- Home
- देश
- नयी दिल्ली । भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण ( इरडा) ने मंगलवार को बीमाकर्ताओं के लिए अनुपालन बोझ को कम करने के लिए स्वास्थ्य बीमाकर्ताओं के लिए दाखिल किए जाने वाले रिटर्न की संख्या को घटा दिया। इस तरह नियामक ने एक साल में दाखिल किए जाने वाले रिटर्न मानदंड को युक्तिसंगत बनाया है।भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने कहा कि इस कदम से बीमा कंपनियों के लिए कारोबार करने में आसानी होगी। नियामक ने कहा कि वह सभी विनियमित संस्थाओं के लिए अनुपालन बोझ को कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इरडा ने एक परिपत्र में कहा कि इस फैसले से बीमा कंपनियों द्वारा दाखिल किए जाने वाले स्वास्थ्य बीमा रिटर्न में काफी कमी आई है। परिपत्र के मुताबिक, ''अब सामान्य और स्वास्थ्य बीमाकर्ताओं को आठ रिटर्न दाखिल करने होंगे और जीवन बीमाकर्ता 17 रिटर्न के स्थान पर तीन रिटर्न दाखिल करेंगे।'' इरडा से कहा कि इस फैसले से बीमाकर्ताओं को अनुपालन की अधिकता की जगह अपने व्यवसाय पर ध्यान देने में मदद मिलेगी।
-
नई दिल्ली। केन्द्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान का पहला परीक्षण वर्ष 2023 के अंत या 2024 की शुरुआत में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहली परीक्षण उड़ान के बाद व्योम मित्र- रोबोट को भेजा जाएगा। रोबोट यह सुनिश्चित करेगा कि गगनयान मिशन की उड़ान बाधा रहित हो। डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि इन दो मिशन के आधार पर हमारे अंतरिक्ष यात्री तीसरे मिशन में जाएंगे।
अंतरिक्ष में गगनयान भेजने के साथ ही भारत- अमरीका, रूस और चीन के बाद अंतरिक्ष में मानव भेजने वाला चौथा देश बन जाएगा। REPRESENTATIONAL IMAGE -
नयी दिल्ली. आवश्यक दवाओं की राष्ट्रीय सूची में इवरमेक्टिन, मुपिरोसिन जैसी कुछ संक्रमण रोधी दवाओं और निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी समेत 34 दवाओं को शामिल किए जाने के साथ अब इसमें कुल दवाओं की संख्या 384 हो गई है। कई एंटीबायोटिक्स, टीके और कैंसर रोधी दवाएं सूची में शामिल होने से और अधिक सस्ती हो जाएंगी। हालांकि, 26 दवाओं जैसे कि रैनिटिडिन, सुक्रालफेट, व्हाइट पेट्रोलेटम, एटेनोलोल और मेथिल्डोपा को संशोधित सूची से हटा दिया गया है। लागत प्रभावशीलता और बेहतर दवाओं की उपलब्धता के मापदंडों के आधार पर इन दवाओं को सूची से बाहर किया गया है। मंगलवार को सूची जारी करने वाले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, ‘‘आवश्यक दवाओं की राष्ट्रीय सूची 2022 जारी की। इसमें 27 श्रेणियों में 384 दवाएं शामिल हैं। कई एंटीबायोटिक्स, टीके, कैंसर रोधी दवाएं तथा कई अन्य महत्वपूर्ण दवाएं और सस्ती हो जाएंगी एवं मरीजों का खर्च घटेगा।'' अंतस्रावी दवाएं और गर्भनिरोधक फ्लूड्रोकोर्टिसोन, ओरमेलोक्सिफेन, इंसुलिन ग्लरगाइन और टेनेनिग्लिटीन को सूची में जोड़ा गया है। श्वसन तंत्र की दवा मॉन्टेलुकास्ट, और नेत्र रोग संबंधी दवा लैटानोप्रोस्ट का नाम सूची में है। हृदय और रक्त नलिकाओं की देखभाल में उपयोग की जाने वाली दवा डाबीगट्रान और टेनेक्टेप्लेस के अलावा अन्य दवाओं ने भी सूची में जगह बनाई है। दवाओं पर स्थायी राष्ट्रीय समिति के उपाध्यक्ष डॉ वाई के गुप्ता ने कहा, ‘‘आवश्यक दवाओं की राष्ट्रीय सूची में इवरमेक्टिन, मेरोपेनेम, सेफुरोक्साइम, एमिकासिन, बेडाक्विलाइन, डेलामेनिड, इट्राकोनाजोल एबीसी डोलटेग्रेविर जैसी दवाओं को जोड़ा गया है।'' डॉ गुप्ता ने कहा कि आवश्यक दवाओं की राष्ट्रीय सूची की दवाएं अनुसूचित श्रेणी में शामिल हैं और उनकी कीमत राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण द्वारा नियंत्रित की जाती है। पिछले साल भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के तहत एक विशेषज्ञ समिति द्वारा 399 ‘फॉर्मूलेशन' की संशोधित सूची प्रस्तुत की गई थी। भारतीय आवश्यकताओं के विस्तृत विश्लेषण के बाद, मांडविया द्वारा बड़े बदलाव की मांग की गई। -
मुंबई. मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस राजमार्ग पर मंगलवार को तड़के एक महंगी कार में आग लग गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का काफिला उस वक्त घटनास्थल से ही गुजर रहा था और शिंदे कार सवार की मदद करने के लिए वहां रुके। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि विले पार्ले इलाके में राजमार्ग पर हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। यह राजमार्ग मुंबई में एक प्रमुख सड़क मार्ग है। दमकल विभाग को दोपहर करीब 12 बजकर 25 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पा लिया गया। मुख्यमंत्री शिंदे का काफिला उस वक्त विपरीत सड़क से गुजर रहा था। वह घटना को देखकर कार यात्री की मदद के लिए रुके। सोशल मीडिया मंच पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मुख्यमंत्री शिंदे कार चालक से बात करते नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने ड्राइवर का नाम पूछा, जिसने अपना नाम विक्रांत शिंदे बताया। मुख्यमंत्री ने व्यक्ति को कहा कि जीवन बहुत महत्वपूर्ण है । उन्होंने उसे जल रही कार के पास नहीं जाने के लिए कहा तथा वहां से जाने से पहले व्यक्ति को मदद का आश्वासन भी दिया। -
