- Home
- खेल
- पेरिस। फ्रेंच ओपन के निदेशक गाय फोरगेट ने इस्तीफा दे दिया है। फ्रेंच टेनिस महासंघ (एफएफटी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। फोरगेट का अनुबंध साल के अंत में खत्म होना था। एफएफटी ने कहा कि इस क्ले कोर्ट ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के नए प्रमुख की घोषणा जल्द ही की जाएगी। फोरगेट ने पेरिस मास्टर्स के निदेशक पद से भी इस्तीफा दे दिया है।एलइक्विपे समाचार पत्र ने सबसे पहले यह खबर दी। इस दैनिक समाचार पत्र ने कहा कि फोरगेट ने महासंघ के अध्यक्ष जाइल्स मोरेटोन को मंगलवार सुबह इस्तीफे की जानकारी दी। महासंघ ने फोरगेट के अचानक जाने का कोई कारण नहीं बताया और उनकी प्रतिबद्धता तथा शानदार काम के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
- दुबई।ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर, पाकिस्तान के बल्लेबाज आबिद अली और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी को मंगलवार को नवंबर माह के लिए आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) के महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए नामंकित किया गया। महिला वर्ग में इस सूची में वेस्टइंडीज की हरफनमौला हेली मैथ्यूज के साथ पाकिस्तान की बायें हाथ की स्पिनर अनम अमीन और बांग्लादेश की नाहिदा अख्तर शामिल है। नवंबर के महीने का नामांकन संयुक्त अरब अमीरात एवं ओमान में हुए आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के मैचों सहित सभी प्रारूपों में प्रदर्शन के आधार पर है। आईसीसी की एक स्वतंत्र मतदान अकादमी और दुनिया भर के प्रशंसक विजेताओं का फैसला करने के लिए मतदान कर सकते हैं, जिसकी घोषणा अगले सप्ताह की जाएगी। प्रशंसकों को रविवार तक मत डालने के लिए आमंत्रित किया गया है। वार्नर टी20 विश्व कप में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' थे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 49 और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 53 रनों की शानदार पारी खेली थी। इस दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय की चार पारियों में उन्होंने 69.66 के औसत और 151.44 के स्ट्राइक रेट से 209 रन बनाए। उनके यह प्रदर्शन आस्ट्रेलिया को विश्व चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज आबिद अली को चटगांव में बांग्लादेश के खिलाफ आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) श्रृंखला के पहले मैच में 133 और 91 रन की पारी खेली। वह इस मैच के मैन ऑफ द मैच भी रहे। साउदी ने सबसे छोटे प्रारूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के तुरंत बाद कानपुर में भारत के खिलाफ डब्ल्यूटीसी श्रृंखला के शुरुआती टेस्ट में आठ विकेट चटकाये। यह मैच ड्रॉ पर छूटा। उन्होंने टी20 विश्व कप के दौरान नवंबर में खेले गये मैचों में सात विकेट विकेट लिये और अपनी टीम को फाइनल में पहुंचने में अहम भूमिका निभाई। महिलाओं के वर्ग में बांग्लादेश की नाहिदा ने इस दौरान चार एकदिवसीय में 13 विकेट झटके और महज 2.22 रन प्रति ओवर खर्च किये। अनम ने भी नवंबर में 13 विकेट लिये और तीन रन प्रति ओवर के हिसाब से रन खर्च किये।वेस्टइंडीज की हरफनमौला मैथ्यूज को दूसरी बार नामांकन मिला है। उन्होंने इससे पहले जुलाई में अपनी कप्तान स्टैफनी टेलर के साथ नामांकन हासिल किया था। उन्होंने नवंबर में चार एकदिवसीय मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए 141 रन बनाये और 13.11 की औसत से नौ विकेट हासिल किये।
- दुबई। विश्व टेस्ट चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की श्रृंखला जीतकर भारत ने सोमवार को आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने कानपुर में पहला मैच ड्रॉ होने के बाद मुंबई में खेले गये दूसरे टेस्ट के चौथे दिन 372 रन की शानदार जीत दर्ज की। भारत जून में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड से हार गया था। विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम के अब 124 रेटिंग अंक हैं और उसके बाद न्यूजीलैंड (121), ऑस्ट्रेलिया (108), इंग्लैंड (107), पाकिस्तान (92), दक्षिण अफ्रीका (88), श्रीलंका (83), वेस्टइंडीज (75), बांग्लादेश (49) और जिम्बाब्वे (31) का नंबर आता है। विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) तालिका में भारत 42 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। श्रीलंका दो मैचों में दो जीत के साथ इस तालिका में शीर्ष पर है जबकि पाकिस्तान 66.66 के जीत प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है।
