- Home
- देश
-
देवरिया, (उप्र)। देवरिया जिला जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की गुरुवार की सुबह जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) कुंवर पंकज ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवां मेहड़ा स्थित कांशीराम आवास के रहने वाले राजू (42) को सदर कोतवाली पुलिस ने एक मई को 600 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजा दिया था। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि संभवत वह शराब पीने का आदी था और उसको जेल में शराब नहीं मिली तो उसकी तबीयत खराब हो गई। उन्होंने बताया कि जेल के चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देख कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चलेगी। (प्रतीकात्मक फोटो)
- नयी दिल्ली। रूस सरकार द्वारा संचालित एअरोफ्लोत ने आज से रूस और भारत के बीच उड़ानें फिर से बहाल कर दी है।. एअरोफ्लोत कंपनी ने आठ मार्च को अपने निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन को निलंबित कर दिया था क्योंकि विमान पट्टेदार-अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप जैसे पश्चिमी देशों से बाहर थे और उन्होंने रूस के 24 फरवरी को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध शुरू करने के बाद अपने विमानों को वापस बुला लिया था। विमानन कंपनी ने गुरुवार को एक बयान में कहा, ''छह मई, 2022 से, एअरोफ्लोत दिल्ली (डीईएल) से मॉस्को (एसवीओ) के लिए हर सोमवार और शुक्रवार को अपना एयरबस 333 विमान उड़ाएगा, जिसमें तीन-श्रेणी में कुल 293 यात्री बैठेंगे-व्यवसाय, प्रीमियम इकॉनोमी और इकॉनोमी वर्ग।
- पटना. चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि देश के कद्दावर राजनेताओं के लिए पर्दे के पीछे से काम करने के बाद अब वह अपने गृह राज्य बिहार को बदलने के उद्देश्य से समान विचारधारा वाले लोगों का एक मंच बनाने का इरादा रखते हैं। एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलों को खारिज करते हुए किशोर ने कहा कि इसकी बजाय वह बिहार के विकास के लिए काम करेंगे। हालांकि उन्होंने अपने नए विकासात्मक मंच द्वारा अंततः एक पार्टी के गठन की संभावना को खुला छोड़ दिया है। दो साल पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू से निष्कासन के तुरंत बाद शुरू किए गये ‘‘बात बिहार की'' की अवधारणा के समान अपने प्रस्तावित अभियान ‘‘जन सुराज‘‘ की चर्चा करते हुए किशोर ने कहा, ‘‘बिहार को बदलने के लिए एक नई सोच और नए प्रयास की जरूरत है''। उन्होंने कहा कि कुछ 17500-18000 लोगों की पहचान की गई है जो इस प्रयास में शामिल हो सकते हैं और वह अगले कुछ महीनों में उनके साथ चर्चा करेंगे। किशोर ने अपने पिछले अभियान ‘‘बात बिहार की'' का जिक्र करते हुए कहा कि इसके लॉन्च के तुरंत बाद कोविड 19 महामारी ने दस्तक दे दी थी, जिसने सभी सार्वजनिक गतिविधियों को ठप कर दिया था।
- जयपुर. राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन थाना क्षेत्र स्थित एक पोल्ट्री फार्म में बुधवार रात एक महिला ने कथित तौर पर तीन बच्चों को फांसी पर लटकाने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कपासना थाना के थानाधिकारी फूलचंद टेलर ने बताया कि कपासन गांव के आरएनटी कॉलेज के एक पोल्ट्री फार्म में यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि फार्म में लगे सीसीटीवी कैमरे में महिला तीनों बच्चों को फंदे पर लटकाते हुए दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि बीती रात पोल्ट्री फार्म में रूपा (28) ने कथित तौर पर अपनी दो बेटियों शिवानी (7), किरण (3) और बेटे रितेश (5) को फांसी पर लटकाया और बाद में खुद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद चारों शव परिजनों को सौंप दिये गये। इस संबंध में भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि मध्यप्रदेश निवासी महिला और उसका पति अपने परिवार के साथ चार पांच साल से पोल्ट्री फार्म में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि महिला परेशान थी। पुलिस के मुताबिक महिला के पति से पूछताछ की जा रही है।
