- Home
- मनोरंजन
-
नयी दिल्ली. अभिनेता मोहनलाल ने अपनी 100वीं फिल्म की घोषणा की है। इस फिल्म में वह एक बार फिर प्रियदर्शन के साथ काम कर रहे हैं। दोनों ने पहले 40 से अधिक फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें 'पूचक्कोरु मुक्कुथी' (1984), 'थलवट्टम'(1986), 'वेल्लानाकालुडे नाडु' (1988), 'चित्रम' (1988), और 1989 में रिलीज हुई फिल्म 'वंदनम'शामिल हैं। मोहनलाल ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए इस फिल्म घोषणा की और साथ में एक नोट भी लिखा। अभिनेता ने आगामी परियोजना को 'ऐतिहासिक' करार दिया। इसका निर्माण आशीर्वाद सिनेमा के बैनर तले एंटनी पेरुंबवूर करेंगे और बिनु जॉर्ज अलेक्जेंडर सह-निर्माता होंगे। अभिनेता ने लिखा, ''कुछ उपलब्धियां सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं होतीं। वे उन सभी की होती हैं जो इस सफर के साक्षी बने। मैं और मेरे प्रिय प्रियन (प्रियदर्शन) मेरी 100वीं फिल्म में साथ काम कर रहे हैं, और मेरे लिए इसका जो अर्थ है उसे व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं... सौ फिल्में सिर्फ एक संख्या नहीं हैं। यह जीवन भर की कहानियां हैं जिन्हें जुनून के साथ सुनाया गया है, सिनेमा के जादू में विश्वास से प्रेरित अनगिनत सुबहें हैं, और अटूट समर्पण का एक सफर है जिसे करीब से देखने का मुझे सौभाग्य मिला है।'' उन्होंने लिखा, ''इस यात्रा का हिस्सा बनकर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। कुछ पल ऐसे होते हैं जिन्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, उन्हें सिर्फ महसूस किया जा सकता है और कृतज्ञता के साथ संजोकर रखा जा सकता है। मेरे मित्र, आपने जो कुछ भी रचा है, जो कुछ भी आपने दुनिया को दिया है, और वे सभी कहानियां जो अभी कही जानी बाकी हैं, उन सभी के लिए मैं आपको सलाम करता हूं।'' फिल्म निर्माता ने भी इस पोस्ट को साझा किया।
-
नयी दिल्ली. अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी ने रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' की सराहना करते हुए कहा कि फिल्म का हर दृश्य युद्ध के नगाड़े की तरह प्रभाव छोड़ता है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म बृहस्पतिवार को रिलीज हुई थी और यह धर की 2025 में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल है। शेट्टी ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "'धुरंधर: द रिवेंज' पहले ही दृश्य से दर्शकों को बांध लेती है और अंत तक पकड़े रखती है। हर दृश्य युद्ध के नगाड़े की तरह दर्शकों पर प्रभाव छोड़ता है। यह सिर्फ सीक्वल नहीं, बल्कि एक 'स्टेटमेंट' है। शानदार कहानी, बारीकियों पर बेहतरीन काम और हर कलाकार का उत्कृष्ट प्रदर्शन।" फिल्म का पहला भाग कराची के लियारी इलाके की पृष्ठभूमि पर आधारित था और इसमें खुफिया अभियानों की कहानी दिखाई गई थी। यह सीक्वल सिंह के किरदार हमजा अली मजारी के कराची के अंडरवर्ल्ड में उदय की कहानी बयां करता है, साथ ही जसकिरत सिंह रांगी के रूप में उसकी पृष्ठभूमि को भी उजागर करता है और उस नौजवान के सफर को दिखाता है जो अंततः एक खुफिया जासूस बन जाता है। फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने किया है और इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया है।
- नयी दिल्ली. अभिनेता अनुपम खेर ने आदित्य धर द्वारा निर्देशित फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक उत्कृष्ट फिल्म ही नहीं बल्कि एक अनुभव और भावना का संगम है। धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'धुरंधर' की अगली कड़ी 'धुरंधर: द रिवेंज' बृहस्पतिवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और घरेलु बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म में आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई है। खेर ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा किया।अभिनेता ने अपनी पोस्ट में लिखा, "धुरंधर जबरदस्त है! आदित्य धर एक रॉकस्टार हैं! कभी-कभी शब्द कम पड़ जाते हैं। आप फिल्म देखकर बाहर निकलते हैं... और आपके भीतर एक खामोशी छा जाती है जो सब कुछ कह देती है। धुरंधर देखने का अनुभव कुछ ऐसा ही था। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है। यह एक अनुभव है। एक भावना है। एक ऐसी यात्रा जो चुपचाप आपके दिल में उतर जाती है और फिर जाने से इनकार कर देती है। 'धुरंधर' में ऐसे कई पल हैं जो सिर्फ स्क्रीन पर नहीं दिखते—वे आपके साथ रहते हैं।" उन्होंने कहा, "मैंने इस पोस्ट के साथ साझा किए गए वीडियो में अपनी भावनाओं को व्यक्त करने की कोशिश की है… लेकिन सच कहूं तो, मैं और भी बहुत कुछ कह सकता था। क्योंकि कुछ कहानियां वर्णन के लिए नहीं होतीं! उन्हें महसूस किया जाना चाहिए। 'धुरंधर' ऐसी ही एक कहानी है। इतनी शक्तिशाली, इतनी जादुई, इतनी भावपूर्ण और इतनी मानवीय रचना करने के लिए पूरी टीम को बधाई। इस फिल्म को जरूर देखें। इसे महसूस करें। और फिर इस पर विचार करें।