- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। सरकार ने बुधवार को कहा कि मौजूदा किसी संस्थान या विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय में परिवर्तित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना एक सतत प्रक्रिया है और आवश्यकता होने पर इसकी स्थापना की जाती है। ऐसे विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए कोई निर्धारित मानक नहीं है। वर्तमान में, मौजूदा संस्थान या विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय में परिवर्तित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।'' अभी, देश भर में 54 केंद्रीय विश्वविद्यालय हैं। -
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 महामारी के कारण बुरी तरह प्रभावित पर्यटन क्षेत्र एक बार फिर से पटरी पर लौट रहा है। वर्ष 2022 में हिमाचल प्रदेश में 1.51 करोड़ से अधिक पर्यटक आए, जिसके साथ पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिल रहा है, जबकि 2019 में राज्य में 1.72 करोड़ पर्यटक आए थे। वर्ष 2022 में 29,333 विदेशियों सहित 1.51 करोड़ पर्यटकों ने हिमाचल का दौरा किया।
इनमें से कुल्लू और शिमला में सर्वाधिक पर्यटक आए, जो राज्य में आने वाले कुल पर्यटकों का 36 प्रतिशत है। राज्य के पर्यटन विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 2021 की तुलना में 2022 में पर्यटकों की संख्या में 62 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2021 में केवल 56.37 लाख पर्यटक हिमाचल प्रदेश आए थे।
वर्ष 2022 में मई और जून के महीने में सबसे अधिक 18.70 लाख और 20.63 लाख पर्यटकों ने हिमाचल प्रदेश का दौरा किया। राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पर्यटन क्षेत्र का योगदान लगभग 7.5 प्रतिशत है।
हालांकि, अपंजीकृत होटलों और अन्य जगहों में रहने वाले पर्यटकों को इन आंकड़ों में शामिल नहीं किया गया है। पर्यटन एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के प्रबंध निदेशक अमित कश्यप ने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी के मद्देनजर लगाए गए लॉकडाउन और प्रतिबंधों के कारण दिनचर्या नीरस हो गयी थी, लेकिन लोग अब बाहर निकल रहे हैं और गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक तथा आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के पर्यटन विभागों की ओर से आक्रामक विपणन नीति का पालन और प्रचार किया जा रहा है तथा इसकी मदद से हिमाचल में आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है।''
अमित कश्यप ने कहा, ‘‘हमने स्थानीय भाषाओं में जिंगल्स के माध्यम से विपणन नीति पर ध्यान केंद्रित किया है और इन राज्यों में टेलीविजन, मल्टीप्लेक्स, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर विज्ञापन किया है।
हमने हिमाचल के 12 जिलों के अनदेखे पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी प्रसारित करने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो भी पोस्ट किए। इसके सार्थक परिणाम सामने आए हैं और राज्य में आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। -
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के डिप्टी गवर्नर टी रवि शंकर ने बुधवार को कहा कि सिक्का निकालने वाली मशीन में नकली नोट डाले जाने के मामलों को देखते हुए यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस) आधारित विकल्प को अपनाने का फैसला किया गया है। उन्होंने मौद्रिक नीति की घोषणा के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘समस्या यह थी कि इन मशीनों में जो रुपये डाले जा रहे थे, कई मामलों में नकली पाये गये।इसीलिए यह मुद्दा बन गया था।''
शंकर ने कहा कि इसी को देखते हुए आरबीआई ने विकल्पों पर विचार करना शुरू किया गया। बहुत सारे लोग मोबाइल फोन का उपयोग करते हैं। उसके जरिये क्यूआर कोड ‘स्कैन' किया जा सकता है जो यूपीआई से जुड़ा हो सकता है। इसके माध्यम से भौतिक रूप से रुपये का उपयोग किये बिना वेंडिंग मशीन से सिक्के निकाले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मशीन देश में विकसित की गई हैं।
इस नई व्यवस्था में सिक्कों के वितरण में सुधार होगा। इससे पहले, दिन में आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने ‘क्यूआर' कोड आधारित ‘कॉइन वेंडिंग मशीन' (क्यूसीवीएम) को लेकर पायलट परियोजना शुरू करने की घोषणा की। आरबीआई 12 शहरों में क्यूआर कोड आधारित सिक्का निकालने की मशीन को लेकर पायलट परियोजना शुरू करेगा।