- जम्मू,.जम्मू-कश्मीर में एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 20 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों सहित 33 नौकरशाहों के तबादले और तैनाती का आदेश जारी किया गया है। आदेश बुधवार देर रात जारी किया गया। आदेशानुसार, जम्मू के संभागीय आयुक्त और छह उपायुक्तों (डीसी) का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। 1989-बैच के आईएएस अधिकारी अटल डुल्लू को करीब 10 महीने पहले ही कृषि उत्पादन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त) के पद पर तैनात किया गया था। आदेश में कहा गया कि साल 1990 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक भारद्वाज को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव और व्यावसायिक प्रवेश परीक्षा बोर्ड (बीओपीईई) के अध्यक्ष के साथ-साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस), वित्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आदेशानुसार, युवा सेवा एवं खेल विभाग के प्रमुख सचिव भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी आलोक कुमार को नागरिक उड्डयन विभाग के प्रशासनिक सचिव और नागरिक उड्डयन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक कुमार परमार को जल शक्ति विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। एम. राजू और रश्मि सिंह, खनन विभाग के क्रमश: नये आयुक्त-सचिव और बिक्री कर आयुक्त होंगे। आदेश में कहा गया, 1994 बैच के अधिकारी नवीन कुमार चौधरी को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव के रूप में तैनात किया गया है। हालही में, एक मामले के सिलसिले में उनके खिलाफ छापेमारी की गई थी। आदेशानुसार, राघव लंगर, सुषमा चौहान, भूपिंदर कुमार, राजेश कुमार और अंशुल गर्ग का तबादला किया गया है। वहीं, आईएएस अधिकारी अवनी लवासा, सैयद सेहरिश असगर, कृतिका ज्योत्सना, राहुल पांडे, श्यामबीर और जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (जेकेएएस) के अधिकारी खालिद जहांगीर को क्रमशः जम्मू, बारामूला, उधमपुर, कठुआ, गांदरबल और कुपवाड़ा का डीसी नियुक्त किया गया है। इनके अलावा भी कई अधिकारियों की नियुक्ति और तबादले का आदेश दिया गया है।
- नयी दिल्ली.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को देश के विभिन्न हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी से निपटने और मॉनसून से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित एक अहम बैठक की अध्यक्षता की। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि देश के कई हिस्सों में पारा तेजी के साथ बढ़ रहा है और कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दिल्ली सहित देश के कुछ हिस्सों में बुधवार को हुई ओलावृष्टि और बारिश के चलते हालांकि लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत भी मिली। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री की समीक्षा बैठक के दौरान गर्मी से निपटने और मॉनसून से जुड़ी तैयारियों के संबंध में एक प्रस्तुति भी दी गई। तीन यूरोपीय देशों की तीन दिवसीय यात्रा से लौटने के बाद प्रधानमंत्री इस बैठक में शामिल हुए।
- सुलतानपुर (उत्तर प्रदेश). उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर के हलियापुर क्षेत्र में बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की तथा एक अन्य व्यक्ति की छप्पर के नीचे दबने से मौत हो गई। हलियापुर थाने के प्रभारी अजय द्विवेदी ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से सिद्धनाथ पांडे (65) की मौत हो गई। वहीं एक अन्य घटना में गोसाईगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तियरी निवासी नानबाई मो. अजीम (70) की छप्पर गिरने से मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि तूफान और बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। आंधी-तूफान से जिले में कई स्थानों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गये हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
- बागपत (उत्तर प्रदेश) .बागपत जिले के चांदीनगर थाना क्षेत्र के चमरावल गांव में बृहस्पतिवार को विद्यालय परिसर के अंदर स्कूल बस ने कक्षा एक के छात्र को कुचल दिया, जिससे बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मुश्किल से हंगामा कर रहे लोंगो को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस अधीक्षक बागपत नीरज कुमार जादौन ने बताया कि हादसा विद्यालय परिसर के अंदर बृहस्पतिवार सुबह उस समय हुआ जब चमरावल गांव निवासी अरुण का छह वर्षीय पुत्र आयुष रॉयल कान्वेंट इंटर कॉलेज के परिसर के मुख्य द्वार के पास खड़ा था, तभी स्कूली वाहन ने उसे कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जादौन के अनुसार मृतक के शव को पोस्टमाटर्म के लिए भेजकर परिजनों की तहरीर पर विद्यालय प्रबन्धक और बस के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना चांदी नगर पुलिस इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान ने बताया कि आयुष गांव के ही रॉयल कान्वेंट इंटर कॉलेज में कक्षा एक का छात्र था।
