- Home
- देश
- नई दिल्ली ।संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। यह सत्र छह अप्रैल तक चलेगा। सत्र की शुरुआत लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र से होगी। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू दोनों सदनों को संबोधित करेंगी। यह उनका संसद के दोनों सदनों को पहला संबोधन होगा। जानकारी के मुताबिक, बजट सत्र के पहले दिन दोनों सदनों में इकोनॉमिक सर्वे को पेश किया जाएगा। इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा।केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने बताया कि संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा और सामान्य अवकाश के साथ 66 दिनों में 27 बैठकों के साथ 6 अप्रैल तक चलेगा। अमृत काल के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, केंद्रीय बजट और अन्य मदों पर चर्चा के लिए उत्सुक हूं। उन्होंने बताया कि बजट सत्र 2023 के दौरान अवकाश 14 फरवरी से 12 मार्च तक रहेगा, ताकि विभाग संबंधित संसदीय स्थायी समितियां अनुदान मांगों की जांच कर सकें और अपने मंत्रालयों और विभागों से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर सकें।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विश्व के सबसे बड़े रिवर क्रूज-एमवी गंगा विलास को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई अन्य अंतर्देशीय जलमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में 125 से अधिक नदियां होने के कारण भारत में जलमार्ग परिवहन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। जलमार्ग यातायात का एक सस्ता माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि सरकार जलमार्ग के क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है। इस विकास कार्य से यातायात, व्यापार और पर्यटन को बढावा मिलेगा। श्री मोदी ने कहा कि यह विकास इंजन के रूप में देश के पूर्वी हिस्से को विकसित करने में सहायक होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह देश की मूलभूत संरचना के रूपांतरण का दशक है। श्री मोदी ने कहा कि एम वी गंगा विलास की यात्रा एक सामान्य यात्रा नहीं है। यह यात्रा देश की अंतर्देशीय जलमार्ग व्यवस्था में विकास का एक उदाहरण पेश करती है।
पिछले वर्ष इस क्षेत्र की असाधारण विकास को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में देश में केवल पांच जलमार्ग थे और अब ये संख्या बढ़कर 111 हो गई है। लगभग दो दर्जन जलमार्ग परिचालित हो रहे हैं और कार्गो की आवाजाही तीन गुना बढ चुकी है। श्री मोदी ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि यह देश की यात्रा की एक साक्षी है।स्विटजरलैंड के पर्यटकों को इस महान यात्रा पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में किसी व्यक्ति की कल्पना के परे बहुत कुछ है। उन्होंने कहा कि यह क्रूज यात्रा विभिन्न तरह के अनुभव देगी।भारत की ताकत को लेकर श्री मोदी ने कहा कि क्रूज पर्यटन और विरासत पर्यटन देश में ऐसे समय में शुरू हो रहा है जब भारत विश्व भर के पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश और असम के मुख्यमंत्री, बिहार के उप-मुख्यमंत्री, केन्द्रीय जहाजरानी और पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल उपस्थित थे। एमवी गंगा विलास की यात्रा आज वाराणसी से शुरू हुई। एमवी गंगा विलास 51 दिनों में लगभग तीन हज़ार दो सौ किलोमीटर की यात्रा कर भारत और बांग्लादेश में 27 नदियों को पार करते हुए बांग्लादेश के रास्ते असम में डिब्रूगढ़ पहुंचेगा। - मुंबई। महाराष्ट्र के नासिक में शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है । पुलिस अधिकारियों ने बताया, तेज रफ्तार बस और ट्रक की टक्कर में कई लोग घायल भी हुए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। बस ठाणे जिले के अंबरनाथ से शिरडी की ओर जा रही थी। इसी दौरान नासिक की सिन्नार तहसील में पथारे के पास बस की ट्रक से टक्कर हो गई। पुलिस ने बताया, मृतकों में सात महिलाएं, दो बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। घायलों को सिन्नार के स्थानीय में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
- नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो की रिपोर्ट के अनुसार, जोशीमठ में सिर्फ 12 दिनों में 5.4 सेंटीमीटर जमीन धंस गई है। वहीं अप्रैल से नवंबर 2022 के बीच जमीन धंसने की दर बहुत कम थी। इस दौरान जोशीमठ नौ सेंटीमीटर नीचे चला गया।इसरो ने जोशीमठ की सैटेलाइट तस्वीरें भी जारी की हैं, जिनके मुताबिक, 27 दिसंबर से आठ जनवरी के बीच जोशीमठ की जमीन 5.4 सेंटीमीटर नीचे चली गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह घटना दो जनवरी, 2022 से शुरू हुई थी।इसरो ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अप्रैल से नवंबर 2022 के बीच जमीन धंसने की दर बहुत कम थी। इस दौरान जोशीमठ नौ सेंटीमीटर नीचे चला गया। इसरो ने कहा है कि क्राउन ऑफ द सब्सिडेंस 2180 मीटर की ऊंचाई पर जोशीमठ-औली रोड के पास स्थित है। इससे पता चला है कि जमीन धंसने से जोशीमठ-औली सड़क भी धंसने वाली है। कार्टोसैट-2 एस सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों में इसरो ने जोशीमठ में सेना के हेलीपैड और नरसिंह मंदिर समेत पूरे शहर को संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया है।