हर 'भारतीय' को इस फिल्म पर गर्व होगा। जय हिंद।'' रणवीर सिंह ने वीडियो पर एक टिप्पणी की और उन्होंने अभिनेता खेर को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, ''यह देख कर मेरे पास शब्दों की कमी हो गई है। आप की कलाकारी से प्रेरित होकर बड़े हुए हैं सर। आपका ऐसा कहना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। आपको कोटि कोटि प्रणाम सर।'' कराची के लयारी कस्बे (जो गिरोहों के बीच लड़ाई और हिंसक क्षेत्रीय संघर्ष से जुड़े अपने इतिहास के लिए जाना जाता है) पर आधारित 'धुरंधर' की कहानी कंधार विमान अपहरण, 2001 के संसद हमले और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक और आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि में गुप्त खुफिया अभियानों के इर्द-गिर्द घूमती है। यह सीक्वल सिंह के किरदार हमजा अली मजारी के कराची के अंडरवर्ल्ड में उदय की कहानी बयां करता है, साथ ही जसकिरत सिंह रांगी के रूप में उसकी पृष्ठभूमि को भी उजागर करता है, और उस नौजवान के सफर को दिखाता है जो अंततः एक खुफिया जासूस बन जाता है। फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने किया है।
- नयी दिल्ली. आदित्य धर द्वारा निर्देशित और रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने रिलीज के तीन दिनों में ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। इस फिल्म में आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म बृहस्पतिवार को रिलीज हुई थी और यह धर की 2025 में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल है। कमाई की जानकारी देने वाली वेबसाइट 'सैकनिल्क' के अनुसार, फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत की और बुधवार को 'पेड प्रीव्यू' से 43 करोड़ रुपये कमाए, जबकि पहले दिन फिल्म ने 102.55 करोड़ रुपये की कमाई की। देश में बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई 339.27 करोड़ रुपये रही। फिल्म की कुल कमाई 404.54 करोड़ रुपये हो गई है।'धुरंधर' की कहानी कंधार विमान अपहरण, 2001 के संसद हमले और 26/11 मुंबई हमलों जैसी घटनाओं पर गुप्त खुफिया अभियानों के इर्द-गिर्द घूमती है। ज्योति देशपांडे और लोकेश धर द्वारा निर्मित यह फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई।
- नयी दिल्ली. अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव दिल्ली (आईएफएफडी) 2026 के आयोजकों ने बताया कि अभिनेता-फिल्म निर्माता आमिर खान और निर्देशक आरएस प्रसन्ना अपनी फिल्म 'सितारे जमीन पर' की विशेष स्क्रीनिंग के बाद बच्चों से बातचीत करेंगे। यह सत्र 26 मार्च को दोपहर एक बजे भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा और इसका उद्देश्य युवा दर्शकों को लक्षित करना है, ताकि उन्हें स्क्रीनिंग के बाद निर्माताओं के साथ सीधे बातचीत करने का अवसर मिल सके। आयोजकों के अनुसार, इस संवाद को आईएफएफडी 2026 के प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रमों में से एक के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां बच्चे फिल्म निर्माताओं से प्रश्न पूछ सकते हैं और अपने विचार साझा कर सकते हैं। एक अधिकारी ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाला यह महोत्सव 25 से 31 मार्च तक प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा, जिसकी स्क्रीनिंग पीवीआर आईनोएक्स द्वारा संचालित मल्टीप्लेक्सों में निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में 47 देशों की 130 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी। इनका चयन 101 देशों से प्राप्त 2,000 से अधिक प्रविष्टियों में से किया गया है।
-
नई दिल्ली। 98वें अकादमी पुरस्कार समारोह में बेस्ट पिक्चर की कैटेगरी में पॉल थॉमस एंडरसन की “वन बैटल आफ्टर अनदर” और “सिनर्स” के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों की फिल्में नॉमिनेशन की लिस्ट में टॉप-2 में शामिल थी, लेकिन बेस्ट पिक्चर का अवॉर्ड “वन बैटल आफ्टर अनदर” को मिला। खास बात यह भी है कि “वन बैटल आफ्टर अनदर” ने अलग-अलग कैटेगरी में 6 अवॉर्ड अपने नाम किए हैं, और फिल्म को 14 कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया था।
थॉमस पिंचन की ‘वाइनलैंड’ से प्रेरित इस बड़े बजट की कॉमेडी थ्रिलर को बेस्ट पिक्चर का पुरस्कार मिला और साथ ही फिल्म ने बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर अवॉर्ड (शॉन पेन), अडोप्टेड स्क्रीनप्ले, बेस्ट एडिटिंग और कास्टिंग के लिए पहला ऑस्कर पुरस्कार भी जीता। यह किसी भी फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि है। फिल्म के निर्देशक पॉल थॉमस एंडरसन ने अपनी स्पीच में कहा, “मैंने यह फिल्म अपने बच्चों के लिए लिखी है ताकि उस दुनिया में फैली अव्यवस्था के लिए माफी मांग सकूं जिसे हम उन्हें सौंप रहे हैं।”उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि युवा पीढ़ी समाज में “सामान्य ज्ञान और शालीनता” को वापस लाने में मदद करेगी।बता दें कि निर्देशक पॉल थॉमस एंडरसन पहले भी ‘बूगी नाइट्स’, ‘देयर विल बी ब्लड’ और ‘फैंटम थ्रेड’ जैसी फिल्मों के लिए पहले भी ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हो चुके हैं, लेकिन यह पहली बार है जब उन्हें नॉमिनेट होने के बाद अवॉर्ड से नवाजा गया है। “वन बैटल आफ्टर अनदर” के शॉन पेन ने बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड जीता, लेकिन वे किन्हीं कारणों से अवॉर्ड शो का हिस्सा नहीं बन पाए। हालांकि, उनके न आने पर प्रेजेंटर किरन कल्किन ने मजाक भी बनाया कि “शॉन पेन आज रात यहां नहीं आ सके या आना नहीं चाहते थे।” ऐसा इसलिए क्योंकि शॉन पेन ने अपने सह-कलाकार बेनिसियो डेल टोरो को हराकर खिताब अपने नाम किया।