- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समाज सुधारक एवं आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में साल भर चलने वाले समारोहों का यहां रविवार को उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि 12 फरवरी 1824 को जन्मे महर्षि दयानंद सरस्वती ने अपने समय की सामाजिक असमानताओं से निपटने के लिए आर्य समाज की स्थापना की थी। उसने कहा कि आर्य समाज ने सामाजिक सुधारों और शिक्षा पर जोर देकर देश की सांस्कृतिक एवं सामाजिक जागृति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बयान में कहा गया है कि सरकार समाज सुधारकों और महत्वपूर्ण हस्तियों, विशेष रूप से उन लोगों को सम्मानित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिनके योगदानों को अभी तक अखिल भारतीय स्तर पर उपयुक्त श्रेय नहीं दिया गया है। इसमें कहा गया है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने से लेकर श्री अरबिंदो की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने तक प्रधानमंत्री मोदी इस तरह की पहल का नेतृत्व आगे बढ़कर कर रहे हैं। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को यहां तालकटोरा स्टेडियम में दो दिवसीय जी-20 अंतरराष्ट्रीय खाद्य महोत्सव का उद्घाटन किया। नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा आयोजित किए जा रहे इस महोत्सव का विषय "दुनिया का स्वाद लीजिए" है। इसमें चीन, तुर्की, जापान और मैक्सिको सहित कुल चार सदस्य देश भाग ले रहे हैं। हरदीप सिंह पुरी ने इस मौके पर कहा कि यह न केवल एनडीएमसी का जी-20 खाद्य महोत्सव है, बल्कि देश का भी खाद्य महोत्सव है। पुरी ने ट्वीट किया, ‘‘ आज तालकटोरा स्टेडियम में जी-20 खाद्य महोत्सव का उद्घाटन करते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह देखकर अच्छा लगा कि दुनिया मोटे अनाज द्वारा दिए जाने वाले पोषण को दैनिक खाद्य पदार्थों में कैसे शामिल कर रही है। इस कार्यक्रम में मोटे अनाज से तैयार व्यंजन और स्नैक्स भी पेश किए जा रहे हैं। '' उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘ दुनिया के सभी भोजन प्रेमी एक हो जाओ! जब कोई लिट्टी चोखा, पाव भाजी, दौलत की चाट, जलेबी, पनीर टिक्का और जापानी सुशी को एक जगह देखता है, तो हमें उस शक्ति का एहसास होता है जो दुनिया के सांस्कृतिक और पाक-कला एकीकरण में पनपती है! '' दो दिवसीय इस खाद्य महोत्सव के दौरान लोग 14 भारतीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों - गुजरात, तमिलनाडु, तेलंगाना, दिल्ली, बिहार, पंजाब, कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, मणिपुर और मेघालय के व्यंजनों को चख सकेंगे।
- बलिया (उप्र) । बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र स्थित एक पब्लिक स्कूल में फीस जमा नहीं करने पर हुई पिटाई और कक्षा में चार घंटे तक बेंच पर दोनों हाथ ऊपर करके खड़ा रहने की सजा से पहली कक्षा के एक छात्र के लकवे का शिकार होने का मामला सामने आने पर पुलिस ने प्रधानाचार्य को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने कहा कि आरोपी शिक्षक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके शनिवार को प्रधानाचार्य को गिरफ्तार किया गया। पुलिस चौकी प्रभारी अशोक कुमार शुक्ला ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य सत्येंद्र पाल को गिरफ्तार कर लिया है और दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।परिजनों ने आरोप लगाया है कि रसड़ा कस्बे में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के कक्षा एक के छात्र अयाज अख्तर (सात) को 27 जनवरी को फीस जमा नहीं करने के कारण स्कूल की आरोपी शिक्षिका अफसाना ने कक्षा में चार घंटे तक दोनों हाथ उठाकर खड़ा रहने का दंड दिया। परिजनों के मुताबिक छात्र के पैरों पर भी पिटाई की गई, जिसके कारण अयाज बेहोश होकर गिर गया तथा वह लकवे का शिकार हो गया।अयाज अख्तर का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह कह रहा है कि फीस जमा नहीं करने पर उसकी मोटे डंडे से पिटाई की गई।अयाज के साथ ही पढ़ने वाली उसकी चचेरी बहन अली जाबा ने भी पत्रकारों को बताया कि शिक्षक ने मोटे डंडे से अयाज की पिटाई की थी।पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपियों विद्यालय के प्रबंधक प्रद्युम्न वर्मा, प्रधानाचार्य सत्येंद्र पाल व अध्यापक अफसाना के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 325 व 506 में नामजद मामला दर्ज किया गया है।पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि व्यापार मंदा होने के कारण चार माह की फीस जमा नहीं की जा सकी, इसी को लेकर अयाज अख्तर को विद्यालय में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक दोनों हाथ ऊपर रखकर बेंच पर खड़ा रहने को बाध्य किया गया। शिकायत के मुताबिक, इसके कारण अयाज अख्तर के शरीर में रक्त का संचालन असंतुलित हो गया तथा वह लकवे का शिकार हो गया।
- भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि जब वह मानसिक और शारीरिक पीड़ा में थीं तब योग से उन्हें काफी मदद मिली। उन्होंने कहा कि इसके नियमित अभ्यास से लोगों को जीवन के सभी क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि भारत को “विश्वगुरु” के तौर पर स्थापित करने का मंत्र महिला सशक्तिकरण है।अपने गृह राज्य की दो दिवसीय यात्रा पर दिन में यहां पहुंचीं मुर्मू ने योग के अभ्यास की आवश्यकता पर जोर दिया, जो नागरिकों को आध्यात्मिक रूप से विकसित करने में मदद कर सकता है जिससे लोगों और पूरे देश का समग्र विकास हो सके। एक धर्मार्थ संगठन ज्ञानप्रभा मिशन के स्थापना दिवस समारोह में अपने खुद के अनुभव को साझा करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, “एक समय में, मैंने शारीरिक और मानसिक रूप से खुद को पूरी तरह से टूटा हुआ महसूस किया और फिर योग करना शुरू कर दिया। मैं आज यहां आपके सामने खड़ी हूं और सिर्फ योग के कारण आपसे बात कर रही हूं।”उन्होंने हालांकि विवरण नहीं दिया, लेकिन मुर्मू ने 2015 में झारखंड की राज्यपाल बनने से पहले बहुत कम समय में अपने दो बेटों, पति और भाई को खो दिया।मुर्मू ने सभी से अपने शरीर और मन को ठीक रखते हुए बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने की अपील करते हुए कहा कि योग आत्मा और देवत्व के बीच एक कड़ी के रूप में कार्य करता है।उन्होंने कहा, “शरीर, मन और आत्मा की शुद्धि तथा आध्यात्मिक जागृति के लिए प्रयास करने की आवश्यकता है।”उन्होंने कहा कि यह भारत के प्रयासों के कारण ही हुआ है कि दुनिया को अब योग के महत्व का एहसास है।अतीत में और मौजूदा दौर में भी महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रपति ने कहा, “चाहे वह आध्यात्मिकता हो, राजनीति हो, शिक्षा हो या कोई अन्य क्षेत्र, महिलाओं ने हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वे इंसान बनाती हैं और ये इंसान एक राष्ट्र को मजबूत बनाते हैं।”मुर्मू ने कहा कि भारत की आधी आबादी महिलाओं की है और उनकी उपेक्षा करके देश “विश्व गुरु” नहीं बन सकता है।उन्होंने कहा कि परमहंस योगानंदजी की माता के नाम पर बना ज्ञानप्रभा एक स्वतंत्र संगठन है जोकि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रहा है। ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
-
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो प्रमुख, एस सोमनाथ ने कहा है कि यह संगठन ध्रुवीय उपग्रह लांच व्हीकल- PSLV और लघु उपग्रह लांच व्हीकल- SSLV का इस वर्ष प्रेक्षपण करेगा। वे आज सुबह SSLV D2 का सफल प्रक्षेपण और तीन उपग्रहों का निश्चित कक्षा में भेजे जाने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। पिछले वर्ष पहले SSLV D-1 मिशन के दौरान आई प्रारंभिक बाधा का उल्लेख करते हुए श्री सोमानाथन ने कहा कि यह एक मामूली बाधा थी जिसके बाद सुधारात्मक कार्य किया गया और सभी खामियों को दूर करने के लिए जांच की गई थी।
उन्होंने सभी बालिका विद्यार्थियों को आजादी सैट (SAT) सफलतापूर्वक प्रक्षेपण करने के लिए बधाई दी। इसरो प्रमुख ने बताया कि अंतरिक्ष संगठन इस वर्ष नए केंद्र में वाणिज्यिक उपग्रह प्रक्षेपण की तैयारी कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इसरो, ब्रिटेन स्थित वनवेब के 36 उपग्रहों का प्रक्षेपण करेगा।श्री सोमानाथ के अनुसार इसरो के पुन: उपयोग वाले लांच व्हीकल के उतरने के अनुभव को आगे ले जाया जाएगा और वर्ष के अंत में भारत और अमरीका की संयुक्त परियोजना के निसार उपग्रह को प्रक्षेपित किया जाएगा। मिशन निदेशक एस विनोद ने कहा कि SSLV इंडिया एक नया उपग्रह प्रक्षेपण व्हीकल है। उन्होंने यह भी कहा कि SSLV इसरो की नई संपदा बन गया है। -