- नोएडा. गौतमबुद्ध नगर में नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र के गौर सिटी-2 के 12वें एवेन्यू में रहने वाली एक महिला अपनी बालकनी से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास कर रही थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करके महिला की जान बचा ली। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि बुधवार शाम को पुलिस को सूचना मिली थी कि गौर सिटी-2 के 12वें एवेन्यू सोसायटी के टावर डी में रहने वाली करीब 40 वर्ष की महिला अपनी बालकनी में सुसाइड करने के लिए खड़ी है। पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि महिला ने फ्लैट के मुख्य दरवाजे को अंदर से बंद कर लिया है, ताकि कोई उनके पास ना आ सके। सिंह ने बताया कि सूचना पर थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक उमेश बहादुर सिंह त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचे और फ्लैट का मुख्य दरवाजा मशीन से कटवाकर महिला को सकुशल बचा लिया। उन्होंने बताया कि महिला को उसके एक परिचित के सुपुर्द किया गया है। महिला घर में अकेले रह रही थी, इस वजह से वह मानसिक तनाव में थी।
- लुधियाना. पंजाब के लुधियाना स्थित भाई रणधीर सिंह नगर इलाके में एक सेवानिवृत्त आयकर अधिकारी और उनकी पत्नी मृत पाए गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें शक है कि यह हत्या का मामला हो सकता है। उन्होंने बताया कि घटना बुधवार रात को हुई। मृतकों की पहचान सुखदेव सिंह लोटे (67) और उनकी पत्नी गुरमीत कौर (64) के रूप में की गई है। पुलिस ने कहा कि लोटे और उनकी पत्नी घर पर ही थे और धारदार हथियार से उन्हें मारा गया। मृतकों के एक पड़ोसी ने एक व्यक्ति को उनके घर की दीवार पर चढ़ते देखा और शोर मचाया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और बताया कि वे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।
- उत्तरकाशी (उत्तराखंड). गंगोत्री धाम में बृहस्पतिवार को व्हील चेयर चलाने वाले नेपाली मूल के एक मजदूर की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गयी। चारधाम यात्रा शुरू होने के तीन दिनों में अब तक यात्रा मार्ग पर पांच श्रद्धालुओं समेत छह व्यक्तियों की ह्रदयाघात से मृत्यु हो चुकी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी देवेंद्र सिंह पटवाल ने यहां बताया कि नेपाल के रहने वाले 45 वर्षीय लाल बहादुर की सुबह करीब सवा सात बजे ह्रदयाघात से मृत्यु हो गयी। उन्होंने बताया कि बहादुर यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए व्हील चेयर चलाता था। पटवाल ने बताया कि इससे पहले, यमुनोत्री धाम जाते हुए पांच बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गयी थी। पटवाल ने बताया कि पांचों श्रद्धालुओं की मृत्यु जानकीचट्टी से यमुनोत्री मंदिर के बीच पैदल रास्ते में हुई है। उन्होंने बताया कि बुधवार देर शाम यमुनोत्री के दर्शन कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के जयालपुर के रहने वाले 72 वर्षीय रामयज्ञ तिवारी की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गयी थी। उन्होंने बताया कि बुधवार देर शाम हुई एक अन्य घटना में मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली 62 वर्षीया सुनीता खडीकर को दिल का दौरा पड़़ा था। उन्हें तुरंत बडकोट सामुदायिक चिकित्सा केंद्र ले जाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गयी। अधिकारी ने बताया कि इससे पहले, एक महिला सहित तीन श्रद्धालुओं की मृत्यु कपाट खुलने वाले दिन मंगलवार को हुई थी जिनकी पहचान उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर निवासी अनिरुद्ध प्रसाद जायसवाल (65), राजस्थान के डूंगरपुर के कैलाश चौबीसा (63) और मध्य प्रदेश के जबलपुर की शकुन परिहार (63) के रूप में हुई है । साढे दस हजार फीट से ज्यादा उंचाई पर स्थित यमुनोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अक्षय तृतीया पर श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। यमुना नदी के बाएं किनारे पर स्थित यमुनोत्री मंदिर तक पहुंचने के लिए छह किलोमीटर की चढ़ाई वाला पैदल रास्ता तय करना पड़ता है।
