- Home
- देश
-
साढ़े 6 हजार कॉल्स का हुआ त्वरित निराकरण
तीन दिव्यांगों को 24 घंटे में घर पहुंचाकर दी गई व्हीलचेयर
मेडिकल सहायता, पेंशन, अन्य योजनाओं संबंधित दिक्कतों का हो रहा निराकरण
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर दिव्यांगजन की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू किए गए टोल फ्री नंबर का फायदा दिव्यांगजनों को मिलने लगा है। टोल फ्री नंबर 155-326 नंबर और हेल्पलाइन नंबर +91-1800-233-8989 पर डॉयल करते ही समाज कल्याण विभाग द्वारा तुरंत उनकी समस्या का समाधान किया जा रहा है। अब तक 6 हजार 522 लोगों के कॉल्स का निराकरण किया जा चुका है। धमतरी जिले के ग्राम पंचायत गुजरा की 28 वर्षीय अस्थिबाधित कु. सुनीति साहू, 20 वर्षीय दिव्यांग श्री एस. कुमार निषाद और दिव्यांग श्रीमती नीरा बाई साहू द्वारा टोल फ्री नंबर पर फोन करने के 24 घंटे में ही सहायक उपकरण प्रदाय योजना के तहत घर पहुंच सेवा के जरिए व्हील चेयर दी गई है।
गौरतलब है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धजनों, दिव्यांगजनों व तृतीय लिंग के व्यक्तियों की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 155-326 व हेल्पलाइन नंबर +91-1800-233-8989 जारी किया गया है। इस नई सुविधा से महतारी एक्सप्रेस-102, मेडिकल हेल्पलाइन 104 और आपातकालीन सेवाओं के लिए जारी नंबर 112 को भी जोड़ दिया गया है। इन नंबरों में डायल कर हितग्राही अपनी समस्याओं व मांगों से विभाग को अवगत करा सकते हैं। हेल्पलाइन सेंटर द्वारा इनकी समस्याओं को संबधित जिले को ऑनलाइन भेजकर त्वरित कार्यवाही करने कहा जाता है। धमतरी जिले को प्राप्त प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त तीनों दिव्यांगों को इनके आने जाने की समस्या को देखते हुए, घर पहुँचकर आवश्यक दस्तावेज लेकर निःशुल्क व्हीलचेयर वितरित की गई। हेल्पलाईन और टोल फ्री नम्बर के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ आपातकालीन सेवाएं, परामर्श, शिकायत, पेंशन भुगतान के निराकरण जैसी कई मदद ली जा सकती है। - - मृतक के परिजन को दो लाख तथा घायल लोगों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगीनयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस दुर्घटना के पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।ज्ञात हो कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक पिकअप वैन और ट्रक के बीच हुई टक्कर में चार बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई है और 15 अन्य घायल हो गये।प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट के मुताबिक मोदी ने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में दुर्घटना के कारण हुई लोगों की मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।’’उन्होंने कहा कि इस हादसे में प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जायेगी तथा घायल लोगों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
- इंदौर। राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछले छह साल से सिरमौर इंदौर शहर में स्थानीय प्रशासन के लाख समझाने के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के पान-गुटखे की पीक थूकने की बुरी प्रवृत्ति पर रोक नहीं लग पा रही है। इसके मद्देनजर प्रशासन ने शुक्रवार से लोगों को पर्यावरण हितैषी कप मुफ्त में बांटने का अभियान शुरू किया जिसमें वे पीक थूक सकते हैं। इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव को शहर के व्यस्त बंगाली चौराहे पर "नो थू-थू अभियान के तहत" वाहन चालकों, राहगीरों और पान दुकान संचालकों को ये कप बांटते देखा गया।भार्गव ने कहा,हम चाहते हैं कि शहर के लोग सार्वजनिक स्थानों पर थूकने की आदत बदलें। इसके लिए हम लोगों को विशेष कप बिना किसी शुल्क के मुहैया करा रहे हैं ताकि उन्हें यहां-वहां थूकने का विकल्प मिल सके। इस कप को स्थानीय स्टार्ट-अप एक पहल ने तैयार किया है। स्टार्ट-अप के सह-संस्थापक और पेशे से मुख सर्जन डॉ. अतुल काला ने बताया कि विशेष रसायनों से तैयार कप पान-गुटखे की पीक या मुंह से निकले किसी भी तरल पदार्थ को ठोस कचरे में तब्दील कर देता है। उन्होंने बताया कि ऐसे एक कप में 30 बार थूका जा सकता है और इसमें मुंह से निकला 240 मिलीलीटर तरल पदार्थ समा सकता है।गौरतलब है कि स्थानीय प्रशासन लम्बे समय से कोशिश कर रहा है कि लोग सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बाज आएं। शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए महापौर और अन्य जन प्रतिनिधि गत दिसंबर में सड़कों के डिवाइडर से पान-गुटखे की पीक के लाल धब्बे साफ करते नजर आए थे।
