मिशन के तहत नल से जल के चालीस लाख नये कनेक्शन, अपर भद्रा परियोजना, मेगा टैक्सटाइल पार्क और हाल ही में घोषित धारवाड सहित इलेक्ट्रोनिक विनिर्माण कलस्टर सहित अनेक विकासशील परियोजनाओं के उदघाटन करने और विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल वायदे कर रही हैं जिसे वह कभी नहीं निभायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल पदेश में बडे-बडे वायदे किए थे लेकिन सरकार गठन के बाद एक भी वायदा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि अगर कर्नाटक में कांग्रेस सत्ता में आई तो वह इसे एटीएम के तौर पर इस्तेमाल करेगी। प्रधानमंत्री ने अप्रैल के पहले सप्ताह में कर्नाटक की यात्रा करने और वहां चीता संरक्षण की एक बडी परियोजना के उदघाटन का वायदा भी किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई, पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कटील, राज्य तथा केन्द्र के अनेक मंत्री और भाजपा विधायक उपस्थित थे। -
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनधारकों का महंगाई भत्ता चार प्रतिशत बढ़ा दिया है। इस प्रकार, केंद्रीय कर्मियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता अब बढ़कर 42 प्रतिशत हो गया है। इसका लाभ इस वर्ष एक जनवरी से केंद्र सरकार के 47 लाख कर्मियों और 69 लाख से अधिक पेंशनभोगियों को मिलेगा। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कल नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि इस फैसले से प्रति वर्ष 12 हजार 815 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त व्यय होगा। उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते में यह वृद्धि 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप है।
-
नई दिल्ली। आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रति एलपीजी सिलेंडर 200 रुपये की सब्सिडी को एक वर्ष के लिए बढा दिया है। एक मार्च, 2023 की स्थिति के अनुसार, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों की कुल संख्या नौ करोड 59 लाख है। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कल नई दिल्ली में कहा कि एक वर्ष में 12 सिलेंडर तक 200 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में अचानक तेजी आई है जिसे देखते हुए प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को राहत देने का निर्णय लिया गया है। श्री ठाकुर ने कहा कि इस मद में 2022-23 में छह हजार 100 करोड रूपए का तथा 2023-24 में सात हजार छह सौ 80 करोड रूपए का व्यय होगा।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल वितरण कंपनियां इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड 22 मई 2022 से यह सब्सिडी दे रही हैं। सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा कर दी जाती है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ग्रामीण क्षेत्र में और वंचित तबके को एलपीजी गैस मुहैया कराने के उद्देश्य से मई 2016 में शुरू की गई थी। इसके तहत गरीब महिलाओं को नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन प्रदान किए जाते हैं। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत वर्ष 2025 तक तपेदिक के उन्मूलन के लिए कार्य कर रहा है। यह तपेदिक उन्मूलन की निर्धारित वैश्विक समयसीमा वर्ष 2030 से पांच साल पहले की है। प्रधानमंत्री शुक्रवार को वाराणसी में रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में वन वर्ल्ड टी बी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने टी बी मुक्त पंचायत, तपेदिक निवारक उपचार-टीपीटी, तपेदिक के लिए परिवार केन्द्रित देखभाल मॉडल जैसी विभिन्न पहलों की शुरूआत की। उन्होंने तपेदिक पर भारत की वार्षिक रिपोर्ट-2023 भी जारी की। श्री मोदी ने रोग नियंत्रण राष्ट्रीय केंद्र और प्रयोगशाला की आधारशिला रखी तथा महानगर जन स्वास्थ्य इकाई के लिए निर्धारित स्थल का भी उदघाटन किया।
