- Home
- देश
-
बरूईपुर (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक गांव के मेले में गैस सिलेंडर फटने से चार लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य घायल हो गये। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटना जॉयनगर थाना क्षेत्र के बंतरा गांव में रविवार रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर हुई।
पुलिस ने बताया कि गुब्बारा विक्रेता द्वारा गुब्बारे को भरने के लिए गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। तभी यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, हादसे में मारे गए लोगों की पहचान साहिन मोल्ला (13), कुतुबुद्दीन मिस्त्री (35), अबीर गाजी (8) और गुब्बारा विक्रेता मुचिराम मंडल (35) के रूप में हुई है। सभी घायलों को बारुईपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।फाइल फोटो
-
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में देहरादून-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे इस घटना में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह दुर्घटना रविवार को हुयी।
खतौली थाने के प्रभारी संजीव कुमार ने सोमवार को बताया कि मृतकों में से एक की पहचान दिलशाद (30) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान की जा रही है । उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने बताया कि आगे की जांच की जा रही है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से जुड़े बकाये की राशि महा लेखाकार (एजी) का प्रमाणपत्र मिलने के बाद जारी कर दी जाती है, लेकिन कई राज्यों से यह प्रमाणपत्र नहीं मिला है। उन्होंने सदन में द्रमुक सांसद ए राजा के पूरक प्रश्न के उत्तर में यह भी कहा कि राज्यों को एजी प्रमाणपत्र देने को लेकर ‘सक्षम' होना पड़ेगा।
सीतारमण ने कहा, ‘‘जीएसटी मुआवजा कब दिया जाएगा, यह फैसला केंद्र सरकार नहीं करती। यह फैसला जीएसटी परिषद करती है। इस परिषद में सभी राज्यों के वित्त मंत्री बैठकर फैसला करते हैं।'' उनका कहना था कि जीएसटी से जुड़ी मुआवजा राशि जारी करने में विलंब केंद्र के स्तर पर नहीं हो रहा है, यह विलंब राज्यों की ओर से एजी प्रमाणपत्र नहीं देने के कारण हो रहा है।
सीतारमण ने कहा, ‘‘मैं सदन को बताना चाहती हूं कि राज्य सरकार को इसे लेकर सक्षम होना पड़ेगा कि एजी प्रमाणपत्र दिया जाए।'' उन्होंने केरल से आरएसपी के एन के प्रेमचंद्रन के पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि राज्य सरकार ने पिछले कई वर्ष से एक भी एजी प्रमाणपत्र नहीं भेजा है, इसलिए जीएसटी बकाया जारी नहीं किया जा सका है।
वित्त मंत्री ने कहा कि वित्त आयोग की सिफारिश के अनुसार बकाया राशि के लिए भुगतान के लिए एजी का प्रमाणपत्र जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि सदस्य राज्य सरकार के साथ बैठकर सारे वर्ष के प्रमाणपत्र एक बार में भी केंद्र को भिजवा देंगे, तो तुरंत उसकी बकाया राशि जारी कर दी जाएगी। सीतारमण ने कहा कि इसके लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है। -
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में सोमवार को एक टावर वैगन की चपेट में आने से रेलवे के चार ट्रैकमैन की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। टावर वैगन का उपयोग विद्युतीकृत खंडों में ओवरहेड उपकरण के रखरखाव के लिए किया जाता है।
अधिकारियों ने कहा कि घटना मध्य रेलवे के लासलगांव और उगांव स्टेशनों के बीच सुबह करीब पौने छह बजे हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ट्रैकमैन काम कर रहे थे कि तभी वे गलत दिशा से आए टावर वैगन की चपेट में आ गए। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद लासलगांव पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने कहा कि वैगन चालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने कहा कि चारों कर्मचारियों को लासलगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान संतोष भाऊराव केदारे (38), दिनेश सहदू दराडे (35), कृष्ण आत्माराम अहिरे (40) और संतोष सुखदेव शिरसाठ (38) के रूप में हुई है।
बाद में, नाराज रेल कर्मचारियों ने लासलगांव रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया और दावा किया कि दुर्घटना के तीन घंटे बाद भी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मनमाड-मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस गोदावरी एक्सप्रेस को करीब 10 मिनट तक रोके रखा।
प्रदर्शनकारियों को भुसावल मंडल रेल प्रबंधक एसएस केडिया ने शांत कराया जिन्होंने तीन कर्मचारियों को निलंबित करने की घोषणा की, साथ ही मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 50,000 रुपये और आगामी दिनों में प्रत्येक पीड़ित के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
केडिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लासलगांव और उगांव के बीच रखरखाव योजना के तहत दो मशीन काम कर रही थीं। कुछ गैंगमैन (ट्रैकमैन) पहले से ही पटरी पर काम कर रहे थे। एक टावर वैगन की चपेट में आने से उनकी जान चली गई, क्योंकि उन्हें समय पर चेतावनी नहीं मिली।''
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मृतकों के एक आश्रित को जल्द रेलवे में नौकरी दी जाएगी। सभी पेंशन और बकाये का भुगतान जल्द किया जाएगा। घटना के संबंध में तीन लोगों को निलंबित कर दिया गया है। उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।'' -
नयी दिल्ली। सरकार ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि वह भारत में एक अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र (हब) बनाने के लिए काम कर रही है और इस संबंध में विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। नागर विमानन राज्यमंत्री वी के सिंह ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।
उनसे सवाल किया गया था, ‘‘क्या यह सच है कि सरकार भारतीय हवाई अड्डों और भारतीय विमानों का उपयोग करके देश में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू यात्रियों के लिए एक अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र बनाने पर सक्रिय रूप से काम कर रही है?'' सिंह ने इसके जवाब में कहा, ‘‘जी, हां।''
उन्होंने कहा कि नागर विमानन मंत्रालय ने विभिन्न हितधारकों से परामर्श किया है तथा उद्योग को एक साथ मिलकर भारत में अंतर्राष्ट्रीय हब के विकास के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय विमान कंपनियां भी अपने बेड़े में संवर्धन कर रही हैं जिससे भारतीय गंतव्यों से लम्बी दूरी के और अधिक परिचालन संभव हो पाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पिछले महीने कहा था कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा विमानन बाजार बन गया है और तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा देश में हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर 147 हो गई है जो 2014 मे 74 थी। -
नयी दिल्ली। जी-20 के संस्कृति समूह की पहली बैठक फरवरी के अंतिम सप्ताह में मध्य प्रदेश के खजुराहो में आयोजित की जाएगी जहां यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थलों में शामिल अनेक उत्कृष्ट मंदिर हैं। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को कहा कि 22 से 25 फरवरी के बीच बैठक होगी।
भारत ने एक दिसंबर को जी-20 समूह की अध्यक्षता संभाली थी। देश में 55 स्थानों पर समूह से जुड़ी 200 से अधिक बैठकें होंगी और दिल्ली में सितंबर में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
जी-20 पर्यटन कार्यसमूह की पहली बैठक 7 से 9 फरवरी के बीच गुजरात में रण के कच्छ में हुई। खजुराहो में होने वाली संस्कृति समूह की बैठक महाराज छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की जाएगी। -
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सिधौली-बिस्वा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। सिधौली के पुलिस के क्षेत्राधिकारी यदुवेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार की देर रात हुयी इस घटना में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि मरने वाले तीनों व्यक्ति एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि मरने वालों की पहचान आनंद गुप्ता, उसके चाचा हनुमान प्रसाद और जितेंद्र पाल के रूप में की गयी है। सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। -
नयी दिल्ली। बंदरगाहों, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय (एमओपीएसडब्ल्यू) ने रो-रो यानी माल ढुलाई और रो-पैक्स नौका सेवाओं के लिए दिशानिर्देश बनाने को लेकर उच्चस्तरीय पैनल गठित किया है। सोमवार को एक आधाकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। ‘रो-रो' यानी ‘रोल ऑन/रोल ऑफ' से आशय ऐसे जहाजों से हैं, जो मुख्य रूप से वाहनों की ढुलाई में इस्तेमाल होते हैं। वहीं रो-पैक्स जहाजों में लोग अपने वाहनों के साथ यात्रा कर सकते हैं।
आधिकारिक बयान के अनुसार इसके अलावा, दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण के चेयरमैन की अध्यक्षता वाली समिति रो-रो/रो-पैक्स/तेज यात्री नौका के संचालन के लिए रो-रो, रो-पैक्स टर्मिनल संचालक और मॉडल छूट समझौता का मसौदा भी बनाएगी। सोमवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, पैनल जहाज के सुरक्षा मानकों, ऑनलाइन टिकट प्रणाली और वैधानिक मंजूरी आदि विभिन्न पहलुओं पर भी गौर करेगा। -
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाईपास के पास सोमवार को एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे 45 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गयी। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) तुषार सिंह ने ‘ बताया कि मृतकों की पहचान सुरेश चौबे और उनके बेटे अनश चौबे के रूप में हुई है और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