- नरसिंहपुर ।मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक बस के पलट जाने से इसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए।करेली थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना बीती रात लिंगा गांव में हुई।उन्होंने कहा, ‘‘बस एक शादी समारोह से लौट रही थी लेकिन सड़क पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार्तिक गुर्जर (16), पहलवान सराठे (60) और उदयराम ठाकुर (55) नामक तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।’’मिश्रा ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।थाना प्रभारी ने कहा कि हादसे में 24 यात्री घायल हो गए। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल छह लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज करेली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।मिश्रा ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस को गलत दिशा में चलाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
-
नासिक. महाराष्ट्र के नासिक शहर में एक व्यक्ति ने चरित्र पर संदेह होने के कारण कथित तौर पर पत्नी की हत्या करने के बाद फांसी लगा कर स्वयं अपनी जान दे दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शहर के चुंचाले इलाके में बुधवार की रात को हुयी ।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘35 साल के व्यक्ति ने 30 साल की अपनी पत्नी की कथित तौर पर चाकू से गला काट कर हत्या कर दी। बाद में घर के रसोईघर में उसने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली ।'' उन्होंने बताया कि जब दंपति के बच्चे ट्यूशन से शाम साढे़ सात बजे लौटे तो उन्होंने अपने घर का दरवाजा खटखटाया, और इसके नहीं खुलने पर उन्होंने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। बाद में इसे लेकर पुलिस को जानकारी दी गयी। -
नयी दिल्ली. पूर्वी दिल्ली के कांति नगर के पास वीडियो बनाने के दौरान रेल की चपेट में आने से इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष के एक छात्र और उसके दोस्त की मौत हो गयी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार की शाम करीब 4.35 बजे फोन पर घटना की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। रेल पुलिस उपायुक्त हरीश एचपी ने बताया कि मरने वालों की पहचान वंश शर्मा (23) और मोनू (20) के रूप में हुई है, दोनों कांति नगर के निवासी थे। फिलहाल, उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों युवक मोबाइल पर 'लघु फिल्म' शूट करते थे और लाइव वीडियो बनाने के लिए रेलवे पटरी पर आते थे। उनके मोबाइल फोन भी पटरी पर पाए गए। पुलिस ने बताया कि शर्मा बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र था, जबकि मोनू एक दुकान में सेल्समैन का काम करता था।
..file photo - नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरित ऊर्जा क्षेत्र में निवेश आमंत्रित करते हुए गुरुवार को कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के मामले में देश की जो क्षमता है वह ‘‘सोने की खदान'' से कम नहीं है। आम बजट 2023-24 में हरित वृद्धि को लेकर की गईं विभिन्न घोषणाओं के संबंध में एक वेबिनार को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भारत हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मैं सभी हितधारकों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित करता हूं।'' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में सौर, पवन ऊर्जा और बायोगैस जैसी नवीकरणीय ऊर्जा की संभावनाएं किसी सोने की खदान से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान बायो-ईंधन पर केंद्रित है और निवेशकों के लिए अपार अवसर खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत ने दस फीसदी एथनॉल मिश्रण का लक्ष्य निर्धारित तारीख से पांच महीने पहले ही हासिल कर लिया है और यही नहीं, 40 फीसदी गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता का लक्ष्य तय तारीख से नौ साल पहले ही प्राप्त कर लिया गया है। मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से जितने भी बजट आए उनमें न केवल वर्तमान चुनौतियों को ध्यान में रखा गया, बल्कि नए दौर के सुधारों को भी आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत प्रतिवर्ष 50 लाख टन हरित हाइड्रोजन के उत्पादन का लक्ष्य लेकर चल रहा है और राष्ट्रीय हाइड्रोजन मिशन के तहत निजी क्षेत्र को 19,000 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन दिया गया है। आम बजट में वाहनों को कबाड़ में बदलने के लिए 3,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने और 15 वर्ष से भी पुराने करीब तीन लाख सरकारी वाहनों को कबाड़ में बदलने के निर्णय का भी उन्होंने इस वेबिनार में जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को बैटरी भंडारण क्षमता बढ़ाकर 125 गीगावॉट करनी होगी।