प्रधानमंत्री ने इस बात को रेखांकित किया कि भारत की आदर्श विचारधारा 'वसुधैव कुटुम्बकम' की भावना में परिलक्षित होती है। उन्होंने कहा कि जी-20 के अध्यक्ष के तौर पर भारत द्वारा चुनी गई थीम 'एक परिवार, एक विश्व, एक भविष्य' ऐसी ही भावना पर आधारित है। श्री मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले भारत ने एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के दृष्टिकोण को आगे ले जाने की पहल भी की थी और अब 'वन वर्ल्ड टीबी सम्मेलन' के जरिये भारत, वैश्विक भलाई का एक और संकल्प पूरा कर रहा है। प्रधानमंत्री ने पिछले नौ वर्ष में तपेदिक के उन्मूलन के लिए अपनाये गये बहुआयामी दृष्टिकोण के बारे में विस्तार से बताया।श्री मोदी ने तपेदिक उन्मूलन की दिशा में प्रगति के लिए चुनिंदा राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और जिलों को पुरस्कृत किया। प्रधानमंत्री ने लोगों की भागीदारी, पोषण बढ़ाने, उपचार नवाचार, तकनीकी एकीकरण, फिट इंडिया, योग और खेलो इंडिया जैसे अभियानों पर चर्चा की। -
नई दिल्ली। कांगेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है। लोकसभा सचिवालय की अधिसूचना के अनुसार इस वर्ष 23 मार्च से उन्हें लोकसभा सदस्यता के अयोग्य घोषित कर दिया गया है। गुजरात में सूरत की अदालत ने उन्हें एक विवादित बयान के मामले में दोषी करार देते हुए दो वर्ष की सजा सुनाई थी। श्री राहुल गांधी केरल के वायनाड संसदीय क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गये थे।
इस वर्ष जनवरी में, लक्षद्वीप के लोकसभा सांसद मोहम्मद फैजल को सत्र न्यायालय ने हत्या के प्रयास के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया था।वर्ष 2019 में अभद्र भाषा के मामले में सजायाफ्ता उत्तर प्रदेश के विधायक आजम खान को 2022 में विधानसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।आल इंडिया अन्ना द्रमुक के प्रमुख और तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता को आय से अधिक संपत्ति के मामले में चार साल की जेल की सजा सुनाए जाने के बाद सितंबर 2014 में विधानसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले में दोषी ठहराया गया था और 2013 में लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 8, (3) के अनुसार, किसी भी अपराध के लिए दोषी ठहराए गए सांसद या विधायक को सजा की तारीख से अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। - नयी दिल्ली। केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा वर्ष 2019 के मानहानि के एक मामले में सजा सुनाये जाने के मद्देनजर शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहराया गया। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि उनकी अयोग्यता संबंधी आदेश 23 मार्च से प्रभावी होगा।अधिसूचना में कहा गया है कि उन्हें (राहुल गांधी) संविधान के अनुच्छेद 102 (1) और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 धारा 8 के तहत अयोग्य घोषित किया गया है।इसमें कहा गया है कि ‘‘सूरत की एक अदालत द्वारा मानहानि के एक मामले में सजा सुनाये जाने के मद्देनजर केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे राहुल गांधी को 23 मार्च 2023 से अयोग्य ठहराया जाता है।’’उल्लेखनीय है कि सूरत की एक अदालत ने ‘‘मोदी उपनाम’’ संबंधी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि के एक मामले में उन्हें बृहस्पतिवार को दो साल कारावास की सजा सुनाई।अदालत ने, हालांकि गांधी को जमानत दे दी तथा उनकी सजा के अमल पर 30 दिनों तक के लिए रोक लगा दी, ताकि कांग्रेस नेता फैसले को चुनौती दे सकें।राहुल गांधी को अयोग्य ठहराये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी ने कहा कि वह कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ेगी तथा बिना खामोश हुए ‘अडाणी महाघोटाले’ पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की मांग करती रहेगी।कांग्रेस अध्यक्षने संवाददाताओं को बताया कि कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई गई है जिसमें इस लड़ाई को आगे ले जाने की रणनीति तय की जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि यह सब इसलिए किया गया ताकि राहुल गांधी संसद में सवाल नहीं कर सकें, लेकिन राहुल और कांग्रेस डर कर चुप नहीं रहेंगे।कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘हम इस लड़ाई को कानूनी और राजनीतिक रूप से लड़ेंगे। हम धमकी के आगे नहीं झुकेंगे और खामोश नहीं होंगे। प्रधानमंत्री से जुड़े अडाणी महाघोटाले में जेपीसी बनाने के बजाय राहुल गांधी को अयोग्य ठहरा दिया गया। भारतीय लोकतंत्र ओम शांति।’’वहीं, विधि एवं न्याय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल ने फैसले को न्यायसंगत करार देते हुए कहा कि कानून के समक्ष सभी बराबर हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश से भाजपा के एक विधायक को भी आपराधिक मामले में दोषी करार दिये जाने पर अयोग्य ठहराया गया था।