- भुवनेश्वर। खिताब की उम्मीद टूटने के बाद गत चैम्पियन भारत रविवार को यहां कांस्य पदक के प्लेऑफ में फ्रांस से 1-3 से हारकर एफआईएच जूनियर हॉकी विश्व कप में पोडियम स्थान हासिल करने में असफल रहा। फ्रांस के कप्तान टिमोथी क्लेमेंट ने मेजबान को फिर चौंकाने के लिये हैट्रिक लगायी और कांस्य पदक जीत लिया। क्लेमेंट ने फ्रांस के लिये 26वें, 34वें और 47वें मिनट में तीन पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया जबकि भारत के लिये एकमात्र गोल सुदीप चिरमाको ने 42वें मिनट में दागा। क्वार्टरफाइनल में बेल्जियम के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन के बाद यह भारतीयों के लिये लगातार दूसरा फ्लॉप शो रहा। तीसरे-चौथे स्थान का मैच भारत के लिये टूर्नामेंट के शुरूआती मैच में फ्रांस से मिली 4-5 की हार का बदला चुकता करने का मौका था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। यूरोपीय टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से मेजबानों पर दबदबा बनाना जारी रखा। पिच पर फ्रांस की टीम काफी बेहतर थी जिसने पहले क्वार्टर में धीमी शुरूआत के बाद नियंत्रण बनाया और 14 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये। वहीं भारतीय टीम केवल तीन पेनल्टी कॉर्नर ही हासिल कर सकी। भारत ने अच्छी शुरूआत कर पहले क्वार्टर में फ्रांस की रक्षात्मक पंक्ति पर दबाव बना दिया था जिसमें उन्हें मैच के पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिल गया लेकिन मेजबान इसका फायदा उठाने में असफल रहे। भारतीयों ने लगातार कोशिश जारी रखी और टीम 12वें मिनट में बढ़त के करीब पहुंची जब अरिजीत सिंह हुंडाल ने सर्कल के ऊपर से प्रयास किया, पर यह पोस्ट पर लगा। फ्रांस ने पहले क्वार्टर के अंत में थोड़ा जोर लगाया और उन्हें लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिल गये। लेकिन भारतीय रक्षात्मक पंक्ति ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को दूर ही रखा। दूसरे क्वार्टर में भी फ्रांस ने हमले करना जारी रखा। दूसरे क्वार्टर के तीसरे ही मिनट में उसने एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया जो सफल नहीं रहा। भारत ने भी कुछ मौके बनाये लेकिन वे फ्रांस के सर्कल के अंदर ही विफल हो गये।फ्रांस ने भारत की रक्षात्मक पंक्ति पर दबाव बनाना जारी रखा और 26वें मिनट में पांचवां पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया जिसे क्लेमेंट ने नीची ड्रैग फ्लिक से गोल में बदल दिया और भारतीय गोलकीपर प्रशांत चौहान कुछ नहीं कर सके। तीसरे क्वार्टर में फ्रांस ने पांच पेनल्टी कॉर्नर प्राप्त किये जिसमें से अंतिम को क्लेमेंट ने गोल में तब्दील कर यूरोपीय टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी। कुछ ही मिनट बाद भारत को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन शरदानंद तिवारी की फ्लिक वाइड रही।कुछ ही सेंकेड बाद सुदीप का करीबी से किया गया प्रयास फ्रांसिसी गोलकीपर ने बचा लिया।सुदीप ने 24वें मिनट में मैदानी गोल से अंतर कम किया और उम्मीद की किरण जगायी।लेकिन फ्रांस ने आक्रमण जारी रखे और 47वें मिनट में 11वां पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। एक बार फिर क्लेमेंट ने इस पर गोल कर दिया। फ्रांस ने कहीं भी भारतीय रक्षात्मक पंक्ति से दबाव कम नहीं किया और इस दौरान तीन और पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिये लेकिन बढ़त नहीं बढ़ा सके। सुदीप को कुछ मिनट बाद शानदार मौका मिला था लेकिन अरिजीत सिंह हुंडाल का पास वाइड चला गया। भारत को अंतर कम करने का एक और मौका एक पेनल्टी कॉर्नर से मिला लेकिन उप कप्तान संजय कुमार की फ्लिक का फ्रांस ने अच्छा बचाव किया।
- बाली। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू को रविवार को यहां खिताबी मुकाबले में दक्षिण कोरिया की आन सियोंग से सीधे गेम में हारने के कारण बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। मौजूदा विश्व चैंपियन सिंधू के पास विश्व में छठे नंबर की कोरियाई खिलाड़ी के खेल का कोई जवाब नहीं था और वह आसानी से 16-21, 12-21 से हार गयी। सियोंग ने नेट पर बेहतरीन खेल दिखाया और बेसलाइन पर भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने 39 मिनट तक चले मैच में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय खिलाड़ी को किसी भी समय वापसी का मौका नहीं दिया। सियोंग ने इससे पहले इंडोनेशिया मास्टर्स और इंडोनेशिया ओपन के खिताब जीते थे। उन्होंने अक्टूबर में डेनमार्क ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी सिंधू को हराया था। यह तीसरा अवसर था जबकि सिंधू टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी। वह 2018 में खिताब जीतकर यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय बनी थी।
- कोलकाता। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मैच अधिकारियों और सहयोगी सदस्यों को बड़ी राहत देते हुए शनिवार को उनकी सेवानिवृत्ति की आयु सीमा में पांच साल की बढ़ोतरी की। बीसीसीआई ने यहां अपनी वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के दौरान यह फैसला लिया।बीसीसीआई ने अपनी 90वीं एजीएम के बाद एक बयान में कहा, ‘‘ मैच अधिकारियों और सहयोगी सदस्यों की आयु सीमा 60 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष कर दी गई है, यह हालांकि उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।'' बोर्ड के इस फैसले से अंपायर, मैच स्कोरर, मैच रेफरी जैसे अधिकारियों को फायदा होगा।बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ अब हमारे पास दिशानिर्देश है। अब उन्हें सेवानिवृति के लिए पांच साल अधिक समय मिलेगा। '' एजीएम में पूर्वोत्तर राज्यों, पुडुचेरी, बिहार और उत्तराखंड में क्रिकेट के विकास के लिए कई प्रस्ताव पारित किए गए हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘ प्रत्येक राज्य संघ को 10 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं और हर जगह इनडोर सुविधा विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।'' अन्य फैसलों में बोर्ड ने बृजेश पटेल और एमकेजे मजूमदार को आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) संचालन परिषद में शामिल किया है। बयान में कहा गया, ‘‘भारत के बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा पहले से आईपीएल संचालन समिति में भारतीय क्रिकेटर संघ के प्रतिनिधि के रूप में हैं।'' बीसीसीआई ने दौरा, कार्यक्रम एवं तकनीकी समिति, अंपायर समिति और डिफरेंटली एबल्ड (दिव्यांग) क्रिकेट समिति के गठन की भी घोषणा की।