-
नयी दिल्ली। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) को जिनेवा स्थित अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) का बाह्य लेखा परीक्षक चयनित किया गया है। शीर्ष लेखा परीक्षक ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि यह चयन 2024 से 2027 तक चार साल के लिए हुआ है। फिलहाल आईएलओ का बाह्य ऑडिटर फिलीपीन का शीर्ष ऑडिट संस्थान सुप्रीम ऑडिट इंस्टीट्यूशन है।
कैग ने कहा, “सीएजी की नियुक्ति अंतरराष्ट्रीय समुदाय में उसकी उपस्थिति के साथ-साथ उसके पेशेवराना रुख, उच्च मानक, वैश्विक ऑडिट अनुभव और मजबूत राष्ट्रीय साख की पुष्टि करती है।” उसने कहा कि आईएलओ ने बाह्य ऑडिटर के चयन के लिए एक चयन समिति का गठन किया था और सर्वोच्च ऑडिट संस्थानों (एसएआई) से आवेदन मांगे थे। -
नयी दिल्ली. भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के तहत स्वच्छ ऊर्जा से चलने वाले आजीविका उपकरणों के लिए 50 अरब अमेरिकी डॉलर का बाजार मौजूद है। एक रिपोर्ट में यह संभावना जताई गई। रिपोर्ट में कहा गया कि खासतौर से महिलाओं के बीच इनकी विशेष मांग है। भारत में सभी महिला श्रमिकों में 75 प्रतिशत से अधिक कृषि और संबद्ध उद्योगों जैसे खाद्य प्रसंस्करण और पशुपालन में कार्यरत हैं। सीईईडब्ल्यू और विलग्रो की पहल 'पॉवरिंग लाइवलीहुड' द्वारा तैयार की गई एक रिपोर्ट में कहा गया कि विकेन्द्रीकृत नवीकरणीय ऊर्जा (डीआरई) प्रौद्योगिकियों की मदद से ग्रामीण महिलाएं अपनी उत्पादकता में सुधार कर सकती हैं। रिपोर्ट में ऐसे कई मॉडलों का जिक्र किया गया है, जहां अक्षय ऊर्जा आधारित तकनीकों की मदद से आजीविका के अवसर मुहैया कराकर महिलाओं को मुख्यधारा में लाया जा सकता है।
-
चेक गणतंत्र के विदेश मंत्री लिपावस्क चार दिवसीय यात्रा पर 26 फरवरी को भारत आयेंगे
नयी दिल्ली. चेक गणराज्य के विदेश मंत्री जान लिपावस्क चार दिवसीय यात्रा पर 26 फरवरी को भारत आयेंगे जिसमें द्विपक्षीय संबंधों को गति प्रदान करने से जुड़े विविध आयामों पर चर्चा होगी। लिपावस्क के साथ चेक गणतंत्र की संसद के कई सदस्यों सहित एक उच्च स्तरीय अधिकारी और कारोबारी शिष्टमंडल भी आयेगा। अपनी यात्रा के दौरान लिपावस्क यहां विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ वार्ता करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सम्पूर्ण आयामों की समीक्षा करने के साथ साझा हितों से जुड़े क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान प्रदान कर सकते हैं। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, ‘‘ चेक गणराज्य के विदेश मंत्री जान लिपावस्क चार दिवसीय यात्रा पर 26 फरवरी से 1 मार्च तक भारत आ रहे हैं।'' -
लातेहार । झारखंड के लातेहार जिले में बरियातू थानाक्षेत्र के फूलबसिया कोल साइडिंग के समीप कुछ अज्ञात अपराधियों ने कथित रूप से एक ट्रक में आग लगा दी जिससे उसके चालक की जलकर मौत हो गयी। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि झारखंड की राजधानी रांची से करीब 100 किलोमीटर दूर बरियातू थानाक्षेत्र में यह घटना घटी और जान गंवाने वाले चालक की पहचान रूपलाल महतो के रूप में हुई है। लातेहार के पुलिस अधीक्षक अंजनि अंजान ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने कहा, ‘‘ एफएसएल की एक टीम बुलायी गयी है और उसने घटनास्थल से नमूने लिये हैं।'' थाना प्रभारी मुकेश चौधरी ने कहा कि घटना की सटीक वजह का पता नहीं चला है। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्घटना थी या कोई साजिश, वह हमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल पाएगा।