“वन बैटल आफ्टर अनदर” एक क्राइम-थ्रिलर फिल्म है, जो एक पूर्व क्रांतिकारी बॉब की कहानी है। बॉब 16 साल बाद वापस आए अपने पुराने दुश्मन कर्नल लॉकजॉ से अपनी बेटी विला को बचाने के लिए खतरनाक संघर्ष करता है। - नयी दिल्ली। अभिनेता आर. माधवन ने उनके नाम से सोशल मीडिया पर मौजूद एक फर्जी अकाउंट को लेकर अपने प्रशंसकों को आगाह किया है। माधवन ने कहा कि उनके नाम से फर्जी अकाउंट बनाने वाले व्यक्ति को जवाबदेह ठहराने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। 'धुरंधर' के अभिनेता ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम 'हैंडल' पर फर्जी अकाउंट का स्क्रीनशॉट साझा किया। माधवन ने बताया कि सोशल मीडिया पर उनका कोई अन्य अकाउंट नहीं है। उन्होंने फर्जी अकाउंट का 'यूजरनेम' भी साझा किया।अभिनेता ने लिखा, "धोखाधड़ी की चेतावनी... इस व्यक्ति का मुझसे या मेरी टीम से किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है। ये लोग मेरा प्रतिनिधित्व करने का दावा करते हैं और सोशल मीडिया पर मेरी ओर से लोगों से बात करते हैं। यह पूरी तरह से फर्जी अकाउंट है, कृपया सावधान रहें।" उन्होंने लिखा, "इंस्टाग्राम या किसी भी सोशल मीडिया पर कोई अन्य अकाउंट न तो मेरा प्रतिनिधित्व करता है और न ही मेरी ओर से किसी से बात करता है। कृपया ध्यान दें और सतर्क रहें। इस व्यक्ति को जवाबदेह ठहराने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं।" माधवन 'धुरंधर 2: द रिवेंज' में नजर आएंगे। यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल है और इसमें माधवन 'इंटेलिजेंस ब्यूरो' (आईबी) के निदेशक अजय सान्याल की भूमिका में हैं।
-
मुंबई. दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान अब बेहतर हैं और उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही छुट्टी मिल जाएगी। खान को फरवरी में मस्तिष्क में रक्तस्राव के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके बेटे अरबाज खान ने यह जानकारी दी। शहर में एक इफ्तार पार्टी से निकलते समय अभिनेता ने पत्रकारों से अपने पिता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी साझा की। अपने पिता के स्वास्थ्य के बारे में पूछे जाने पर अरबाज ने कहा, "अब उनकी हालत बेहतर है, उनमें सुधार हो रहा है। पिताजी अब बेहतर हैं।" खान के अस्पताल से छुट्टी मिलने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "जल्द ही (छुट्टी मिलेगी)। इंशाअल्लाह।" खान को 17 फरवरी को बांद्रा के लीलावती अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने कहा कि उन्हें मस्तिष्क रक्तस्राव हुआ था और उपचार के दौरान एहतियात के तौर पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। - नयी दिल्ली. अभिनेता शाहरुख खान ने अनिल कपूर की हालिया फिल्म 'सूबेदार' में उनके अभिनय की सराहना की और कहा कि अभिनय के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है। 'तुम्हारी सुलु' और 'जलसा' जैसी फिल्मों के निर्देशक सुरेश त्रिवेणी द्वारा निर्देशित यह फिल्म पांच मार्च को प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई और इसमें मोना सिंह, सौरभ शुक्ला, राधिका मदान, आदित्य रावल और फैसल मलिक भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। खान ने शनिवार को अपने 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उन्हें फिल्म बहुत पसंद आई। उन्होंने लिखा, ''फिल्म 'सुबेदार' का भरपूर आनंद लिया। अनिल कपूर से हमेशा बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है - संयमित लेकिन प्रभावशाली अभिनय। उनका कला के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है और एक्शन भी शानदार है।'' उन्होंने कहा, ''आदित्य रावल, सौरभ शुक्ला, मोना सिंह, फैसल मलिक, राधिका मदान, हर किरदार को अनोखे ढंग से गढ़ा गया है और आप सभी ने शानदार प्रदर्शन किया। सुरेश त्रिवेणी और पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई… और ढेर सारा प्यार।''
- मुंबई. प्राइम वीडियो ने सोमवार को घोषणा की कि इस मंच पर 'द वायरल फीवर' (टीवीएफ) द्वारा निर्मित उसकी प्रशंसित हिंदी सीरीज 'एस्पिरेंट्स' का तीसरा सीजन 13 मार्च को रिलीज होगा। इस नये सीजन में भी नवीन कस्तूरिया, शिवांकित सिंह परिहार, अभिलाष थपलियाल, सनी हिंदुजा, नमिता दुबे और तेंगम सेलिन पिछले सीजन की अपनी भूमिकाओं को आगे बढ़ाएंगे जबकि जतिन गोस्वामी इस बार कलाकार समूह में नए चेहरे के रूप में शामिल हुए हैं। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दीपेश सुमित्रा जगदीश द्वारा निर्देशित यह सीरीज भारत और दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर प्रसारित होगी। 'एस्पिरेंट्स' तीन दोस्त, अभिलाष, गुरी और एसके की कहानी है। ये सभी दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करते हैं। विद्यार्थी जीवन के संघर्ष और वर्तमान समय के बीच घूमती यह सीरीज दोस्ती, महत्वाकांक्षा, विफलता और एक उच्च-स्तरीय परीक्षा से अपनी पहचान जोड़ने के भावनात्मक प्रभाव को दर्शाती है। इसके तीसरे सीजन में आईएएस अधिकारी अभिलाष (कस्तूरिया) के जीवन को दो अलग-अलग समयसीमाओं में दिखाया जाएगा। सीरीज का पहला सीजन वर्ष 2021 में यूट्यूब पर आया था, जिसके बाद इसका दूसरा सीजन 2023 में प्राइम वीडियो पर दिखाया गया।