इसरो के अलावा इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (आईआईआरएस) ने भी एक रिपोर्ट सरकार को सौंपी है। इसके मुताबिक, जोशीमठ हर साल 6.62 सेंटीमीटर यानी करीब 2.60 इंच धंस रहा है। आईआईआरएस ने करीब दो साल की सैटेलाइट तस्वीरों का अध्ययन करने के बाद यह रिपोर्ट तैयार की है। आईआईआरएस देहरादून के वैज्ञानिकों ने जुलाई 2020 से मार्च 2022 के बीच जोशीमठ और आसपास के करीब छह किलोमीटर क्षेत्र की सेटेलाइट तस्वीरों का अध्ययन किया।रिपोर्ट में जोशीमठ व आसपास के क्षेत्र में आ रहे भूगर्भीय बदलाव को देखा गया। हाल ही में आईआईआरएस ने इसकी रिपोर्ट जारी की है। इसमें दावा किया गया कि जोशीमठ हर साल 6.62 सेमी. की दर से नीचे की ओर धंस रहा है। इसकी सेटेलाइट तस्वीर भी जारी की गई है। साथ ही आईआईआरएस ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें जोशीमठ के थ्री-डी बदलावों को दिखाया गया है।आईआईआरएस ने जो वीडियो जारी किया है, उसमें यह भी दर्शाया गया कि भू-धंसाव केवल जोशीमठ शहर में ही नहीं हो रहा है। पूरी घाटी इसकी चपेट में है। आने वाले समय में इसके खतरनाक नतीजे देखने को मिल सकते हैं।
-
रांची। झारखंड में एक ‘आदमखोर' तेंदुए को बेहोश करने या पिंजड़े में कैद करने की कोशिशें असफल रहने के बाद राज्य का वन विभाग उसे देखते ही गोली मारने के आदेश जारी करने पर विचार कर रहा है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। हैदराबाद निवासी प्रसिद्ध शिकारी नवाब सफत अली खान को तेंदुए को पकड़ने में मदद के लिए यहां बुलाया गया है।
यह तेंदुआ दिसंबर महीने से अब तक झारखंड के पलामू संभाग में कथित रूप से चार बच्चों की जान ले चुका है। चारों बच्चे छह से 12 साल के बीच के थे जिनमें तीन गढ़वा से और एक लातेहार जिले से था। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) शशिकर सामंता ने कहा, ‘‘निगरानी समिति ने तेंदुए को देखते ही गोली मारने के आदेश जारी करने की सिफारिश की है। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं किया गया है। हम और विशेषज्ञों से सलाह मांग रहे हैं।''
राज्य के मुख्य वन्यजीव वार्डन सामंता ने कहा कि आदेश के संबंध में फैसला एक या दो दिन में लिया जाएगा। तेंदुए को पकड़ने के लिए 64 वर्षीय खान 5 जनवरी से झारखंड के गढ़वा जिले में डेरा डाले हुए हैं, जहां कथित तौर पर जानवर ने तीन बच्चों को मार दिया था। खान ने बताया कि तेंदुए को 5 जनवरी और 10 जनवरी को देखा गया था। इससे पहले 4 जनवरी तक 50 से अधिक ट्रैप कैमरों और एक ड्रोन से भी उसका पता नहीं चला था।
उन्होंने कहा, ‘‘तेंदुए ने गढ़वा के तिरतेडी गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक सूअर को मार दिया, जिसे पिंजड़े के बाहर खड़ा किया गया था। लेकिन उसने सूअर को खाया नहीं। वह पिंजड़े में भी नहीं घुसा। उसके पैरों के निशान मिले हैं।'' झारखंड समेत नौ राज्यों के वन्यजीव सलाहकार खान ने कहा, ‘‘तेंदुए आमतौर पर दिन में जंगल के घनी छाया वाले इलाकों में सोते हैं और रात को शिकार के लिए निकलते हैं।
इसलिए दिन में तेंदुए का पता लगाना मुश्किल है, हालांकि हमें उसके सोने की जगह का पता चल गया है।'' इस तेंदुए ने जिले के तीन प्रखंडों रामकंडा, रांका और भंडारिया में 50 से ज्यादा गांवों में आतंक फैला रखा है। वन विभाग ने ग्रामीणों से शाम के बाद घरों से नहीं निकलने को कहा है। -
शिलांग. मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने साझा स्कूल बस प्रणाली, अहम पर्यटन वाहनों तथा कृषि प्रतिक्रिया वाहन योजनाओं की बुधवार को शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने साझा स्कूल बसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया और उम्मीद जताई की इससे शिलांग में यातायात अवरुद्ध होने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। संगमा ने बुधवार को ट्वीट किया, ‘‘साझा स्कूल बस प्रणाली की शुरुआत के दौरान छात्रों के साथ आज बस का सफर, हमें उम्मीद है कि इससे यातायात अवरुद्ध होने की समस्या में कमी आएगी और शिलांग शहर में निजी चार पहिया वाहन के बजाय स्कूल बसों से स्कूल जाने की प्रवृत्ति बढ़ेगी।'' मुख्यमंत्री ने प्रमुख पर्यटक वाहन योजना का भी शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि प्रमुख पर्यटक वाहन संपूर्ण पर्यटन क्षेत्र में सुधार और पर्यटकों को अच्छी परिवहन सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ हमारे उद्यमियों को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक कदम है। संगमा ने ट्वीट किया, ‘‘यह हमारे राज्य में ‘उच्च मानक पर्यटन' उद्यमिता को बढ़ावा देने की शुरुआत है तथा वक्त के साथ पर्यटन उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त सहायता मुहैया कराई जाएगी।'' उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘मेघालय कृषि प्रतिक्रिया वाहन योजना से उस लागत में कमी आएगी जो हमारे किसानों को अपनी उपज को लाने ले जाने में लगती है...।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ इस पहल से राज्य में ग्रामीण उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा मिलेगा। -