इंदौर . इंदौर के रेलवे स्टेशन परिसर में एक सिरफिरे आशिक द्वारा 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या किये जाने पर गुस्साए लोगों ने बृहस्पतिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष पहुंचकर विरोध जताया। चश्मदीदों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करके उसे फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाने के प्रभारी सुरेश हातेकर ने बताया कि आरोपी राहुल यादव (23) ने रेलवे स्टेशन परिसर में एक युवती पर बुधवार देर शाम कथित रूप से इसलिए देशी कट्टा तान दिया क्योंकि उसने उससे शादी से इनकार कर दिया था। उन्होंने बताया कि शहर के एक कॉल सेंटर में काम करने वाली युवती के साथ मौजूद उसके सहकर्मी संस्कार वर्मा (20) ने जब बीच-बचाव किया, तो आग-बबूला आरोपी यादव ने पिस्तौल का घोड़ा दबा दिया और इससे चली गोली वर्मा के सिर में लगी। हातेकर ने बताया कि बुरी तरह घायल वर्मा ने एक अस्पताल में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद आरोपी यादव अपने परिवार समेत फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।
-
नयी दिल्ली. देश में युवाओं की बेरोजगारी दर वर्ष 2017-18 के 17.8 प्रतिशत से घटकर वर्ष 2020-21 में 12.9 प्रतिशत रह गई है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को संसद को दी गयी। श्रम और रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि रोजगार और बेरोजगारी पर आधिकारिक आंकड़े, सावधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के माध्यम से एकत्र किया जाता है, जो वर्ष 2017-18 से सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण की अवधि जुलाई से लेकर अगले वर्ष जून तक की है। ताजा उपलब्ध वार्षिक पीएलएफएस रिपोर्ट के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए सामान्य स्थिति पर अनुमानित बेरोजगारी दर वर्ष 2017-18, वर्ष 2018-19, वर्ष 2019 -20 और वर्ष 2020-21 के दौरान क्रमशः छह प्रतिशत, 5.8 प्रतिशत, 4.8 प्रतिशत और 4.2 प्रतिशत थी। तेली ने कहा, ‘‘इससे पता चलता है कि देश में बेरोजगारी दर में कमी आई है।''
मंत्री ने कहा कि 15-29 वर्ष की आयु के युवाओं में सामान्य स्थिति पर अनुमानित बेरोजगारी दर वर्ष 2017-18, 2018-19, 2019-20 और 2020-21 के दौरान क्रमशः 17.8 प्रतिशत, 17.3 प्रतिशत, 15 प्रतिशत और 12.9 प्रतिशत थी जिससे पता चलता है कि देश में युवाओं के लिए बेरोजगारी दर में गिरावट आई है। कई रोजगार पैदा करने वाली पहलों के अलावा, सरकार रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए ‘मेक इन इंडिया', ‘स्टार्ट-अप इंडिया', ‘स्टैंड-अप इंडिया', ‘डिजिटल इंडिया', ‘हाउसिंग फॉर ऑल' आदि जैसे विभिन्न कार्यक्रम भी चला रही है। तेली ने कहा कि इन सभी पहलों से सामूहिक रूप से मध्यम से लंबी अवधि में गुणक प्रभावों के माध्यम से रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। -
हवाई अड्डे पर 2.03 करोड़ रुपये का सोना जब्त
चेन्नई. चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तीन यात्रियों के पास से 2.03 करोड़ रुपये मूल्य का करीब 3,953 ग्राम सोना जब्त किया गया है। हवाई अड्डा सीमा शुल्क प्रधान आयुक्त एम. मैथ्यू जॉली ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जॉली के हवाले से एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि खुफिया जानकारी के आधार पर चेन्नई सीमा शुल्क के अधिकारियों ने आठ फरवरी को मलेशिया से आए एक पुरुष यात्री को रोका और उसके बैग से 24 कैरट का 2,200 ग्राम सोना जब्त किया गया, जिसकी कीमत 1.13 करोड़ रुपये है। विज्ञप्ति के मुताबिक, यह सोना एक मिक्सर में छिपाकर रखा गया था। यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।वहीं, एक अन्य घटना में, बुधवार को दुबई से आए एक भारतीय नागरिक को पकड़ा गया जिसके पास से 24 कैरट का 383 ग्राम सोना बरामद हुआ जिसकी कीमत 19.65 लाख रुपये है। तीसरी घटना में, सीमा शुल्क अधिकारियों ने दोहा से आए एक भारतीय नागरिक के पास से 1,370 ग्राम सोना जब्त किया जिसकी कीमत 70.28 लाख रुपये है। - नयी दिल्ली. मीडिया फाउंडेशन ने प्रतिष्ठित ‘चमेली देवी जैन- उत्कृष्ट महिला मीडियाकर्मी' पुरस्कार 2022 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। फाउंडेशन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि 1982 से दिया जा रहा वार्षिक ‘चमेली देवी जैन' पुरस्कार भारत में उन महिला मीडियाकर्मियों के लिए एक प्रतिष्ठित सम्मान है जिन्होंने अपनी रिपोर्ट से समाज पर गहरा प्रभाव डाला हो। उन्होंने सामाजिक विकास, राजनीति, समानता, लैंगिक न्याय, स्वास्थ्य, युद्ध एवं संघर्ष और उपभोक्ता मूल्यों जैसे विषयों पर बेहतरीन रिपोर्ट की हो। बयान में कहा गया कि इस पुरस्कार के लिए प्रिंट, डिजिटल, प्रसारण और समसामयिक वृत्तचित्र फिल्म मीडिया के पत्रकार अपना नामांकन भेज सकते हैं। बयान के मुताबिक, एक जनवरी से 31 दिसंबर 2022 के बीच किए गए कार्य की प्रविष्टियां हिंदी, अंग्रेजी व किसी अन्य भारतीय भाषा में फाउंडेशन को भेजी जा सकती हैं, जिनका मूल्यांकन जूरी की एक स्वतंत्र समिति करेगी। इसमें कहा गया कि समिति का निर्णय अंतिम होगा और नामांकन भेजने की अंतिम तारीख एक मार्च है।