-
नयी दिल्ली. अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने बृहस्पतिवार को घोषणा की है कि नये इंजीनियरिंग, तकनीकी कॉलेज खोलने पर लगी अस्थाई रोक शैक्षणिक सत्र 2023-24 से समाप्त होगी। तकनीकी शिक्षा नियामक एआईसीटीई ने पाठ्यक्रम में दाखिले की घटती संख्या को देखते हुए नये इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने पर शैक्षणिक सत्र 2020-21 से दो वर्ष के लिए रोक लगा दिया था। एआईसीटीई ने नये मंजूर दिशानिर्देशों में कहा कि नये इंजीनियरिंग, तकनीकी कॉलेज खोलने पर लगी अस्थाई रोक को शैक्षणिक सत्र 2023-24 से हटा लिया जायेगा, हालांकि नये इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी संस्थान खोलने के संबंध में नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बहु-विषयक पाठ्यक्रमों की पेशकश करने वाले आवेदकों को तरजीह दी जाएगी। सत्र 2023-24 के लिए मंजूरी प्रक्रिया पुस्तिका पेश करते हुए एआईसीटीई ने कहा कि तकनीकी कार्यक्रमों के लिए एआईसीटीई से मंजूरी लेने को इच्छुक वर्तमान संस्थानों को उनके सभी तकनीकी कार्यक्रमों के लिए मंजूरी लेनी होगी। परिषद ने कहा कि अगर यह पाया गया कि किसी संस्थान ने आंशिक मंजूरी ली है तब उन्हें दी गई मंजूरी वापस ले ली जायेगी। इसमें कहा गया है कि शैक्षणिक वर्ष 2023-24 के लिए ऑनलाइन आवेदन 23 मार्च से छह अप्रैल 2023 तक किये जा सकेंगे।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि कलैंडर वर्ष 2023 में अब तक देश में 2.78 लाख से अधिक विद्युत चालित वाहन (ईवी) पंजीकृत हुए हैं। गडकरी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश ‘वाहन पोर्टल' को अपनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, इसलिए ईवी पंजीकरण पर उनके आंकड़े आंशिक रूप से शामिल किये गये हैं, वहीं तेलंगाना तथा लक्षद्वीप के आंकड़े पोर्टल पर उपलब्ध नहीं हैं। पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, भारत में 2022 में 10,20,679 और 2021 में 3,29,808 ईवी पंजीकृत किये गये। गडकरी ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने 2016-17 से 2022-23 (फरवरी 2023 तक) की अवधि में हरित राजमार्ग नीति के तहत 344.27 लाख पेड़ लगाये हैं।
- चेन्नई. मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी अनंत नागेश्वरन ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुद्रास्फीति, ऊर्जा सुरक्षा तथा जलवायु परिवर्तन से संबंधित कई वैश्विक मुद्दों पर जी-20 के दूसरी रूपरेखा कार्यसमूह की बैठक में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के साथ भारत दो दिन के शिखर सम्मेलन के दौरान सदस्य देशों के साथ मुद्दों पर चर्चा को सुगम बनाने की भूमिका निभाएगा। नागेश्वरन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जी-20 वित्तीय मुद्दों पर रूपरेखा से जुड़ा कार्यसमूह प्रासंगिक वैश्विक वृहत आर्थिक मुद्दों पर चर्चा करेगा। यह इस बात पर विचार करेगा कि जी-20 देशों में मजबूत भरोसेमंद संतुलन और समावेशी वृद्धि हासिल करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नीति सहयोग कैसे बढ़ाया जा सकता है।'' उन्होंने कहा कि इस कार्यसमूह की पहली बैठक दिसंबर, 2022 में बेंगलुरु में हुई थी और उसमें महत्वपूर्ण प्रगति हुई थी। मुख्य आर्थिक सलाहकार ने कहा, ‘‘भारत की अध्यक्षता में जी-20 जिन लक्ष्यों को अपना रहा है, उनमें भोजन, जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा बदलाव के वृहत आर्थिक प्रभाव से निपटने के लिये अंतरराष्ट्रीय सहयोग शामिल है।'' उन्होंने कहा कि दो दिन की बैठक के दौरान विभिन्न सत्र आयोजित होंगे। इसमें एक सत्र मुद्रास्फीति और खाद्य तथा जलवायु परिवर्तन के वृहत आर्थिक परिणामों पर केंद्रित है। नागेश्वरन ने कहा, ‘‘इस बैठक की अध्यक्षता मैं करूंगा और ब्रिटेन के वित्त विभाग में मुख्य आर्थिक सलाहकार क्लेयर लोम्बार्डेली सह-अध्यक्ष होंगी।