नयी दिल्ली. कोविड-19 ने भारत के विनिर्माण क्षेत्र को बहुत अधिक प्रभावित किया है। यह बात एक अध्ययन में कही गई है। महामारी के प्रभाव को मापने के पिछले प्रयासों में अधिकांशत: केवल एक ही आयाम देखा गया, जैसे कि सकल घरेलू उत्पाद या देश की बेरोजगारी दर। ‘पीएलओएस वन' में प्रकाशित नवीनतम अध्ययन में अमेरिका, ब्राजील, भारत, स्वीडन, न्यूजीलैंड और इज़राइल समेत कई देशों में सामाजिक, आर्थिक तथा राजनीतिक जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महामारी के प्रभाव का पता लगाया गया। अमेरिका स्थित लॉस अलामोस नेशनल लैबोरेटरी से संबंद्ध सारा डेल वैले ने कहा, ‘‘देशों में महामारी के प्रभाव को लेकर पूर्व में विशेषज्ञों द्वारा जताए गए अनुमानों में हमें विसंगतियां देखने को मिलीं।'' शोधकर्ताओं ने पाया कि महामारी से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र भी अलग-अलग देशों में अलग-अलग हैं।
अध्ययन से पता चलता है कि अमेरिका और स्वीडन में मानव स्वास्थ्य, लोक प्रशासन और रक्षा क्षेत्र पर बहुत अधिक प्रभाव पड़ा, जबकि ब्राजील और भारत में विनिर्माण क्षेत्र पर अत्यधिक प्रभाव पड़ा। शोधकर्ताओं के अनुसार, निर्माण क्षेत्र सभी देशों में मध्यम स्तर पर, या फिर बहुत अधिक प्रभावित हुआ।
उन्होंने कहा कि अन्य देशों के विपरीत, खुदरा व्यापार - मोटर वाहनों और मोटरसाइकिलों को छोड़कर-अन्य क्षेत्रों के सापेक्ष भारत में बहुत अधिक प्रभावित हुआ। डेल वैले ने कहा, "हमने पाया कि इन देशों में लोगों ने सख्त कोविड नीतियों के प्रति काफी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दी। -
बलिया। उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के दो थाना क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं में एक छात्र और एक युवक की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार उभांव थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में बुधवार शाम कोचिंग से साइकिल से वापस घर जा रहे दो छात्र सुमित (11) व विश्वकांत (10) मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गए ।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया तथा विश्वकांत को जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है,घटना के बाद चालक फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। वहीं एक अन्य घटना में भीमपुरा - रतनपुरा मार्ग पर भीमपुरा कस्बे के समीप मोटरसाइकिल सवार दो युवकों अभय कुमार सिंह (18) व अमन कुमार सिंह (20) को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी , जिसमें दोनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गये।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नगरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया , जहां चिकित्सकों ने अभय कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया तथा अमन को जिला अस्पताल भेजा है, उसकी हालत गंभीर है। दोनों युवक मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के सेमराजपुर गांव के हैं। घटना के समय वह भीमपुरा बाजार से घर जा रहे थे। पुलिस ने छात्र के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। -
चंडीगढ़। हरियाणा के पानीपत में बृहस्पतिवार को गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद घर में लगी आग में एक ही परिवार के छह सदस्यों की झुलसकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों में एक दंपती और उनके चार बच्चे शामिल हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना पानीपत जिले के बिचपारी गांव के पास तहसील कैंप इलाके में हुई।
तहसील कैंप पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक फूल कुमार ने बताया, “घटना में छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक दंपती और उनके चार बच्चे शामिल हैं।” उन्होंने कहा कि घर में आग सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण लगी।
कुमार के मुताबिक, घटना में जान गंवाने वाला परिवार पश्चिम बंगाल से हरियाणा आ बसा था। उन्होंने बताया कि पति पत्नी दोनों पानीपत की एक फैक्टरी में काम करते थे। पड़ोसियों के अनुसार, उन्होंने घर से धुआं बाहर निकलता देख पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया।
उन्होंने बताया कि बचाव दल के पहुंचने तक परिवार के छहों सदस्य बुरी तरह से झुलस चुके थे। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान अब्दुल (45), उसकी पत्नी (40) और 18 व 16 साल की दो बेटियों तथा 12 व 10 वर्ष के बेटों के रूप में हुई है।फाइल फोटो
-