हैदराबाद. तेलंगाना के सिकंदराबाद में सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि में इलेक्ट्रॉनिक बाइक के एक शोरूप में लगी आग उसके ऊपर बने होटल में फैल गई, जिसके कारण वहां रह रहे सात लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पहले शोरूम में आग लगी, जो बाद में उसके ऊपर बने होटल में भी फैल गई। ऐसा बताया जा रहा है कि जब होटल में आग लगी, उस समय करीब 25 से 30 लोग वहां ठहरे हुए थे। दमकलकर्मियों ने इस बहुमंजिला इमारत में फंसे सात लोगों को बचा लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टीवी पर प्रसारित हो रहे वीडियो में कुछ लोग आग से स्वयं को बचाने की कोशिश में होटल की खिड़कियों से कूदने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
-
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने आज 253 पंजीकृत परन्तु गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों-आरयूपीपी को निष्क्रिय घोषित करते हुए उन्हें चुनाव चिह्न आदेश, 1968 का लाभ लेने से प्रतिबंधित कर दिया है। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि 86 अन्य अस्तित्व-हीन राजनीतिक दलों को सूची से हटा दिया जाएगा और चुनाव चिह्न आदेश का कोई लाभ उन्हें नहीं मिलेगा। आयोग के अनुसार नियमों की अवहेलना करने वाले इन सभी 339 दलों के खिलाफ कार्रवाई होगी। 25 मई 2022 से अब तक ऐसे दलों की संख्या 537 हो गई है।
चुनाव आयोग ने इस साल मई में 87 और जून में 111 ऐसे दलों को सूची से बाहर किया था।जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत प्रत्येक राजनीतिक दल को अपने नाम, प्रधान कार्यालय, पदाधिकारियों, पते और पैन नम्बर में बदलाव के बारे में आयोग को तत्काल सूचित करना होता है। संबंधित राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों द्वारा किए गए सत्यापन के बाद या पंजीकृत पते पर डाक से भेजे गए पत्रों या नोटिसों की रिपोर्ट के आधार पर 86 राजनीतिक दल मौजूद नहीं पाए गए।सात राज्यों बिहार, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। इन 253 राजनीतिक दलों को निरस्त घोषित कर दिया गया है, क्योंकि उन्होंने किसी पत्र या नोटिस का जवाब नहीं दिया है और न ही किसी राज्य के विधानसभा चुनावों या 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में हिस्सा लिया है। ये पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल 2015 से अब तक सोलह से अधिक अनुपालन चरणों के लिए वैधानिक आवश्यकताओं को पूरा करने में नाकाम रहे और इनके द्वारा नियमों का उल्लंघन अब भी जारी है। -
नोएडा. गौतमबुद्ध नगर में नोएडा के सेक्टर 12 में रहने वाले एक कपड़ा व्यापारी ने मानसिक तनाव के चलते सोमवार सुबह अपने घर पर लाइसेंसी रिवाल्वर से कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वह मामले की जांच कर रही है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि थाना सेक्टर 24 अंतर्गत सेक्टर 12 निवासी सर्वेश तिवारी का खोड़ा कॉलोनी में कपड़े का शोरूम है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह तिवारी ने अपने घर पर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को कथित तौर पर गोली मार ली। उन्होंने बताया कि अत्यंत गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों के अनुसार वह मधुमेह और रक्तचाप की बीमारी से ग्रसित थे, जिसकी वजह से वह अवसाद में चल रहे थे। उन्होंने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
-file photo
-
ग्रेटर नोएडा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर मवेशियों में ढेलेदार त्वचा रोग को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। कई राज्य मवेशियों में ढेलेदार त्वचा रोग (एलएसडी) से जूझ रहे हैं और यह बीमारी डेयरी क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बनकर उभरी है। गुजरात, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा सहित आठ से अधिक राज्यों में एलएसडी के कारण हजारों मवेशियों की मौत हो चुकी है। मोदी ने यहां इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित अंतरराष्ट्रीय डेयरी संघ विश्व डेयरी सम्मेलन 2022 को संबोधित करते हुए कहा, ''हमारे वैज्ञानिकों ने ढेलेदार त्वचा रोग के लिए स्वदेशी टीका भी तैयार किया