- कानपुर । कानपुर में एक व्यवसायी से 5.3 लाख रुपये की लूट के मामले में गुरुवार को तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विजय ढल ने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपी पुलिसकर्मियों की पहचान उप निरीक्षक यतीश सिंह और रोहित सिंह और हेड कांस्टेबल अब्दुल राफे के रूप में हुई है। आरोपी रोहित सिंह सचेंदी थाना में तैनात था, जबकि अन्य आरोपी पुलिसकर्मी डीसीपी (पश्चिम) मुख्यालय से संबद्ध थे। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारआरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। ढल ने बताया कि व्यवसायी सत्यम शर्मा सचेंदी थाना गए और एसएचओ पी के सिंह को इस लूट की घटना से अवगत कराया। शर्मा का आरोप है कि जब वह अपनी कार से घर जा रहे थे तो चकेरी में तीन व्यक्तियों ने उनकी कार रोकी जिसमें से एक व्यक्ति वर्दी में था, जबकि अन्य सादे कपड़े में थे। शर्मा के अनुसार उन्हें बताया गया कि वे पुलिसकर्मी हैं और उन्होंने फर्जी आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देते हुए उनसे पैसे मांगे। व्यवसायी का आरोप है कि इन पुलिसकर्मियों ने उनसे 5.3 लाख रुपये छीन लिए। इस शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल जांच शुरू की और तीनों आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया जिनके खिलाफ भादंसं की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। ढल ने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
-
गंगटोक । लोकसभा और राज्यसभा दोनों के पीठासीन अधिकारियों ने गुरुवार को ‘साइबर बुलिंग' पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे युवा प्रभावित हो रहे हैं और आंकड़े बताते हैं कि इस तरह के मामलों में भारत अग्रणी क्षेत्र है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यहां ‘कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन-इंडिया रीजन' के 19वें वार्षिक जोन-3 सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कहा कि साइबर बुलिंग (साइबर जगत में डराने, धमकाने के मामले) आज के संदर्भ में बेहद प्रासंगिक है क्योंकि बहुत से लोग, खासकर किशोर और युवा इससे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘साइबर बुलिंग से लड़ने का सबसे अच्छा तरीका कानून बनाना और (जागरूकता पैदा करना) है।'' लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘सूचना प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल शासन में दक्षता में सुधार और लोगों के जीवन में बेहतरी के लिए किया जाना चाहिए, लेकिन साथ ही संस्थानों तथा लोगों को इसके दोषों से बचाने के लिए सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए।'' राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल रूप से सशक्त राष्ट्र बनने के लिए नयी डिजिटल तकनीकों को अपनाने के मिशन में ‘साइबर बुलिंग' जैसा नकारात्मक पहलू भी है। हरिवंश ने कहा, ‘‘वैश्विक आंकड़े भारत को साइबरबुलिंग के मामलों में अग्रणी क्षेत्र के रूप में दिखाता है।'' हरिवंश ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग के बारे में भी चिंता व्यक्त की और कहा कि भारत दुनिया में ‘‘सबसे युवा राष्ट्र'' है और नीति निर्माताओं को इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए काम करना चाहिए।
-
नयी दिल्ली। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अशोक के मीणा ने बृहस्पतिवार को कहा कि गेहूं की फसल अच्छी स्थिति में है और मार्च से शुरू होने वाले विपणन वर्ष 2023-24 में सरकार की खरीद सामान्य स्तर पर 3-4 करोड़ टन रहेगी। मीणा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘गेहूं का बोया गया रकबा पिछले साल की तुलना में अधिक है।
गेहूं की फसल की मौजूदा स्थिति बहुत अच्छी है। हमारी खरीद वर्ष 2023-24 में सामान्य स्तर 3-4 करोड़ टन होनी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि घरेलू उत्पादन में गिरावट और अधिक निर्यात होने के कारण पिछले साल गेहूं की खरीद में गिरावट आई थी। यह पूछे जाने पर कि क्या तापमान में वृद्धि के कारण गेहूं की फसल पर कोई प्रभाव पड़ेगा, मीणा ने कहा कि इसका कोई प्रभाव होने की संभावना नहीं है और अल्प अवधि की फसल प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध, जो पिछले साल मई में लगाया गया था, जारी रहेगा।
सरकार ने कृषि मंत्रालय के दूसरे अनुमान के अनुसार फसल वर्ष 2023-24 (जुलाई-जून) में 11 करोड़ 21.8 लाख टन रिकॉर्ड गेहूं उत्पादन का अनुमान लगाया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल, विपणन वर्ष 2021-22 में केंद्रीय पूल के लिए गेहूं की खरीद 433.44 लाख टन के मुकाबले घटकर 187.92 लाख टन रह गई थी। एफसीआई, सरकार की नोडल एजेंसी है जो सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) और कल्याणकारी योजनाओं के लिए खाद्यान्न की खरीद और वितरण करती है। देश में 15 मार्च से गेहूं की खरीद शुरू हो जाएगी। -