- नयी दिल्ली. फिल्म निर्माता सौरभ शुक्ला के निर्देशन में बनी फिल्म 'जब खुली किताब' छह मार्च को ओटीटी मंच जी5 पर रिलीज होगी। फिल्म में डिंपल कपाडिया और पंकज कपूर मुख्य भूमिका में हैं। एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है। फिल्म में अपारशक्ति खुराना भी हैं।फिल्म निर्माताओं ने सोमवार को फिल्म का 'ट्रेलर' जारी किया। इस फिल्में में गोपाल (कपूर) और अनुसूया (कपाड़िया) की कहानी है। दोनों 50 वर्षों से साथ हैं लेकिन उनका जीवन तब अप्रत्याशित मोड़ ले लेता है जब अनुसूया एक पुराना रहस्य उजागर करती है, जिससे उनके रिश्ते की नींव हिल जाती है। कपूर ने शुक्ला की प्रशंसा करते हुए कहा कि "ऐसे फिल्म निर्माता को ढूंढना दुर्लभ है जो परिपक्व प्रेम को रेखांकित करने का विकल्प चुनते हैं, और इसे ईमानदारी, हास्य और कोमलता के साथ पेश करते हैं। फिल्म को एप्लॉज एंटरटेनमेंट कंपनी द्वारा प्रस्तुत किया गया है और शूस्ट्रैप फिल्म्स बैनर ने इसका निर्माण किया है।
- नयी दिल्ली. गायक अरिजीत सिंह ने पार्श्व गायन से संन्यास लेने के बाद अपना पहला नया गाना 'रैना' रिलीज किया है। 'चन्ना मेरेया', 'अगर तुम साथ हो', 'राबता', 'केसरिया' जैसे गानों के लिए मशहूर सिंह न अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की। गाने का संगीत शेखर रवजियानी ने तैयार किया है जबकि इसके बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं।अरिजीत ने कैप्शन में लिखा, " 'रैना' अब रिलीज हो चुका है और आपका है। इसे सुनें, गहराई से महसूस करें। गाने का आधिकारिक वीडियो 'गरुडाम्यूजिक' यूट्यूब चैनल पर देखें।" इसी के साथ उन्होंने संगीतकार शेखर रवजियानी, गीतकार प्रिया सरैया और अपनी पूरी टीम को इसके साथ टैग किया। इससे पहले इसी साल सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए पार्श्व गायन से संन्यास लेने की घोषणा की थी।
-
नई दिल्ली। पूरा देश होली का त्योहार मना रहा है और जश्न में डूबा है. वहीं, सिनेमा के गलियारों से दुखद खबर सामने आई है।. दरअसल, दिग्गज अभिनेता विजय कृष्णा का निधन हो गया है। फिल्म 'देवदास' में शाहरुख खान का पिता का रोल करने वाले वेटरन एक्टर विजय कृष्णा ने 81 साल की उम्र में आखिरी सांस ली है.। हालांकि, उनके निधन के वजह सामने नहीं आई है.। उनके निधन के बाद फिल्मी दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है. । वहीं, विजय कृष्णा के दुनिया से अलविदा कहने पर सितारे दुख व्यक्त कर रहे हैं.। उनकी बेहतरीन अदाकारी से कायल हुए फैंस भी सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दे रहे हैं.।
विजय कृष्णा के निधन पर पॉपुलर एक्ट्रेस और थिएटर आर्टिस्ट लिलेट दुबे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है।. लिलेट दुबे ने अपने पोस्ट में विजय कृष्णा के निधन पर दुख जताया है. । विजय कृष्णा फिल्मों के अलावा थिएटर के चर्चित अभिनेता थे। उन्होंने साल 2004 में इंग्लिश ड्राम फिल्म 'डांस लाइक ए मैन' में काम किया था और इसकी काफी तारीफ हुई थी। फिल्म 'डांस लाइक ए मैन' को इंग्लिश में बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड मिला था।. विजय कृष्णा ने साल 2002 में रिलीज हुई शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'देवदास' में काम किया था.। उन्होंने शाहरुख खान के पिता का रोल किया था। इसके अलावा उन्होंने कई मूवीज में काम किया था।विजय कृष्णा एक्टर और थिएटर आर्टिस्ट होने के साथ ही एनवायरमेंटलिस्ट थे। विजय कृष्णा गोदरेज परिवार के बिजनेस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रह चुके हैं। दिवंगत अभिनेता के परिवार में पत्नी स्मिता कृष्णा और बेटी नायरिका होल्कर हैं । -
मुंबई. फिल्मकार विपुल शाह ने कहा है कि उन्होंने जबरन धर्मांतरण पर आधारित 2023 की अपनी विवादित फिल्म 'द केरल स्टोरी' का सीक्वल इसलिए बनाने का निर्णय लिया क्योंकि वह ''कहीं अधिक व्यापक खतरे'' को उजागर करना चाहते थे, जो उनके अनुसार केवल केरल तक सीमित नहीं है बल्कि पूरे देश में फैला हुआ है। शाह ने कहा कि पहली फिल्म के बाद उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी कई कहानियां मिलीं, जिनसे लगा कि यह मुद्दा सिर्फ केरल तक सीमित नहीं है। इसी सोच से 'द केरल स्टोरी 2 : गोज बियॉन्ड' को जन्म दिया, जो भारी विवाद के बीच पिछले सप्ताह सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म अलग-अलग राज्यों की तीन हिंदू महिलाओं की कहानी दिखाती है, जो परिवार के विरोध के बावजूद मुस्लिम पुरुषों से शादी करती हैं और बाद में उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है। शाह ने 'सनशाइन पिक्चर्स' बैनर के माध्यम से इसका निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि पहली फिल्म के बाद इसका सीक्वल बनाने की पहले से कोई योजना नहीं थी। पहली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी और दो राष्ट्रीय