-
नयी दिल्ली। भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने बुधवार को कहा कि वह अपनी पहली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 21 जून को चलाएगा जिसमें यात्रा करने वाले तीर्थयात्री नेपाल के जनकपुर भी जा सकेंगे। यह ट्रेन स्वदेश दर्शन योजना के तहत चिह्नित रामायण परिपथ पर चलेगी और इसके मार्ग में भगवान राम के जीवन से जुड़े माने जाने वाले प्रमुख स्थान शामिल होंगे। इनमें नेपाल के जनकपुर में स्थित राम जानकी मंदिर भी शामिल है। भारत गौरव पर्यटक ट्रेन की एक यात्रा 18 दिन की होगी जिसका पहला ठहराव भगवान राम के जन्मस्थल अयोध्या में होगा। अयोध्या में पर्यटक श्री राम जन्मभूमि मंदिर और हनुमान मंदिर के दर्शन करेंगे और भगवान राम के छोटे भाई भरत के नंदीग्राम स्थित मंदिर भी जाएंगे। अयोध्या के बाद ट्रेन बिहार के बक्सर में रुकेगी। इसके बाद ट्रेन सीता जी की जन्मस्थली के दर्शन के लिए सीतामढ़ी तक जाएगी और यात्री सड़क मार्ग से नेपाल के जनकपुर जाएंगे। यात्री जनकपुर के होटलों में रात्रि विश्राम करेंगे और वहां प्रसिद्ध राम-जानकी मंदिर में दर्शन करेंगे। सीतामढ़ी के बाद ट्रेन वाराणसी जाएगी। इसके अलावा ट्रेन नासिक, किष्किंधा (हंपी) और रामेश्वरम आदि स्थानों पर भी जाएगी।
-
नयी दिल्ली। मेटा के स्वामित्व वाली फेसबुक ने मार्च के दौरान भारत में लगभग 2.16 करोड़ सामग्रियों (कंटेंट) पर कार्रवाई की। सोशल मीडिया दिग्गज की एक मासिक रिपोर्ट के अनुसार यह कार्रवाई 13 उल्लंघन श्रेणियों में की गई। इन श्रेणियों में स्पैम, धमकाना और उत्पीड़न, बच्चों के लिए प्रतिकूल, खतरनाक संगठन और व्यक्ति, हिंसक और ग्राफिक सामग्री और वयस्क अश्लीलता तथा यौन गतिविधियां शामिल हैं। मेटा द्वारा हाल में जारी भारत की मासिक रिपोर्ट के अनुसार फेसबुक ने 1-31 मार्च, 2022 के बीच कई श्रेणियों में लगभग 2.16 करोड़ कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान इंस्टाग्राम ने 12 श्रेणियों में लगभग 27 लाख कंटेंट पर पर कार्रवाई की। पिछले साल मई में लागू हुए आईटी नियमों के तहत, बड़े डिजिटल मंचों को हर महीने अनुपालन रिपोर्ट प्रकाशित करनी होती है। इस रिपोर्ट में उन्हें मिली शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई का विवरण होता है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, फेसबुक के मामले में की गई कुल 2.16 करोड़ कार्रवाइयों में से 1.49 करोड़ स्पैम श्रेणी में, 25 लाख हिंसक और ग्राफिक सामग्री श्रेणी में और 21 लाख वयस्क अश्लीलता तथा यौन गतिविधि श्रेणी में की गईं। रिपोर्ट में कहा गया कि एक मार्च से 31 मार्च के बीच भारतीय शिकायत तंत्र के माध्यम से 656 रिपोर्ट मिलीं और फेसबुक इनमें से सभी का जवाब दिया।
-
नयी दिल्ली। नीति आयोग की मार्च, 2022 के लिये आकांक्षी जिला रैंकिंग में बिहार का मुजफ्फरपुर शीर्ष स्थान पर रहा। नीति आयोग ने ट्विटर पर लिखा है कि पूर्णिया (बिहार) और मेवात (हरियाणा) सूची में क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। वहीं असम का दरांग और मध्य प्रदेश में दमोह क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर है। डेल्टा रैंकिंग मार्च, 2022 में विकास से जुड़े छह क्षेत्रों में 112 आंकाक्षी जिलों की प्रगति के आधार पर तैयार की गयी है। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा तथा जल संसाधन, वित्तीय समावेश, कौशल विकास और मूल बुनियादी ढांचा शामिल हैं। रैंकिंग तैयार करने के लिये इन क्षेत्रों में जिलों की प्रगति को देखा गया। आकांक्षी जिला कार्यक्रम जनवरी 2018 में शुरू हुआ। इसका मकसद उन जिलों को विकास के मामले में आगे लाना है, जो प्रमुख सामाजिक क्षेत्रों में पीछे रह गये और पिछड़े क्षेत्रों की सूची में आते हैं। आकांक्षी जिलों की रैंकिंग हर महीने होती है।
-