कोझिकोड। केरल के कोझिकोड जिले में एक सरकारी मुर्गी पालन केन्द्र में बर्ड फ्लू फैलने की वजह से, कम से कम 1,800 मुर्गियों की संक्रमण से मौत हो गई है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू के वायरस के एच5एन1 स्वरूप की मौजूदगी उस मुर्गी पालन केन्द्र की मुर्गियों में पाई गई जिसका संचालन जिला पंचायत करता है। अधिकारी ने बताया कि केरल की पशुपालन मंत्री जे चिंचू रानी ने इस संबंध में केंद्र के दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल के अनुरूप रोकथाम के उपाय करने के निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि प्रारंभिक जांच में बर्ड फ्लू फैलने के संकेत हैं।
नमूनों को सटीक जांच के लिए मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित प्रयोगशाला में भेजा गया है मुर्गी पालन केन्द्र में 5000 से अधिक मुर्गियां थीं और उनमें से अब तक संक्रमण के चलते 1800 मुर्गियों की मौत हो चुकी है। बयान के अनुसार, जिला अधिकारियों के तत्वावधान में विभिन्न सरकारी विभागों के समन्वय के साथ मुर्गियों को मारा जाएगा तथा बीमारी की रोकथाम के लिए अन्य प्रयास किए जाएंगे। -
नयी दिल्ली. वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी। यादव 75 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं।
फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट के एक बयान में कहा गया है कि यादव को अचेत अवस्था में आपातकालीन वार्ड में लाया गया था। बयान में कहा गया है, ‘‘स्वास्थ्य जांच के दौरान, उनकी नाड़ी नहीं चल रही थी या रक्तचाप दर्ज नहीं किया गया... उपचार के सभी प्रयास नाकाम रहे। रात 10.19 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।'' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ समाजवादी नेता यादव के निधन पर शोक जताया।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा, "शरद यादव के निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे वर्षों में, उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से बहुत प्रेरित थे। मैं हमेशा अपनी बातचीत को संजोकर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। -
भुवनेश्वर. ओडिशा मेडिकल सर्विस एसोसिएशन (ओएमएसए) ने चिकित्सकों के लिए “पदोन्नति योजना” को लागू करने में राज्य सरकार के कथित “ढुलमुल रवैये” के विरोध में एक फरवरी से हड़ताल पर जाने की धमकी दी है। ओएमएसए के अध्यक्ष डॉ. नारायण राउत और महासचिव डॉ. बिस्वजीत सामल ने कहा कि राज्य भर के चिकित्सकों ने प्रशासन का समर्थन किया और कोविड-19 महामारी के दौरान बड़े जोखिम उठाए। डॉ. राउत ने कहा कि ‘डायनेमिक एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन' (डीएसीपी) के कार्यान्वयन के लिए चिकित्सकों की “जायज मांग” को पूरा नहीं किया गया, जिसके कारण सरकारी क्षेत्र में काम करने वाले सैकड़ों चिकित्सक नाराज हैं। 2006 में केंद्र द्वारा पेश किए जाने के बाद बिहार जैसे राज्यों में इस योजना को लागू किया जा चुका है। डीएसीपी चिकित्सकों के लिए समयबद्ध पदोन्नति का आश्वासन देता है।
डॉ. राउत ने कहा कि हड़ताल के हिस्से के रूप में ओएमएसए सदस्य पहले एक फरवरी को काला बिल्ला पहनेंगे और फिर कामकाज बंद करने की दिशा में आगे बढ़ने का फैसला करने से पहले एक “क्रमिक हड़ताल” करेंगे। उन्होंने कहा, “हम आशान्वित हैं कि सरकार हमारी जायज मांगों पर विचार करेगी जिसमें अस्थायी (एड-हॉक) चिकित्सकों को स्थायी करना भी शामिल है। -
नयी दिल्ली. देश के केंद्रीय औषधि प्राधिकरण की एक विशेषज्ञ समिति ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के कोविड रोधी टीके कोवोवैक्स को विपणन संबंधी मंजूरी प्रदान करने की सिफारिश की है। यह बूस्टर खुराक है जो कोविशील्ड या कोवैक्सीन की दोनों खुराक लेने वाले वयस्कों को लगाई जानी है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि एसआईआई के निदेशक (सरकारी और नियामक मामले) प्रकाश कुमार सिंह ने हाल में भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) को पत्र लिखकर कुछ देशों में कोविड-19 महामारी के बढ़तों मामलों के मद्देनजर 18 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए बूस्टर खुराक के रूप में कोवोवैक्स के लिए मंजूरी मांगी थी। एक आधिकारिक सूत्र ने बताया, ‘‘केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की कोविड-19 संबंधी विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) ने बुधवार को इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया और कोविशील्ड या कोवैक्सीन की दो खुराक लेने वाले वयस्कों के लिए बूस्टर खुराक के रूप में कोविड रोधी टीके कोवोवैक्स के लिए विपणन मंजूरी के वास्ते सिफारिश की।'' डीसीजीआई ने 28 दिसंबर, 2021 को वयस्कों में आपातकालीन स्थितियों में सीमित उपयोग के लिए कोवोवैक्स को मंजूरी दी थी और नौ मार्च, 2022 को कुछ शर्तों के साथ 12 से 17 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों के लिए मंजूरी दी थी। डीसीजीआई ने सात से 11 साल आयु वर्ग के बच्चों के लिए 28 जून, 2022 को इसे मंजूरी दी थी। कोवोवैक्स को नोवावैक्स से प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के माध्यम से निर्मित किया जाता है। इसे सशर्त विपणन मंजूरी के लिए यूरोपीय मेडिसिन एजेंसी द्वारा अनुमोदित किया गया है। -