पुरस्कार जीते थे। शाह ने कहा, '''केरल स्टोरी 2' बनाने की कोई योजना भी नहीं थी। लेकिन 'केरल स्टोरी 1' के बाद हमें कई कहानियां मिलने लगीं। तब मुझे एहसास हुआ कि यह समस्या सिर्फ केरल तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में कहीं बड़े रूप में मौजूद है। हमें लगा कि यह कहानी बताना जरूरी है, क्योंकि यह पहली फिल्म में दिखाए गए घटनाक्रम से कहीं ज्यादा व्यापक और अलग है। इसी वजह से हमने दूसरा भाग बनाने का फैसला किया।'' उन्होंने कहा, ''यह कोई मार्केटिंग चाल नहीं थी कि 'चलो दूसरा भाग बना लेते हैं, पहली फिल्म को खूब प्रशंसा मिली, अब इसे आगे बढ़ाते हैं।' ऐसा बिल्कुल नहीं था।'' युवतियों के धर्म परिवर्तन और कट्टरपंथ की ओर धकेले जाने के विषय पर आधारित पहली फिल्म का निर्देशन सुदीप्तो सेन ने किया था, वहीं इसके सीक्वल का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है। यह पूछे जाने पर कि क्या इस फिल्म का तीसरा भाग भी आएगा तो शाह ने कहा कि फिलहाल इस संबंध में कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने कहा, ''लेकिन अगर भविष्य में हमारे पास कोई प्रभावशाली और ठोस कहानियां आती हैं या कुछ नए तथ्य सामने आते हैं, तो संभव है कि हम उस विषय पर भी फिल्म बनाना चाहें। लेकिन फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है।'' 'द केरल स्टोरी 2' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई। ट्रेलर सामने आते ही इसे घृणा फैलाने का दुष्प्रचार कहकर इसकी आलोचना शुरू हो गई। केरल उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने इसकी रिलीज पर 15 दिन की रोक लगा दी थी, जिसे बाद में खंडपीठ ने हटाते हुए रिलीज करने की अनुमति दे दी। शाह का आरोप है कि केरल और तमिलनाडु में कुछ समूह थिएटर मालिकों पर दबाव बना रहे हैं कि वे सिनेमाघरों से फिल्म हटाएं, जो उनके अनुसार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अदालत के आदेश का उल्लंघन है। इसके अलावा शाह ने बताया कि उन्होंने हाल में मनोज बाजपेयी अभिनीत ''गवर्नर'' की शूटिंग खत्म की है और वह अपनी पत्नी शेफाली शाह और जयदीप अहलावत के साथ 'हिसाब' की तैयारी कर रहे हैं। शाह के मुताबिक 'हिसाब' एक अनोखी और मनोरंजक बैंक डकैती की कहानी है, जो भारतीय सिनेमा में पहले कभी नहीं देखी गई होगी।
-
भोपाल. हिंदी फिल्म 'शतक : संघ के 100 वर्ष (2026)' को मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य में मनोरंजन कर से मुक्त कर दिया है। यह फिल्म राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 100 वर्ष की यात्रा को दर्शाती है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि फिल्म को राष्ट्रीय सेवा और मूल्यों की उस परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करमुक्त किया गया है, जिसे आरएसएस ने दशकों से जीवित रखा है। उन्होंने कहा, ''हिंदी फिल्म 'शतक' को पूरे मध्यप्रदेश में करमुक्त किया गया है। यह फिल्म राष्ट्रीय सेवा और मूल्यों की उस परंपरा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है, जिसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने दशकों से जीवित रखा है।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म संगठित चिंतन, चरित्र निर्माण और सेवा भाव के माध्यम से सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश देती है। फिल्म में संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार के नागपुर में बाल्यकाल, 'अनुशीलन समिति' से जुड़ाव और वर्ष 1925 में संगठन की स्थापना से जुड़े घटनाक्रम को दर्शाया गया है। फिल्म में दादरा और नगर हवेली की मुक्ति तथा 1948 के कश्मीर संकट जैसे प्रसंगों का भी उल्लेख है।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन आशीष माल ने किया है और इसका निर्माण वीर कपूर ने किया है। यह फिल्म 19 फरवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई है । -
मुंबई। अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसी हुई थी और अब सकुशल स्वदेश लौट आई है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक बयान में कहा, घर वापस आ गई हूं। आप सभी की प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। हम सभी जिस स्थिति का सामना कर रहे थे, वह बहुत कठिन थी। वास्तव में, ईश्वर के आशीर्वाद से मैं सुरक्षित हूं। गुप्ता को 'जन्नत 2', 'रुस्तम' और 'टोटल धमाल' जैसी फिल्म में अभिनय के लिए जाना जाता है। अभिनेत्री ने अबू धाबी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कर्मियों के 'संयम' की सराहना की और कहा कि सुरक्षाकर्मियों और हवाई अड्डे के कर्मचारियों ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए तुरंत कदम उठाये। उन्होंने कहा, मैंने तब तक 'चेक-इन' नहीं किया था, इसलिए मैं वापस अबू धाबी स्थित अपने होटल के लिए रवाना हो गई। गुप्ता ने बताया कि यात्रियों को उपलब्ध होटलों में ठहराया गया और उन्होंने ऐसे तनावपूर्ण हालात में होटल कर्मचारियों के समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने सहायता प्रदान करने के लिए एयरलाइन कर्मियों की भी सराहना की।