- मैड्रिड।दानिल मेदवेदेव और आंद्रे रुबलेव की जीत से रूस ने डेविस कप टेनिस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जर्मनी को आसानी से हराकर फाइनल में जगह पक्की की जहां उसका सामना कोएशिया से होगा। विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज मेदवेदेव ने जेन-लेनार्ड स्ट्रफ पर 6-4, 6-4 की जीत दर्ज की। इससे पहले रुबलेव ने डोमिनिक कोएफर पर 6-4, 6-0 की आसान जीत से अपने देश को शानदार शुरुआत दिलाई थी। इससे पहले क्रोएशिया ने सर्बिया को हराकर शुक्रवार को फाइनल में जगह पक्की की। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच एकल की अपनी जीत को निर्णायक युगल मैच में दोहरा नहीं सके । क्रोएशिया के निकोला मेकटिच और मेट पेविच ने युगल मुकाबले में जोकोविच और फिलिप क्राजिनोविच को 7-5, 6-1 से हराया । इससे पहले जोकोविच ने एकल मैच में मारिन सिलिच को 6-4, 6-2 से हराकर क्रोएशिया को बराबरी दिलाई थी । क्रोएशिया को बोर्ना गोजो ने बढत दिलाई थी जिन्होंने पहले एकल मैच में दुसान लाजोविच को 4-6, 6-3, 6-2 से हराया रूस और क्रोएशिया दोनों तीसरी बार इस खिताब को जीतने के लिए भिड़ेंगे।-
- पटियाला। बिहार की श्रेयसी सिंह ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को यहां 64वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी (शॉटगन) चैंपियनशिप में महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा का खिताब जीता। श्रेयसी ने इस स्पर्धा में लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीती। यह उनका कुल पांचवां व्यक्तिगत राष्ट्रीय खिताब और महिला ट्रैप में दूसरा खिताब है। राष्ट्रमंडल खेलों की मौजूदा चैंपियन श्रेयसी ने फाइनल में 34 अंक बनाये तथा वह मध्यप्रदेश की प्रगति दुबे (31) और ओएनजीसी की शगुन चौधरी (27) से आगे रही। महिलाओं के जूनियर ट्रैप में दिल्ली की आद्या त्रिपाठी ने फाइनल में 38 अंक बनाकर स्वर्ण पदक जीता। दिल्ली की ही दिव्या सिंह (36) दूसरे और भव्या त्रिपाठी (28) तीसरे स्थान पर रही।
- बाली। भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और हमवतन लक्ष्य सेन ने गुरुवार को यहां बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में जगह बनाई लेकिन दूसरे ग्रुप मैच में हार के बाद किदांबी श्रीकांत की राह मुश्किल हो गई। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को 2018 में जीतने वाली एकमात्र भारतीय 26 साल की सिंधू ने दुनिया की 23वें नंबर की खिलाड़ी जर्मनी की यवोनी ली को ग्रुप ए के अपने दूसरे मैच में सीधे गेम में 31 मिनट में 21 . 10, 21 . 13 से शिकस्त देकर शीर्ष दो में जगह सुनिश्चित की। गत विश्व चैंपियन सिंधू अपने अंतिम ग्रुप मैच में शीर्ष वरीय थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से भिड़ेंगी। ग्रुप ए में दो प्रतिद्वंद्वियों जापान के केंतो मोमोता और डेनमार्क के रासमुस गेम्के के चोटों के कारण हटने के बाद सेमीफाइनल में जगह पक्की करने वाले लक्ष्य को ओलंपिक चैंपियन विक्टर एक्सेलसेन के खिलाफ 15 . 21 14 . 21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। एक्सेलसेन के खिलाफ हार के बाद अल्मोड़ा के 20 साल के लक्ष्य ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहे। वर्ष 2014 में इस सत्रांत टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में जगह बनाने वाले दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत की अगले चरण में जगह बनाने की उम्मीदों को झटका लगा जब उन्हें पुरुष एकल के अपने दूसरे ग्रुप बी मैच में तीन बार के जूनियर विश्व चैंपियन थाईलैंड के कुंलावुत वितिदसर्न के खिलाफ सीधे गेम में 18 . 21, 7 . 21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। इससे पहले महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा । उन्हें बुल्गारिया की गैब्रिएला स्टोएवा और स्टेफानी स्टोएवा ने 21 . 19, 22 . 20 से मात दी । इस हार के साथ भारतीय जोड़ी की नॉकआउट में जगह बनाने की उम्मीद भी खत्म हो गई। अब उनका सामना ग्रुप बी के आखिरी मैच में इंग्लैंड की चोले बिर्च और लौरेन स्मिथ से होगा ।पुरूष युगल में सात्विकसाइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शीर्ष वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया के मार्कस फर्नाल्डी गिडियोन और केविन संजय एस को वॉकओवर दे दिया । सात्विक के घुटने में दर्द के कारण दोनों ने टूर्नामेंट में आगे नहीं खेलने का फैसला किया । सिंधू अच्छी लय में दिखी और उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को छोटी रैली में उलझाते हुए जल्द ही 5 . 