एसडीएम ऋषभ जैन ने कहा कि खजरी खिरिया बाईपास के पास दुर्घटना स्थल के आसपास रहने वाले लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्थानीय अधिकारियों से उपाय करने की मांग करते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया। अनुमंडल अधिकारी (एसडीएम) ने कहा कि उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से बात की है और यातायात के दबाव को कम करने के लिए एक फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिसके बाद लोगों ने चक्का जाम करना छोड़ दिया। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को यहां ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में 15 दिवसीय ‘‘आदि महोत्सव'' का उद्घाटन करेंगे। मुंडा ने कहा कि देश भर से आदिवासी कारीगरों को मोटे अनाज से व्यंजन बनाने की विधि प्रदर्शित करने और मोटे अनाज संबंधी उत्पाद बेचने के लिए आमंत्रित किया गया है।
मोटे अनाज आदिवासी समुदायों के आहार का एक अभिन्न हिस्सा हैं और भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने 2023 को ‘अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष' घोषित किया है। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाली मंत्रालय की झांकी भी प्रदर्शित की जाएगी। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के तहत एक संगठन ‘ट्राइफेड' आदिवासी शिल्पकारों और महिलाओं को सीधे बाजार पहुंच प्रदान करने के लिए ‘‘आदि महोत्सव'' आयोजित करता है।
इस उत्सव में जनजातीय हस्तशिल्प, हथकरघा, चित्रकारी, आभूषण, बेंत और बांस, मिट्टी के बर्तन, भोजन और प्राकृतिक उत्पाद, उपहार और वर्गीकरण, जनजातीय व्यंजन और 200 स्टालों के माध्यम से इसे प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी-सह-बिक्री की सुविधा होगी।
महोत्सव में 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 500 आदिवासी कारीगर और कलाकार भाग लेंगे। इनमें 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के आदिवासी रसोइए शामिल हैं, जिनके लिए 20 ‘फूड स्टॉल' लगाए जा रहे हैं। -
कोटद्वार (उत्तराखंड)। तुर्किये में पिछले सप्ताह आए विनाशकारी भूकंप में जान गंवाने वाले 36 वर्षीय विजय कुमार गौड़ के शव को सोमवार सुबह दिल्ली लाया गया और कोटद्वार में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में एक रिश्तेदार देवेंद्र नवानी ने बताया कि गौड़ के शव को दिल्ली में उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया, जो अंतिम संस्कार के लिए इसे मुक्तिधाम लेकर आए।
पौड़ी जिले के कोटद्वार के पदमपुर क्षेत्र निवासी गौड़ बेंगलुरु की एक कंपनी के लिए काम करते थे और एक आधिकारिक काम के सिलसिले में तुर्किये में थे। छह फरवरी को तुर्किये में आए भीषण भूकंप के बाद से वह लापता थे। उनका शव शनिवार को तुर्किये के शहर मालात्या के एक होटल के मलबे में मिला था, जहां वह ठहरे हुए थे।
भारतीय दूतावास के अधिकारियों का हवाला देते हुए परिवार ने पहले कहा था कि गौड़ की पहचान उनके हाथ पर बने ‘‘ओम'' के टैटू से हुई। उनका चेहरा बुरी तरह से कुचला हुआ था। गौड़ के परिवार में उनकी पत्नी और छह साल का बेटा है। -
ठाणे. महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के विधायक संजय केलकर ने रविवार को कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना के नाम से जाने, जाने वाली मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर को ‘वंदे मातरम' नाम दिया जाना चाहिए। ठाणे से विधायक केलकर ने संवाददाताओं से कहा कि इसे ‘वंदे मातरम' बुलेट ट्रेन कहा जाना चाहिए।
केलकर ने कहा कि वह जल्द ही इस मांग को केंद्र सरकार के सामने उठाएंगे क्योंकि इस तरह के कदम से “नागरिकों के बीच राष्ट्रवाद और राष्ट्र के प्रति प्रेम” बढ़ेगा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के 14 फरवरी को ठाणे जिले के दौरे पर केलकर ने कहा कि 2024 के आम चुनावों के लिए भाजपा की तैयारियों के तहत कई बैठकें होंगी। भाजपा की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए ठाकुर अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान पार्टी कैडर और समाज के कई तबकों से मुलाकात करेंगे।
- -