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक व्यक्ति के खिलाफ कथित रूप से आग लगने का फर्जी कॉल करने का मामला दर्ज किया गया है। व्यक्ति ने यह कॉल इसलिए की थी ताकि घटनास्थल की ओर जाने वाली सड़क से अतिक्रमण हटाया जा सके। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उस व्यक्ति ने बदलापुर फायर स्टेशन को फोन किया और सूचना दी कि खाऊ गली इलाके में एक इमारत में भीषण आग लग गई है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब दमकल विभाग का एक दल मौके पर पहुंचा, तो उन्होंने पाया कि एक कार ने घटनास्थल पर जाने वाले मार्ग को अवरुद्ध कर रखा है। उन्होंने कहा कि आरोपी कार में बैठा था। जब अग्निशमन अधिकारियों ने उससे रास्ते से कार हटाने के लिए कहा तो उसने कथित तौर पर अधिकारियों को सड़क से अतिक्रमण हटाने और आगे बढ़ने के लिए कहा। आरोपी ने अधिकारियों को बताया कि आग नहीं लगी थी, लेकिन उसने अग्निशमन विभाग से अतिक्रमण हटाने के लिए फोन (फर्जी) किया था। अधिकारी ने कहा कि उसके खिलाफ बदलापुर पश्चिम पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 341 (गलत तरीके से रोकना), 186 (लोक सेवक के काम में बाधा डालना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। बदलापुर फायर स्टेशन अधिकारी भागवत सोनवणे ने कहा कि इस तरह की शरारतों को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि वे कीमती समय और संसाधन बर्बाद करते हैं और पुलिस को आरोपियों के खिलाफ गंभीर कार्रवाई करनी चाहिए। -
चंडीगढ़। हरियाणा के पानीपत में गुरुवार को गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद घर में लगी आग में एक ही परिवार के छह सदस्यों की झुलसकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों में एक दंपती और उनके चार बच्चे शामिल हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना पानीपत जिले के बिचपारी गांव के पास तहसील कैंप इलाके में हुई। तहसील कैंप पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक फूल कुमार ने ‘ बताया, “घटना में छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक दंपती और उनके दो बच्चे शामिल हैं।” उन्होंने कहा कि घर में आग सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण लगी।
कुमार के मुताबिक, घटना में जान गंवाने वाला परिवार पश्चिम बंगाल से हरियाणा आ बसा था। उन्होंने बताया कि पति पत्नी दोनों पानीपत की एक फैक्टरी में काम करते थे। पड़ोसियों के अनुसार, उन्होंने घर से धुआं बाहर निकलता देख पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। उन्होंने बताया कि बचाव दल के पहुंचने तक परिवार के छहों सदस्य बुरी तरह से झुलस चुके थे। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान अब्दुल (45), उसकी पत्नी (40) और 18 व 16 साल की दो बेटियों तथा 12 व 10 वर्ष के बेटों के रूप में हुई है। -
नई दिल्ली। भारत ने अमरीका से व्यापार वीजा जारी करने में तेजी लाने को कहा है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि इससे व्यापार और उद्योग के लिए लोगों को कम समय की यात्राओं में मदद मिलेगी। कल वाशिंगटन में 13वें भारत-अमरीका व्यापार नीति मंच की बैठक के बाद श्री गोयल ने भारत में इस तरह के वीजा जारी करने में लंबा समय लग रहा है, जिसमें तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पेशेवरों, छात्रों, हुनरमंद श्रमिकों, निवेशकों और व्यावसायिक यात्रियों की भारत और अमरीका के बीच यात्रायें बढ रहीं हैं। श्री गोयल भारत-अमरीका व्यापार नीति मंच में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क और वाशिंगटन की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
-
जोशीमठ/ देहरादून. जोशीमठ में भूधंसाव के कारण खतरनाक हो गए भवनों को गिराए जाने से पहले उनका बदरीनाथ महायोजना की तर्ज पर मुआवजा घोषित किए जाने की मांग पर अड़े होटल मालिकों और स्थानीय लोगों को मनाने के लिए प्रशासन ने बुधवार को नए सिरे से प्रयास शुरू किए। हालांकि, प्रदर्शनकारियों और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम के बीच बातचीत में गतिरोध दूर नहीं हो पाया। इससे भूधंसाव के चलते पड़ी दरारों के कारण एक दूसरे की ओर खतरनाक तरीके से झुके दो होटलों को तोड़ने की कार्रवाई में विलंब हो रहा है। 'मलारी इन' और 'द माउंट व्यू' होटलों के कारण उनसे निचले हिस्से में स्थित कई भवन भी खतरे की जद में आ गए हैं और इस कारण प्रशासन ने इन्हें तोड़ने का फैसला लिया है। बैठक से बाहर आकर पुन: अपना धरना शुरू करते हुए 'मलारी इन' होटल के मालिक ठाकुर सिंह राणा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम बदरीनाथ की तर्ज पर मुआवजा चाहते हैं। लेकिन मुख्यमंत्री के सचिव ने कहा कि यह संभव नहीं है और मुआवजा बाजार दर पर दिया जा सकता है।'' राणा ने कहा कि जब उन्होंने बाजार दर पूछी तो मुख्यमंत्री के सचिव ने कहा कि उन्हें इस बारे में पता नहीं है। गौरतलब है कि जोशीमठ नगर क्षेत्र में 723 भवनों को भूधंसाव से प्रभावित चिन्हित किया गया है जिनमें से बुधवार तक 131 परिवारों के 462 लोगों को अस्थायी राहत शिविरों में विस्थापित किया गया है।