इंदौर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की नयी आबकारी नीति के तहत एक अप्रैल से सभी शराब अहाते बंद करने का फैसला लिया गया है क्योंकि इनके चलने से महिलाओं को शराबियों की छेड़-छाड़ के साथ ही पारिवारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इंदौर से करीब 30 किलोमीटर दूर सांवेर में आयोजित राम कथा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
यह धार्मिक आयोजन राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट द्वारा उनके विधानसभा क्षेत्र में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने राम कथा के मंच से कहा, ‘‘कई लोग अहातों में शराब पीने के बाद हंगामा, गाली-गलौज और महिलाओं से छेड़-छाड़ भी करते हैं। प्रदेश में एक अप्रैल से सभी शराब अहाते बंद किए जाएंगे। हमें पुरुषों के शराब पीने से पैदा होने वाली समस्याओं से महिलाओं को मुक्त करना है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरुषों के शराब पीने से उनकी पत्नियां बेहद परेशान रहती हैं।
महिलाओं से मुखातिब मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘‘अगर किसी पुरुष को शराब पीना है, तो वह बोतल खरीदकर अपने घर ले जाए और मैं अपनी बहन (बोतल खरीदने वाले शख्स की पत्नी) से कहूंगा कि वह इस व्यक्ति के घर पहुंचने पर डंडा लेकर तैयार रहे और उसे सही कर दे।'' उन्होंने शराब पीने वाले व्यक्तियों की संतानों से अपील की कि वे अपने पिता से कहें कि उनकी शराबखोरी अब बिल्कुल नहीं चलेगी।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि समाज में नशामुक्ति के प्रयास जरूरी हैं और लोगों को नशे की प्रवृत्ति से दूर करना भी भगवान राम का ही काम है। उन्होंने राम कथा सुनने के बाद कहा, ‘‘किसान बढ़िया खेती करें, शिक्षक ढंग से पढ़ाएं, कर्मचारी रिश्वत लिए बिना ईमानदारी से काम करें और नेता हवाला, घोटाला और बेईमानी न करें और जनता की ठीक से सेवा करें, तो हमें परम पिता परमात्मा मिल जाएंगे।''
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार गरीब और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों की विवाहिताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ‘‘लाड़ली बहना योजना'' शुरू करने जा रही है। चौहान ने बताया कि इस योजना के तहत आठ मार्च से आवेदन लिए जाएंगे और प्रदेश सरकार की ओर से 10 जून से प्रत्येक पात्र हितग्राही महिला के खाते में हर महीने 1,000 रुपये जमा किए जाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। -
देहरादून। बदरीनाथ और केदारनाथ की तीर्थयात्रा के लिए पिछले दो दिन में 60,000 से ज्यादा श्रद्धालुओं द्वारा पंजीकरण कराया गया है और इसे ध्यान में रखते हुए अप्रैल में शुरू होने वाली चारधाम यात्रा में पिछले सभी रिकार्ड टूटने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस साल बदरीनाथ के कपाट 27 अप्रैल को और केदारनाथ के कपाट 25 अप्रैल को खुल रहे हैं।
पर्यटन विभाग के उपनिदेशक योगेंद्र गंगवार ने बताया कि दोनों हिमालयी धामों के लिए श्रद्धालुओं का पंजीकरण मंगलवार को शुरू हुआ और पहले दो दिनों में अब तक 61,250 लोग पोर्टल पर पंजीकरण करवा चुके हैं। श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि कोविड-19 के कारण दो साल के अंतराल के बाद पिछले साल पूरी तरह से शुरू हुई चारधाम यात्रा में रिकार्ड 47 लाख से ज्यादा श्रद्धालु आए थे और इस साल इस संख्या के और बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा, ‘‘यात्रा के लिए पंजीकरण के शुरूआती रूझानों को अगर संकेत माना जाए तो इस बार भी यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज्यादा होगी।'' श्रद्धालुओं की संख्या पर जोशीमठ भूधंसाव संकट के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर अजय ने कहा कि राज्य सरकार ने सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के संचालन के लिए नगर में सीमा सड़क संगठन की एक टीम नियमित रूप से तैनात करने तथा वहां आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित करने जैसे सभी एहतियाती कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि वैसे भी पहाड़ों में भूस्खलन और भूधंसाव जैसी समस्याएं सामान्य हैं जिनका समाधान तभी कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अनावश्यक घबराहट पैदा कर रहे हैं। उधर, गंगवार ने कहा कि पहली बार तीर्थयात्रा में क्यूआर कोड प्रणाली लागू की गयी है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण कराने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के मोबाइल फोन में यह क्यूआर कोड भेजा जाएगा जिसके आधार पर उन्हें मंदिर में जाने के लिए