-
दरोगा ने लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या की
मेरठ (उप्र) .पुलिस के एक उप निरीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित अपने आवास पर लाइसेंसी पिस्तौल से कथित तौर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को दी। पुलिस ने बताया कि उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह (45) ने बुधवार देर रात अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार घटना के समय उप निरीक्षक सिंह की पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में थे। सिंह सहारनपुर में तैनात था और दो दिन की छुट्टी लेकर यहां आया था। पुलिस ने कहा कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और आत्महत्या का कारण तत्काल पता नहीं चल सका है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बृहस्पतिवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने कहा कि घटनास्थल से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है जिसे जांच के लिए भेज दिया गया है, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों ने पुलिस को बताया कि इंद्रजीत छुट्टी लेकर दो दिन पहले मेरठ आया था क्योंकि उसके परिवार को एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होना था। - नयी दिल्ली । विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को राज्यसभा में कहा कि भारत ने इस संदेश पर जोर देने के लिए विदेशों में अपने सांस्कृतिक केंद्रों के माध्यम से गतिविधियां शुरू की हैं कि भारत लोकतंत्र की जननी है। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्न के उत्तर में जयशंकर ने कहा कि इस मामले पर सरकार ने भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के साथ चर्चा की है। उन्होंने सदस्यों से कहा, ‘‘हमने पहले ही अपने सांस्कृतिक केंद्रों के माध्यम से विदेशों में गतिविधियां शुरू कर दी हैं ताकि इस संदेश पर जोर दिया जा सके कि भारत लोकतंत्र की जननी है...इस संदेश पर जोर दिया जा सके कि भारत में एक बहुलवादी और परामर्शी परंपरा है, जिसकी बराबरी बहुत कम समाज कर सकते हैं।'' भाजपा सदस्य राकेश सिन्हा ने यह पूछा था कि क्या हार्वर्ड और कैम्ब्रिज जैसे प्रमुख विश्वविद्यालयों में भारत के लोकतंत्र की जननी होने को लेकर कोई विमर्श शुरू किया जाएगा, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को लोकतंत्र की जननी कहा है। इसके जवाब में जयशंकर ने कहा, ‘‘यह बहुत प्रगति पर है।
-
नयी दिल्ली । सभी राज्य, केंद्र शासित प्रदेश और केंद्र सरकार के 32 विभाग इस साल दिसंबर तक राष्ट्रीय एकल खिड़की व्यवस्था (एनएसडब्ल्यूएस) से जुड़ जाएंगे। इसके माध्यम से सभी कंपनियां अपने कारोबार के लिए मंजूरी और अनापत्ति प्रमाण पत्र मांग सकेंगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के सचिव अनुराग जैन ने यहां कहा कि अभी तक 19 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश जुड़ चुके हैं। इनमें आंध्र प्रदेश, बिहार, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक आदि शामिल हैं। अनुराग ने भारत-जापान व्यापार सहयोग समिति की संयुक्त बैठक में यह बात कही।
इस व्यवस्था से अनुपालन बोझ कम होगा, परियोजना में लगने वाला समय कम होगा तथा कारोबार शुरू करना और उसका परिचालन आसान होगा। राष्ट्रीय एकल खिड़की व्यवस्था से सभी एकीकृत राज्यों और केंद्रीय विभागों के लिए अनुमोदन की पहचान, आवेदन और मंजूरी की मौजूदा स्थिति का पता चलता रहता है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि दिसंबर, 2022 तक सभी 36 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश और केंद्र सरकार के सभी 32 विभाग संबद्ध हो जाएंगे। हम पूरी सरकार को एकल खिड़की पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।” -
बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने भारतीय नौसेना के साथ मिलकर गगनयान मिशन की तैयारियों के तहत ‘वाटर सर्वाइवल टेस्ट फेसिलिटी' (डब्ल्यूएसटीएफ) में ‘कर्मीदल मॉड्यूल' की पुनर्प्राप्ति संबंधी शुरुआती परीक्षण किए। अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि केरल के कोच्चि में नौसेना के डब्ल्यूएसटीएफ में परीक्षणों के लिए द्रव्यमान, गुरुत्वाकर्षण के केंद्र, बाहरी आयामों और नीचे उतरने पर वास्तविक कर्मीदल मॉड्यूल के बाहरी हिस्से के आधार पर काम करने वाले ‘कर्मीदल मॉड्यूल रिकवरी मॉडल' (सीमएमआरएम) का उपयोग किया गया। ये परीक्षण गगनयान मिशन के लिए ‘कर्मीदल मॉड्यूल' पुनर्प्राप्ति अभियानों की तैयारी का हिस्सा हैं। गगनयान मिशन भारत सरकार की एजेंसियों की भागीदारी के साथ भारतीय जल में संचालित किया जाएगा। समग्र पुनर्प्राप्ति अभियान का नेतृत्व भारतीय नौसेना कर रही है। परीक्षण के तहत ‘कर्मीदल मॉड्यूल' की पुनर्प्राप्ति के लिए आवश्यक संचालन क्रम पूरा किया गया।