ये वेंडिंग मशीनें यूपीआई का उपयोग करके बैंक ग्राहकों के खाते से पैसे काटकर सिक्के उपलब्ध कराएंगी। अभी जो मशीनें हैं, उसमें बैंक नोट डालकर सिक्के निकाले जाते हैं। दास ने कहा, ‘‘नकद आधारित परंपरागत कॉइन वेंडिंग मशीन में भौतिक रूप से रुपये डालने और उसके सत्यापन की जरूरत नहीं होगी।'' शुरू में पायलट परियोजना 12 शहरों के 19 स्थानों पर शुरू करने की योजना है।
इन मशीनों को रेलवे स्टेशन, शॉपिंग मॉल, बाजारों में लगाया जाएगा। शंकर ने कहा कि आरबीआई एक अजीब समस्या से जूझ रहा है। एक तरफ सिक्कों की आपूर्ति बहुत अधिक है और इसको रखने में अधिक जगह की जरूरत होती है। साथ ही यह ठीक से वितरित नहीं हो पाता है। इस बीच, डिप्टी गवर्नर राजेश्वर राव ने कहा कि कर्ज पर जुर्माने को लेकर ब्याज के मामले में बैंकों की अलग-अलग नीतियां हैं।
इस मामले में पारदर्शिता लाने और ग्राहकों के हितों के संरक्षण को लेकर जुर्माना लगाये जाने के बारे में विभिन्न पक्षों से राय लेने को लेकर दिशानिर्देश का मसौदा जारी किया जाएगा। -
गुलमर्ग। कश्मीर की खूबसूरत वादी गुलमर्ग में घूमने के लिए लोग हर साल बड़ी संख्या में आते हैं। मगर इस बार वे ‘कांच के इग्लू' को देखकर हैरान हो गए। दिल्ली के रहने वाले एक सैलानी कबीर ने बताया, “ यह पूरी तरह से अलग अनुभव था। मुझे बहुत अच्छा महसूस हुआ।
‘इग्लू' के अंदर बैठना और खाना-पीना जबर्दस्त अनुभव था।” ‘इग्लू' बर्फ से बना छोटा घर (हिमकुटी) होता है। कबीर ने होटल कर्मचारियों और‘कांच के इग्लू' के निर्माताओं की तारीफ करते हुए कहा कि यह उन्हें प्रकृति के करीब ले गया। दिल्ली की अन्य पर्यटक नेहा कोहली ने कहा कि यह हमेशा याद रहने वाला अनुभव है, क्योंकि उन्होंने अब तक ऐसी चीज़ें सिर्फ किताबों और फिल्मों में देखी थी।
उन्होंने कहा, “ मैंने कभी नहीं सोचा था कि जो चीज़ हमने किताबों में देखी थी, हम एक दिन उस इग्लू के अंदर असलियत में बैठेंगे और खाना-पीना करेंगे।” ‘कांच के इग्लू' गुलमर्ग लाने वाले सैयद वसीम ने कहा कि गुलमर्ग आने वाले सैलानियों को यह अनुभव देने के लिए तीन साल तक शोध किया गया था। पेशे से होटल मालिक वसीम ने कहा, “ मैं बहुत यात्रा करता हूं। ऐसे ही एक सफर के दौरान मैं फिनलैंड गया।
जो लोग ‘नॉर्दन लाइट्स' देखने के लिए आते हैं वे कांच के इन इग्लू में बैठते हैं। मुझे यह बहुत रोमांचकारी लगा और मैंने इस अवधारणा को कश्मीर लाने के बारे में सोचा।” उन्होंने कहा कि ‘कांच के इग्लू' के बारे में मालूमात हासिल करने के वह ऑस्ट्रिया गए जहां इनका विनिर्माण होता है। ऑस्ट्रिया में इन ‘इग्लू' को बनाने वाली कंपनी की एक टीम पिछले साल कश्मीर आई और उसने गुलमर्ग के मौसम और जलवायु का अध्ययन किया ताकि ऐसा इग्लू बनाया जा सके जो लंबे वक्त तक चले।
वसीम ने कहा कि पिछले दो साल में उन्होंने अपने होटल के बाहर इग्लू का निर्माण कराया जिससे सैलानी आकर्षित हुए लेकिन इस साल पर्याप्त बर्फबारी नहीं होने की वजह से प्राकृतिक ‘इग्लू' नहीं बन सके। उन्होंने कहा, “ अगर आप चाहते हैं कि सैलानी बार-बार आएं तो आपको उनके आकर्षण के लिए नई चीज़ें बनानी होंगी। इन इग्लू ने हमारे लिए यही काम किया है।” वसीम ने कहा कि उन्होंने ‘कांच के छह इग्लू' 50 लाख रुपये में खरीदे हैं। -
सिवनी। मध्य प्रदेश में सिवनी जिला मुख्यालय से 65 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग- 44 पर लखनादौन बाईपास मार्ग पर एक ट्रक और कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुविभागीय अधिकारी दीपक शर्मा ने कहा कि मंगलवार शाम को जब ये सभी छह लोग नागपुर से कार से मध्य प्रदेश के सोहागपुर जा रहे थे तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में उनमें से एक दंपति सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए और उनका लखनादौन के अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके अनुसार मृतकों की उम्र 19 से 42 साल की बीच थी। अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है। -