- चंद्रपुर. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में कार और ट्रक की टक्कर में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार दोपहर वरोरा-वानी मार्ग पर शेबल गांव के पास हुई और मृतकों की पहचान डॉ. अतुल गौरकर व डॉ. अश्विनी गौरकर के रूप में हुई है। उन्होंने कहा, "ट्रक विपरीत दिशा से आ रहा था। हाल ही में वानी में जिला अस्पताल में नियुक्त हुईं अश्विनी की घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि अतुल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
- मुंबई. देश में कोविड महामारी का प्रकोप कम होने के बावजूद हाइब्रिड (घर और दफ्तर से काम की सुविधा) कार्य संस्कृति जारी है, लेकिन भारतीय पेशेवर दफ्तर जाना पसंद कर रहे हैं। एक सर्वे में कहा गया है कि 10 में से आठ यानी करीब 78 प्रतिशत पेशेवर अपने सहयोगियों के साथ मेलजोल और जुड़ाव के लिए कार्यालय जाना पसंद करते हैं। पेशेवर नेटवर्क मंच लिंक्डइन की रिपोर्ट के अनुसार, सर्वे में शामिल 78 प्रतिशत पेशेवरों ने कहा कि वे अपनी पसंद के अनुरूप कार्यालय जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सर्वे में शामिल 86 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे एक साल पहले की तुलना में काम पर जाने के बारे में सकारात्मक महसूस करते हैं। लिंक्डइन की यह रिपोर्ट 1,001 से अधिक 18 वर्ष की उम्र से ऊपर के भारतीय कर्मचारियों की राय पर आधारित है। यह सर्वे 28 फरवरी से छह मार्च, 2023 के बीच किया गया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि महामारी के बाद फिर से कार्यालय खुलने पर हाइब्रिड कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए गए। साथ ही यह भी सवाल उठाया गया कि कार्यालय में समय की कमी और कम दृश्यता होने से किसी के करियर पर असर पड़ेगा। लिंक्डइन की एक रिपोर्ट से पता चला है कि 63 प्रतिशत कर्मचारियों को लगता है कि दूर से काम करने से उनके करियर पर कोई हानिकारक प्रभाव नहीं पड़ता है। हालांकि, इतने ही प्रतिशत लोगों का मानना है कि अगर वे कार्यालय में कम समय बिताते हैं तो उनके करियर वृद्धि की संभावना कम हो सकती है। लिंक्डइन की प्रबंध संपादक नीरजिता बनर्जी ने कहा, ‘‘कार्यालय में काम करने की बात आती है, तो हम मानसिकता में बदलाव देखना शुरू कर रहे हैं। हालांकि, भारतीय पेशेवर लचीले काम के विकल्प को पसंद करते हैं, लेकिन वे कार्यालय से काम करने का भी फायदा ले रहे हैं। इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने, सहयोग और ‘टीम वर्क' में सुधार करने और नए मौके तलाशने में मदद मिलती है।''
- विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में गुरुवार को एक तीन मंजिला रिहायशी इमारत के गिरने से दो बच्चों और एक वयस्क की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, जिस वक्त तीन मंजिला इमारत गिरी उस वक्त तीन परिवारों के आठ किरायेदार वहां रह रहे थे। इनमें दो बच्चे थे और दोनों की मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त सुमित सुनील गरुड़ ने शुरुआती जानकारी साझा करते हुए कहा, "आधी रात के बाद डेढ़ बजे अचानक पूरा ढांचा ढह गया। पुलिस और अग्निशमन सेवा दल मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को बचाया गया।" गरुड़ ने कहा, अगर पुलिस और अग्निशमन सेवाओं के कर्मी मौके पर तुरंत नहीं पहुंचे होते तो और भी लोगों की जान जा सकती थी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद बचाए गए सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।इस बीच, पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पुरानी इमारत के गिरने के कारणों का पता लगाने को लेकर एक विशेषज्ञ की राय ली जा रही है। गरुड़ के मुताबिक, ध्वस्त इमारत के बगल में एक और इमारत का निर्माण हो रहा था।