चंद्रपुर. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के ब्रह्मपुरी के एक गांव में खुदाई के दौरान भगवान कृष्ण की दो फुट ऊंची मूर्ति मिली है। एक इतिहासकार ने रविवार को यह जानकारी दी। भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत राष्ट्रीय ट्रस्ट (आईएनटीएसीएच) की कार्यकारी समिति के सदस्य अशोक सिंह ठाकुर ने कहा कि खेड़ गांव में मिली भगवान कृष्ण की मूर्ति 12वीं सदी के चालुक्य वंश की है। अशोक सिंह ठाकुर ने कहा कि मूर्ति, जिसमें कृष्ण को बांसुरी बजाते हुए दिखाया गया है, उसे एक पत्थर पर उकेरा गया है। गांव में कुछ निर्माण कार्य के लिए खुदाई के दौरान मूर्ति मिली थी। उन्होंने कहा, ‘‘ मूर्ति को दक्षिण भारतीय शैली में काले पत्थर से बनाया गया है। हो सकता है कि कोई इसे देश के दक्षिण हिस्से से यहां लाया हो। हालांकि, इस खुदाई के दौरान हमें किसी मंदिर के अवशेष नहीं मिले। '' गजानन मानकर, जिनकी जमीन पर यह मूर्ति मिली है, उन्होंने कहा कि वह धन्य महसूस कर रहे हैं और इस जगह पर एक मंदिर बनाना चाहते हैं।
- -
नयी दिल्ली. आगरा, वाराणसी, चेन्नई, पुणे और अहमदाबाद उन 22 शहरों में शामिल हैं जो सरकार के महत्वाकांक्षी ‘स्मार्ट सिटीज मिशन' के तहत अगले महीने तक अपनी सभी परियोजनाओं का काम पूरा कर लेंगे जिससे वे अपने नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण बेहतर जीवन और एक स्वच्छ एवं टिकाऊ माहौल दे पाएंगे। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मिशन के तहत चयनित शेष 78 शहरों में अगले तीन-चार महीने में परियोजनाओं पर काम पूरा हो जाएगा। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने 25 जून, 2015 को महत्वाकांक्षी ‘स्मार्ट सिटीज मिशन' की शुरुआत की थी और जनवरी 2016 से जून 2018 तक चार दौर की प्रतिस्पर्धा के माध्यम से पुनर्विकास के लिए 100 शहरों का चयन किया गया था। मंत्रालय के अनुसार इस मिशन का उद्देश्य शहरों को विभिन्न मुद्दों पर ‘‘स्मार्ट समाधान' अपनाने के अलावा मूलभूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना और अपने नागरिकों को एक गुणवत्तापूर्ण जीवन और स्वच्छ एवं टिकाऊ माहौल देने के लिए प्रेरित करना है। मार्च तक जिन 22 स्मार्ट शहरों में सभी परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी उनमें भोपाल, इंदौर, आगरा, वाराणसी, भुवनेश्वर, चेन्नई, कोयम्बटूर, इरोड, रांची, सलेम, सूरत, उदयपुर, विशाखापत्तनम, अहमदाबाद, काकीनाडा, पुणे, वेल्लोर, पिंपरी-चिंचवड़, मदुरै, अमरावती, तिरुचिरापल्ली और तंजावुर शामिल हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘हम मार्च तक 22 स्मार्ट शहरों का काम पूरा कर लेंगे क्योंकि इन शहरों में काम अंतिम चरण में है। अगले तीन-चार महीनों में हम शेष शहरों में परियोजना कार्य पूरा कर लेंगे।'' शहर स्तर पर स्मार्ट सिटीज मिशन का कार्यान्वयन एक विशेष उद्देश्य वाहक (एसपीवी) द्वारा किया जाता है। ये एसपीवी अपनी स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की योजना, कार्यान्वयन, संचालन, निगरानी और मूल्यांकन करते हैं।
-
सिलवासा. दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में एक 19 वर्षीय लड़की की उसकी मां के पूर्व लिव-इन पार्टनर ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान अंकिता राजपूत के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया, “अंकिता की मां आरोपी के साथ रिश्ते में थी और तीनों एक ही घर में रह रहे थे। हालांकि, आरोपी के अभद्र व्यवहार के कारण मां-बेटी सिलवासा लौट आईं।” अधिकारी ने बताया, “आरोपी शनिवार सुबह महिला को ढूंढते हुए आया लेकिन उसने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। बाद में उसने (आरोपी) कमरा बाहर से बंद पाया। जब अंकिता अपने ट्यूशन से वहां पहुंची, तो उसने उससे दरवाजे की चाबी मांगी। लेकिन अंकिता ने चाबी देने से मना कर दिया। गुस्से में आकर उसने उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। असम के मूल निवासी और यहां एक निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत आरोपी को सिलवासा के सयाली इलाके से पकड़ा गया।
- -
लेह/जम्मू. लद्दाख के पैंगोंग झील में 13,862 फुट की ऊंचाई पर भारत की पहली ‘फ्रोजेन-लेक' मैराथन 20 फरवरी को आयोजित होगी और इस आयोजन के लिए ‘उचित कार्य योजना' लागू किये जाने के वास्ते सेना तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को शामिल किया गया है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। लुकुंग गांव से शुरू होने वाली 21 किलोमीटर दूरी की यह मैराथन मान गांव में समाप्त होगी। अधिकारियों ने कहा कि भारत और विदेश के 75 चयनित एथलीट इस दौड़ में भाग ले रहे हैं, जिन्हें दुनिया की सर्वाधिक ऊंचाई पर "फ्रोजेन-लेक मैराथन" के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के मुद्दे को उजागर करने के लिए मैराथन को "आखिरी दौड़" कहा जा रहा है। इसका आयोजन लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद-लेह, पर्यटन विभाग और लेह जिला प्रशासन के सहयोग से एडवेंचर स्पोर्ट्स फाउंडेशन ऑफ लद्दाख (एएसएफएल) द्वारा किया जा रहा है। लेह के जिला विकास आयुक्त श्रीकांत बालासाहेब सुसे ने बताया, "सतत विकास और कार्बन तटस्थ लद्दाख के संदेश के साथ आयोजित किये जा रहे इस चुनौतीपूर्ण कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। भारतीय सेना और आईटीबीपी को भी उचित