टोकन दिया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि यात्रा से पहले पंजीकरण करवाना बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के अलावा प्रदेश में रहने वाले तीर्थयात्रियों के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जरूरत होने पर अव्यवस्था से बचने के लिए मंदिरों में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की अधिकतम दैनिक संख्या भी निर्धारित की जा सकती है। जोशीमठ भूधंसाव के मद्देनजर खासतौर से बदरीनाथ के लिए श्रद्धालुओं की दैनिक संख्या निर्धारित किए जाने को विशेषज्ञ जरूरी मान रहे हैं। जोशीमठ को बदरीनाथ धाम जाने के लिए प्रवेशद्वार माना जाता है। -
प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में यमुना तट पर लगभग पांच करोड़ की लागत से उत्तर प्रदेश का पहला तैरता रेस्तरां बनाने को बुधवार को यहां हुई मंडलायुक्त की बैठक में सहमति प्रदान की गई। मंडलायुक्त कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, इस रेस्तरां को स्मार्ट सिटी द्वारा धन उपलब्ध कराया जा रहा है और इसे क्रियान्वित करने की जिम्मेदारी यूपीएसटीडीसी को दी गई है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, यह रेस्तरां साल में नौ महीने पर्यटकों को आकर्षित करेगा और बाढ़ के तीन महीनों में इसे किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाएगा। यमुना तट पर तैरता रेस्तरां के अलावा, बोट शेड, एक स्लिपवे, लोगों को एक साथ नौकायन करने की सुविधा के लिए दो कैटामारन, आपातकालीन स्थितियों में लोगों को बचाने के लिए दो स्पीड बोट, पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट और लाइफ गार्ड्स की भी व्यवस्था की जा रही है।
विश्व के कई बड़े शहरों में नदियों के तटीय विकास से प्रेरणा लेते हुए और प्रयागराज में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यमुना नदी के तट पर उत्तर प्रदेश का पहला तैरता रेस्तरां बनाने पर बुधवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई पर्यटन विभाग की बैठक में सहमति बनी।
इस रेस्तरां के संचालन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन एवं विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) को दी गई है। इसे बनाने से पूर्व एनजीटी और अन्य संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया जाएगा। इस रेस्तरां को इस वर्ष बाढ़ से पहले तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। -
नयी दिल्ली। झारखंड के बोकारो जिले के एक सरकारी 'मुर्गी पालन केन्द्र' में बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद केन्द्र सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि संक्रमण को फैलने से रोकने में राज्य सरकार की मदद के लिए दो अलग-अलग केंद्रीय दलों को तैनात किया गया है।
सरकार द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय की दो सदस्यीय दल को नियंत्रण और नियंत्रण कार्यों में राज्य की सहायता के लिए नियुक्त किया गया है। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इंसानों में निगरानी के अवलोकन के लिए एक अलग केंद्रीय टीम भी नियुक्त की है। साथ ही झारखंड सरकार को 'एवियन इन्फ्लुएंजा' (2021) को नियंत्रित करने और रोकथाम अभियान चलाने की सलाह दी गई है।
केन्द्र की तरफ से राज्य सरकार से कहा गया है कि वह पीपीई किट और अन्य सामानों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखे। केंद्र सरकार के द्वारा जारी बयान में पश्चिम बंगाल सरकार को भी सलाह दी गई है कि वह अन्य हिस्सों में इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए प्रभावी नियंत्रण उपाय करे। एच5एन1 एक प्रकार का 'एवियन इन्फ्लूएंजा ए' विषाणु है जो पक्षियों में बीमारी का कारण बनता है। वर्ष 2019 में झारखंड के गोड्डा जिले में आखिरी बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। -
जयपुर। केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री डॉ मुंजपरा महेंद्रभाई कालूभाई ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिन-प्रतिदिन आमजन का रुझान आयुर्वेद चिकित्सा में तेजी से बढ़ रहा है और केन्द्र सरकार के प्रयास से लोग अपने दैनिक जीवन में आयुर्वेद पद्धति में विश्वास जताकर इससे नित्य अपना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने में अग्रणी है। कालूभाई ने कहा कि समय-समय पर आयुर्वेद के विकास, प्रचार एवं प्रसार हेतु इस प्रकार की ज्ञानवर्धक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों का आयोजन होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसी संगोष्ठियों में भाग लेने से निश्चित रूप से प्रत्येक आयुर्वेद क्षेत्र के लोगों के ज्ञान में वृद्धि होती है।