- -
सुलतानपुर (उप्र)। जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के एक गांव में पत्नी के मायके जाने से दुखी युवक ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। बल्दीराय के थाना प्रभारी (एसएचओ) अमरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि क्षेत्र के पूरे गजराज मजरे बिरधौरा गांव में घनश्याम यादव (35) ने मंगलवार को अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
मंगलवार को दिन में लगभग 12 बजे जब पड़ोसियों ने देखा कि घनश्याम के घर से कोई नहीं निकला तब पता चला कि उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों ने बल्दीराय पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों से मिली जानकारी के हवाले से पुलिस ने बताया कि काफी दिनों से युवक मानसिक रूप से बीमार था। उसकी पत्नी मायके चली गई थी। वह अपने भाइयों से अलग रहता था। एसएचओ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -
बलिया (उप्र)। जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के गंगौली गांव में कुत्ते के भौंकने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई तथा पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है और दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बुधवार को बताया, ‘‘बैरिया थाना क्षेत्र के गंगौली गांव में मंगलवार की रात कुत्ते के भौंकने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गयी। झड़प के दौरान ईट-पत्थर, लाठी-डंडे से हमले हुए, जिसमें लाल मुनि (50) और पांच अन्य लोग घायल हो गए।'' उन्होंने बताया कि सभी घायलों को तत्काल सोनबरसा स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए लाल मुनि को जिला अस्पताल भेज दिया, लेकिन उपचार के दौरान लाल मुनि की मौत हो गई। तिवारी ने कहा कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में लाल मुनि के बेटे सोनू की शिकायत पर तीन लोगों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 जनवरी को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से वाराणसी में गंगा नदी के किनारे दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज, ‘एमवी गंगा विलास' को हरी झंडी दिखाएंगे और एक 'टेंट सिटी' का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी। उसके मुताबिक इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई अन्य अंतर्देशीय जलमार्ग परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
एमवी गंगा विलास वाराणसी से अपनी यात्रा शुरू करेगा और 51 दिनों में लगभग 3,200 किलोमीटर की दूरी तय करेगा और बांग्लादेश होते हुए असम के डिब्रूगढ़ पहुंचेगा। इस दौरान यह क्रूज भारत एवं बांग्लादेश से गुजरने वाली 27 नदी प्रणालियों के रास्ते अपनी मंजिल तक पहुंचेगा। मोदी ने कहा कि यह पहल देश की सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने और उसकी विविधता के खूबसूरत पहलुओं की खोज करने का एक अनूठा अवसर है।
पीएमओ ने कहा कि क्रूजर में तीन डेक और 18 सुइट्स हैं, जिसमें 36 पर्यटकों को ले जाने की क्षमता है और सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। पीएमओ के मुताबिक पहली यात्रा में स्विट्जरलैंड के 32 पर्यटक शामिल हैं, जो यात्रा की पूरी अवधि के दौरान इसमें रहेंगे। पीएमओ ने कहा कि क्रूज को इस प्रकार तैयार किया गया है ताकि दुनिया के सामने देश की सर्वश्रेष्ठ चीजें प्रदर्शित हों।
क्रूज के माध्यम से विश्व धरोहर स्थलों, राष्ट्रीय उद्यानों, नदी घाटों और बिहार के पटना, झारखंड के साहिबगंज, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, बांग्लादेश के ढाका और असम के गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों सहित 50 पर्यटन स्थलों की यात्रा की जा सकेगी। यह यात्रा पर्यटकों को एक भारत और बांग्लादेश की कला, संस्कृति, इतिहास और आध्यात्मिकता के अनुभव का अवसर प्रदान करेगी।
बयान में कहा गया कि रिवर क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रधानमंत्री के प्रयासों के अनुरूप ही यह सेवा इस क्षेत्र की विशाल अप्रयुक्त क्षमता का फायदा उठाने और भारत के लिए पर्यटन के एक नए युग की शुरुआत करने में मदद करेगी। पीएमओ ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं का दोहन करने के लिए गंगा नदी के तट पर वाराणसी में 'टेंट सिटी' की अवधारणा की गई है। यह परियोजना शहर के घाटों के सामने विकसित की गई है जो आवास सुविधा प्रदान करेगी और वाराणसी में पर्यटकों की बढ़ती आमद को पूरा करेगी, खासकर काशी विश्वनाथ धाम के उद्घाटन के बाद से।
इसे वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा पीपीपी मोड में विकसित किया गया है। पर्यटक आसपास स्थित विभिन्न घाटों से नावों से 'टेंट सिटी' पहुंचेंगे। 'टेंट सिटी' हर साल अक्टूबर से जून तक चालू रहेगी और बारिश के मौसम में नदी के जल स्तर में वृद्धि के कारण तीन महीने के लिए बंद हो जाएगी। अन्य परियोजनाओं के अलावा मोदी पश्चिम बंगाल में हल्दिया मल्टी मॉडल टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे।