कार्य योजना को निष्पादित करने के लिए शामिल किया गया है।'' भारत और चीन की सीमा पर सर्दियों के दौरान तापमान शून्य से 30 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच जाता है और इसके कारण 700 वर्ग किलोमीटर में फैली पैंगोंग झील जम जाती है। सुसे ने कहा, "पर्यटक ज्यादातर चादर ट्रेक (जांस्कर में) और हिम तेंदुए को देखने के लिए सर्दियों के दौरान लद्दाख जाते हैं और हम उम्मीद कर रहे हैं कि ‘फ्रोजेन-लेक' मैराथन अन्य हिस्सों, खासकर चांगथांग क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद करेगी।" उन्होंने कहा, "पचहत्तर एथलीट के चयनित समूह में लद्दाख के बाहर से 50 एथलीट शामिल हैं। राष्ट्रीय स्तर पर इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले स्थानीय एथलीट के अलावा चार अंतरराष्ट्रीय धावक इस मैराथन में भाग ले रहे हैं। हमने एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तैयार की है, जिसका सख्ती से पालन किया जाएगा।" जिला विकास आयुक्त ने कहा, "आयोजन से एक दिन पहले प्रतिभागियों की चिकित्सा जांच की जाएगी, जबकि पूरे 21 किलोमीटर के हिस्से को मेडिकल टीम द्वारा कवर किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर हम हवाई मार्ग से निकासी के लिए तैयार हैं।
-
चांदीपुर (अगरतला). केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि त्रिपुरा आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, माकपा और टिपरा मोथा की "तिहरी मुसीबत" का सामना कर रहा है और भाजपा की डबल इंजन सरकार ही राज्य को इससे बचा सकती है। शाह ने यह भी कहा कि त्रिपुरा में लंबे समय तक आदिवासियों को धोखा देने वाला वाम दल अब लोगों को ‘‘धोखा'' देने के लिए एक आदिवासी नेता को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में पेश कर रहा है। उन्होंने यहां उनाकोटी जिले में एक रैली में कहा, ‘‘यदि आप इस ‘तिहरी मुसीबत' से बचना चाहते हैं, तो ‘डबल इंजन' वाली भाजपा सरकार को वोट दें।'' जितेंद्र चौधरी माकपा के शीर्ष आदिवासी नेताओं में से एक हैं और त्रिपुरा में वाम-कांग्रेस गठबंधन के सत्ता में आने की स्थिति में उन्हें मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। माकपा और कांग्रेस 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 16 फरवरी को होने वाले चुनाव में मिलकर लड़ रही हैं।
शाह ने कहा कि कांग्रेस और वाम दल का एकसाथ आना इस बात का संकेत है कि उन्होंने चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हार मान ली है। सिपाहीजाला जिले के विश्रामगंज में एक अन्य रैली में गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस, माकपा और टिपरा मोथा की ‘तिहरी मुसीबत' को वोट देने से त्रिपुरा में 'जंगल राज' की वापसी का रास्ता खुलेगा। शाह ने कहा, “त्रिपुरा में कांग्रेस और वामपंथी सरकारों के दौरान कई घोटाले हुए, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले पांच वर्षों में राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है।” कांग्रेस और वाम दलों पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज दुनिया भर में वामपंथियों का कोई नामोनिशान नहीं बचा है, जबकि देश में कांग्रेस का भी कुछ ऐसा ही हश्र हुआ है। -
लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार के वैश्विक निवेशक सम्मेलन के सफल आयोजन की सराहना करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कहा कि यह राज्य भारत का विकास इंजन बनने के लिए सक्षम भी है और तैयार भी है। यहां आयोजित तीन दिवसीय 'उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन-2023' के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि कुछ देशों ने उत्तर प्रदेश की वृद्धि और विकास के लिए अपनी रुचि दिखाई है। राज्य की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत का विकास इंजन बनने के लिए सक्षम भी है और तैयार भी है। मुर्मू ने कहा, ''मैं इस सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम की सराहना करती हूं। इस आयोजन की सफलता के लिए मुख्यमंत्री जी, उनकी टीम के सभी सदस्यों और राज्य के सभी निवासियों को बहुत-बहुत बधाई देती हूं।'' राष्ट्रपति ने कहा, ''मुझे बताया है कि 2018 में आयोजित उत्तर प्रदेश निवेशक सम्मेलन के फलस्वरूप राज्य में भारी मात्रा में निवेश आया, इस सफलता के लिए मैं राज्य सरकार को बधाई देती हूं। राज्य में पिछली सफलता के आधार पर एक और बड़ा निवेशक सम्मेलन बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है।'' मुर्मू ने कहा,'' 2019 के प्रयागराज के कुंभ के शानदार आयोजन लिए मुख्यमंत्री और उनकी टीम की पूरे विश्व में प्रशंसा हुई, उसी प्रकार निवेशकों के इस कुंभ की सफलता के साथ-साथ विश्व में शांति मिले, यह मेरी मंगल कामना है।'' उन्होंने कहा, "उप्र जनसंख्या के लिहाज से शीर्ष पर है, देश में आर्थिक योगदान में भी