नयी दिल्ली। रेलवे ने विभिन्न बिजली संयंत्रों में कोयले की ढुलाई के लिए अपने 86 प्रतिशत खुले वैगनों को तैनात किया है। देश में बिजली संकट से निपटने के लिए ऐसा किया गया है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेलवे 1,31,403 बॉक्सएन या खुले वैगनों के अपने बेड़े में से 1,13,880 का इस्तेमाल कोयला परिवहन के लिए कर रहा है। उन्होंने बताया कि कोयला और बिजली मंत्रालयों की सलाह से रेलवे द्वारा तैयार की गई योजना के तहत यह फैसला किया गया। आंकड़ों से पता चलता है कि रेलवे के पास लगभग 3,82,562 वैगन हैं, जिनमें से 1,31,403 खुले वैगन हैं। इनमें से 3,636 को दो मई तक मरम्मत की आवश्यकता थी। बिजली संयंत्रों की मांग को पूरा करने के लिए रेलवे रोजाना औसतन 28,470 वैगनों में कोयला लाद रहा है। एक कोयला ट्रेन में आमतौर पर 84 वैगन तक होते हैं। रेलवे ने परिवहन में तेजी लाने के लिए झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में 122 स्थानों पर तीन से पांच रेलगाड़ियों को एक साथ चलाने के लिए एक अभिनव तरीके का इस्तेमाल किया है। सूत्रों ने कहा कि रेलवे कोयला ले जाने के लिए लगभग 40-50 क्षतिग्रस्त वैगनों का इस्तेमाल कर रहा है। इसी तरह जिन रेक को पहले 7,500 किलोमीटर चलने के बाद मरम्मत के लिए गैराज भेजा जाता था, उन्हें अब 10,000 किलोमीटर के बाद गैराज भेजा जा रहा है।
- नयी दिल्ली. फ्रांस में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित कान फिल्म महोत्सव में भारत को आधिकारिक तौर पर सम्मानित देश (कंट्री ऑफ आनर) बनाया गया है जहां भारत की संस्कृति, धरोहर, भाषाई विविधता, सिनेमा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जायेगा । सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को यह जानकारी दी । कान फिल्म महोत्सव 17 से 25 मई तक चलेगा। इस महोत्सव में भारत को फिल्मों की विषय सामग्री के केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया जायेगा । ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा, यह संयोग ही है कि जहां भारत की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर उत्सव मनाया जा रहा है, वहीं भारत एवं फ्रांस के राजनयिक संबंध स्थापित होने के भी 75 वर्ष पूरे हुए हैं तथा कान फिल्म महोत्सव के भी 75 वर्ष हुए हैं । उन्होंने कहा कि ऐसे में भारत को इस महोत्सव में सम्मानित देश (कंट्री ऑफ आनर) बनाया गया है । उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब किसी देश को सम्मानित देश बनाया गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभी फ्रांस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करने जा रहे हैं, वहीं आने वाले दिनों में कान फिल्म महोत्सव में सरकार भारत की संस्कृति, धरोहर, भाषायी विविधता, सिनेमा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगी। उन्होंने कहा कि हाल के समय में भारत ने स्टार्ट अप के क्षेत्र में दुनिया में महत्वपूर्ण स्थान बनाया है, ऐसे में इस महोत्सव में पांच स्टार्ट अप को दृश्य श्रव्य लाइब्रेरी के स्तर पर हिस्सा लेने का मौका मिलेगा । अनुराग ठाकुर ने बताया, कान फिल्म महोत्सव में ‘वर्ल्ड प्रीमियर' में आर माधवन की फिल्म ‘राकेटरी' को प्रदर्शित करने के लिये चुना गया है। इसे 19 मई को प्रदर्शित किया जायेगा।'' उन्होंने बताया कि इसके अलावा ‘कान जाने वाली श्रेणी' में पांच फिल्मों का प्रदर्शन किया जायेगा । उन्होंने बताया कि इसमें वैसी पांच फिल्में होंगी जिनका प्रदर्शन नहीं हुआ हो । उनके अनुसार इसका मकसद यह है कि इन फिल्मों को मंच एवं बाजार मिल सकेगा । इन फिल्मों 22 मई को प्रदर्शित किया जायेगा । ठाकुर ने बताया, इस वर्ष हम महान फिल्मकार सत्यजीत रे शताब्दी समारोह मना रहे हैं । ऐसे में उनकी दुर्लभ फिल्म ‘‘प्रतिद्वंद्वी'' को इस बार कान फिल्म महोत्सव में विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।'' गौरतलब है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा शुरू की गई एक परियोजना राष्ट्रीय फिल्म विरासत मिशन के तहत ‘‘प्रतिद्वंद्वी'' के प्रिंट का नवीनीकरण किया गया है। यह कार्य मुंबई की लैब ‘‘प्राइम फोकस टेक्नोलाजीज़'' ने प्रख्यात सिनेमेटोग्राफर सुदीप चटर्जी की देखरेख में किया है। उन्होंने बताया कि कान फिल्म महोत्सव में एक समर्पित भारत मंच और मंडप बनाया जा रहा है जहां भारतीय फिल्मों से जुड़ी नीतियों, विषय वस्तु एवं अन्य विषयों पर विचारों का आदान प्रदान किया जायेगा ।--