है।'' उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में भारत के कई राज्यों में इस बीमारी के कारण पशुओं की हानि हुई है। इसके अलावा, इस बीमारी के प्रकोप को काबू में रखने के लिए जानवरों की आवाजाही पर नजर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। एलएसडी एक संक्रामक वायरल बीमारी है, जो मवेशियों को प्रभावित करती है और त्वचा पर गांठ, बुखार का कारण बनती है। यह रोग मच्छरों, मक्खियों, जूंओं और ततैयों से फैलता है। इसके अलावा दूषित भोजन और पानी से भी यह बीमारी फैलती है। उन्होंने कहा, ''हम पशुओं में पैर और मुंह की बीमारी के लिए 100 प्रतिशत टीकाकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं।'' चूंकि मवेशियों में बीमारी दूध उत्पादन और इसकी गुणवत्ता को भी प्रभावित करती है, इसलिए सरकार पशुधन के सार्वभौमिक टीकाकरण पर ध्यान केंद्रित कर रही है। मोदी ने कहा कि भारत के डेयरी क्षेत्र में महिलाएं 70 प्रतिशत कार्यबल का प्रतिनिधित्व करती हैं और डेयरी सहकारी समितियों की एक तिहाई से अधिक सदस्य महिलाएं हैं। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 5-6 वर्षों में कृषि और डेयरी क्षेत्र में 1,000 से अधिक स्टार्टअप बनाए गए। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत डेयरी पशुओं का सबसे बड़ा डेटाबेस बना रहा है और डेयरी क्षेत्र से जुड़े हर पशु को टैग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 'पशु आधार' योजना के तहत आधुनिक तकनीक की मदद से पशुओं की बायोमेट्रिक पहचान की जा रही है। भारत लगभग 21 करोड़ टन प्रति वर्ष के साथ दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक है। इस अवसर पर मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। कार्यक्रम में मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री संजीव बाल्यान भी उपस्थित थे। -
नयी दिल्ली. सरकार टोल प्लाजा पर वाहनों की भीड़ कम करने और वाहन मालिकों से सुविधाजनक तरीके से शुल्क लेने के लिए एक स्वचालित नंबर प्लेट पहचान प्रणाली पर काम कर रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को बताया कि इसके लिए सरकार एक पायलट परियोजना का संचालन कर रही है, जिसके जरिये टोल राजमार्गों पर चलने वाले वाहनों से सटीक दूरी के आधार पर शुल्क लिया जाएगा। उन्होंने ‘इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स' (आईएसीसी) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि सरकार भारत की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को बिजली पर आधारित बनाना चाहती है। गडकरी ने कहा, ‘‘सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय वाहनों को रोके बिना अपने-आप टोल संग्रह के लिए स्वचालित नंबर प्लेट पहचान प्रणाली की एक पायलट परियोजना पर काम कर रहा है।'' उन्होंने अधिक ब्योरा दिए बिना कहा, ‘‘इस नई तकनीक के साथ हम दो उद्देश्यों को हासिल करना चाहते हैं - टोल बूथ पर यातायात की बेरोकटोक आवाजाही और उपयोग के अनुसार भुगतान।'' टोल प्लाजा पर 2018-19 के दौरान वाहनों का औसत प्रतीक्षा समय आठ मिनट था।
फास्टैग की शुरुआत के साथ 2020-21 और 2021-22 के दौरान वाहनों के लिए औसत प्रतीक्षा समय घटकर 47 सेकंड हो गया है। हालांकि, शहरों के पास और घनी आबादी वाले इलाकों में व्यस्त समय के दौरान टोल प्लाजा पर अब भी कुछ देरी होती है। गडकरी ने कहा कि निर्बाध और सुरक्षित यातायात के लिए सभी नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्गों और मौजूदा ‘फोर प्लस लेन' राष्ट्रीय राजमार्गों पर उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली (एटीएमएस) स्थापित की जा रही है। -
नयी दिल्ली. दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने शैक्षणिक वर्ष 2022-23 में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए सोमवार को सामान्य सीट आवंटन प्रणाली की सोमवार को शुरुआत की और कुलपति ने बताया कि नए सत्र के एक नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है। इसके साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय में बहुप्रतीक्षित दाखिला प्रक्रिया की शुरुआत हो गई। इस साल विश्वविद्यालय में दाखिला विश्वविद्यालयीन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) के जरिए होगा। सीयूईटी के परिणाम 15 सितंबर को घोषित होने की उम्मीद है। कुलपति योगेश सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विश्वविद्यालय में एक नवंबर से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने की संभावना है। उन्होंने कहा, "हम स्नातक कार्यक्रमों के लिए आज सीएसएएस (सामान्य सीट आवंटन प्रणाली) पोर्टल शुरु कर रहे हैं। यह पहला मौका है जब हम सीयूईटी के माध्यम से प्रवेश ले रहे हैं।" सिंह ने कहा कि यह पोर्टल तीन