नोएडा। गौतमबुद्धनगर जनपद में विभिन्न सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त कार्यालय ने बताया कि सूरजपुर थानाक्षेत्र के जुनपद चौराहे के पास बीती रात को सड़क हादसे में शाहरुख (25) नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर देर रात को उसकी मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार दादरी थानाक्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर तड़के सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई है और उसका शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक शव का शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस आयुक्त कार्यालय ने बताया कि सेक्टर39 थानाक्षेत्र के बॉटनिकल गार्डन के पास सड़क हादसे में रीना नामक एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका 14 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि ईकोटेक -1थानाक्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में ऋषि नामक युवक की मौत हो गई। -
ठाणे (महाराष्ट्र)। नवी मुंबई पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके पास से घरों से चुराई गई 9.57 लाख रुपये मूल्य की वस्तुएं बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने इसके साथ ही चोरी के आठ मामलों को सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम वासी) विवेक पनसारे ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि पुलिस जांच दल ने कई सुरागों पर काम किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान नवी मुंबई के कोपरखैरन, घनसोली और बोनकोंडे गांव के 90 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया।
उन्होंने बताया कि अंकुश धागे (36) और बबलू बंगाली (30) नामक आरोपियों के पास से 9.57 लाख रुपये मूल्य की चुरायी गयी चीजें बरामद की गयीं। आरोपी धागे एक वाहन चालक के तौर पर काम करता है। अधिकारी ने बताया कि सामने आये ये मामले कोपरखैरन पुलिस थाने में दर्ज किये गये थे।फाइल फोटो
-
ठाणे। नवी मुंबई पुलिस ने मुंबई-पुणे राजमार्ग पर हुई 2.17 लाख रुपये की लूट के मामले को ‘फास्टैग' प्रणाली की मदद से सुलझा लिया और इसमें शामिल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पनवेल थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल पाटिल ने कहा, ‘‘पनवेल इलाके में 26 जनवरी को एक सफेद कार में सवार आरोपियों ने एक अन्य कार को रोका और उसमें सवार लोगों से कथित तौर पर 2.17 लाख रुपये का सामान लूटा और फरार हो गए।''
अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस जांच दल ने नजदीक स्थित एक नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली और सफेद कार की पहचान की। इसके बाद ‘फास्टैग' (इलेक्ट्रॉनिक टोल क्लेक्शन प्रणाली) से पुलिस ने कार और उसके मालिक की जानकारी हासिल की। उन्होंने बताया कि कार का पता लगाया गया और उसका पीछा किया गया।
कार को खालापुर के पास एक नाके पर रोका गया, जिसके बाद वाहन के मालिक का पता लगाया गया और फिर लूटपाट में शामिल छह आरोपियों की तलाश शुरू की गई। आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो गई है । अधिकारी ने बताया कि लूटा गया सामान अभी नहीं मिल पाया है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार ने राष्ट्रहित में कई निर्णय लिए हैं और अन्य देशों में भारत के प्रति सकारात्मकता है। उन्होंने कहा कि ये सुधार मजबूरी से नहीं बल्कि दृढ़ विश्वास से किए गए हैं। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि उनकी सरकार की प्राथमिकता वंचितों, गरीबों, आदिवासियों के कल्याण के लिए काम करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में देश की विश्वसनीयता, क्षमता और अवसरों में काफी वृद्धि होने के कारण दुनिया बड़ी उम्मीद और आशा के साथ भारत की ओर देख रही है। श्री मोदी ने कहा कि भारत में निर्णायक सरकार होने के कारण राजनीतिक स्थिरता दिखाई देती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर लोकसभा में चर्चा का जवाब देते हुए श्री मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने देश को दिशा दी है और देश अब आत्मविश्वास और गर्व से भर गया है।श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन का हर पल देश की जनता के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए 2004 से 2014 को एक खोया हुआ दशक बताया। श्री मोदी ने कहा कि इस अवधि के दौरान कई घोटालों और आतंकवाद की घटनाओं ने देश को तबाह कर दिया था। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन-यूपीए शासन के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था खराब स्थिति में थी और मुद्रास्फीति दहाई अंक में पहुंच गई थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति ने देश को नुकसान पहुंचाया, भारत के विकास में देरी की और मध्यम वर्ग को नजरअंदाज किया गया, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए सरकार ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने आरोप लगाने में पिछले नौ वर्ष बर्बाद कर दिए।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि करोड़ों लोगों का विश्वास उनका सुरक्षा कवच है और इसे अपशब्दों और आरोपों से तोड़ा नहीं जा सकता। उनके खिलाफ विपक्ष के आरोपों का स्पष्ट संदर्भ देते हुए श्री मोदी ने कहा कि लोगों का उन पर भरोसा अखबारों की सुर्खियों या टीवी दृश्यों के कारण नहीं बल्कि उनके वर्षों के समर्पण के कारण है।विपक्ष के केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोपों के बारे में श्री मोदी ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर लाया है और इसने वह किया है जो मतदाता नहीं कर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर जांच एजेंसियां भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करती हैं तो वे उन पर हमला करती हैं।सरकारी कल्याणकारी उपायों को सूचीबद्ध करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत दुनिया के कई देशों में कोविड महामारी, अस्थिरता और संघर्ष, बढ़ती मुद्रास्फीति और बेरोजगारी से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा कि भारत की जी-20 की अध्यक्षता देश के लिए गौरव का क्षण है। देश के बढ़ते डिजिटल बुनियादी ढांचे और तकनीकी कौशल पर श्री मोदी ने कहा कि भारत एक विनिर्माण केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि देश दुनिया की तीसरी सबसे बडी स्टार्ट-अप व्यवस्था के रूप में उभरा है और यहां 90 हजार से अधिक स्टार्ट-अप हैं। उन्होंने कहा कि देश ने मोबाइल निर्माण, घरेलू हवाई यात्रा, ऊर्जा खपत, नवीकरणीय ऊर्जा और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में शानदार विकास किया है।प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए के शासन में जम्मू कश्मीर भी कई दशकों के बाद शांति और स्थिरता का युग देख रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटकों ने कश्मीर घाटी की यात्रा की है। श्री मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर में भी स्थिति में काफी सुधार हुआ है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को दूरदर्शी बताते हुए कहा कि इससे देश को दिशा मिली है और देश अब आत्मविश्वास और गर्व से भर गया है। इससे पहले प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान कांग्रेस सदस्यों ने सदन से कुछ देर के लिए वाकआउट किया।इसके बाद सदन ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को ध्वनि मत से स्वीकार कर लिया। -
अमीनगांव (असम) .केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार उन तरीकों पर पक्षकारों से विचार-विमर्श कर रही है जिन्हें भारत खासतौर से वैश्विक मीडिया संगठनों तक गलत सूचनाओं के प्रवाह को रोकने के लिए अपनाया जा सकता हैं। यहां ‘यूथ20' सम्मेलन में भाग ले रहे प्रतिनिधियों से बातचीत में सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि सरकार ने सूचना का प्रसार करने वाली कंपनियों के लिए पहले ही दिशा निर्देश जारी किए हैं, जिनमें से एक इस समस्या से निपटने के प्रयासों के तौर पर ‘शिकायत अधिकारी' की नियुक्ति है। उन्होंने कहा, ‘‘सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय इस पर प्रतिक्रिया ले रहा है कि गलत सूचना के प्रवाह को रोकने के लिए क्या कुछ किया जा सकता है। रिपोर्टर और कई लोग सकारात्मक खबरों के प्रसार के लिए अपना काम कर रहे हैं।'' जम्मू कश्मीर पर एक सवाल के जवाब में ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र के लोग देश के बाकी हिस्सों में लोगों की तरह समान अधिकारों का उपयोग कर रहे हैं।
-
भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार ने मृत सरकारी कर्मचारियों की विवाहित बेटियों को बेटे की तरह अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने का समान अधिकार मिले इसके लिए मंगलवार को नियमों में संशोधन करने का निर्णय किय। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में यहां हुई कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "कैबिनेट ने फैसला किया है कि बेटों की तरह विवाहित बेटियों को भी अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पाने का समान अधिकार है।" उन्होंने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग को नियमों में आवश्यक संशोधन करने का निर्देश दिया गया है।