1 की बढ़त बना ली। भारतीय खिलाड़ी ब्रेक के समय 11 . 5 से आगे थी। सिंधू ने कोण लेते रिटर्न से विरोधी खिलाड़ी को परेशान किया। उन्होंने दमदार स्मैश के साथ 10 अंक की बढ़त बनाई और फिर नेट पर शानदार शॉट के साथ पहला गेम जीत लिया। ली ने दूसरे गेम में बेहतर प्रदर्शन किया लेकिन इसके बावजूद सिंधू ब्रेक तक 11 . 8 की बढ़त बनाने में सफल रहीं। सिंधू ने इसके बाद स्मैश से अंक जुटाए और ली के बाहर शॉट मारने पर सात मैच प्वाइंट हासिल किए। ली ने इसके बाद एक और शॉट बाहर मारकर मुकाबला सिंधू की झोली में डाल दिया। श्रीकांत की वितिदसर्न के हाथों यह तीसरी हार थी । वह सितंबर में सुदीरमन कप और पिछले साल एशियाई टीम चैम्पियनशिप में भी उससे हारे थे । ग्रुप बी में मलेशिया के दूसरी वरीयता प्राप्त ली जि जिया शीर्ष पर हैं जबकि श्रीकांत और वितिदसर्न एक अंक के साथ दूसरे स्थान पर है । श्रीकांत का सामना जिया से होगा जबकि वितिदसर्न फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव से खेलेंगे । विजेता को शीर्ष दो में रहने के कारण नॉकआउट चरण में प्रवेश मिलेगा। दोनों के जीतने पर जीते और हारे गेम की गिनती होगी । दुनिया के 23वें नंबर के खिलाड़ी वितिदसर्न ने शुरू ही से श्रीकांत को दबाव में ला दिया । उसने 5 . 2 की बढत बना ली और ब्रेक तक 11 . 6 की बढत हो गई । श्रीकांत ने यह अंतर 13 . 15 का किया लेकिन थाई खिलाड़ी ने फिर वापसी करके 19 . 14 की बढ़त बना ली और पहला गेम जीत लिया । दूसरे गेम में श्रीकांत उनका सामना ही नहीं कर सके और कई सहज गलतियां की । खराब रोशनी के कारण खेल निलंबित भी करना पड़ा । खेल बहाल होने पर थाई खिलाड़ी ने आसानी से जीत दर्ज की ।
- मोनाको। भारत की महान एथलीट अंजू बॉकी जॉर्ज को विश्व एथलेटिक्स ने देश में प्रतिभाओं को तराशने और लैंगिक समानता की पैरवी के लिये वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला का पुरस्कार दिया है । विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाली एकमात्र भारतीय अंजू (पेरिस 2003) को बुधवार की रात आनलाइन सालाना पुरस्कारों के दौरान इस सम्मान के लिये चुना गया । वह यह पुरस्कार पाने वाली पहली भारतीय हैं । यह पुरस्कार ऐसी महिला को दिया जाता है जिसने अपना जीवन एथलेटिक्स को समर्पित कर दिया हो । अंजू यह पुरस्कार पाने वाली दूसरी हस्ती हैं । उनसे पहले 2019 में शुरू हुआ यह पुरस्कार इथियोपिया की दोहरी ओलंपिक चैम्पियन डेरारतू तुलू को मिल चुका है । महान फर्राटा धाविका पी टी उषा को 2019 में खेलों के विकास के लिये उनके योगदान के कारण ‘वेटरन पिन' से सम्मानित किया गया था । विश्व एथलेटिक्स ने एक विज्ञप्ति में कहा , पूर्व अंतरराष्ट्रीय लंबी कूद खिलाड़ी भारत की अंजू बॉबी जॉर्ज अभी भी खेल से जुड़ी है । उसने 2016 में युवा लड़कियों के लिये प्रशिक्षण अकादमी खोली जिससे विश्व अंडर 20 पदक विजेता निकली है ।'' इसमें कहा गया , भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की सीनियर उपाध्यक्ष होने के नाते वह लगातार लैंगिक समानता की वकालत करती आई हैं । वह खेल में भविष्य में नेतृत्व के लिये भी स्कूली लड़कियों का मार्गदर्शन कर रही हैं ।'' अंजू ने कहा कि वह यह सम्मान पाकर गौरवान्वित और अभिभूत हैं । उन्होंने ट्वीट किया , सुबह उठकर खेल के लिये कुछ करने से बेहतर अहसास कुछ नहीं है ।मेरे प्रयासों को सराहने के लिये धन्यवाद ।' विश्व एथलेटिक्स ने कहा कि भारत में खेलों को बढावा देने के लिये उनके प्रयासों और अधिक महिलाओं को उनका अनुसरण करने के लिये प्रेरित करने की वजह से वह खिताब की प्रबल दावेदार रहीं । अंजू ने विश्व एथलेटिक्स द्वारा ट्विटर पर डाले गए वीडियो में कहा ,‘‘ मुझे यह जानकर बहुत खुशी हुई कि इस साल सर्वश्रेष्ठ महिला का पुरस्कार मुझे मिला है । एक खिलाड़ी के तौर पर सफर कठिन रहा लेकिन मेरा मानना है कि मैं वहां तक पहुंच सकी, जिसकी हकदार थी । अब खेल को कुछ देने की मेरी बारी है । उन्होंने कहा, भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की उपाध्यक्ष होने के नाते और अपनी अकादमी अंजू बॉकी जॉर्ज फाउंडेशन से मैं 13 महिला खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रही हूं जो तीन साल के भीतर विश्व स्तर पर अपना सफर शुरू करने के लिये तैयार हैं ।'' उन्होंने कहा ,‘‘ मैं अपने समर्थकों, साथी खिलाड़ियों, कोचों, परिवार, महासंघ और मेरे सफर में साथ खड़े रहे हर व्यक्ति को धन्यवाद देना चाहती हूं ।'' केरल की रहने वाली अंजू ने आईएएएएफ विश्व चैम्पियनशिप पेरिस में 2003 में कांस्य पदक जीता और 2005 में मोनाको में आईएएएफ विश्व एथलेटिक्स फाइनल्स में स्वर्ण पदक विजेता रही । वह 2004 एथेंस ओलंपिक में छठे स्थान पर रही थी लेकिन अमेरिका की मरियोन जोंस को डोपिंग मामले के कारण अयोग्य करार दिये जाने के बाद वह पांचवें स्थान पर आ गई । पिछले साल अंजू को भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की सीनियर उपाध्यक्ष चुना गया और इतने ऊंचे पद पर पहुंचने वाली वह पहली महिला है । उन्हें हाल ही में भारतीय ओलंपिक संघ की कार्यकारी समिति में एथलीट आयोग की प्रतिनिधि के तौर पर शामिल किया गया । अंजू द्वारा तलाशी गई और उनके पति बॉबी जॉर्ज के मार्गदर्शन में अभ्यास करने वाली शैली सिंह ने हाल ही में लंबी कूद में विश्व अंडर 20 चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता । ओलंपिक चैम्पियन जमैका की एलेन थाम्पसन हेराह और नॉर्वे की कर्सटेन वारहोम को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया । इससे पहले इन पुरस्कारों को विश्व एथलेटिक्स गाला पुरस्कार कहा जाता था।