- नयी दिल्ली। 'जन्नत' और '3जी- ए किलर कनेक्शन' जैसी फिल्मों में अभिनय से मशहूर हुईं अभिनेत्री सोनल चौहान ने सभी उड़ान सेवाओं के अनिश्चितकालीन निलंबन के बीच दुबई में फंस होने पर भारत लौटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मदद का अनुरोध किया। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण दुबई में उड़ानें निलंबित कर दी गईं।सोनल ने 'इंस्टाग्राम' पर एक नोट साझा किया और कहा कि भारत लौटने का कोई रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, मैं मौजूदा संकट के कारण फिलहाल दुबई में फंसी हुई हूं। उड़ानें रद्द हैं और भारत लौटने का कोई रास्ता नहीं दिखाई दे रहा।" सोनल ने कहा, "मैं सुरक्षित घर वापसी के लिए सरकार से मदद का अनुरोध करती हूं। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आभारी रहूंगी।" बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु 'ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट' के लिए ब्रिटेन के बर्मिंघम जा रही थीं लेकिन वह भी दुबई में फंस गईं।
- नयी दिल्ली. सरकार ने रविवार को घोषणा की कि 'स्किल इंडिया डिजिटल हब' (एसआईडीएच) की पहुंच बढ़ाने के लिए संचालित किए जा रहे एक नए राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत अभिनेता अमिताभ बच्चन से इसके प्रचार-प्रसार के लिए संपर्क किया गया है। भारत में एसआईडीएच के माध्यम से डिजिटल कौशल विकास आंदोलन को गति देने के लिए ''बढ़ना है तो यहां जुड़ना है'' अभियान की शुरुआत कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने हाल ही में संपन्न हुए एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान की। इस संबंध में जारी एक बयान में कहा गया, ''इसके राष्ट्रव्यापी प्रचार अभियान के तहत, इस अभियान में जाने-माने अभिनेता अमिताभ बच्चन को शामिल किया गया है, जिनकी व्यापक लोकप्रियता और व्यापक जन अपील से स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआईडीएच) के प्रति जागरूकता एवं भागीदारी और मजबूत होने की उम्मीद है। एसआईडीएच भारत का कौशल विकास, रोजगार और आजीवन सीखने के लिए एकीकृत डिजिटल मंच है।'' इस अभियान का उद्देश्य एसआईडीएच तक पहुंच को और अधिक बढ़ाना है, जिसमें पहले से ही 1.5 करोड़ से अधिक पंजीकृत उम्मीदवार शामिल हो चुके हैं और यह देश के सबसे बड़े एकीकृत डिजिटल कौशल विकास मंचों में से एक के रूप में उभरा है। बयान के अनुसार, जैसे-जैसे भारत तेजी से 'विकसित भारत' की दिशा में आगे बढ़ रहा है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑटोमेशन व डिजिटल नवाचार के बदलावों का सामना कर रहा है, उसी बीच एसआईडीएच को एक केंद्रीय मंच के रूप में स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को नए कौशल सिखाने, मौजूदा कौशल को निखारने और उनके करियर को भविष्य के लिए तैयार करना है। चौधरी ने इसकी शुरुआत के अवसर पर कहा, ''एसआईडीएच इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि कैसे डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना आजीवन सीखने को बढ़ावा दे सकती है और वास्तविक आर्थिक अवसर पैदा कर सकती है, खासकर एआई और (ऑटोमेशन) स्वचालन के इस युग में। 'बढ़ना है तो यहां जुड़ना है' अभियान के माध्यम से हम हर भारतीय को इस परिवेशी तंत्र से जुड़ने और अपने विकास की यात्रा में अगला कदम उठाने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।'' एसआईडीएच का संचालन कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एसएनडीसी) द्वारा किया जाता है।
- मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता रितिक रोशन ने दिवंगत फिल्मकार और अपने गुरु एमएम बेग की याद में शनिवार को एक भावुक संदेश पोस्ट किया। उन्होंने बेग को अपने एक्टिंग करियर को आकार देने वाली नींव बताया। गुजरे जमाने की मशहूर बाल कलाकार बेबी गुड्डू के पिता बेग हाल ही में अपने आवास पर मृत पाए गए थे।साल 2000 में प्रदर्शित फिल्म 'कहो न प्यार है' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाले रितिक ने कहा कि बेग ने न सिर्फ उनमें "आत्मविश्वास" पैदा किया, बल्कि "झिझक" दूर करने में भी उनकी मदद की। रितिक ने लिखा, "मेरे प्यारे बेग जी, अभिनेता के रूप में अपने सफर की शुरुआत में मुझे जिस शिक्षक की सख्त जरूरत थी, उसकी भूमिका निभाने के लिए मैं आपका सदा आभारी रहूंगा। आपने संवाद अदायगी के मामले में आत्मविश्वास हासिल करने में मेरी काफी मदद की... आपने मेरे अंदर के अभिनेता को आकार देने में अहम भूमिका निभाई। मेरे अंदर की झिझक को दूर करने में मदद करने के साथ-साथ मेरी कमजोरियों को ताकत में तब्दील करने के लिए भी आपका शुक्रिया।" अभिनेता ने कहा, "मैं भटक गया था। आपने मुझे सही राह दिखाई। उस समय मैं सिर्फ 18 साल का था। मैं आज भी आपकी ओर से दी गई सीख पर अमल करता हूं। मुझे आपकी बहुत याद आएगी। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करे मेरे गुरु।" बेग ने रितिक के पिता राकेश रोशन की 'काला बाजार' और 'किशन कन्हैया' सहित कई फिल्मों के असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया था।