इस साल की शुरुआत में मप्र उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने सरकार को मृत कर्मचारी की विवाहित बेटी को नौकरी देने का निर्देश दिया था। अधिकारियों ने कहा कि कैबिनेट ने मंगलवार को अदालत के फैसले का हवाला देते हुए इसे आधिकारिक नीति बनाने का फैसला किया। सरंग ने कहा कि कैबिनेट ने आजीविका प्रदान करने के लिए बैगा, सहरिया और भारिया आदिवासी समुदायों के पात्र परिवारों को दुधारू मवेशी प्रदान करने का भी निर्णय लिया। सारंग ने कहा कि योजना के तहत प्रत्येक परिवार को दो दुधारू पशु दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि दूध, गोबर, गोमूत्र सहित पशु उत्पादों को सहकारी समितियों के माध्यम से बाजार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने सूराज नीति-2023 को भी मंजूरी दी है। इसमें मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में घोषित गरीबों को आवास के लिए अतिक्रमण से मुक्त भूमि प्रदान करने की योजना है।
-
हैदराबाद. अमेरिका में कथित रूप से गोली लगने से मरे तेलंगाना के खम्मम जिले के छात्र के माता-पिता ने सरकार से अपने बेटे का शव वापस लाने में मदद मांगी है। पुलिस ने बताया कि खम्मम जिले के मधिरा कस्बे के रहने वाले अखिल साई महानकली (25) का अमेरिका के अल्बामा राज्य में सोमवार को निधन हो गया था और इस सिलसिले में वहां की पुलिस ने एक भारतीय नागरिक को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। छात्र के माता-पिता ने मंगलवार को बताया कि अखिल अमेरिका में एमएस की पढ़ाई कर रहा था। वह 13 महीने पहले वहां गया था और पार्ट-टाइम काम भी करता था। उसकी मां ने रोते हुए कहा, ‘‘ हमने अपने बेटे को पढ़ने के लिए भेजा था। कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि हम अपने बेटे को ऐसे खो देंगे।'' अखिल के माता-पिता ने तेलंगाना, भारत और अमेरिका सरकार से बेटे का शव घर लाने में मदद करने का अनुरोध किया है।
-
पीलीभीत . उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी महिला से एक युवक द्वारा छेड़छाड़ किये जाने के बाद अरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है । जहानाबाद थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) प्रभाष कुमार ने पत्रकारों को बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपने पड़ोसी युवक के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया कि ''घर में मेरी पत्नी को अकेला पाकर उसने छेड़छाड़ की और जब मैं पहुंचा तो वह गाली गलौज कर भाग गया।'' उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
ललौरी खेड़ा चौकी प्रभारी मैनपाल ने बताया कि आरोपी बिन्नी उर्फ महावीर को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया है। -
सुलतानपुर1 जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के घासीपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों द्वारा मंगलवार को की गयी गोलीबारी में 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गयी जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घायल युवक को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर को हुई जब मोटरसाइकिल पर जा रहे आशुतोष सिंह (28) और गौरव सिंह (20) पर बाइक सवार बदमाशों ने गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि गौरव के सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आशुतोष को पैर में चोटें आईं हैं। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गयी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
-
नयी दिल्ली. भारत सरकार द्वारा भूकंप प्रभावित तुर्किये की मदद करने के फैसले के तहत तुर्किये के लोगों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय सेना ने मंगलवार को चिकित्सकों की टीम भेजी। अधिकारियों ने कहा कि आगरा-स्थित आर्मी फील्ड हॉस्पिटल ने 89 सदस्यीय मेडिकल टीम को भेजा गया है।