- मुंबई । विराट कोहली के वनडे कप्तान बने रहने पर फैसला इस सप्ताह हो जाएगा जब चेतन शर्मा की अगुवाई वाली राष्ट्रीय चयन समिति दक्षिण अफ्रीका के आगामी दौरे के लिये टीम का चयन करेगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के शीर्ष अधिकारियों का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका में कोविड-19 का नया स्वरूप पाये जाने के बावजूद अभी दौरा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा हालांकि वे स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं। वर्ष 2022 में अधिकतर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे जिसमें आस्ट्रेलिया में होने वाला टी20 विश्व कप भी शामिल है। वर्तमान कार्यक्रम के अनुसार अगले सात महीने में भारत को केवल नौ वनडे खेलने हैं जिनमें से छह विदेश (तीन दक्षिण अफ्रीका और तीन इंग्लैंड) में खेले जाएंगे। बीसीसीआई में एक गुट कोहली को वनडे कप्तान बनाये रखने का पक्षधर है तो दूसरा गुट टी20 और वनडे दोनों की कप्तानी एक ही खिलाड़ी को सौंपने के पक्ष में है ताकि रोहित शर्मा को 2023 वनडे विश्व कप के लिये अच्छी तैयारी करने का मौका मिल सके। माना जा रहा है कि इस मामले में आखिरी निर्णय बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह लेंगे।
- अबुधाबी । कप्तान लियाम लिविंगस्टोन के 24 गेंद में 59 रन की मदद से टीम अबुधाबी ने अबुधाबी टी10 लीग में डेक्कन ग्लैडिएटर्स को आठ रन से हरा दिया । लिविंगस्टोन की पारी के दम पर टीम अबुधाबी ने चार विकेट पर 125 रन बनाये ।उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और छह छक्के लगाये । फिलिप साल्ट ने ग्लैडिएटर्स के कप्तान वहाब रियाज को पारी की पहली तीन गेंदों पर लगातार तीन चौके जड़े । अगले ओवर में दो चौके और जमाने के बाद वह ओडियन स्मिथ की गेंद पर बोल्ड हो गए । लिविंगस्टोन पारी के नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए । लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्लैडिएटर्स आठ रन से चूक गए । कप्तान शेल्टन कोटरेल ने टॉम कोलेर काडमोर को पहली ही गेंद पर आउट कर दिया । दूसरे ओवर में हालांकि टॉम मूर्स ने मर्चेंट डि लांगे को दो चौके और एक छक्का लगाया । डि लांगे ने हालांकि अनवर अली और आंद्रे रसेल को आठवें ओवर में आउट करके ग्लैडिएटर्स की राह मुश्किल कर दी । जैमी ओवरटन ने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी की । एक अन्य मैच में चेन्नई ब्रेव्स ने नार्दर्न वारियर्स को दस विकेट से हराया ।
- कोझिकोड। भारत की पूर्व जूनियर खिलाड़ी करेन पाइस की हैट्रिक की बदौलत महाराष्ट्र ने सोमवार को यहां एआईएफएफ सीनियर महिला राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप के ग्रुप ई लीग मैच में अरूणाचल प्रदेश को 6-0 से हराया। महाराष्ट्र की ओर से करेन के अलावा वेलेंसिया डिमेलो ने दो जबकि तृप्ति दीप ने एक गोल दागा।तमिलनाडु ने संध्या के आठ गोल की मदद तेलंगाना को 20-0 से रौंदा जबकि हिमाचल प्रदेश ने बिहार को 3-2 से हराया। झारखंड ने कर्नाटक को 1-0 से हराया जबकि दिल्ली और गोवा का मुकाबला 1-1 से बराबर रहा।सिक्किम ने जम्मू-कश्मीर को 5-0 जबकि असम ने राजस्थान को 7-0 से शिकस्त दी। पंजाब को इंडियन फुटबॉल एसोसिएशन ने गोल रहित ड्रॉ पर रोका।
- कानपुर। न्यूजीलैंड के लिये अपना पहला टेस्ट खेल रहे रचिन रविंद्र और ऐजाज पटेल ने जबर्दस्त साहस और संयम का परिचय देते हुए अंतिम विकेट बचाकर भारत को तय लग रही जीत से वंचित कर दिया और पहला टेस्ट पांचवें और आखिरी दिन ड्रॉ पर छूटा । जीत के लिये 284 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड टीम ने नौ विकेट पर 165 रन बनाये । भारत ने पहली पारी में 345 रन बनाये थे जबकि दूसरी पारी सात विकेट पर 234 रन पर घोषित की थी । न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 296 रन पर आउट हुई थी । पांचवें और आखिरी दिन पहले सत्र में जहां कीवी बल्लेबाजों का दबदबा रहा तो दूसरे सत्र में भारत ने तीन विकेट लेकर वापसी की । रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा ने क्रमश: तीन और चार विकेट लेकर भारत की जीत लगभग तय कर ही दी थी लेकिन रविंद्र और ऐजाज ने अंगद की तरह क्रीज पर पांव धरकर मेजबान के मंसूबों पर पानी फेर दिया । न्यूजीलैंड का नौवा विकेट 155 के स्कोर पर 90वें ओवर में गिरा और उसके बाद भी आठ ओवर खेले जाने बाकी थे । भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ने काफी आक्रामक फील्ड भी लगाई लेकिन रविंद्र (18) ने 91 गेंद और ऐजाज (दो) ने 23 गेंद खेलकर मैच को ड्रॉ की ओर धकेल दिया । भारत को आखिरी सत्र में छह विकेट की जरूरत थी लेकिन एक अदद विकेट आखिर में नहीं मिल सका और जीत हाथ से फिसल गई । इस बीच हरभजन सिंह को पछाड़कर अश्विन टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिये सर्वाधिक विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए पहले सत्र में विल समरविले और टॉम लैथम ने भारतीय गेंदबाजों को कोई सफलता हाथ नहीं लगने दी लेकिन दूसरा सत्र भारतीय गेंदबाजों के नाम रहा जिन्होंने तीन विकेट चटकाये । उमेश यादव ने लंच के ठीक बाद समरविले को शॉर्ट गेंद पर आउट किया जिन्होंने 110 गेंद में 36 रन बनाये । शुभमन गिल ने लांग लेग सीमा पर उनका कैच लपका । विलियमसन पहली पारी की तुलना में आत्मविश्वास से भरे दिखे जिन्होंने ईशांत शर्मा को चौका भी जड़ा ।