- नयी दिल्ली. सरकार ने विशेष प्रकार के इस्पात के घरेलू विनिर्माण के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहत योजना (पीएलआई) के तहत आवेदन देने की समयसीमा बढ़ाकर 31 मई, 2022 कर दी है। एक आधिकारिक अधिसूचना से यह जानकारी मिली है। आवेदन की समयसीमा दूसरी बार बढ़ाई गई है। इससे पहले इस्पात विनिर्माताओं के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 29 मार्च थी, जिसे उस समय बढ़ाकर 30 अप्रैल किया गया था। इस्पात मंत्रालय की तरफ से 28 अप्रैल को जारी अधिसूचना में कहा गया, ‘‘इस्पात विनिर्माण के लिए पीएलआई योजना के तहत आवेदन अब 31 मई, 2022 तक किया जा सकता है।'' इससे पहले, मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया था कि सरकार इस्पात विनिर्माताओं की कुछ चिंताओं के बाद विशेष इस्पात के लिए पीएलआई योजना में संशोधन पर विचार कर रही है। अधिकारी ने कहा था कि सरकार विशेष इस्पात के उत्पादन के लिए एक समान प्रोत्साहन देने की योजना पर काम करने के साथ इसमें अधिक ग्रेड शामिल करने पर विचार कर रही है....विशेष रूप से रक्षा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले सामान के लिए।
- नयी दिल्ली. कार विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने बुधवार को कहा कि देशभर में उसके पेशेवर ड्राइविंग प्रशिक्षण स्कूलों की संख्या 500 हो गई है और उसका लक्ष्य 2025 तक करीब 25 लाख लोगों को प्रशिक्षण देना है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि मारुति सुजुकी ड्राइविंग स्कूल्स (एमएसडीएस) की शुरुआत 2005 में हुई थी और अब 242 शहरों में उसके 500 अत्याधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण स्कूल हैं जिनमें 17 लाख से अधिक लोगों को वाहन चालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक (बिक्री एवं विपणन) शशांक श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘एमएसडीएस के साथ करीब 1,500 प्रमाणित, योग्य एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षक जुड़े हैं जो सुरक्षित वाहन चालन का प्रशिक्षण देते हैं। हमारा उद्देश्य 2025 तक 25 लाख से अधिक लोगों को प्रशिक्षण देना और मारुति सुजुकी ड्राइविंग स्कूल के नेटवर्क का विस्तार करना है।
- इंदौर (मध्यप्रदेश) .अपने भारी-भरकम फलों के चलते "आमों की मलिका" के रूप में मशहूर "नूरजहां" किस्म के स्वाद के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। सब कुछ ठीक रहा तो इस बार इसके केवल एक फल का अधिकतम वजन चार किलोग्राम से ज्यादा रह सकता है। आम की इस खास किस्म के एक उत्पादक ने बुधवार को यह अनुमान जताया। अफगानिस्तानी मूल की मानी जाने वाली, आम की प्रजाति नूरजहां के गिने-चुने पेड़ मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा क्षेत्र में पाए जाते हैं। यह इलाका गुजरात से सटा है। इंदौर से करीब 250 किलोमीटर दूर कट्ठीवाड़ा के आम उत्पादक शिवराज सिंह जाधव ने बताया, "इस बार मेरे बाग में नूरजहां आम के तीन पेड़ों पर कुल 250 फल लगे हैं। ये फल 15 जून तक पककर बिक्री के लिए तैयार होंगे और इसके एक फल का अधिकतम वजन चार किलोग्राम के पार जा सकता है।'' उन्होंने हालांकि बताया कि जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों के कारण इस बार नूरजहां के कई बौर (आम के फूल) पेड़ पर नहीं टिक पाए और फल में तब्दील होने से पहले ही नीचे टपक गए। आम उत्पादक ने बताया कि पिछले साल नूरजहां के एक फल का वजन औसतन 3.80 किलोग्राम था। जाधव ने बताया कि कट्ठीवाड़ा के पास स्थित गुजरात के कई शौकीन नूरजहां आम के फलों की अग्रिम बुकिंग के लिए उनसे अभी से फोन पर पूछताछ कर रहे हैं, जबकि इन्हें पककर बिक्री के लिए तैयार होने में कोई डेढ़ महीना बाकी है। उन्होंने कहा,‘‘मौसम का कोई भरोसा नहीं है और आंधी-बारिश का अंदेशा बना हुआ है। इसलिए मैं नूरजहां आम के ज्यादा फलों की अग्रिम बुकिंग नहीं ले रहा हूं।'' जाधव ने बताया कि वह इस बार नूरजहां का एक आम 1,000 रुपये से 2,000 रुपये के बीच बेचने पर विचार कर रहे हैं, जबकि पिछले साल इसके एक फल का भाव 500 रुपये से 1,500 रुपये के बीच रहा था। बागवानी के जानकारों ने बताया कि नूरजहां आम के पेड़ों पर आमतौर पर जनवरी-फरवरी से बौर आने शुरू होते हैं और इसके फल जून के पहले पखवाड़े तक पककर बिक्री के लिए तैयार हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि नूरजहां आम के भारी-भरकम फल तकरीबन एक फुट तक लम्बे हो सकते हैं और इनकी गुठली का वजन 150 से 200 ग्राम के बीच होता है।