इसरो के अनुसार, गगनयान परियोजना के तहत तीन सदस्यों के चालक दल को तीन दिन के मिशन के लिए 400 किलोमीटर की कक्षा में भेजकर और उन्हें भारतीय समुद्री जल में सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस लाकर मानव अंतरिक्ष उड़ान क्षमता के प्रदर्शन की परिकल्पना की गई है। इसरो ने एक बयान में कहा, ‘‘चालक दल के सदस्यों का सुरक्षित मिलना किसी भी सफल मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान के लिए अंतिम कदम होता है। ऐसे में यह बहुत महत्वपूर्ण है और इसे समय के कम से कम अंतराल के साथ करना होगा।'' उसने कहा, ‘‘इसलिए बड़ी संख्या में परीक्षण करके विभिन्न परिदृश्यों में पुनर्प्राप्ति प्रक्रियाओं का व्यापक रूप से अभ्यास करने की आवश्यकता है। चालक दल के सदस्यों और कर्मीदल मॉड्यूल की पुनर्प्राप्ति के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) को अंतिम रूप देने की जरूरत है। पुनर्प्राप्ति परीक्षण शुरू में एक बंद जलाशय में किए जाएंगे। उसके बाद वे एक बंदरगाह और फिर एक खुले समुद्र में होंगे।'' इस बीच, इसरो ने कहा कि भविष्य के प्रक्षेपण यान में ‘बूस्टर स्टेज रिकवरी' को सक्षम करने के लिए, विकास इंजन का पहला ‘थ्रॉटलिंग हॉट टेस्ट' किया गया। इस दौरान 43 सेकंड की अवधि के लिए लक्षित 67 प्रतिशत थ्रस्ट लेवल थ्रॉटलिंग का लक्ष्य रखा गया।
- सांगली । महाराष्ट्र के सांगली शहर में पुलिस ने 5.5 करोड़ रुपये के ‘एम्बरग्रीस' रखने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बुधवार को बताया कि सूचना मिली थी कि दो लोग इसे बेचने के लिए पश्चिमी महाराष्ट्र के इस शहर में आ रहे हैं। सूचना के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि दोनों ने पुलिस को बताया कि ‘एम्बरग्रीस' को उनके एक साथी की मदद से राज्य के तटीय सिंधुदुर्ग जिले के मालवन से लाया गया। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत ज्यादातर इत्र बनाने के लिए उपयोग की जाने वाली ‘एम्बरग्रीस' की बिक्री करने और उसे रखने पर प्रतिबंध है। ‘एम्बरग्रीस' एक ठोस, लेकिन मोम जैसा पदार्थ है जो ‘स्पर्म व्हेल' की आंतों में बनता है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को कहा कि हवाई अड्डों पर पक्षियों के विमानों से टकराने की घटनाओं को रोकने के लिए सभी उपाय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डों साफ-सुथरा रखने की जरूरत होती है। मंत्री ने कहा कि विमानों से पक्षियों के टकराने के मामले सामने आते रहते हैं। हवा में विमान के उतरते समय इस तरह की घटनाएं अधिक होती हैं। सिंधिया ने कहा, ‘‘हमने हवाई अड्डों पर पक्षियों के विमान से टकराने के मामलों को रोकने के सभी उपाय किए हैं। इन उपायों में पक्षियों को भगाने वाला यंत्र, साउंड गन और अन्य तरीके शामिल हैं।'' सिंधिया ने यहां संवाददाताओं को वन्यजीव संरक्षण के लिए पिछले लगभग नौ वर्षों में सरकार की तरफ से उठाए गए कदमों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘पक्षी कुछ स्थानों, विशेष रूप से हवाई अड्डों पर इसलिए आते हैं क्योंकि वे उस स्थान पर अपना घर बनाने के बजाय कुछ वस्तुओं की ओर आकर्षित होते हैं। इसलिए ऐसे स्थानों को साफ रखना महत्वपूर्ण है। पक्षियों को आने से रोकने के लिए सभी कदम उठाए जाने चाहिए क्योंकि इससे विमान के लिए खतरा पैदा हो सकता है।
- ऋषिकेश (उत्तराखंड)। ऋषिकेश में कॉर्बेट बाघ अभयारण्य के बफर क्षेत्र में बदनगढ़ नाले से गुरुवार को एक महिला का अधखाया शव बरामद हुआ। एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी । उन्होंने बताया कि महिला की पहचान झड़गांव ग्रामसभा के तया मल्ला तोक की 38 वर्षीया कमला देवी के रूप में हुई है जो बुधवार की शाम से लापता थी । कुमाऊँ मंडल के मुख्य वन संरक्षक प्रसन्न कुमार पात्रो ने बताया कि महिला के लापता होने की सूचना मिलने के बाद से ही रामनगर वन प्रभाग की मोहान रेंज एवं अल्मोड़ा वन प्रभाग की जौरासी रेंज के वन कर्मियों ने तलाश अभियान शुरू कर दिया था । उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे महिला का अधखाया शव बरामद हुआ । उन्होंने कहा कि अभी यह कहना मुश्किल है कि महिला पर हमला कर उसे अपना शिकार बनाने वाला जानवर बाघ था या तेंदुआ । file photo