ईशांत का फॉर्म फिर निराशाजनक रहा । रोस टेलर को चाय से पहले रविंद्र जडेजा ने आउट किया । टॉम लैथम (146 गेंद में 52 रन) ने एक और अर्धशतक बनाया जो अश्विन की गेंद पर आउट हुए । अश्विन का यह 80वें टेस्ट में 418वां विकेट था जिन्होंने हरभजन को पछाड़ा । हरभजन के 103 टेस्ट में 417 विकेट हैं। आखिरी सत्र में जडेजा ने न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन (24) को पगबाधा आउट करके भारत की उम्मीदें बंधाई ।उन्होंने जैमीसन (पांच) और साउथी (चार) को भी पवेलियन भेजा । सुबह भारतीय गेंदबाजों को पिच से कोई मदद नहीं मिली । जडेजा की एक गेंद पर लैथम चकमा जरूर खा गए । आफ स्टम्प से बाहर जाती गेंद पर भारत ने डीआरएस लिया लेकिन रिव्यू से साफ था कि गेंद विकेट पर नहीं पड़ रही थी । ईशांत शर्मा और उमेश यादव भी इस पिच पर टिम साउथी और काइल जैमीसन जैसी गेंदबाजी नहीं कर सके । ईशांत पहले स्पैल में बिल्कुल लय में नजर नहीं आये । उन्होंने और उमेश ने शॉर्ट गेंदें भी डाली लेकिन समरविले विचलित नहीं हुए । आम तौर पर दसवें नंबर पर उतरने वाले समरविले ने उमेश को तीन चौके भी जड़े जिससे उनका आत्मविश्वास बढा पहली पारी में शतक से पांच रन से चूके लैथम ने स्पिनरों के खिलाफ रक्षात्मक खेल दिखाया लेकिन जडेजा को एक चौका भी जड़ा ।
- वाशिंगटन। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच लगातार मुकाबले खेलने उतरे लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम सर्बिया को डेविस कप फाइनल्स टेनिस टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में शनिवार को यहां जर्मनी के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी। जेन-लेनार्ड स्ट्रुफ को हराकर सर्बिया को 1-1 से बराबरी दिलाने के तुरंत बाद जोकोविच निकोला सेसिच के साथ युगल मुकाबले में उतरे। टिम पुएट्ज और केविन क्राविट्ज की जोड़ी ने हालांकि कड़े मुकाबले में 7-6, 3-6, 7-6 की जीत के साथ जर्मनी को 2-1 से जीत दिला दी। सर्बिया की टीम अब भी क्वार्टर फाइनल में जगह बना सकती है। छह ग्रुप विजेता और दो उप विजेता अंतिम आठ में जगह बनाएंगे। जर्मनी की टीम ग्रुप एफ में आस्ट्रिया को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर सकती है। आस्ट्रिया को सर्बिया ने हराया था। कोरोना वायरस पाबंदियों के कारण खाली स्टेडियम में हुए मुकाबले में डोमीनिक कोफर ने फिलिप क्राजिनोविच को 7-6, 6-4 से हराकर जर्मनी को बढ़त दिलाई लेकिन जोकोविच ने अपने 50वें डेविस कप मुकाबले में स्ट्रुफ को 6-2, 6-4 से हराकर सर्बिया को बराबरी दिला दी। संक्षिप्त ब्रेक के बाद जोकोविच युगल मुकाबले के लिए उतरे लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।इटली ग्रुप ई में कोलंबिया को हराकर अंतिम आठ में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी। इटली के लोरेंजो सोनेगो ने तुरिन में निकोलस मेजिया को 6-7, 6-4, 6-2 से हराया जबकि यानिक सिनर ने डेनियल इलाही गेलेन को 7-5, 6-0 से हराया। दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी दानिल मेदवेदेव की मौजूदगी वाले रूस ने इक्वाडोर को हराया। मेदवेदेव ने एमिलियो गोमेज की सर्विस पांच बार तोड़कर 6-0, 6-2 से जीत दर्ज करते हुए रूस को 2-0 की निर्णायक बढ़त दिलाई। पांचवें नंबर के खिलाड़ी आंद्रे रूबलेव ने रॉबर्टो क्विरोज को 6-3, 4-6, 6-1 से हराकर रूस को विजयी शुरुआत दिलाई थी। रूबलेव और अस्लान करात्सेव की जोड़ी ने युगल मुकाबले में गोंजालो एस्कोबार और डिएगो हिडालगो को 6-4, 4-6, 6-4 से हराया। मैड्रिड में खेले जा रहे ग्रुप ए में रूस और गत चैंपियन स्पेन क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के दावेदार हैं। ये दोनों टीमें रविवार को आमने सामने होंगी। शनिवार को ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया और कजाखस्तान भी जीत दर्ज करने में सफल रहे। ब्रिटेन ने ग्रुप सी में फ्रांस को 2-1 से हराया जबकि ग्रुप बी में स्वीडन को कजाखस्तान ने 2-1 से हराया। आस्ट्रेलिया ने ग्रुप डी में हंगरी को 2-1 से हराया।
-
फुकेट। अनुभवी भारतीय गोल्फर शिव कपूर और युवा वीर अहलावत शनिवार को ब्लू केनयोन फुकेट चैम्पियनशिप के तीसरे दौरे के बाद शीर्ष 10 में पहुंचने में सफल रहे। कपूर ने तीसरे दौर में दो बोगी के अलावा दो बर्डी और एक ईगल लगायी जिससे उनका कुल स्कोर नौ अंडर का हो गया। अहलावत भी इसी स्कोर के साथ संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर है। उन्होंने पांच बर्डी और दो बोगी लगायी। अन्य भारतीयों में करनदीप कोचर (69) आठ अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त 13वें जबकि आदिल बेदी (71) संयुक्त 40वें स्थान पर है। एस चिक्करंगप्पा (73) संयुक्त-50वें, अजितेश संधू और विराज मदप्पा संयुक्त-60वें, खालिन जोशी संयुक्त-67वें और अनुभवी जीव मिल्खा सिंह और अमन राज संयुक्त-71वें स्थान पर है।