प्रथम है। मैं इसके लिए राज्य के किसानों और उद्यमियों की सराहना करती हूं।'' इससे पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन किया। पटेल ने कहा कि यह वैश्विक सम्मेलन उत्तर प्रदेश को उत्कृष्ट प्रदेश बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में राष्ट्रपति का प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत किया और राज्य की विशेषताएं बताई। योगी ने कहा कि पूरी दुनिया में पिछले नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का जो सम्मान बढ़ा, उसका लाभ इस भव्य आयोजन में मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री की नीतियों और उत्तर प्रदेश में उसके अनुपालन की चर्चा करते हुए कहा कि इस वैश्विक निवेश महाकुंभ में उत्तर प्रदेश को 33 लाख 50 हजार करोड़ रुपये निवेश करने के प्रस्ताव मिले हैं। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किये जा रहे वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2023 के समापन सत्र में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश के दौरे पर रविवार को यहां पहुंचीं। यहां चौधरी चरण सिंह विमानतल पर पहुंचने पर राष्ट्रपति का पटेल और आदित्यनाथ ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने रविवार को एक ट्वीट में यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2023 के समापन-सत्र में शामिल होने के बाद अपने सम्मान में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। सोमवार को वह यहां बाबा साहब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के दसवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। दिल्ली लौटने से पहले वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती में भी उनके शामिल होने का प्रस्ताव है। -
नागपुर. महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की सदस्य अपनी मांगों को लेकर सोमवार को नागपुर शहर में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यालय के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करेंगी। पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर रविवार को नागपुर दक्षिण-पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले फडणवीस के कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी। महिला एसएचजी की सदस्य मानदेय जारी करने की मांग को लेकर फडणवीस के गृहनगर नागपुर शहर में एक सप्ताह से विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। उनका दावा है कि राज्य सरकार द्वारा मानदेय रोक दिया गया है। प्रदर्शनकारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले निहाल पांडे ने रविवार को कहा कि सोमवार सुबह उपमुख्यमंत्री फडणवीस के आवास के पास संविधान चौक से त्रिकोणी पार्क तक रैली निकाली जाएगी। पांडे ने कहा, "महिलाएं हनुमान चालीसा का पाठ करेंगी, ताकि फडणवीस की आंखें खुल सकें।
-
लखनऊ। रेल और दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यहां वैश्विक निवेशक सम्मेलन (जीआईएस) में कहा कि ‘अमृत भारत स्टेशन' के तहत उत्तर प्रदेश के 150 रेलवे स्टेशन को विश्व स्तर का बनाया जा रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की जीआईएस-23 की दुनिया भर में चर्चा होने का दावा करते हुए कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि में उत्तर प्रदेश का महत्त्वपूर्ण योगदान है, इसी वजह से जी-20 के महत्वपूर्ण कार्यक्रम उत्तर प्रदेश में आयोजित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले जब रेल बजट आता था तो उत्तर प्रदेश के हिस्से में 1000-1100 करोड़ रुपए आवंटित होते थे, लेकिन इस बार के बजट में मोदी सरकार ने उत्तर प्रदेश के हिस्से में 16 गुना बढ़ोतरी की है। वैश्विक निवेशक सम्मेलन (जीआईएस-23) के तीसरे दिन उत्तर प्रदेश में रेल ढांचा और नेटवर्क विकास को लेकर रेलवे और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच 17,507 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा, “रेल और सड़क के बिना हम जनता की आंक्षाओं की पूर्ति नहीं कर पाएंगे। उत्तर प्रदेश में चार लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व प्रदेश में एक्सप्रेस-वे और सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि 560 किलोमीटर के गंगा एक्सप्रेस-वे पर काम चल रहा है एवं प्रदेश में 59 रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर काम पूरा हो चुका है।
उनके अनुसार साथ 250 आरओबी को चिन्हित कर लिया गया है, जिन पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। रेलवे बोर्ड के सदस्य (अवसरंचना) रूप नारायण शंकर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 8,000 किमी रेलवे लाइन का विद्युतीकरण किया जा चुका है तथा फरवरी के अंत तक उत्तर प्रदेश के पूरे रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण हो जाएगा। रेलवे के प्रबंध निदेशक रवींद्र जैन ने कहा कि देश में दो डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं जिनमें एक पश्चिम कॉरिडोर है तो दूसरा पूर्वी कॉरिडोर।