अक्टूबर तक खुला रहेगा जिससे छात्रों को वांछित स्नातक कार्यक्रम के लिए आवेदन करने की खातिर 21 दिनों का समय मिलेगा। उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए विश्वविद्यालय की प्रवेश वेबसाइट पर जाना होगा और स्नातक कार्यक्रमों के लिए प्रवेश संबंधी लिंक पर क्लिक कर पंजीकरण करना होगा। उम्मीदवारों को सभी बुनियादी विवरण भरने होंगे तथा अंकपत्र, तस्वीर और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे व पंजीकरण शुल्क का भुगतान करना होगा। किसी भी उम्मीदवार को उन पाठ्यकमों का चयन करना होगा जिनमें वे दाखिला लेना चाहते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा मेरिट सूची जारी की जाएगी और उसके आधार पर सीटों का आवंटन किया जाएगा।
-
भुवनेश्वर. ओडिशा में तीन दिन की अवधि के दौरान कुल 599 लोगों को नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) ने पुलिस के साथ मिलकर लोगों को नशे की हालत में गाड़ी चलाने से रोकने के लिए एक राज्यव्यापी अभियान चलाया और सात सितंबर से नौ सितंबर की अवधि के दौरान 599 लोगों को पकड़ा गया। एसटीए ने एक बयान में कहा, “सड़क सुरक्षा पर सर्वोच्च न्यायालय की समिति के निर्देशों के अनुसार, निलंबन के लिए कुल 338 ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किए गए हैं।” कोविड-19 के मामलों की संख्या में गिरावट के बाद राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंध हटा लिए गए। तदनुसार, परिवहन विभाग और राज्य पुलिस ने संयुक्त रूप से अप्रैल 2022 में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर नकेल कसने के लिए अभियान दोबारा से शुरू किया। प्रवर्तन कर्मचारियों ने अप्रैल में अपराधियों के 350 वाहनों को जब्त किया था। वहीं, इसी महीने शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में 222 लोगों को हिरासत में लिया गया था। कार्रवाई के लिए कुल 455 अभियोजन रिपोर्ट अदालतों को सौंपी गई थी। इसके अलावा तटीय राज्य में मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के 1,568 अन्य मामलों का भी पता चला है। गौरतलब है कि सख्त कानूनों और विनियमों के बावजूद, भारत में सड़क दुर्घटनाओं के पीछे शराब पीकर गाड़ी चलाना एक प्रमुख कारण बना हुआ है। ओडिशा में 2021 में शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण कुल 246 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। 2019 सितंबर में राज्य ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 में संशोधन किया गया था।
उल्लेखनीय है कि शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में, पहली बार अपराध करने वालों को छह महीने तक की कैद या 10,000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, दूसरी बार उल्लंघन करने पर दो साल तक की जेल या 15,000 रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधन है। -
भोपाल. नामीबिया से आठ चीते कार्गो उड़ान से 17 सितंबर को जयपुर लाए जाएंगे और बाद में उसी दिन उन्हें मध्य प्रदेश के कूनो-पालपुर राष्ट्रीय उद्यान में हेलीकॉप्टर से लाया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी दिन अपने जन्मदिन के मौके पर इन चीतों में से तीन चीतों को चीता प्रतिस्थापन परियोजना के तहत इस उद्यान में बनाये गये विशेष बाड़े में छोड़ेंगे। चीतों को वर्ष 1952 में भारत से विलुप्त घोषित किया गया था। मध्य प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक जे एस चौहान ने बताया कि चीतों को अफ्रीकी देश नामीबिया से राजस्थान के जयपुर कार्गो उड़ान से 17 सितंबर को लाया जाएगा और इसके बाद उसी दिन वहां से हेलीकॉप्टर के जरिये उन्हें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले कूनो-पालपुर राष्ट्रीय उद्यान पहुंचाया जाएगा। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से कूनो-पालपुर राष्ट्रीय उद्यान करीब 400 किलोमीटर दूर है। यह पूछे जाने पर कि चीतों के परिवहन के लिए कितने हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जाएगा, इस पर चौहान ने कहा कि यह इस बात पर निर्भर करेगा कि इस उद्देश्य के लिए किस प्रकार के हेलीकॉप्टर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि अगर एक छोटा हेलीकॉप्टर मिलता है, तो चीतों को जयपुर से कूनो-पालपुर में स्थानांतरित करने के लिए दो हेलीकॉप्टर की जरूरत होगी। चौहान ने कहा, ‘‘यह केंद्र और रक्षा मंत्रालय द्वारा तय किया जा रहा है। -