- इंग्लिश बाजार (पश्चिम बंगाल). पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में बुधवार की सुबह एक छोटी नौका के पानी में डूब जाने से दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक ,यह घटना सुबह करीब 10 बजे इंग्लिश बाजार थाना क्षेत्र में बांग्लादेश सीमा के पास कृष्णापुर-मोस्लामपुर में एक जलाशय में हुई। अधिकारियों के मुताबिक नौका में चार लोग सवार थे, जिसमें से दो लोग तैरकर वापस किनारे पहुंच गए, लेकिन उनमें से दो लोग डूब गए। पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को बाद में 80 बीघा में फैले जलाशय से निकाला गया। मृतकों की पहचान सलीउज्जमान और रेजौन शेख के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। चारों युवक सूजापुर के रहने वाले हैं और ईद पर अपने एक रिश्तेदार के यहां आए थे। उनका एक रिश्तेदार ही जलाशय का मालिक है।-file photo
- जयपुर. बीकानेर जिले के बीछवाल थाना क्षेत्र में बुधवार को एक तेजगति से आ रहा पिकअप जीप अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि हादसा के वक्त पिकअप जीप गैरसर गांव से बीकानेर शहर की तरफ जा रही थी। उन्होंने बताया कि जीप में कई बच्चे और परिवार के सदस्य सवार थे और वे सभी शादी के लिए कपड़ों की खरीददारी करने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे में जीप में सवार मांगीलाल (54), उनके पोते मोहन राम (11) और सुमन (9) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 13-14 लोग घायल हो गये। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
- कम्पाला (युगांडा) .पश्चिमी युगांडा में एक सड़क हादसे में यात्री बस में सवार 20 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बुधवार को सुबह हुए इस हादसे में मारे गए लोगों में सात नाबालिग हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। बस फोर्ट पोर्टल शहर से युगांडा की राजधानी कम्पाला जा रही थी। सोशल मीडिया पर साझा किए गए हादसे के फोटो में लोगों को दुर्घटना स्थल पर मलबे से यात्रियों को बचाते हुए देखा जा सकता है।
- नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने नया दिशानिर्देश तैयार किया है जिसके तहत देश भर के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों को छात्र सेवा केंद्र (एसएससी) स्थापित करने होंगे जो छात्रों के तनाव एवं भावनात्मक समस्याओं से जुड़े विषयों के प्रबंधन के लिये जिम्मेदार होंगे। इसके साथ ही दिशानिर्देश में परिसर में जीवंत माहौल और शारीरिक गतिविधियों में हर छात्र की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है। यूजीसी की उच्च स्तरीय कमेटी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के सुझावों के तहत शरीरिक दक्षता, खेल, छात्र स्वास्थ्य, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के संबंध में नया दिशानिर्देश तैयार किया है। यूजीसी के अध्यक्ष प्रो. एम जगदीश कुमार ने बताया, ‘‘ इन दिशानिर्देशों का मकसद छात्रों में शारीरिक व खेल गतिविधियों और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। यह सभी छात्रों के तनाव, दबाव और उनकी व्यवहारिक परेशानियों को दूर करने और मानसिक स्थिति ठीक रखने के लिए जरूरी है। '' दिशानिर्देशों के अनुसार, युवाओं के शारीरिक और मानसिक फिटनेस के अलावा उनके भावनात्मक स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी जरूरी है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में इसका उल्लेख किया गया था। इसमें कहा गया है कि स्कूलों में तो खेलकूद अनिवार्य विषय रहता है, लेकिन उच्च शिक्षण संस्थानों में विकल्प के तौर पर रहता है। यह विडंबना है कि संस्थानों में दाखिला लेने वाले प्रत्येक छात्र से खेल शुल्क लिया जाता है लेकिन उच्च शिक्षण संस्थानों में खेलकूद गतिविधियों में हिस्सेदारी या खेल सुविधाओं का उपयोग केवल एक या दो प्रतिशत छात्रों द्वारा ही किया जाता है। दिशानिर्देशों के अनुसार, इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि स्वस्थ्य शरीर के विकास के लिये पर्याप्त शारीरिक गतिविधियां अपरिहार्य हैं और संस्थानों में प्रत्येक छात्रों की खेल गतिविधियों में हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की जरूरत है। इसमें कहा गया है कि सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में अब छात्र सेवा केंद्र (एसएससी) बनाने होंगे जो छात्रों के तनाव एवं भावनात्मक समस्याओं से जुड़े विषयों के प्रबंधन के लिये जिम्मेदार होंगे। इसमें छात्रों खास तौर पर ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों की मदद के लिये मानक एवं व्यवस्थित प्रबंध किया जायेगा। दिशानिर्देशों में कहा गया है कि छात्रों के लिये संस्थानों में बेहतर पठन पाठन का माहौल, उचित मूल्यांकन प्रणाली और सभी के साथ समतापूर्ण व्यवहार जीवंत परिसर के आवश्यक तत्व हैं। यह अकादमिक एवं पाठ्येत्तर गतिविधियों सहित जमीनी प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर से जुड़ी गतिविधियों, शैक्षणिक दौरों, ग्रीष्मकालीन ‘इंटर्नशिप' के जरिये हो सकता है। इसमें कहा गया है कि उच्च शिक्षण संस्थान छात्रों के हित में इन दिशानिर्देशों को लागू करने के लिये अपने अध्यादेशों, नियामक प्रावधानों एवं अन्य नियमों में संशोधन कर सकते हैं ।