- लुसाने। दक्षिण अफ्रीका में होने वाला एफआईएच जूनियर महिला हॉकी विश्व कप शनिवार को देश में कोविड-19 के नये स्वरूप के पाये जाने के कारण स्थगित कर दिया गया। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में पांच से 16 दिसंबर तक होना था।लेकिन दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस नये स्वरूप के प्रकोप के बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच), दक्षिण अफ्रीकी हॉकी संघ और नॉर्थ-वेस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ़ पोटचेफस्ट्रूम ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है कि टूर्नामेंट ‘‘वर्तमान परिस्थितियों में आयोजित नहीं किया जाएगा।'' एफआईएच के सीईओ थियरी वील ने बयान में कहा, ‘‘एफआईएच प्रतियोगिताओं में हर किसी की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। इसके अलावा भागीदार देशों सहित कई देशों ने दक्षिण अफ्रीका के साथ यात्रा प्रतिबंध बढ़ा दिये हैं। इसलिए इस प्रतियोगिता को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित करना संभव नहीं है।'' तोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही भारतीय सीनियर महिला टीम की सदस्य रही फारवर्ड लालरेमसियामी को इस टूर्नामेंट में देश की 18 सदस्यीय टीम की अगुवाई करनी थी।
- अबुधाबी। वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने आधुनिक युग के सलामी बल्लेबाजों की आलोचना की कि वे टी20 क्रिकेट में पॉवरप्ले में सतर्कता भरा रवैया अपनाकर इस प्रारूप के रोमांच को खत्म कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टी10 विस्फोटक बल्लेबाजी में नये मानक स्थापित कर रहा है।गेल ने बयान में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि टी10 क्रिकेट की तरह ही टी20 क्रिकेट शुरू हुआ था। पहले ओवर से ही बल्लेबाज ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर देते थे लेकिन टी20 क्रिकेट अचानक से धीमा हो गया और अब टी10 क्रिकेट ने थोड़े मानक स्थापित किये हैं। '' उन्होंने कहा, ‘‘वे टी20 क्रिकेट में मनोरंजन को खत्म कर रहे हैं क्योंकि पहले छह ओवरों में हम बतौर सलामी बल्लेबाज काफी रन जुटा सकते हैं लेकिन खिलाड़ी अपना समय ले रहे हैं।
- कोलकाता। दिल्ली के गोल्फर क्षितिज नावीद कौल ने शुक्रवार को यहां आईसीसी आरसीजीसी ओपन गोल्फ चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में सात अंडर 65 का कार्ड खेला जिससे वह एकल बढ़त बनाने में सफल रहे। वर्ष 2019 में पीजीटीआई पर खिताब जीत चुके 20 वर्षीय क्षितिज ने नौ बर्डी और दो बोगी से टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ दौर खेला। इससे वह 36 होल में 10 अंडर 135 का कुल स्कोर बनाकर दो शाट की बढ़त बनाने में सफल रहे। पंचकुला के अंगद चीमा (68, 68) आठ अंडर 136 के कुल स्कोर से दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
- चेन्नई । भारत के महान टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज अगले तीन साल तक तमिलनाडु टेनिस संघ के अध्यक्ष बने रहेंगे । उन्हें हाल ही में टीएनटीए की 95वीं सालाना आम सभा में सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया । अमृतराज 2024 तक इस पद पर बने रहेंगे । वह सितंबर 2018 में टीएनटीए अध्यक्ष बने थे । उन्होंने बैठक में कहा ,‘‘ तमिलनाडु टेनिस संघ का अध्यक्ष बनना गर्व की बात है । कोरोना महामारी का असर सभी पर पड़ा है लेकिन सबसे ज्यादा खेलों और खिलाड़ियों पर पड़ा है । वापसी करना महत्वपूर्ण है ।'' उन्होंने सभी सदस्यों से रैंकिंग टूर्नामेंटों के आयोजन का आग्रह किया ।
- बाली। भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने बुधवार को यहां इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के शुरुआती दौर में संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की जबकि बी साई प्रणीत और किदाम्बी श्रीकांत ने भी पुरूष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया। मौजूदा विश्व चैंपियन सिंधू ने जापान की अया ओहोरी के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद अच्छी वापसी की। उन्होंने तीन गेम तक चले मैच में एक घंटे 10 मिनट चले मैच में ओहोरी को 17-21, 21-17, 21-17 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत से सिंधू ने जापानी खिलाड़ी के खिलाफ अपने प्रभावशाली रिकॉर्ड को 11-0 पर पहुंचा दिया।पिछले सप्ताह यहां जापान की अकाने यामागुची से सीधे गेम में हारने के बाद सेमीफाइनल से बाहर होने वाली दुनिया में सातवें नंबर की सिंधू अगले दौर में जर्मनी की 23 वर्षीय शटलर यवोन ली का सामना करेगी। तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय और दुनिया के 26वें नंबर के खिलाड़ी ली के बीच यह पहला मुकाबला होगा।