नयी दिल्ली . भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ऐसे कुशल भू-समकालिक संचार उपग्रह तैयार कर रहा है जिन्हें उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार आवृत्तियां और बैंडविड्थ बदलकर पुन: विन्यासित (रि-कनफिगर्ड) किया जा सकता है। इसरो के अध्यक्ष ने सोमवार को यह जानकारी दी। भू-समकालिक (जियोसिंक्रोनस) उपग्रह दूरसंचार, टेलीविजन प्रसारण, उपग्रहों से समाचार संकलन, मौसम पूर्वानुमान, आपदा चेतावनी और तलाशी तथा बचाव अभियानों समेत विविध क्षेत्रों में भारत की संचार जरूरतों का मुख्य आधार हैं। इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम आने वाले सालों में कुछ कुशल जियोसिंक्रोनस उपग्रह (जीसैट) विकसित करने पर विचार कर रहे हैं जिन्हें मांग के अनुरूप पुन: विन्यासित किया जा सकेगा। इस बारे में चर्चा हो रही है।'' वह ह्यूजेज कम्युनिकेशन्स की हाई थ्रोपुट सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवा की देशभर में शुरुआत के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुशल जीसैट स्पॉट बीम का आकार उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार बदलने में सहायक होंगे जो उपग्रह द्वारा भेजे जाने वाले लक्षित और उच्च शक्ति वाले रेडियो सिग्नल होते हैं। इन बीम को प्राप्त करने वाले एंटिना के आकार में भी बदलाव में ये सहायक होंगे। सोमनाथ ने कहा कि इसरो आंतरिक रूप से प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन करेगा, वहीं यह निजी क्षेत्र को ऐसी सेवाओं के विकास तथा उन्हें बाजार में लाने के लिए प्रोत्साहित करेगा। हालांकि उन्होंने इन जीसैट के लोकार्पण के लिए कोई समयसीमा नहीं बताई। -
चंडीगढ़. दिल्ली पुलिस के 30 वर्षीय एक हेड कांस्टेबल ने हरियाणा के बहादुरगढ़ में अपने घर में फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक वह कर्ज चुकाने को लेकर साहूकारों के दबाव में था और काफी परेशान था।
सदर पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने फोन पर कहा, ‘‘आर्थिक मामलों को लेकर हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने कल रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। '' उन्होंने कहा कि प्रवीण ने एक नोट लिखा है, जिसमें उसने आत्महत्या करने के कारणों का उल्लेख किया है। इसके आधार पर हरियाणा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार ने कहा, ‘‘हमारी प्रारंभिक जांच के अनुसार प्रवीण पर वित्तीय मामलों को लेकर आरोपियों द्वारा लगातार दबाव डाला जा रहा था, भले ही उसने उधार ली गई अधिकांश धनराशि वापस कर दी हो। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को मध्यप्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों को फिर से बसाने की परियोजना के तहत पहले चरण में आठ चीतों को छोड़ेंगे और इसकी वजह से उद्यान सीमा में मौजूद 25 गांवों को दूसरी जगह बसाने की योजना थी जिनमें से एक को छोड़ बाकी गांवों को स्थानांतरित करने का कार्य पूरा किया जा चुका है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एकमात्र बचे बागचा गांव को भी 17 सितंबर से पहले दूसरे स्थान पर बसा दिया जाएगा, जिनमें कुल 148 घर हैं और इस संबंध में सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। अधिकारियों ने बताया, ‘‘कुनो राष्ट्रीय उद्यान करीब 740 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है और इस समय उसकी सीमा में केवल एक गांव बचा है। उसे भी दूसरी जगह बसाने की प्रक्रिया चल रही है जिसे 17 सितंबर से पहले पूरा कर लिया जाएगा।'' उन्होंने बताया, ‘‘25 में से 24 गांवों को पूरी तरह से गत 10 से 15 साल में दूसरे स्थानों पर नए सिरे से बसा दिया गया है। उन्हें मुख्य धारा में लाया गया है।'' केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मध्य प्रदेश सरकार इन गांवों को ‘‘राजस्व ग्राम''का दर्जा देगी। गौरतलब है कि राजस्व ग्राम छोटा प्रशासनिक क्षेत्र होता है जिसकी सीमाएं परिभाषित होती हैं। एक राजस्व गांव में कई पुरवे होते हैं। राजस्व ग्राम का प्रमुख ग्राम प्रशासन अधिकारी होता है। यादव ने कहा कि राज्य सरकार इस क्षेत्र में कौशल विकास केंद्र की स्थापना करेगी।
अधिकारियों ने कहा कि चीता द्वारा इनसानों पर हमलों का रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। उन्होंने कहा, हालांकि, वे छोटे मवेशियों जैसे बकरी, भेड़ और बछड़ों पर हमला कर उन्हें अपना शिकार बना सकते हैं जिसके प्रति ग्रामीणों को आगाह कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि चीतों द्वारा मवेशियों के मारे जाने पर सरकार प्रभावित मवेशी मालिक को मुआवजा देगी।