- पुणे । महाराष्ट्र के पुणे शहर में अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए ‘मुफ्त सूप' की पेशकश करने वाले एक भोजनालय के 27 वर्षीय मालिक पर उसके कारोबारी प्रतिद्वंद्वी ने कथित रूप से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यह घटना सोमवार को खडकी इलाके में हुई, जहां पीड़ित और आरोपी भोजनालय चलाते हैं। खडकी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित मुलायम पाल ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए भोजन से पहले ‘मुफ्त सूप' की पेशकश की थी। उन्होंने कहा, ‘‘पीड़ित की शिकायत के अनुसार, इस पेशकश ने ग्राहकों को आकर्षित किया, लेकिन पास में भोजनालय चलाने वाले आरोपी सिद्धार्थ भालेराव और उसके साथी आरोपी दिग्विजय कचारे को यह अच्छा नहीं लगा। इस बात को लेकर आरोपी पाल से कहासुनी किया करते थे।'' अधिकारी ने बताया कि छह फरवरी को पीड़ित जब अपनी दुकान के पास खाना खा रहा था, तभी आरोपी भालेराव ने धारदार हथियार से उसके सिर पर कथित तौर पर वार किया और कचारे ने उसे धमकी दी एवं अपशब्द कहे। शिकायत के आधार पर, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 326 (जानबूझकर खतरनाक हथियारों या साधनों से गंभीर चोट पहुंचाना) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
- जयपुर,। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और जुबिन ईरानी की बेटी शैनेले ने बृहस्पतिवार नागौर जिले के प्रसिद्ध खिंवसर किला होटल में अर्जुन भल्ला से शादी की। शादी की रस्में परिवार के करीबी सदस्यों और दोस्तों की मौजूदगी में हेरिटेज प्रॉपर्टी में शुरू हुई। शादी के लिए 15वीं सदी के किले को होटल में तब्दील कर दिया गया था। किले को पतंगों और अन्य सामान से खूबसूरती से सजाया गया। शादी से एक दिन पहले बुधवार को हल्दी और मेहंदी की रस्में हुईं। इसके बाद शाम को रेत के टीलों पर संगीत समारोह हुआ। सूत्रों ने बताया कि राजस्थानी लोक कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी। किले में शादी की खास तैयारी की गई थी। रेत के टीलों को रोशनी और फूलों से सजाया गया था। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, उनके पति जुबिन ईरानी, राजस्थान के पूर्व मंत्री गजेंद्र सिंह और दुल्हन के परिवार के अन्य सदस्यों ने बारातियों का स्वागत किया। सूत्रों ने बताया कि शादी में दोनों पक्षों के करीब 50 मेहमानों को आमंत्रित किया गया था।
-
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मॉस्को में गुरुवार को मुलाकात की और उनके साथ विभिन्न द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। भारत में रूस के दूतावास ने ट्वीट कर बताया कि एनएसए डोभाल ने राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की।
ट्वीट में कहा गया, “ विभिन्न द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की गई। भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को लागू करने की दिशा में काम करते रहने पर सहमति बनी।” डोभाल बुधवार को दो दिवसीय रूस यात्रा पर गए थे।
- -
जयपुर। पीपुल फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (पेटा) ने दो हाथियों के बचाव और पुनर्वास के साथ साथ उनके कल्याण और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हस्तक्षेप की मांग की है। पेटा इंडिया की निदेशक खुशबू गुप्ता ने बताया कि हाथी मालती के वीडियो फुटेज में जानवर को बार-बार लहराते और सिर हिलाते हुए दिखाया गया है, जो बंदी हाथियों में गंभीर मनोवैज्ञानिक संकट के संकेत हैं। गुप्ता ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं से कहा, "पशु चिकित्सा राय पुष्टि करती है कि हाथी मनोवैज्ञानिक रूप से पीडि़त है और देखभाल केंद्र में उसके पुनर्वास और स्थानांतरण की आवश्यकता है। आपे से बाहर निकलने और दूसरे हाथी से लडऩे का इतिहास रहने के बावजूद मालती का इस्तेमाल आमेर किले में पर्यटकों की सवारी के लिए किया जाता है। " उन्होंने कहा, "पेटा इंडिया ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को एक पत्र भेजकर हाथियों मालती और गौरी के बचाव और पुनर्वास को सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। गौरी ने हाल ही में आमेर में एक दुकानदार पर हमला किया जिसके कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।'' उन्होंने कहा कि सवारी के लिए ऐसे हाथियों का इस्तेमाल पर्यटकों की जान के लिए खतरा है। जयपुर के प्रसिद्ध आमेर किले में हाथी की सवारी के लिए हाथियों का उपयोग किया जाता है। वर्तमान में सवारी के लिए करीब 85 हाथियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। राज्य पुरातत्व विभाग के एक अधिकारी से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा फिट पाए गए हाथियों का उपयोग आमेर किले में सवारी के लिए किया जाता है। अधिकारी ने कहा, "वन विभाग द्वारा हाथियों का मेडिकल परीक्षण किया जाता है और रिपोर्ट के आधार पर केवल हाथी की सवारी के लिए उपयुक्त क्षेत्र का उपयोग किया जाता है।