- इटावा (उत्तर प्रदेश) .इटावा जिले के चौविया क्षेत्र में बुधवार तड़के कर्नाटक से आ रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक से टकरा जाने से उस पर सवार एक दंपत्ति की मृत्यु हो गयी , जबकि 12 अन्य यात्री घायल हो गये। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने यहां बताया कि आगरा से बनारस जा रहे कर्नाटक निवासी श्रद्धालुओं से भरी एक बस की आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चौविया थाना क्षेत्र के अंतर्गत चैनल नंबर 113 पर ट्रक से टक्कर हो गयी। इस हादसे में बस पर सवार कर्नाटक के बेलगाम निवासी बिठ्ठल मारुति सुचिता (65) एवं उनकी पत्नी सुलोचना (60) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में बस सवार 12 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। उनमें से 10 को सैफई मेडिकल कॉलेज मे भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिये भेजे गये हैं। सिंह ने बताया कि श्रद्धालु कर्नाटक से दिल्ली, मथुरा, वृन्दावन और आगरा से वाराणसी जा रहे थे। बस में कुल 50 तीर्थयात्री सवार थे।
- नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी 20-21 मई को राजस्थान की राजधानी जयपुर में पार्टी संगठन से जुड़े देश भर के नेताओं की एक बैठक बुलाई है, जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीतियों के साथ ही वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा की जाएगी। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुलाबी नगरी में होने जा रही इस बैठक के किसी एक सत्र को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित कर सकते हैं। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा करेंगे। पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा प्रदेशों के अध्यक्ष, केंद्रीय प्रभारी और संगठन महामंत्री भी इसमें मौजूद रहेंगे। देश में कोविड-19 महामारी की शुरुआत की बाद भाजपा नेताओं की यह पहली ऐसी बैठक होगी, जिसमें सभी मौजूद रहेंगे। महामारी के दौरान पार्टी ने बैठकों का आयोजन तो किया लेकिन वह सभी बैठकें वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गईं। सभी नेताओं की एक बैठक 20 मई को होगी जबकि अगले दिन पार्टी के शीर्ष नेता और संगठन महामंत्रियों की बैठक होगी। ज्ञात हो कि भाजपा में संगठन महामंत्री का पद बहुत शक्तिशाली माना जाता है। संगठन महामंत्री राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधि होते हैं और वे पार्टी और संघ के बीच समन्वय का काम भी देखते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार की ओर से किए गए एक संवाद में प्रदेश अध्यक्षों और राज्यों के संगठन महामंत्रियों को अपने-अपने राज्यों में चलाए गए कार्यक्रमों और गतिविधियों के बारे में रिपोर्ट लाने को कहा है। कांग्रेस शासित राजस्थान में इस बैठक के आयोजन का राजनीतिक रूप से बहुत महत्व है क्योंकि हाल में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं के अलावा अन्य मुद्दों पर भाजपा राज्य की अशोक गहलोत सरकार को घेरने में जुटी हुई है। कांग्रेस का ‘‘चिंतन शिविर'' भी 13 मई को राजस्थान के उदयपुर में होने वाला है। राजस्थान में अगले साल के मध्य में विधानसभा चुनाव होने हैं।सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बैठक में गुजरात, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक की राजनीतिक स्थिति पर भी चर्चा हो सकती है। हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा था। पार्टी ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित चार राज्यों में जीत हासिल की। इस जीत से उत्साहित पार्टी ने अब आगामी चुनाव वाले राज्यों में अपनी गतिविधियां तेज कर दी है। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं वहीं कर्नाटक में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।













.jpg)
.jpg)
.jpg)