जानकारी के मुताबिक विशेष विमान आठ चीतों जिनमें से पांच मादा और तीन नर हैं, को लेकर 16 सितंबर को अफ्रीकी देश नामीबिया की राजधानी विंडहोक से रवाना होगा और मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर की सुबह जयपुर हवाई अड्डे पहुंचेगा जिन्हें हेलीकॉप्टर की मदद से कुनो राष्ट्रीय उद्यान में 40 से 42 मिनट में पहुंचा दिया जाएगा। कुनो राष्ट्रीय उद्यान में प्रधानमंत्री चार से छह साल उम्र के इन चीतों को एक छोटे बाड़े में छोड़ेंगे जो वहां करीब 30 दिनों तक पृथकवास में रहेंगे। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि कुनो राष्ट्रीय उद्यान में दोबारा चीतों को बसाने के लिए तैयार सुविधा नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से ‘‘10 गुना बेहतर'' है। गौरतलब है कि यादव ने रविवार को स्वयं कुनो राष्ट्रीय उद्यान जाकर इस महत्वकांक्षी परियोजना की तैयारियों का जायजा लिया था। भारत में वर्ष 1952 में चीते को विलुप्त घोषित कर दिया गया था और देश में आखिरी बार चीता 1948 में मौजूदा छत्तीसगढ़ के कोरेया स्थित साल के जंगलों में मृत मिला था। - जहानाबाद (बिहार)। जहानाबाद जिला के नगर थाना क्षेत्र स्थित दो रेस्ट हाउस में पुलिस ने छापेमारी कर सोमवार को कथित तौर देह व्यापार में धकेली गयी 12 महिलाओं को मुक्त कराया। इस मामले में 11 अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक रंजन ने बताया कि दोनों रेस्ट हाउस को पुलिस द्वारा सील कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि दोनों रेस्ट हाउस में देह व्यापार का धंधा चल रहा था, जिसकी जानकारी पुलिस को मिली थी। रंजन ने बताया कि जानकारी के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक पांडेय के नेतृत्व में गठित एक टीम द्वारा छापेमारी की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि छापेमारी के क्रम में वहां से 12 महिलाओं को मुक्त कराया गया तथा 11 व्यक्तियों को हिरसात में लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है जबकि मुक्त कराई गई महिलाओं को चिकित्सा जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा नौ सितंबर को शुरू किए गए प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 1.78 लाख से अधिक तपेदिक रोगियों को गोद लिया गया है। इस अभियान का उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) में निर्धारित 2030 तक सभी देशों से टीबी उन्मूलन से पांच साल पहले ही बीमारी को 2025 तक भारत से खत्म करना है। सरकार ने सामुदायिक सहायता कार्यक्रम शुरू किया है जिसके तहत क्षय रोगियों को व्यक्तियों, निर्वाचित प्रतिनिधियों या संस्थानों द्वारा गोद लिया जा सकता है और उनकी देखभाल की जा सकती है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, देश में वर्तमान में इलाज के लिए बहु-दवा प्रतिरोधी सहित कुल 13,51,550 टीबी रोगियों में से 9,04,425 ने गोद लिए जाने के लिए अपनी सहमति दे दी है। सरकार सहमति के लिए शेष क्षय रोगियों से संपर्क करेगी और समुदाय को उन्हें अभियान के एक हिस्से के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। सरकार का लक्ष्य 17 सितंबर तक उन सभी क्षय रोगियों को गोद लिया जाना सुनिश्चित करना है जिन्होंने अपनी सहमति दी है। 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। जो लोग या संस्थान मरीजों को गोद लेने के लिये आगे आ रहे हैं उन्हों ‘नि-क्षय मित्र' कहा जा रहा है।उत्तर प्रदेश में नि-क्षय मित्रों के सबसे अधिक 4,416 पंजीकरण हुए हैं, इसके बाद मध्य प्रदेश (2,286) और महाराष्ट्र (643) का स्थान है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को विभिन्न नगा समूहों के राजनीतिक नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि मोदी सरकार की कोशिश शांतिपूर्ण और समृद्ध पूर्वोत्तर बनाने की है। इस मुलाकात के बाद गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि केंद्र सरकार की कोशिश एनएससीएन-आईएम (नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड- आईएम) जैसे समूहों के साथ चल रही वार्ता के दौरान आए कई जटिल मुद्दों का समाधान इस तरह करने की है ताकि निष्कर्ष से सभी पक्ष संतुष्ट रहें। उन्होंने इसके साथ ही वार्ता के लिए किसी तरह के कयास को लेकर आगाह किया। प्रवक्ता ने ट्वीट किया, ‘‘ गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के नेतृत्व में आए नगा समूहों के विभिन्न राजनीतिक नेतृत्व के साथ मुलाकात की और इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।'' प्रवक्ता ने बताया कि नगा मुद्दे पर चल रही बातचीत में गत कई सालों में प्रगति हुई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का प्रयास शांतिपूर्ण और समृद्ध पूर्वोत्तर बनाने को लेकर है। उन्होंने कहा कि क्योंकि वार्ता चल रही है, ऐसे में वार्ता के दौरान विभिन्न मुद्दों पर किसी संभावित समाधान को लेकर खबर कयास ही होंगी। गौरतलब है कि भारत सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में तीन अगस्त 2015 में अहम समूह एनएससीएन-आईएम के साथ मसौदा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