कालूभाई एवं आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान मानद विवि जयपुर के रस शास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग द्वारा संस्थान परिसर में आयोजित तीन दिवसीय आयुर्वेदिक औषधि विज्ञानर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी की शुरुआत की। कालूभाई ने कहा कि आयुर्वेद हजारों वर्षों से चली आ रही प्राचीन चिकित्सा पद्धति है। इस मौके पर कोटेचा ने कहा कि आयुर्वेद महज एक चिकित्सा ही नहीं है बल्कि जीवन जीने की एक कला भी है। -
मुरैना। जिले के जौरा कस्बे के पास बृहस्पतिवार सुबह ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिसमें दो नाबालिगों सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि सभी सुबह करीब पांच बजे एक शादी समारोह में शामिल होकर जौरा शहर लौट रहे थे, तभी एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी और वाहन को करीब 20-25 मीटर तक घसीटा।
निरीक्षक देवेंद्र कुशवाहा ने बताया कि धीरज शर्मा (24) और उनके छोटे भाई ऋषभ (17) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बहन नेहा (14) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद ट्रक कुछ दूर आगे जाने के बाद पलट गया, लेकिन ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। -
कृष्णागिरी। तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले के कावेरीपट्टिनम में बृहस्पतिवार को एक ओमनीबस और ट्रैक्टर की टक्कर में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गयी जबकि सात अन्य घायल हो गये। मृतकों में तीन महीने की एक बच्ची भी शामिल है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर पर करीब 12 लोग सवार थे, जिनमें से अधिकतर श्रमिक थे।
उन्होंने बताया कि इसी ट्रैक्टर पर यह मासूम बच्ची भी सवार थी। ये सभी लोग पड़ोसी आंध्र प्रदेश के एक गांव की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही वाहन कावेरीपट्टिनम के निकट एर्राहाली पहुंचा, बेंगलुरू जा रही एक ओमनीबस ने उसे टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे में मासूम बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गयी जबकि सात अन्य घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कावेरीपट्टिनम पुलिस ने मामले में ओमनीबस के चालक को हिरासत में लिया है। -
अयोध्या। फैजाबाद-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इसी मार्ग पर एक अन्य दुर्घटना में तीन डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि पहली दुर्घटना उस वक्त हुई जब तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने रुदौली कोतवाली थाना क्षेत्र में खड़ी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। उस समय मोटरसाइकिल पर एक सेल्समैन सवार था।
उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद पिकअप वाहन पलट गया जिसके नीचे दबकर दो महिलाओं और एक बच्चे की मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सुर्ती (19), जतीरा (42), हर्ष (3) और सेल्समैन अब्दुल हसन (30) के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में तीन-चार लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
वहीं, दुर्घटनास्थल से महज दो किलोमीटर दूर एक अन्य सड़क दुर्घटना में सरकारी अस्पताल में कार्यरत तीन डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब डॉक्टरों की कार एक मोटरसाइकिल से टकराने के बाद पलट गई। पुलिस के मुताबिक, घायल डॉक्टरों- जय सिंह चौरसिया, विजय हरि आर्य और राजेश मिश्रा को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से उन्हें लखनऊ के लिए रेफर किया गया। -
मुजफ्फरनगर (उप्र)। मुजफ्फरनगर से सटे शामली जिले के कैराना क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से कार सवार तीन युवकों की मौत हो गयी तथा दो अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कैराना से कांधला जा रही एक कार कैराना थाना क्षेत्र के ऊंचागांव के पास आगे जा रहे ट्रक से जा टकरायी।
हादसे में कार सवार आदिल (25), शुएब (26) और सादिक (27) नामक युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि हादसे में गम्भीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। -