उन्होंने कहा कि पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का एक हजार 58 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में है और उसके पूरा होने से उत्तर प्रदेश के रेल के नेटवर्क में आमूलचूल परिवर्तन आ जाएगा। -
जयपुर. अपनी सरकार द्वारा समाज के वंचित तबके के लिए किए गए कामों को प्रमुखता से सामने रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने 'वंचितों को वरीयता' दी है और वह 'विरासत भी, विकास भी' का मंत्र लेकर आगे बढ़ रही है। इसके साथ ही मोदी ने कहा कि अब भारत ने विकसित बनने का संकल्प लिया है और विकसित भारत बनने के लिए भारत का तीव्र विकास बहुत जरूरी है। मोदी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के एक खंड का उद्घाटन करने के बाद धनाड़ (दौसा) में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। सभा में जोरदार भीड़ उमड़ी और मंच पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं गजेन्द्र सिंह, भाजपा की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सतीश पूनियां, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के राज्यसभा सदस्य किरोड़ी लाल मीणा, सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, जसकौर मीणा तथा रंजीता कोहली, प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया, प्रतिपक्ष के उपनेता राजेन्द्र राठौड़ मौजूद थे। मोदी ने कहा, ‘‘पिछले नौ वर्षों में हमने उन क्षेत्रों एवं उन वर्गों पर भी विशेष ध्यान दिया है जो विकास से वंचित थे। हमने वंचितों को वरीयता दी है। गरीब हो, दलित हो, पिछड़े हो, आदिवासी हो, छोटे किसान हो, हर वर्ग का हमने ध्यान रखा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘गरीब परिवारों को पहली बार शिक्षा एवं सरकारी नौकरियों में हमने आरक्षण दिया है। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को संवैधानिक सुरक्षा मिले, इसके लिए हमारी सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया है।'' मोदी ने कहा, ‘‘ हमने डाक्टरी और इंजीनियरिंग की पढ़ाई स्थानीय भाषा में करवाने पर जोर दिया है। ‘आल इंडिया मेडिकल कोटे' में ओबीसी के लिए आरक्षण नहीं था, हमने यह भी सुनिश्चित किया है।'' उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों से केंद्र सरकार सड़क, रेल, गरीबों के लिए घर, हर घर में जल, बिजली ऐसे हर बुनियादी ढांचे पर पैसा खर्च कर रही है। उनका कहना था कि इस बार के बजट में भी गांव, गरीब की सुविधाएं बढ़ाने के लिए सबसे अधिक बल बुनियादी ढांचे पर दिया गया है। मोदी ने कहा, ‘‘ आज देश विरासत भी विकास भी इस मंत्र को लेकर आगे बढ़ रहा है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्वदेश दर्शन योजना को तहत भी राजस्थान में काम किया गया है। भाजपा सरकार ने यहां मेहंदीपुर बालाजी और धौलपुर में मचकुंड धाम का विकास भी किया है। अपने आस्था स्थलों का विकास भी भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में है।'' तीव्र विकास की महत्ता को रेखांकित करते हुए मोदी ने कहा,‘‘राजस्थान की यह धरती शूरवीरों की धरती है। यहां बच्चे-बच्चे का सपना रहा है कि भारत दुनिया में किसी से भी कम न हो। आपके इसी सपने को पूरा करने के लिए अब भारत ने विकसित बनने का संकल्प लिया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘अब भारत ने विकसित बनने का संकल्प लिया है। विकसित भारत बनाने के लिए भारत का तेज विकास बहुत जरूरी है।'' मोदी ने कहा,‘‘आज राजस्थान और देश के विकास का उत्सव है। आज देश में बन रहे सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण हुआ है।'' सभा में उमड़ी भीड़ से उत्साहित नजर आ रहे मोदी ने कहा,‘‘आज मैं राजस्थान में डबल इंजन सरकार के लिये उत्साह देख रहा हूं.. चारों तरफ वह ही मुझे नजर आ रहा है। यहां दौसा में भी यह उत्साह साफ साफ दिख रहा है। एक बार फिर आप सभी को एक्सप्रेस वे के लिये, नई सड़क परियोजनाओं के लिए मैं बहुत बहुत बधाई देता हूं और इतनी विशाल तादाद में आप विकास के काम लिये जुड़े यही भारत के उज्जवल भविष्य का संकेत है।'' राज्य की कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा,‘‘कांग्रेस ने यहां क्या हाल बना दिया है, कांग्रेस कैसे सरकार चला रही है, यह राजस्थान के लोगों से छिपा नहीं है। अभी कुछ दिन पहले बजट सत्र के दौरान जो कुछ हुआ, उसकी चर्चा हर तरफ है।''
-
हरिद्वार। आईआईटी-रुड़की का 21 वर्षीय छात्र यहां रविवार को नहाते समय गंगा नदी में डूब गया। छात्र का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। श्यामपुर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल ने कहा कि राजस्थान के नागौर निवासी सिद्धार्थ अन्य छात्रों और एक प्रोफेसर के साथ परियोजना के सिलसिले में हरिद्वार में थे।