- नयी दिल्ली । वित्त मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि मुद्रास्फीति में वृद्धि का कारण प्रतिकूल तुलनात्मक आधार के अलावा खाद्य वस्तुओं और ईंधन के दाम में आई तेजी है। इसके साथ ही उसने भरोसा जताया कि महंगाई को काबू में लाने के लिये उठाए गए उठाए गए कदमों का आने वाले महीनों में असर दिखेगा। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार खुदरा मुद्रास्फीति अगस्त महीने में बढ़कर सात प्रतिशत पर पहुंच गयी जबकि जुलाई के महीने में यह 6.71 प्रतिशत थी। मंत्रालय ने कहा कि अगस्त में प्रमुख मुद्रास्फीति 5.9 प्रतिशत रही है जो लगातार चौथे महीने रिजर्व बैंक के अधिकतम संतोषजनक स्तर छह प्रतिशत से नीचे है। प्रमुख मुद्रास्फीति में खाद्य और ऊर्जा उत्पादों के दाम शामिल नहीं होते हैं। वित्त मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा मुद्रास्फीति (सकल मुद्रास्फीति) जुलाई 2022 में 6.71 प्रतिशत से मामूली बढ़कर अगस्त महीने में सात प्रतिशत पर पहुंच गयी। इसका कारण प्रतिकूल तुलनात्मक प्रभाव और खाद्य तथा ईंधन के दाम में आई तेजी है।'' हालांकि मंत्रालय ने उम्मीद जतायी है कि सरकार ने आटा, चावल, मैदा आदि के निर्यात पर जो पाबंदी लगायी है, उससे इन जिंसों के दाम में नरमी आने की संभावना है। मंत्रालय के अनुसार, ‘‘सरकार ने घरेलू आपूर्ति बनाये रखने और कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के लिये गेहूं आटा, चावल मैदा आदि के निर्यात पर प्रतिबंध लगाये है। इन उपायों का आने वाले महीनों में उल्लेखनीय सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
-
अमृतसर । पाकिस्तान की जेल में 2013 में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह की पत्नी का सोमवार को निधन हो गया। पुलिस के मुताबिक सिंह की पत्नी सुखप्रीत कौर एक दोपहिया वाहन पर पीछे बैठकर जा रही थीं तभी यहां फतेहपुर के पास दुर्घटनावश वह वाहन से गिर पड़ीं। घायल अवस्था में उन्हें एक अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक स्थान तरनतारन के भिखीविंड में होगा। उनकी दो बेटियां पूनम और स्वप्नदीप कौर हैं। गौरतलब है कि जून में सीने में दर्द की शिकायत के बाद सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर का निधन हो गया था। दलबीर कौर ने अपने भाई सरबजीत सिंह को पाकिस्तानी जेल से छुड़ाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी थी। सरबजीत सिंह (49) की अप्रैल 2013 में लाहौर जेल के कैदियों द्वारा किए गए एक हमले के बाद मौत हो गई थी। उन्हें एक पाकिस्तानी अदालत द्वारा आतंकवादी और जासूसी गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने का दोषी ठहराया गया था और 1991 में मौत की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, पाकिस्तानी सरकार ने 2008 में उनकी फांसी पर अनिश्चित काल के लिए रोक लगा दी थी।
- लखनऊ। राजधानी लखनऊ में निर्माणाधीन फॉरेंसिक इंस्टिट्यूट में सोमवार को छत ढलाई के दौरान शटरिंग गिरने से उसके मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए इसकी जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित दारोगा खेड़ा रनियापुर मार्ग पर उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण एवं विधि विज्ञान इंस्टीट्यूट का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को इंस्टीट्यूट में छत ढलाई का काम चल रहा था, इसी दौरान अचानक शटरिंग गिरने से उसकी चपेट में कई मजदूर आ गए। उन्होंने बताया कि आनन-फानन में मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया और पास के अस्पताल ले जाया गया, मगर स्थिति गंभीर होने के मद्देनजर उन्हें ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया, जहां डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चार अन्य घायलों का इलाज किया जा रहा है। उनकी पहचान की जा रही है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। योगी आदित्यनाथ ने इस घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश देते हुए कहा कि समिति द्वारा जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। इस जांच समिति में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव नरेन्द्र भूषण, अपर पुलिस महानिदेशक मोहित अग्रवाल तथा लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने समिति को आज ही अपनी रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में एक श्रमिक की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घटना में घायल व्यक्तियों को मुआवजा देने के साथ-साथ उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