पटना. पूर्व केंद्रीय मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि यह चिंता करना व्यर्थ है कि विपक्ष का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा बल्कि यह स्पष्टता मायने रखती है कि किसे प्रधानमंत्री के रूप में वापसी करने से रोकना चाहिए। अभिनेता से नेता बने सिन्हा ने अपनी पार्टी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘‘विश्वसनीय'' नेता बताया और दावा किया कि अगले साल लोकसभा चुनाव में वह ‘पासा पलटने'' वाली नेता साबित होंगी। ‘बिहारी बाबू' के नाम से मशहूर सिन्हा ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘अच्छे दिन' खत्म हो गए हैं।'' उन्होंने चार साल पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ दी थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बुधवार रात को पत्रकारों से कहा, ‘‘हम लंबे समय से यह बात सुन रहे हैं कि कौन नेता होगा। नेहरू के वक्त तक भी लोग यही सवाल पूछते थे। विपक्ष के लिए इस बात की चिंता करना व्यर्थ है। किसे प्रधानमंत्री के रूप में लौटने से रोका जाए, इस संबंध में स्पष्टता होना महत्वपूर्ण है।'' उन्होंने राहुल गांधी को ‘‘काबिल'' नेता बताया लेकिन वह इस सवाल से बचते नजर आए कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष विपक्षी गठबंधन का ‘‘नेतृत्व'' कर सकते हैं या नहीं। टीएमसी नेता ने यह भी कहा कि वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विपक्षी एकता के उनके प्रयासों का काफी सम्मान करते हैं लेकिन ‘‘उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री पद की दौड़ से बाहर कर लिया है।'' भविष्य में तेजस्वी यादव के बिहार का मुख्यमंत्री बनने की चर्चा के बारे में पूछे जाने पर ‘शॉटगन' के नाम से मशहूर सिन्हा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के युवा नेता का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘‘अगर नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं तो बेचारे तेजस्वी से क्या दिक्कत है? जन समर्थन हासिल करने वाला कोई भी व्यक्ति राजनीति में तरक्की कर सकता है।'' शिवसेना के संबंध में सिन्हा ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि खेल अभी शुरू हुआ है और उच्चतम न्यायालय न्याय करेगा।'' गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे गुट ने शीर्ष न्यायालय का रुख करते हुए निर्वाचन आयोग के उस फैसले को चुनौती दी है जिसमें एकनाथ शिंदे गुट को असली शिवसेना के रूप में मान्यता दी गयी और उसे ‘तीर और कमान' चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया। -
नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को कहा कि आज के तनाव और संघर्ष से भरे युग में, भारतीय कलाएं शांति और सौहार्द फैला सकती हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय कलाएं भी भारत की ‘‘सॉफ्ट पावर'' का बेहतरीन उदाहरण हैं। राष्ट्रपति ने यहां विज्ञान भवन में साल 2019, 2020 और 2021 के लिए संगीत नाटक अकादमी की फैलोशिप (अकादमी रत्न) और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार (अकादमी पुरस्कार) प्रदान किए। उन्होंने इस अवसर पर कहा, ‘‘हमें इस बात पर गर्व होना चाहिए कि हमारे देश में कला की सबसे प्राचीन और सबसे श्रेष्ठ परंपराएं विकसित हुई हैं। आधुनिक युग में हमारे सांस्कृतिक मूल्य और अधिक उपयोगी हो गए हैं। आज के तनाव और संघर्ष से भरे युग में, भारतीय कलाएं शांति और सौहार्द फैला सकती हैं। इसके अलावा भारतीय कलाएं भी भारत की सॉफ्ट पावर का बेहतरीन उदाहरण हैं।'' राष्ट्रपति ने कहा कि सभ्यता किसी राष्ट्र की भौतिक उपलब्धियों को प्रदर्शित करती है, लेकिन अमूर्त विरासत उसकी संस्कृति के माध्यम से सामने आती हैं एवं संस्कृति ही देश की वास्तविक पहचान होती है। उन्होंने कहा कि भारत की अनोखी मंचन कलाओं ने सदियों से हमारी अतुल्य संस्कृति को जीवंत बनाए रखा है एवं हमारी कलाएं और कलाकार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं। उन्होने कहा कि 'विविधता में एकता' हमारी सांस्कृतिक परम्पराओं की सबसे बड़ी विशेषता है। राष्ट्रपति ने एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी, पंडित रविशंकर, उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, लता मंगेशकर, पंडित भीमसेन जोशी और भूपेन हजारिका का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके लिए ‘भाषा या भूगोल' बाधा नहीं बनी तथा उन्होंने अपने अमर संगीत से भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में संगीत प्रेमियों के लिए एक अमूल्य विरासत छोड़ी है।




.jpg)

.jpeg)

.jpg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)
.jpg)













.jpg)