- लंदन. ब्रिटिश एकेडमी फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स 2026 (बाफ्टा) से पहले लंदन में आयोजित अपनी तरह के पहले दक्षिण एशियाई समारोह में मणिपुरी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ''बूंग'' और गीता गांधबीर द्वारा निर्देशित वृत्तचित्र ''द परफेक्ट नेबर'' सुर्खियों में रहे। फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित और नवोदित निर्देशक लक्ष्मीप्रिया देवी द्वारा निर्देशित फिल्म ''बूंग'' बाफ्टा पुरस्कार की सर्वश्रेष्ठ बाल एवं पारिवारिक फिल्म श्रेणी में पुरस्कार की दौड़ में शामिल है। भारतीय अमेरिकी निर्देशक गीता गांधबीर को उनकी फिल्म ''द परफेक्ट नेबर'' के लिए सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। साथ ही अगले महीने ऑस्कर में सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर के लिए भी इसे नामित किया गया है। शुक्रवार शाम को लंदन में बाफ्टा मुख्यालय में आयोजित 'सेलिब्रेटिंग साउथ एशियंस' कार्यक्रम में अपने संबोधन में गांधबीर ने कहा, ''हम एक ऐसे समय में रह रहे हैं, खासकर अमेरिका में, जो बेहद चिंताजनक और खतरनाक समय है।'' उन्होंने कहा, ''एशियाई और दक्षिण एशियाई होने के नाते यहां होना बहुत अच्छा लग रहा है। मैं सभी को याद दिलाना चाहती हूं कि यह समय है कि हम अन्य हाशिए पर पड़े समुदायों के साथ मिलकर काम करें।'' एमी पुरस्कार से सम्मानित फिल्म निर्माता ने कहा, ''मुझे फिल्म जगत में पहला मौका देने वाले महान स्पाइक ली थे... असल में अमेरिका के अश्वेत समुदाय ने ही मेरे लिए दरवाजे खोले और मैं उन्हीं के कंधों पर खड़ी हूं। हम यह लड़ाई इसलिए लड़ रहे हैं... क्योंकि अमेरिका में जो कुछ होता है, उसका असर पूरी दुनिया पर पड़ता है। भयानक नीतियां, भयानक विचार फैलते हैं... हम सब मिलकर मजबूत हैं।'' पुरस्कार समारोह से पहले आयोजित कार्यक्रम में फिल्म ''बूंग'' का प्रतिनिधित्व फिल्म के सहायक निर्देशक राहुल शारदा ने किया। उन्होंने अपनी टीम की ओर से इस बात पर खुशी व्यक्त की कि भारत की एक क्षेत्रीय फिल्म को वैश्विक मंच पर पहचान मिल रही है। शारदा ने कहा, ''मुझे बॉलीवुड बहुत पसंद है, खासकर गाने-नाचने वाली फिल्में, लेकिन भारत अपनी सांस्कृतिक विविधता के कारण बहुत कुछ देने को तैयार है। यह जानकर बहुत खुशी होती है कि एक ऐसा मंच है जहां हमारे क्षेत्रीय सिनेमा को भी पहचान मिल रही है।'' इस कार्यक्रम का सह-आयोजन 'सोसाइटी ओ' द्वारा किया गया था, जो दक्षिण एशियाई उपलब्धियों को उजागर करने के लिए समर्पित ब्रिटेन स्थित एक सांस्कृतिक मंच है। लंदन के 'रॉयल फेस्टिवल हॉल' में रविवार को 79वें वार्षिक बाफ्टा पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जायेगा।
-
नयी दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने मशहूर अभिनेत्री नूतन को उनकी 35वीं पुण्यतिथि पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए श्रद्धांजलि दी। अभिनेता ने शनिवार को अपने 'इंस्टाग्राम' हैंडल पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें नूतन की कई ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें थीं। साथ ही लिखा था, ''नूतन जी की पुण्यतिथि पर उनकी याद में।'' नूतन का जन्म 1936 में हुआ था और 21 फरवरी, 1991 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका निधन हो गया। 1990 में नूतन को स्तन कैंसर का पता चला, जिसके बाद उनका इलाज शुरू हुआ। नूतन ने 1950 में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और वह ''मैं तुलसी तेरे आंगन की'', ''मिलन'' और ''सरस्वतीचंद्र'' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। श्रॉफ और नूतन ने राजीव राय द्वारा निर्देशित 1985 की फिल्म ''युद्ध'' और सोहनलाल कंवर द्वारा निर्देशित ''पैसा ये पैसा'' में साथ काम किया था।
-
मुंबई,। छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी ने बृहस्पतिवार को अपनी आगामी फिल्म "राजा शिवाजी" का पहला पोस्टर जारी किया। फिल्म का निर्देशन कर रहे रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा किया। देशमुख ने इस फिल्म में मुख्य भूमिका भी निभाई है। इस पोस्टर में देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज के रूप में दिखायी दे रहे हैं, जिनके हाथ में तलवार है और उनके चेहरे पर दृढ़ संकल्प का भाव हैं। "राजा शिवाजी" मराठी और हिंदी में बन रही द्विभाषी फिल्म है। यह फिल्म एक मई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
-
मुंबई,। अभिनेत्री तापसी पन्नू का मानना है कि अब महिला प्रधान और लीक से हटकर फिल्में नहीं बन रही हैं क्योंकि ऐसी कहानियों के लिए दर्शकों का समर्थन नहीं मिल रहा है। मुख्यधारा और लीक से हटकर दोनों तरह के सिनेमा में सहजता से संतुलन बनाए रखने वाली पन्नू ने एक भरोसेमंद कलाकार के रूप में अपनी प्रतिष्ठा बनाई है और "थप्पड़", "मुल्क" व "पिंक" जैसे कई फिल्मों में दमदार अभिनय किया है। अभिनेत्री के अनुसार, लीक से अलग कहानियों को बड़े पर्दे पर उतारने की लड़ाई और भी कठिन हो गई है।