- -
नयी दिल्ली । केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा-स्नातक (सीयूईटी-यूजी) के दूसरे चरण के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 12 मार्च तक जारी रहेगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने यह जानकारी दी। परीक्षा 21-31 मई तक आयोजित की जानी है।
कुमार ने कहा, ''स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीयूईटी-यूजी के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 12 मार्च, 2023 है।'' उन्होंने कहा, ''परीक्षा के लिए शहर के बारे में घोषणा 30 अप्रैल को की जाएगी। मई, 2023 के दूसरे सप्ताह से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा।''
गौरतलब है कि यूजीसी ने पिछले साल मार्च में घोषणा की थी कि सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए दाखिला एक प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दिया जाएगा, न कि कक्षा 12वीं के अंकों के आधार पर। विश्वविद्यालयों में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया जुलाई 2023 तक पूरी कर ली जाएगी और एक अगस्त से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो सकता है। कुमार ने कहा, ''अभ्यर्थियों की संख्या और विषय की पसंद के आधार पर परीक्षा कई दिनों में तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी सीयूईटी (यूजी) -2023 के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं।'' सीयूईटी (यूजी)- 2023 तेरह भाषाओं यानी अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित की जाएगी। सीयूईटी-यूजी का पहला संस्करण पिछले साल जुलाई में आयोजित किया गया था और कई गड़बडिय़ों के कारण एनटीए को कई केंद्रों पर परीक्षाओं को रद्द करना पड़ा था। कई छात्रों को परीक्षा से एक रात पहले परीक्षा रद्द करने के बारे में सूचित किया गया था और कई को परीक्षा रद्द किए जाने का हवाला देकर केंद्रों से लौटा दिया गया था।
- -
नयी दिल्ली। दिल्ली शास्त्रीय संगीत महोत्सव तीन साल बाद शुक्रवार से राष्ट्रीय राजधानी में शुरू होगा। कोविड महामारी के प्रकोप के चलते महोत्सव आयोजित नहीं किया जा सका था।
दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग और साहित्य कला परिषद द्वारा आयोजित इस संगीत समारोह में सरोद वादक अमान-अयान अली बंगश, बांसुरी वादक पंडित रोनू मजूमदार और गायिका सुमित्रा गुहा समेत भारतीय शास्त्रीय संगीत के दिग्गजों की प्रस्तुति होगी। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शुक्रवार को यहां कमानी सभागार में तीन दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। सिसोदिया ने एक बयान में कहा, ''मुझे खुशी है कि कुछ वर्षों के अंतराल के बाद दिल्ली शास्त्रीय संगीत महोत्सव दोबारा आयोजित होने जा रहा है और यह इतने बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है। संगीत हमें शांति पाने और रोजमर्रा की जिंदगी के तनाव को भूलने में मदद करता है। मुझे यकीन है कि दिल्ली के लोग कुछ महान कलाकारों को सुनने का आनंद लेंगे।' -
नयी दिल्ली। संसद की एक समिति ने बार-बार इंटरनेट को बंद करने के मामलों पर चिंता जाहिर करते हुए दूरसंचार विभाग की खिंचाई की है। समिति ने कहा है कि दूरसंचार विभाग ने इंटरनेट को बंद करने संबंधी (शटडाउन) मामलों का कोई ब्योरा नहीं रखा और साथ ही उसकी कई सिफारिशों पर कदम नहीं उठाया। संचार और सूचना प्रौद्योगिकी पर स्थायी समिति ने गुरुवार को लोकसभा में 'दूरसंचार और इंटरनेट सेवाओं का निलंबन और उसके प्रभाव' पर रिपोर्ट लोकसभा में रखी।