- नयी दिल्ली । उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में मामूली कहासुनी के बाद दो भाइयों को उनके एक दोस्त ने कथित तौर पर चाकू मार दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी सिद्धांत अहोचिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों में से एक की पहचान प्रिंस (20) के रूप में हुई है, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके भाई मिहिर (21) का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात सब्जी मंडी इलाके में हुई। आरोपी सिद्धांत अहोचिया ने दोनों भाइयों पर चाकू से कई वार किए। उन्होंने कहा कि आरोपी और पीड़ित दोनों ही दोस्त थे और एक ही मुहल्ले में रहते थे।उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने कहा कि जांच से पता चला है कि रविवार को रात करीब पौने नौ बजे विवाद के दौरान आरोपी सिद्धांत ने प्रिंस और उसके भाई पर कई बार चाकू से हमला किया। पूछताछ में पता चला कि मृतक प्रिंस और उसके बड़े भाई मिहिर द्वारा आरोपी सिद्धांत को पिछले कुछ दिनों से परेशान किया जा रहा था। दोनों भाई सिद्धांत की जीवनशैली और रिश्तों को लेकर उसे ताना मारा करते थे। पुलिस ने आरोपी सिद्धांत को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण- एनआईए ने आतंकवादियों, गुंडा गिरोहों और मादक पदार्थों के तस्करों के बीच उभरते गठजोड को तोड़ने के लिए सोमवार को देश-विदेश के 50 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक पैमाने पर तलाशी की गई। एनआईए दो मामलों का फिर से पंजीकरण कराने के बाद जांच कर रही है जिन्हे दिल्ली पुलिस ने पिछले महीने की 26 तारीख को पंजीकृत किया था। इस तरह की आतंकी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल भारत और विदेशों में स्थित कुछ गिरोहों की पहचान की गई और उन पर मामले दर्ज किए गए। एनआईए ने कहा है कि हाल ही में आपराधिक गिरोह और उनके सरगनाओं द्वारा व्यापारियों और डॉक्टरों सहित पेशेवरों से फिरौती की मांग से लोगों में व्यापक भय पैदा हो गया था। ये गिरोह जनता में बड़े पैमाने पर दहशत पैदा करने के लिए इन अपराधों को साइबर स्पेस के माध्यम से प्रचारित कर रहे हैं। एनआईए की जांच में यह भी पता चला है कि इस तरह के आपराधिक कृत्य स्थानीय स्तर की छिटपुट घटनाएं नहीं थी बल्कि आतंकवादी गिरोहों और तस्करों के बीच गहरी साजिश का हिस्सा थीं जो देश और अन्य देशों से संचालित की जा रही थीं। प्रवक्ता ने बताया कि गिरोहों के कई सरगना देश छोड़कर भाग गए हैं और वे अब पाकिस्तान, कनाडा, मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।
तलाशी अभियान के दौरान बडी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है। एनआईए ने कहा है कि मादक पदार्थों के अलावा नकदी, डिजिटल उपकरण, बेनामी संपत्ति के दस्तावेज और धमकी भरे पत्र भी बरामद किए गए हैं। -
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने भाजपा नेता सोनाली फोगाट की मृत्यु की सी.बी.आई. जांच कराने के आदेश दिए हैं। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस मामले की सी.बी.आई. जांच कराने का आग्रह किया था। गृह मंत्रालय ने कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग से कहा है कि इस मामले की सी.बी.आई. से जांच कराई जाए। सी.बी.आई. इसी विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण में काम करता है। हरियाणा के हिसार से भाजपा नेता सोनाली फोगाट की 22 और 23 अगस्त की मध्य रात्रि को गोवा में मौत हो गई थी और उनकी मौत को हत्या का मामला माना जा रहा है। गोवा पुलिस ने इस सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो फोगाट के सहयोगी हैं। इन दोनों लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
- आगरा। आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के गांव घिलोय में सोमवार को एक दंपती अपने खेत में स्थित पेड़ पर रस्सी का फंदा बनाकर झूल गए। इस दौरान पति की मौत हो गई, वहीं रस्सी टूटने से पत्नी बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल ही महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।बताया गया है कि सोमवार को ग्राम घिलोय निवासी मान सिंह उर्फ कलुआ उम्र 55 पत्नी संता के साथ खेतों में काम करने गया हुआ था। इस दौरान पति-पत्नी ने खेत पर ही पेड़ पर रस्सी डालकर फंदा लगा लिया। मान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं शरीर भारी होने के चलते रस्सी टूट जाने से संता नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने गंभीर अवस्था में महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, वहीं शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गांव के लोगों ने बताया कि मान सिंह के तीन पुत्रियां और एक पुत्र है। सभी की शादी हो चुकी है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। (प्रतीकात्मक फोटो)
















.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)