- नयी दिल्ली। सरकार ने गुरुवार को लोकसभा को बताया कि नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत फरवरी 2023 तक 35,414 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से 424 परियोजनाएं शुरू की गई हैं और इनमें से 242 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। लोकसभा में डॉ. संजय जायसवाल के प्रश्न के लिखित उत्तर में जल शक्ति राज्य मंत्री विश्वेश्वर टुडु ने यह जानकारी दी। सदस्य ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत पूरी की गई परियोजनाओं का ब्यौरा मांगा था। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा नदी और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के लिए अपशिष्ट जल संवर्द्धन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नदी तट प्रबंधन, ई-प्रवाह, वनीकरण, जैव विविधता संरक्षण आदि के माध्यम से व्यापक कार्य आरंभ किए गए हैं। जल शक्ति राज्य मंत्री ने कहा, ‘‘इसमें फरवरी 2023 तक 35,414 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से 424 परियोजनाएं शुरू की गई हैं और इनमें से 242 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं तथा उन्हें चालू कर दिया गया है। कुल 132 परियोजनाएं प्रगति पर हैं और 49 परियोजनाएं निविदा के विभिन्न चरणों में हैं।'' उन्होंने कहा कि अधिकांश परियोजनाएं जलमल आधारभूत ढांचे के निर्माण से संबंधित हैं।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने ओडिशा में हाथियों की मौत की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हए केंद्रीय मंत्रिमंडल में अपने सहयोगी और वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव से राज्य में मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने का अनुरोध किया। यादव को लिखे पत्र में प्रधान ने कहा कि पिछले तीन वर्ष में ओडिशा में 245 हाथियों की मौत हुई है।शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘ हाथियों की मौत के बढ़ती संख्या और राज्य में मानव-हाथी संघर्ष पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मैं आपको यह पत्र लिख रहा हूं।'' उन्होंने कहा कि सिर्फ मार्च महीने में ही सात हाथियों की मौत हुई है जिसमें से एक सतकोसिया अभयारण्य में हुई। प्रधान ने कहा कि अधिकतर हाथियों की मौत शिकार, बिजली का करंट लगने, ट्रेन या सड़क हादसे के कारण हुई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ओडिशा में इस गंभीर स्थिति पर विचार करते हुए वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय का हस्तक्षेप करना महत्वपूर्ण होगा। प्रधान ने कहा कि ओडिशा में हाथियों का संरक्षण का अत्यंत महत्व है क्योंकि यह विशालकाय प्राणी राज्य के पर्यावरण संतुलन, सांस्कृतिक विरासत एवं पहचान का अभिन्न अंग है। प्रधान ने कहा, ‘‘इन प्राणियों की भलाई हमारे वनों के बेहतरी और स्थानीय समुदाय के जीवन यापन को बरकरार रखने के लिए अनिवार्य है।''
- नयी दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार प्रौद्योगिकी के माध्यम से भारत के प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों के ज्ञान को भविष्य के लिए संरक्षित कर रही है। शाह ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) द्वारा निर्मित एक वैदिक हेरिटेज पोर्टल और एक वर्चुअल संग्रहालय ‘कला वैभव' का लोकार्पण करने के बाद यह बात कही। उन्होंने हिंदी में ट्वीट किया, “मोदी सरकार प्रौद्योगिकी के माध्यम से भारत के प्राचीन ग्रंथों व पांडुलिपियों के ज्ञान को भविष्य के लिए संरक्षित कर रही है। इसी दिशा में आईजीएनसीए-दिल्ली द्वारा निर्मित वैदिक हेरिटेज पोर्टल का लोकार्पण किया। इससे युवा पीढ़ी वेदों व उपनिषदों के ज्ञान व परंपरा को आगे बढ़ा सकेगी।” गृह मंत्री ने कहा कि 64 कलाओं पर आधारित इस वर्चुअल संग्रहालय के माध्यम से दुनिया भारत की वास्तुकला, चित्रकला, नाट्य, संगीत आदि समस्त कलाओं से और अधिक परिचित होगी और विश्व भारत की गौरवशाली संस्कृति का समृद्ध इतिहास जान पाएगा। केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी सहित अन्य लोगों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।




.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)








.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)