समिति ने दूरसंचार विभाग से कहा है कि वह गृह मंत्रालय के साथ मिलकर इंटरनेट को बंद करने के बाद उसे हटाने की प्रक्रिया पर काम करे। समिति ने 'शटडाउन' का लेखा-जोखा नहीं रखने पर दूरसंचार विभाग और गृह मंत्रालय के तर्कों को खारिज करते हुए कहा कि वह यह नहीं बोल सकता कि 'पुलिस और कानून व्यवस्था सरकार के विषय हैं और इंटरनेट का निलंबन अपराध के दायरे में नहीं आता है। समिति ने कहा कि इंटरनेट बंदी के सभी मामलों का केंद्रीयकृत डाटाबेस दूरसंचार विभाग, गृह मंत्रालय के पास उसी तर्ज पर रखा जाना चाहिए जैसे गृह मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) अपराधों पर नियमित आधार पर सूचना जुटाता है। इनमें सांप्रदायिक दंगे भी शामिल हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जून, 2012 से मार्च, 2021 के बीच देशभर में सरकार द्वारा 518 बार इंटरनेट को बंद किया गया। यह दुनिया में इंटरनेट को ब्लॉक करने का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। हालांकि, दूरसंचार विभाग और गृह मंत्रालय के पास इन आंकड़ों की पुष्टि का कोई तंत्र नहीं है। उनके पास राज्यों द्वारा इंटरनेट को बंद करने आदेशों का कोई ब्योरा नहीं है। समिति ने दूरसंचार विभाग और गृह मंत्रालय को देशभर में इंटरनेट बंद करने के आदेशों को डाटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया है। -
नयी दिल्ली। सरकार ने गुरुवार को बताया कि अप्रैल 2022 से तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नहीं बढ़ाया है और इनकी कीमत कच्चे तेल के मूल्यों से नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में संबंधित उत्पादों की कीमतों से जुड़ी होती हैं।
लोकसभा में राकेश सिंह के प्रश्न के लिखित उत्तर में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने यह बात कही। उन्होंने बताया कि कच्चे तेल का मूल्य जनवरी 2022 में 84.67 डॉलर प्रति बीबीएल से घटकर जनवरी 2023 में 80.92 डॉलर प्रति बीबीएल हो गया। मंत्री ने कहा कि इस दौरान पेट्रोल का अंतरराष्ट्रीय मूल्य 96.16 डॉलर प्रति बीबीएल से थोड़ा घटकर 95.59 डॉलर प्रति बीबीएल तथा डीजल का मूल्य 97.09 डॉलर प्रति बीबीएल से बढ़कर 111.22 डॉलर प्रति बीबीएल हो गया। रामेश्वर तेली ने बताया कि घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल के खुदरा मूल्यों को क्रमश: 26 जून 2010 और 19 अक्टूबर 2014 को बाजार निर्धारित बना दिया गया था और तभी से सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) पेट्रोल और डीजल के मूल्य निर्धारण के संबंध में उचित निर्णय लेती हैं। उन्होंने बताया, '' छह अप्रैल 2022 से ओएमसी ने पेट्रोल और डीजल के मूल्यों को नहीं बढ़ाया है।''
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में दो बार- नवंबर 2021 और मई 2022 में 13 रूपये प्रति लीटर और 16 रूपये प्रति लीटर तक की कमी की है। उन्होंने कहा कि इन उपायों का उद्देश्य अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना, खपत को बढ़ावा देना और मुद्रास्फीति को नीचे रखना है ताकि गरीब एवं मध्यम वर्ग की मदद की जा सके।
-
जयपुर। राजस्थान के बांसवाड़ा और अजमेर जिलों में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो मासूम बच्चों सहित छह व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गये। बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ थानाक्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक डंपर और कार की भिड़ंत में कार में सवार सगे भाइयों सहित तीन व्यक्तियों की मौत हो गई।
सज्जनगढ़ थाने के हेड कांस्टेबल भरत कुमार पाटीदार ने बताया कि महुडिया गांव के पास डंपर और कार की भिड़ंत में कार में सवार तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि गुजरात के सुकसर थानाक्षेत्र निवासी हसमुखलाल (59) अपने भाई जयेश (50) और एक अन्य साथी रोहित के साथ शादी का निमंत्रण देने बाड़मेर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि महुडिया गांव के पास उनकी कार सामने से आ रहे एक तेज गति के अनियंत्रित डंपर से टकरा गई जिससे तीनों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। उन्होंने कहा कि इस संबंध में डंपर चालक के खिलाफ एक मामला दर्ज करके फरार चालक की तलाश की जा रही है। एक अन्य सड़क हादसे में अजमेर जिले के केकड़ी सदर थानाक्षेत्र में बीती रात दो कारों की भिड़ंत में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गये।
थानाधिकारी अनिल देव कल्ला ने बृहस्पतिवार को बताया कि पारा गांव के पास दो कारों की भिड़ंत के बाद एक कार के पलट कर खाई में गिरने से कार में सवार मां, बेटी और बेटे की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि महिला का पति और उसकी दूसरी पत्नी और एक अन्य बच्ची गंभीर घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि घायलों को केकड़ी के राजकीय जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान माया (34), उनकी बेटी किरण (8) और बेटा राहुल (5) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिये गये। उन्होंने बताया कि इस संबंध दूसरी कार के चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।








.jpeg)

.jpeg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)










.jpg)