उन्होंने कहा कि वे सब चंडी घाट स्थित दिव्य प्रेम सेवा मिशन आश्रम में ठहरे हुए थे। विनोद ने कहा कि रविवार की सुबह गंगा किनारे पांच छात्र गए, जिनमें से दो नदी में नहाने के लिए उतर गये। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि नहाते समय नदी जल की तेज धारा की चपेट में आकर सिद्धार्थ बह गया। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ का शव बरामद करके उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।फाइल फोटो
-
राजकोट। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को कहा कि गुजरात में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) इस साल अक्टूबर तक पूरी तरह से काम करने लगेगा। मांडविया ने कहा कि राजकोट एम्स का 60 प्रतिशत विकास कार्य पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस साल अक्टूबर या नवंबर में इसे राष्ट्र को समर्पित करने की संभावना है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘नए-नए उपकरण आ रहे हैं और संकाय में भर्तियां होने के साथ लगभग 60 प्रतिशत काम पूरा हो गया है।
हम लोग राजकोट एम्स को अक्टूबर तक पूरी तरह से संचालन योग्य बनाने के लिए प्रयासरत हैं।'' मांडविया ने कहा कि एम्स का बुनियादी ढांचा कार्य अभी जारी है और छात्रों का तीसरा बैच आ गया है। उन्होंने कहा कि राजकोट उन 22 स्थानों में से एक है, जहां लोगों को उच्च गुणवत्ता के डॉक्टर एवं छात्रों से तृतीयक (उच्च गुणवत्ता वाली) स्वास्थ्य सेवा देने के उद्देश्य से प्रमुख आयुर्विज्ञान संस्थान की स्थापना की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने 31 दिसंबर, 2020 को राजकोट एम्स की आधारशिला रखी थी। उन्होंने कहा था कि इस एम्स से स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा एवं मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और गुजरात में रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसकी वेबसाइट के अनुसार, एम्स राजकोट 750 बेड का अस्पताल होगा, जिसमें कई विशेषज्ञ डॉक्टर के साथ सुपर स्पेशियलिटी विभाग होंगे। परियोजना के निर्माण पर 1,195 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसमें 185 करोड़ रुपये आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के लिए आवंटित किए गए हैं। -
जयपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पहले चरण को राष्ट्र को समर्पित किया। दौसा में आयोजित कार्यक्रम में मोदी ने 18,100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण रिमोट दबाकर किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे। दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे का दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड 247 किलोमीटर लंबा है, जिसे 12,173 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इस खंड के चालू हो जाने से दिल्ली से जयपुर का यात्रा समय पांच घंटे से घटकर लगभग साढ़े तीन घंटे रह जायेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री 247 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी जिन्हें 5940 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया जाना है। इन परियोजनाओं में 2000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित होने वाला बांदीकुई से जयपुर का 67 किमी लंबा चार लेन वाला शाखा-मार्ग, लगभग 3775 करोड़ रुपये से विकसित होने वाला कोटपूतली से बाराओदानियो और लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले लालसोट-करौली खंड के दो लेन वाले पक्के किनारे (पेव्ड शोल्डर) शामिल हैं।
-
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को योग और भारतीय औषधियों के पारंपरिक रूपों को ऐसी भाषा में लोकप्रिय बनाने का आह्वान किया जिसे दुनिया समझ सके। मोदी ने एक ट्विटर यूजर की प्रतिक्रिया के जवाब में यह बात कही जिसने आज लिखा कि पहले से कहीं अधिक अब आधुनिक स्वास्थ्य एवं दुनिया को यकीन दिलाने के लिए योग और इसके लाभ को वैज्ञानिक रूप से साबित करने की आवश्यकता है।
इसके जवाब में मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘बिल्कुल ठीक कहा। योग और भारतीय औषधि के पारंपरिक रूपों को इस भाषा में लोकप्रिय बनाएं ताकि दुनिया उसे समझ सके। मुझे खुशी है कि हमारे लोगों में इसके लिए बहुत अधिक जागरूकता है।''
उन्होंने 12000 फुट की ऊंचाई से एयरो इंडिया 2023 के अभ्यास के दौरान देश में विकसित मीडियम अल्टीट्यूड लॉन्ग एंड्यूरेंस टीएपीएएस यूएवी से आसमान से ली गई जमीनी एवं हवाई तस्वीरों पर भी टिप्पणी की। प्रधानमंत्री ने एयरो इंडिया अभ्यास की हवाई तस्वीरों पर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) को टैग करते हुए लिखा, ‘‘बेहद दिलचस्प।''



