जल मार्ग विकास परियोजना के तहत विकसित, इसकी कार्गो हैंडलिंग क्षमता लगभग तीन मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) है और बर्थ को लगभग 3000 डेडवेट टन (डीडब्ल्यूटी) तक के जहाजों को संभालने के लिए डिजाइन किया गया है। मोदी गाजीपुर जिले के सैदपुर, चोचकपुर, जमानिया और उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के कांसपुर में चार फ्लोटिंग कम्युनिटी जेट्टी का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, मोदी बिहार में पटना जिले के दीघा, नकटा दियारा, बाढ़, पानापुर और समस्तीपुर जिले के हसनपुर में पांच सामुदायिक जेट्टियों की आधारशिला रखेंगे।
पीएमओ ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल राज्यों में गंगा के किनारे 60 से अधिक सामुदायिक जेट्टी का निर्माण किया जा रहा है ताकि आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सके और क्षेत्र में स्थानीय समुदायों की आजीविका में सुधार किया जा सके। मोदी गुवाहाटी में पूर्वोत्तर के लिए समुद्री कौशल विकास केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे। यह पूर्वोत्तर क्षेत्र में बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करेगा।
पीएमओ ने कहा कि इसके अलावा मोदी गुवाहाटी के पांडु टर्मिनल पर जहाज मरम्मत सुविधा और एलिवेटेड रोड की आधारशिला भी रखेंगे। पांडु टर्मिनल पर जहाज की मरम्मत सुविधा से बहुत मूल्यवान समय की बचत होगी क्योंकि एक जहाज को कोलकाता मरम्मत सुविधा में ले जाने और वापस आने में एक महीने से अधिक समय लगता है। इसके अलावा, इससे पैसे के मामले में भी भारी बचत होगी क्योंकि जहाज की परिवहन लागत भी बचाई जाएगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि पांडु टर्मिनल को राष्ट्रीय राजमार्ग 27 से जोड़ने वाली समर्पित सड़क से 24 घंटे संपर्क हो सकेगा। इससे पहले, केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने एक ट्वीट में कहा था, “दुनिया की कुछ सबसे महान नदियों पर भारत की प्राचीन विरासत की यात्रा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी 13 जनवरी को विश्व के सबसे लंबे ‘रिवर क्रूज' गंगा विलास को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस शानदार यात्रा में शामिल हों। -
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक की घोड़ागाड़ी और एक मोटरसाइकिल के साथ टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हादसा इगतपुरी के पास मंगलवार देर रात उस समय हुआ, जब 51-वर्षीय एक व्यक्ति और उसका भतीजा घोड़ागाड़ी से जा रहे थे और उनके दो बेटे मोटरसाइकिल पर थे।
परिवार के चारों सदस्य घर जा रहे थे। इगतपुरी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही उन्होंने सर्विस रोड से मुख्य सड़क पर जाने की कोशिश की, एक तेज रफ्तार ट्रक ने दोपहिया वाहन और घोड़ागाड़ी दोनों को टक्कर मार दी। अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति को मामूली चोटें आईं, जबकि उसके दो बेटे कुशल सुधाकर अडोले (20), प्रभाकर सुधाकर अडोले (22) और भतीजे रोहित भागीरथ अडोले (18) की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि बाद में इगतपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शख्स को ग्रामीण अस्पताल ले गई। अधिकारी ने कहा कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। -
चंडीगढ़। हरियाणा के रोहतक जिले के बोहर गांव में अज्ञात हमलावरों ने 44 वर्षीय एक व्यक्ति और उसकी 14 वर्षीय बेटी की बुधवार को उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। अर्बन एस्टेट थाने के एसएचओ दिलबाग सिंह ने कहा कि घटना के वक्त व्यक्ति की 85 वर्षीय मां भी घर पर थी।
उन्होंने कहा कि हमलावरों की गोली लगने से सुरेंद्र और उसकी 14 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा, “हमने हत्या का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच की जा रही है।”
उन्होंने कहा कि वैवाहिक कलह के कारण सुरेंद्र की पत्नी उसके साथ नहीं रह रही थी। उन्होंने कहा, “दंपत्ति के बीच तलाक की प्रक्रिया चल रही थी... हम मामले की सभी नजरिए से जांच कर रहे हैं।” -
नयी दिल्ली। शराब के सेवन की कोई सुरक्षित सीमा नहीं है और किसी भी मात्रा में इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से हानिकारक हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा ‘लांसेट' पत्रिका में प्रकाशित एक बयान में यह जानकारी सामने आई है। कैंसर पर शोध करने वाली अंतरराष्ट्रीय एजेंसी ने एस्बेस्टस (रेशेदार खनिज), विकिरण और तंबाकू के साथ ही शराब को उच्च जोखिम वाले समूह-1 ‘कार्सिनोजेन' (कैंसर कारक) के रूप में वर्गीकृत किया है, जो दुनियाभर में कैंसर रोग का कारण बन रहे हैं।