मेडिकल टीम में अन्य के अलावा गहन चिकित्सा देखभाल विशेषज्ञ भी हैं। इस टुकड़ी में ऑर्थोपेडिक (हड्डी रोग) सर्जरी टीम, सामान्य सर्जरी की विशेष टीम और मेडिकल विशेषज्ञ टीमें शामिल हैं। यह टीम एक्स-रे मशीन, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट, हृदय गति मापने के लिए कार्डियक मॉनिटर और संबंधित उपकरणों से लैस है, जो 30 बेड वाले मेडिकल अस्पताल में उपयोगी वस्तुओं के बराबर हैं। तुर्किये की हर संभव मदद की पेशकश को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद भारत ने सोमवार को तत्काल राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की खोज एवं बचाव टीम, मेडिकल टीम एवं राहत बचाव टीम को देश भेजने का फैसला किया। राहत सामग्री के साथ पहला विमान सोमवार रात को भेजा गया।
तुर्किये एवं पड़ोसी सीरिया में सोमवार को आए भूकंप में 4,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। भूकंप का केंद्र दक्षिण पूर्वी प्रांत कहरामनमारस में था और यह काहिरा तक महसूस किया गया था। -
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के दो दल भीषण भूकंप से प्रभावित तुर्किये की राहत एवं बचाव कार्यों में मदद करने के लिए मंगलवार को रवाना हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। तुर्किये में आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से सैकड़ों लोगों की मौत हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि संघीय आपदा बल के साथ दो खोजी श्वान, चार पहिया वाहन, हथौड़े, कटाई करने वाले औजार, प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित दवाएं और संचार प्रणाली भी भेजी गई है। एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के पास स्थित गाजियाबाद और कोलकाता स्थित दलों के कुल 101 कर्मियों को उपकरणों के साथ हिंडन एयरबेस से भारतीय वायु सेना के जी-17 विमान के जरिये तुर्किये के लिए रवाना किया गया। तुर्किये जाने वाले समूह में पांच महिला बचावकर्मी, एक चिकित्सक और पैरा मेडिकल कर्मी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ के दल दक्षिण तुर्किये के अदन हवाई अड्डे पर उतरेंगे, जहां वे प्रभावित क्षेत्रों में आगे की तैनाती के लिए भारतीय दूतावास और तुर्किये सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। अधिकारी ने कहा, ‘‘यह भूकंप प्रभावित तुर्किये और पड़ोसी क्षेत्रों के लिए सोमवार को भारत सरकार द्वारा घोषित मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) प्रयासों का हिस्सा है।'' उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ के दल मलबे में फंसे लोगों को बचाने में मदद करेंगे और स्थानीय अधिकारियों को हरसंभव सहायता मुहैया कराएंगे। एनडीआरएफ के दल इससे पहले 2011 में जापान तिहरी आपदा (भूकंप, सूनामी और परमाणु हादसे) और 2015 में नेपाल भूकंप के बाद भी इसी तरह की मदद मुहैया करा चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भूकंप-प्रभावित देश की हरसंभव मदद करने संबंधी निर्देश के बाद सरकार ने राहत सामग्री के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और चिकित्सा दलों को तुर्किये भेजना का फैसला किया। तुर्किये और सीरिया में आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से अब तक पांच हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से विचार विमर्श कर नीट-सुपर स्पेश्यिलिटी पाठ्यक्रमों के लिए पात्रता मानदंड 50 प्रतिशत से घटाकर 20 प्रतिशत करने का फैसला किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (नीट)-सुपर स्पेश्यिलिटी (एसएस) में 20 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले प्रतिभागी ‘‘विशेष मॉप-अप चरण'' में भाग ले सकेंगे। चिकित्सा परामर्श समिति ने राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीई) को भेजे एक पत्र में कहा, ‘‘स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सक्षम प्राधिकारियों ने एनएमसी से विचार-विमर्श कर अतिरिक्त मॉप-अप चरण कराने का फैसला किया है। नीट-एसएस 2022-23 काउंसिलिंग के दो चरण पूरे होने के बाद बाकी की सीटों के लिए यह किया जा सकता है।'' इसमें कहा गया है कि अतिरिक्त चरण के लिए वे उम्मीदवार योग्य होंगे जो एनबीई द्वारा करायी नीट-एसएस 2022 परीक्षा में सभी विषयों में 20 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करेंगे।
-