पन्नू ने एक साक्षात्कार में कहा, ''ऐसी फिल्में विलुप्ती की कगार पर पहुंच चुकी प्रजातियों की तरह हो गई हैं। मेरा अभिप्राय 'अस्सी' जैसी फिल्मों से है। हमारे तथाकथित व्यावसायिक सिनेमा का एक निश्चित ढांचा है जिसका हम पालन करते हैं और हम उस ढांचे में पारंपरिक रूप से फिट नहीं बैठते।'' पन्नू की नयी फिल्म ''अस्सी'' है। इसके निर्माता अनुभव सिन्हा हैं। पन्नू से सिन्हा के साथ 2018 में आई फिल्म "मुल्क" और 2020 की "थप्पड़" में भी काम किया था। अभिनेत्री ने इस धारणा को खारिज कर दिया कि लीक से हटकर बनने वाली फिल्में केवल डिजिटल मंच पर ही अपनी जगह बना पाएंगी। उन्होंने कहा कि 'स्ट्रीमिंग' मंच ने अपना ध्यान "बड़े पैमाने पर" दर्शकों को लुभाने पर केंद्रित कर दिया है। पन्नू ने कहा, "असलियत यह है कि लोग सोचते हैं कि इस तरह की फिल्में ओटीटी पर आती रहेंगी और हम उन्हें देखते रहेंगे। लेकिन नहीं, ओटीटी मंच भी इस तरह की फिल्में नहीं चाहते। वे केवल उन्हीं फिल्मों को चुनते हैं जो सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही हों।" पन्नू ने कहा, ''वे सिनेमाघर के दर्शकों को अपने मंच पर लाना चाहते हैं। वे कहते हैं, 'हमारे पास पहले से ही इस तरह के दर्शक हैं, हम अपने देश के उन लोकप्रिय मसाला फिल्मों के दर्शकों को अपने मंच से जोड़ना चाहते हैं।' इसीलिए मैं कहती हूं कि अगर लोगों को यह एहसास नहीं हुआ कि हमें इसे देखना चाहिए तो लीक से हटकर बनने वाली फिल्में विलुप्त हो जाएंगी। कभी-कभी वास्तविकता देखना भी अच्छा होता है।" सिनेमा की तुलना विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से करते हुए अभिनेत्री (38) ने कहा कि जहां एक ओर व्यावसायिक सिनेमा "मुगलई" की अपनी अपील है, वहीं उद्योग को "दाल चावल" जैसी कहानियों की भी आवश्यकता है: ऐसी कहानियां जो रोजमर्रा की वास्तविकता पर आधारित हों। -
नयी दिल्ली. शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी अभिनीत फिल्म 'ओ रोमियो' ने रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 9.01 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म निर्माताओं ने शनिवार को यह जानकारी दी। जाने माने फिल्म निर्माता विशाल भारद्वाज द्वारा निर्देशित यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म में अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पटानी और विक्रांत मैसी ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखे हैं। इसका निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने 'नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट' के बैनर तले किया है। प्रोडक्शन बैनर ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट के जरिए यह खबर साझा की, जिसमें फिल्म का पोस्टर भी साझा किया गया था। पोस्टर पर लिखा था, ''पहले दिन देश भर में 9.01 करोड़ रुपये की कमाई। सिनेमाघरों में लगी हुई है।'' यह फिल्म मुंबई के अंडरवर्ल्ड गैंगस्टर हसीन उस्तरा (जिसका किरदार कपूर ने निभाया है) और अफशा (डिमरी) नाम की महिला के प्रेम कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है। यह फिल्म भारद्वाज के साथ कपूर की चौथी फिल्म है, इससे पहले वे 'कमीने', 'हैदर' और 'रंगून' फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। अभिनेत्री तृप्ति डिमरी ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट साझा करते हुए अपनी नयी फिल्म 'ओ' रोमियो' की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस भूमिका ने उन्हें अपने कुछ नया करने के लिए प्रेरित किया। फिल्म 'एनिमल' की अभिनेत्री ने कहा कि इस प्रक्रिया में उन्होंने किरदार के प्रति पूरी तरह समर्पित होना सीखा। उन्होंने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म की कई तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ''अफशान सिर्फ एक किरदार नहीं है, वह एक पल में शोला है तो दूसरे पल में उतनी ही नाजुक है। वह गहराई से महसूस करती है, बेधड़क प्यार करती है और अपनी पूरी ताकत से लड़ती है। ये भूमिका मेरे लिए चुनौतिपूर्ण थी, इस किरदार ने ईमानदारी के साथ, अपनी सहज स्थिति से बाहर निकलकर कुछ नया करने के लिए प्रेरित किया, जिसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी...।'' उन्होंने फिल्म के प्रति समर्पण के लिए भारद्वाज, अपने सह-कलाकार कपूर और अन्य कलाकारों की भी सराहना की।
- नयी दिल्ली. फिल्म निर्माता सैम मेंडेस की आगामी चार कड़ियों वाली फिल्म श्रृंखला में अभिनेता फरहान अख्तर सितार वादक रवि शंकर की भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 'द बीटल्स' पर आधारित है जो अप्रैल 2028 में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।सोनी पिक्चर्स ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट के माध्यम से अख्तर के फिल्म का हिस्सा होने की खबर साझा की। स्टूडियो ने पोस्ट किया, "सैम मेंडेस द्वारा निर्देशित 'द बीटल्स - ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट' के लिए नए कलाकारों की घोषणा की गई है। फरहान अख्तर रवि शंकर की भूमिका में, लूसी बॉयटन जेन एशर की भूमिका में, मॉर्फिड क्लार्क सिंथिया (पॉवेल) लेनन की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में हैरी लॉटी, स्टुअर्ट सट्क्लिफ़ की भूमिका निभाएंगे। अप्रैल 2028 में सिनेमाघरों में फिल्म प्रदर्शित होगी।" यह चार फिल्मों की श्रृंखला दिग्गज ब्रिटिश बैंड की कहानी बयां करती है, जिसमें हर फिल्म बीटल्स के किसी एक सदस्य के नजरिए से बताई गई है।






.jpg)
.jpg)





.jpg)



.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)

.jpg)