एजेंसी ने पहले पाया कि शराब का सेवन कम से कम सात प्रकार के कैंसर का कारण बनता है, जिसमें आंत का कैंसर और स्तन कैंसर सबसे आम हैं। शराब जैविक तंत्र के माध्यम से कैंसर का कारण बनता है क्योंकि यौगिक शरीर में टूट जाते हैं, जिसका अर्थ है कि अल्कोहल युक्त कोई भी पेय, चाहे इसकी मात्रा और गुणवत्ता कैसी भी हो, कैंसर का खतरा पैदा करता है। डब्ल्यूएचओ के बयान के मुताबिक, यूरोपीय क्षेत्र में वर्ष 2017 के दौरान कैंसर रोग के 23,000 नये मामले सामने आये थे, जिनमें से 50 फीसदी का कारण शराब की हल्के से मध्यम (प्रतिदिन शुद्ध अल्कोहल की 20 ग्राम से कम मात्रा) मात्रा का सेवन रहा था।
बयान में कहा गया, ‘‘वर्तमान में उपलब्ध साक्ष्य उस सीमा का संकेत नहीं दे सकते, जिस पर शराब के कैंसर कारक वाले प्रभाव शुरू होते हैं और शरीर में नजर आने लगते हैं।'' डब्ल्यूएचओ ने कहा कि यह साबित करने के लिए ऐसा कोई अध्ययन नहीं है जिससे पता चले कि शराब सेवन का असर हृदय रोगों और टाइप-टू मधुमेह की तुलना में कैंसर रोग के लिए ज्यादा जोखिम भरा होता है, लेकिन यह मानने के पर्याप्त सबूत हैं कि भारी मात्रा में शराब पीने से हृदय रोगों का खतरा निश्चित तौर पर बढ़ जाता है। शोध में यह भी पाया गया है कि यूरोपीय क्षेत्र में शराब की खपत सबसे अधिक है और 20 करोड़ से अधिक लोगों को शराब के कारण कैंसर होने का खतरा है। -
मुंबई। आर्थिक, सामाजिक और शासन के संचालन के मामले में महाराष्ट्र पहले पायदान पर है, जबकि गुजरात और तमिलनाडु क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। साख निर्धारित करने वाली और शोध कंपनी केयर एज ने राज्यों की समग्र रैंकिंग में यह निष्कर्ष निकाला है। रैकिंग तैयार करते समय बुनियादी ढांचे की स्थिति, वित्तीय समावेशन, राजकोषीय प्रबंधन और पर्यावरण पर भी गौर किया गया है।
कुल मिलाकर राजकाज के स्तर पर उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर है और इस मामले में आंध्र प्रदेश तथा तेलंगाना से पीछे है। केयर एज की मुख्य अर्थशास्त्री रजनी सिन्हा ने इसका श्रेय योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार को दिया जिसने राज्य में कारोबार करने को सुगम बनाया है।
उन्होंने कहा कि राजकाज के स्तर पर रैंकिंग पर पहुंचने के लिये सबसे ज्यादा महत्व कारोबार सुगमता, शासन के स्तर पर डिजिटलीकरण को लेकर रिकॉर्ड, अपराधों का अदालत के स्तर पर निपटान और पुलिस बल पर दिया गया है। सिन्हा ने कहा कि समग्र रैंकिंग लंबी अवधि में हुए लाभ को बताती है।
उन्होंने कहा कि अब भौतिक बुनियादी ढांचे पर ध्यान दिया जा रहा है। लेकिन अगर जनसंख्या को लेकर जो लाभ है, उसका फायदा उठाने के लिये राज्यों को स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी सामाजिक ढांचागत सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए। अर्थशास्त्री ने कहा कि पश्चिम और दक्षिण के राज्य इस मामले में बेहतर कर रहे हैं। उन्होंने जो नीतियां अपनायी हैं, उसका लाभ दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि समग्र रैकिंग में तमिलनाडु तीसरे स्थान पर है। इसकी वजह सामाजिक क्षेत्रों में राज्यों का बेहतर प्रदर्शन है। हालांकि, उसका पड़ोसी राज्य केरल इस मामले में अव्वल है। राज्यों की समग्र सूची में महाराष्ट्र पहले स्थान पर है। इसका कारण वित्तीय समावेशप के क्षेत्र में उसका अच्छा प्रदर्शन है। वहीं गुजरात का आर्थिक और रोजकोषीय मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन है। हालांकि, गुजरात सामाजिक मानदंडों में पीछे है।
वह इस मामले में ओड़िशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार जैसे राज्यों से आगे है। वित्तीय मानदंडों के आधार पर ओड़िशा पहले स्थान पर है जबकि महाराष्ट्र और गुजरात क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर है। वहीं पर्यावरण के हिसाब से आंध्र प्रदेश सूची में अव्वल है। जबकि कर्नाटक और तेलंगाना क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर है। -
मंगलुरु. प्रख्यात साहित्यकार सारा अबूबकर का मंगलवार को यहां के अस्पताल में 87 साल की उम्र में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। परिवार में उनके चार बेटे हैं। सारा मूल रूप से केरल के कासरगोड जिले स्थित चंद्रगिरि की निवासी थीं और विवाह के बाद वह हतहिल में बस गई थीं। सारा अपने उपन्यास ‘चंद्रगिरि थीराडल्ली' से चर्चा में आईं। उन्होंने कई पुस्तकों की रचना की जिन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। सूत्र ने बताया कि सारा का अंतिम संस्कार बुंदेर में होगा।
महिलाओं की आवाज रही सारा का जन्म 30 जून 1936 में चंद्रगिरि तट स्थित गांव में हुआ था। उनके पिता पी अहमद वकील थे जबकि मां जैनबी गृहिणी थीं। सारा की प्रमुख रचनाओं में सहाना, वज्रगालु, कदनाविरमा, सुलियाल्ली सिक्कावरु, परवहा सुली, तेला ओदेदा दोनी, पंजारा, इलिजारु और कानिके प्रमुख है। उन्हें कर्नाटक राज्योत्सव सम्मान, नदोजा कर्नाटक साहित्य अकादमी का मानद पुरस्कार, दाना चिंतामणि अत्तीमाबे सम्मान और कन्नड परिषद द्वारा प्रदत्त बी सरोजादेवी सहित विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था।



