बेंगलुरु। केंद्र सरकार ने के. सत्यनारायण राजू को तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक का प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। वह एल वी प्रभाकर का स्थान लेंगे। प्रभाकर का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2022 को पूरा हो गया था।
इससे पहले राजू 10 मार्च, 2021 से केनरा बैंक में कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत थे। बैंक ने बयान में कहा कि राजू के पास बैंकिंग क्षेत्र के सभी खंडों का व्यापक अनुभव है। -
सुरेंद्रनगर। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में मंगलवार को सुबह एक मिनी वैन राजमार्ग के किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। सायला पुलिस थाने के एक अधिकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा बचाव दल को शवों को वाहन से बाहर निकालने में काफी समय लगा।
अधिकारी ने बताया, "वैन राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोडासा से राजकोट की ओर जा रही थी, तभी वह 'आया गांव' के पास खड़े एक ट्रक से, पीछे से जा टकराई। वैन में सवार सभी चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल, मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।" गौरतलब है कि सोमवार को गुजरात के आणंद शहर के पास भी वडोदरा-अहमदाबाद एक्सप्रेस-वे पर खड़े एक ट्रक से वैन की टक्कर होने के बाद तीन लोगों की मौत हो गई थी। -
नोएडा(उप्र)। गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा सेक्टर-126 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-132 की एक सोसाइटी में रहने वाले इंजीनियर से कथित तौर पर शादी के लिए लड़की दिखाने के नाम पर करीब 1.24 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नोएडा सेक्टर-126 थाना के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सेक्टर-132 स्थित एटीएस सोसाइटी में रहने वाले व पेशे से इंजीनियर दिग्विजय सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने शादी के लिए एक वेबसाइट पर अपना बायोडाटा अपलोड किया था।
कुमार ने शिकायत के हवाले से बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने सिंह से संपर्क किया तथा उसने पांच लड़कियों की तस्वीर भेजी। उन्होंने बताया कि आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने लड़कियों से मुलाकात कराने की बात कही और लड़कियों के लिए परिजनों सहित रुकने की व्यवस्था करने हेतु पीड़ित से रुपये मांगे।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित का कहना है कि उसने उक्त व्यक्ति के खाते में 1,24,200 रुपये हस्तांतरित किए जिसके बाद उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ। उन्होंने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। -
औरंगाबाद। महाराष्ट्र के औरंगाबाद शहर में 22 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर अपने दो नाबालिग बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार तड़के सादात नगर इलाके में हुई। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके ऐसा करने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस निरीक्षक प्रशांत पोतदार ने कहा कि महिला ने अपनी छह साल की बेटी और चार साल के बेटे की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि बच्चे सोमवार सुबह अपने कमरे से बाहर नहीं आए, जिसके बाद महिला ने खुद कुछ रिश्तेदारों को फोन किया, जो बेसुध बच्चों को अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पोतदार ने कहा कि पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार बच्चों की मौत गला घोंटने से हुई है।
उन्होंने बताया कि महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा-302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। -
बागपत। जिले के बिलोचपुरा गांव में एक युवक ने कथित रुप से शराब के नशे में अपने सगे बड़े भाई की हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद करा लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी डी.के.शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान बिलोचपुरा गांव निवासी यासीन के पुत्र नहीम (26) के तौर पर हुई है, जबकि आरोपी का नाम कासिफ (20) है। दोंनो भाई मजदूरी करते थे।
सोमवार की देर रात दोनों भाइयों में पैसे के लेन-देन को लेकर कहासुनी हो गई, जिसमें आरोपी कासिफ ने शराब के नशे में हथौड़े से सिर पर वार करके बड़े भाई नहीम की हत्या कर दी। अधिकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। -