पुरूष एकल में दुनिया के 16वें नंबर के खिलाड़ी बी साई प्रणीत ने पहले दौर में फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव पर 21-19 21-18 से जीत दर्ज की। पिछले हफ्ते के इंडोनेशिया मास्टर्स क्वार्टर फाइनल की तरह ही श्रीकांत ने फिर हमवतन एचएस प्रणय को पराजित किया। हायलो ओपन और इंडोनेशिया मास्टर्स में लगातार सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद पूर्व नंबर एक श्रीकांत ने यहां भी अच्छी फॉर्म जारी रखी और प्रणय को 56 मिनट में 21-15 19-21 21-12 से मात दी। प्रणीत का सामना दूसरे दौर में फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से होगा जबकि श्रीकांत की भिड़ंत तोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता और दूसरे वरीय विक्टर एक्लेसेन और जापान के कोकी वाटानबे के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगी। एन सिक्की रेड्डी और ध्रुव कपिला की मिश्रित युगल जोड़ी क्योहेई यामाशिता और नारू शिनोया की जापानी जोड़ी से 7-21, 12-21 से हारकर पहले दौर से बाहर हो गयी। एन सिक्की रेड्डी के लिये दिन अच्छा नहीं रहा क्योंकि वह महिला युगल के भी पहले दौर में हारकर बाहर हो गयीं। एन सिक्की रेड्डी और अनुभवी शटलर अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी बुल्गारिया की गैब्रिएला स्टोएवा और स्टेफानी स्टोएवा की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी से 27-29 18-21 से हार गयी।
- ढाका। पाकिस्तान के अनुभवी हरफनमौला शोएब मलिक अपने बेटे की बीमारी के कारण सोमवार को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 अंतराष्ट्रीय मैच में नहीं खेलेंगे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने यह जानकारी दी। मलिक ने भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा से शादी की है और इस दंपति का तीन साल का बेटा इजहान है।पीसीबी से जारी बयान के मुताबिक शोएब मलिक अपने बच्चे की बीमारी के कारण सोमवार को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 मैच में नहीं खेल पाएंगे और वह मैच से पहले दुबई के लिए रवाना हो जाएंगे।हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में संपन्न हुए टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाला पाकिस्तान तीन मैचों की इस टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 2-0 से आगे है।पीसीबी ने इसके साथ ही कहा कि टेस्ट टीम के सदस्य इस मैच के बाद चटगांव रवाना होंगे जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के सदस्य मंगलवार को दुबई के रास्ते पाकिस्तान लौटेंगे।पाकिस्तान और बांग्लादेश विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत दो मैच खेलेंगे। इस श्रृंखला का पहला टेस्ट चटगांव (शुक्रवार से) जबकि दूसरा टेस्ट ढाका (चार से आठ दिसंबर) में खेला जायेगा।
- वास्को।एसी ईस्ट बंगाल और जमशेदपुर एफसी के बीच इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल टूर्नामेंट का मैच रविवार को यहां 1-1 से ड्रा छूटा। दोनों टीमों ने अपने गोल पेनल्टी पर किये। क्रोएशियाई डिफेंडर फ्रैंजो प्राइस ने 17वें मिनट में ईस्ट बंगाल को बढ़त दिलायी लेकिन पीटर हर्टले ने पहले हॉफ के इंजुरी टाइम में जमशेदपुर की तरफ से बराबरी को गोल कर दिया। दोनों टीमों ने कुछ अच्छे प्रयास किये लेकिन उनका रक्षण भी उतना ही मजबूत था जिससे उन्हें अंक बांटने के लिये मजबूर होना पड़ा। एसी ईस्ट बंगाल अपने अगले मैच में शनिवार को कोलकाता के अपने प्रतिद्वंद्वी एटीके मोहन बागान का सामना करेगा।
- कोलकाता। भारतीय कोच राहुल द्रविड़ अपनी नयी भूमिका में शानदार शुरुआत करने पर रविवार को यहां खुशी जतायी लेकिन साथ ही खिलाड़ियों को आत्ममुग्धता से बचने की सलाह भी दी। भारत ने रविवार को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 73 रन से जीत दर्ज करके तीन मैचों की श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया। द्रविड़ ने मैच के बाद कहा, ‘‘यह वास्तव में बहुत अच्छी श्रृंखला रही। प्रत्येक ने श्रृंखला के शुरू से अच्छा योगदान दिया। शानदार शुरुआत करके अच्छा लग रहा है लेकिन हम यथार्थवादी हैं और हमें अपने पांव जमीन पर रखने की जरूरत है।'' उन्होंने कहा, ‘‘न्यूजीलैंड के लिये विश्व कप फाइनल के बाद छह दिन के अंदर तीन मैच खेलना आसान नहीं था। हमें अपने पांव जमीन पर रखकर नयी सीख लेकर आगे बढ़ना होगा।'' द्रविड़ युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खुश दिखे जिन्होंने टीम में कई विकल्प मुहैया करा दिये हैं।भारतीय कोच ने कहा, ‘‘यह देखकर वास्तव में अच्छा लगा कि कुछ युवा खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। हमने उन खिलाड़ियों को मौका दिया जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में अधिक क्रिकेट नहीं खेली थी। यह देखकर वास्तव में अच्छा लगा कि हमारे पास अच्छे विकल्प हैं।
- कोलकाता। दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी लेवोन अरोनियन ने रविवार को यहां रोमांचक फाइनल में भारतीय किशोर खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी को हराकर टाटा स्टील शतरंज इंडिया ब्लिट्ज खिताब जीता। दिन के खेल के शुरुआत में निहाल सरीन के पास एकल बढ़त थी लेकिन अरोनियन और अर्जुन उन्हें पछाड़कर संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गये। इसके बाद मुकाबला टाईब्रेकर में पहुंचा। टाईब्रेकर में भी मुकाबला बराबर रहने के बाद इसका फैसला आर्मगेडन (शतरंज का पेनल्टी शूट-आउट) के जरिये हुआ। जिसमें अरोनियन ने अनुभव का फायदा उठाते हुए भारतीय खिलाड़ी को मात दी। अर्जुन ने इससे दो दिन पहले यहां रैपिड खिताब जीता था।











.jpg)