गाजीपुर (उप्र)। जिले के रामपुर माझा थाना अंतर्गत बासूचक गांव के पूर्व प्रधान की संदिग्ध परिस्थितियों में सीने में गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात पूर्व ग्राम प्रधान मनोज सिंह (43) अपने साथियों के साथ कार से एक तिलक समारोह में जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने गाजीपुर नगर के बंसीबाजार स्थित एक पेट्रोल पंप से कार में पेट्रोल भरवाया।
सिंह वहां से थोड़ी दूर आगे ही पहुंचे थे कि संदिग्ध स्थिति में चली गोली उनके सीने में जा लगी। उनके साथी उन्हें खिदराबाद स्थित नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कार में सिंह के साथ जा रहे लोग उन्हें छोड़कर कार सहित भाग गए।
मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक गोपीनाथ सोनी ने कहा कि मृतक के पुत्र की शिकायत पर छानबीन की जा रही है। जांच के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार सहित फरार सिंह के साथियों की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। -
नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को उद्योग जगत का स्टार्टअप कंपनियों के साथ साझेदारी कर उत्पादों के विकास में उनके प्रौद्योगिकी समाधानों का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। सीतारमण ने यहां उद्योग मंडल सीआईआई की तरफ से आयोजित एक परिचर्चा के दौरान कहा कि भारतीय उद्योग जगत के दिग्गजों से निवेश आकर्षित करने के जरूरी कदमों के बारे में लीक से हटकर राय देने को भी कहा।
उन्होंने कहा, "मैं स्टार्टअप और उनके समाधान को रफ्तार से बढ़ते हुए देखती हूं। असल में यह समाधान आप लोगों के लिए हैं। लेकिन इसके लिए आपको उनके जितना ही तेज होना चाहिए, अन्यथा वे नए उद्योग या कारोबारी गतिविधि तलाश लेंगे।" वित्त मंत्री ने कहा, "ऐसे में उत्पादों के विकास के लिए स्टार्टअप से मिलकर काम करने के बारे में सोचना होगा।
यह वक्त की जरूरत है और आपको वह लाभ लेने के लिए बिना हिचक के साझेदारी करनी होगी।" उन्होंने कहा कि नए उभरते क्षेत्रों के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना एक बढ़िया पहल हो सकती है। उन्होंने कहा, "लेकिन मैं यह भी सोचती हूं कि पीएलआई से इतर कौन सी चीज ऐसी है जो आपको बढ़त दे सकती है।" सीतारमण ने उद्योग जगत से निवेश जुटाने एवं प्रौद्योगिकी लाने के लिए लीक से हटकर सोचने का अनुरोध करते हुए कहा कि स्टार्टअप के साथ मिलकर काम करने से नए अवसरों तक पहुंच बनेगी।
सीमेंट पर जीएसटी की दर को 28 प्रतिशत से घटाकर नीचे लाने की मांग पर वित्त मंत्री ने कहा कि इस पर गौर किया जाएगा और जरूरी होने पर जीएसटी परिषद की दर निर्धारण समिति को विचार के लिए भेजा जाएगा। -
खूंटी। झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 40 किलोमीटर दूर खूंटी में मंगलवार तड़के सदर थाना क्षेत्र के अमृतपुर मोहल्ले स्थित एक घर में आग लगने से 75 वर्षीय वृद्धा और उसकी 35 वर्षीय बेटी की जलकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुसाना कच्छप (75) और बेटी पुष्पा कच्छप (35) के रूप में हुई है। शार्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
बुजुर्ग और बेटी घर में लगी आग से घिर गए थे। आस पड़ोस के लोगों ने बताया कि वृद्धा की बेटी दिव्यांग थी और बोलने में सक्षम नहीं थी, इसलिए समय रहते वह सहायता के लिए किसी को बुला नहीं पाई। साथ ही लोगों का भी इस ओर ध्यान यह सोचकर नहीं गया कि आग लगने के बाद वह सुरक्षित घर से बाहर निकल गयी होंगी।
दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझने के बाद दोनों के शव घर से मिले। खूंटी थाना के प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक पिंटू कुमार ने बताया, “ पुलिस ने अपने स्तर से घटना को लेकर सभी बिदुओं पर छानबीन की है, जिसमें आगजनी को लेकर किसी साजिश की संभावना भी शामिल है, लेकिन जांच के क्रम में और आसपास एवं रिश्तेदारों से बातचीत में किसी भी प्रकार की कोई ऐसी जानकारी नहीं मिली जिससे घटना में किसी साजिश की आशंका की बात सामने आ सके।'' फिलहाल पुलिस इस संबंध में परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर रही है। पुलिस ने बाद में दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है।प्रतिकात्मक फोटो



























.jpg)