- Home
- देश
-
श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) ने बुधवार को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से एडवांस्ड रिमोट सेंसिंग सैटेलाइट कार्टोसैट-3 को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया। यह इसरो का साल का पांचवां मिशन है। कार्टोसैट के साथ अमेरिका के 13 छोटे कमर्शियल उपग्रह भी अपनी कक्षाओं में स्थापित हुए। यह लॉन्चिंग पीएसएलवी-सी47 रॉकेट से की गई। कार्टोसैट का उपयोग मौसम और असैन्य जानकारी जुटाने में होगा। इसरो प्रमुख के सिवन ने सैटेलाइट के सफल प्रक्षेपण के बाद कहा, मुझे खुशी है कि पीएसएलवी सी-47 ने कार्टोसैट-3 के साथ 13 सैटेलाइट्स को सफलतापूर्वक उनकी कक्षा में पहुंचाया। कार्टोसैट-3 हाई-रिजोल्यूशन की असैन्य सैटेलाइट है। हमारे पास 6 मार्च तक 13 मिशन कतार में हैं। इनमें 6 बड़े व्हीकल के मिशन हैं, जबकि 7 सैटेलाइट मिशन हैं।
मोदी ने इसरो टीम को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्टोसैट-3 और अन्य उपग्रहों के सफलतापूर्वक प्रक्षेपण पर इसरो को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया, पीएसएलवी-सी47 रॉकेट से स्वदेश निर्मित कार्टोसैट-3 और 13 अन्य नैनो सेटैलाइट के सफतापूर्वक प्रक्षेपण इसरो टीम को बधाई। एडवांस्ड कार्टोसैट-3 के माध्यम से हाई-रिजोल्यूशन तस्वीरें ली जा सकेंगी। इसरो ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है।
पृथ्वी की हाई रिजोल्यूशन इमेज मुहैया कराएगा कार्टोसैट-3
कार्टोसैट-3 का वजन लगभग 1500 किलोग्राम है। यह थर्ड जेनरेशन एडवांस्ड हाई रेजोल्यूशन वाले अर्थ इमेजिंग सैटेलाइटों में पहला है। एजेंसी 1988 से ही रिमोट सेंसिंग सैटेलाइट लॉन्च कर रही है। इन सैटेलाइट्स के जरिए इसरो को पृथ्वी की हाई-रिजोल्यूशन तस्वीरें मिलती हैं। इनका इस्तेमाल 3-डी मैपिंग, आपदा प्रबंधन, खेती, जल प्रबंधन और सीमा सुरक्षा के लिए किया जाता है।
दो साल पहले लांच हुआ था कार्टोसैट-2
कार्टोसैट सीरीज की सैटेलाइट्स प्रमुख तौर पर पृथ्वी की मैपिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही हैं। कार्टोसैट-3 इसी कड़ी का हिस्सा है। कार्टोसैट-2 सीरीज में पहले लॉन्च किए गए सैटेलाइट ने पड़ोसी देशों की तस्वीरें खींची। इससे सेना और सरकार को लाइन ऑफ कंट्रोल के पार जाकर टेररिस्ट लॉन्च पैड को तबाह करने में मदद मिली। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को 59वीं बार मन की बात के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने देश भक्ति और सेवा के रंग में रंगे युवाओं में जोश भरते हुए नौजवान पीढ़ी को एनसीसी दिवस की शुभकामनाओं से अपनी मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत की।
अयोध्या फैसले का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद, अब देश, नई उम्मीदों, आकांक्षाओं के साथ नए रास्ते पर, नए इरादे लेकर चल पड़ा है। न्यू इंडिया, इसी भावना को अपनाकर शांति, एकता और सद्भावना के साथ आगे बढ़े- यही मेरी कामना है। हम सबकी कामना है। देश हित में शांति, एकता और सदभावना के मूल्य सर्वोपरि हैं। माननीय न्यायालय के फैसले को सभी देशवासियों द्वारा सम्मान और सहज, संयम और शांति से स्वीकार करना परिपक्वता का परिचय है। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं भी आप ही की तरह कैडेट रहा हूं और मन से आज भी अपने आपको कैडेट मानता हूं। एनसीसी यानी नेशनल कैडेट कॉप्र्स। दुनिया के सबसे बड़े वर्दी वाले युवा संगठन में एनसीसी एक है। यह एक त्रि-सेवा संगठन है जिसमें सेना, नौ-सेना, वायुसेना तीनों ही शामिल हैं। दुनिया की बड़ी एकरूप युवा संगठनों में से एक भारत की एनसीसी है जिसमें सेना के तीनों अंग- सेना, नौसेना और वायु सेना शामिल हैं। एनसीसी का मतलब है अपने व्यवहार और अपनी आदतों में कुशल नेतृत्व, देशभक्ति, नि:स्वार्थ सेवाभाव, अनुशासन कड़ी मेहनत को शामिल करना।
एक भारत श्रेष्ठ भारत कैंप के लिए उत्तर पूर्वी क्षेत्र और विभिन्न राज्यों से दिल्ली आए एनसीसी के नौजवानों ने प्रधानमंत्री मोदी से अपने बेहतरीन अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में सात दिसंबर को आम्र्ड फोर्सिज फ्लैग डे के अवसर पर देशवासियों को वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और समर्पण भाव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके सम्मान और सहभागिता के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही ताकत मिलती है और आत्म विश्वास बढ़ता है जिससे व्यक्तित्व में निखार आता है। सीबीएसई की पहल से दिसंबर माह में स्कूलों में फिट इंडिया सप्ताह मनाना एक सराहनीय कदम है।
पीएम ने कहा कि फिट इंडिया सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए क्विज, निबंध, लेख, चित्रकारी, पारंपरिक और स्थानीय खेल, योगासन, डांस एवं खेलकूद आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती हैं। फिट इंडिया का मतलब दिमागी कसरत के साथ कड़ा शारीरिक श्रम, खानपान की आदत और जीवन शैली में बदलाव लाना है। प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के जरिए सभी स्कूलों से दिसंबर माह में फिट इंडिया सप्ताह मनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे हम सबमें फिटनेस की आदत दिनचर्या में शामिल होगी।
उन्होंने कहा, सभी स्कूलों को फिट इंडिया रैकिंग में शामिल होना चाहिए जिससे कि फिट इंडिया सहज और स्वभाविक रूप से एक जनांदोलन बने और जागरूकता आए। प्रकृति, पर्यावरण, पानी ये सारी चीजें हमारे पर्यटन का भी हिस्सा बनें, जीवन का भी हिस्सा बनें। नदी उत्सव की जानकारी साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हर साल देश के अलग-अलग कोने पर 12 नदियों पर आयोजित होने वाले उत्सवों के नाम पुष्करम, पुष्करालू, पुष्कर: है। असम में आयोजित नदी उत्सव में आए अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत-सत्कार, स्वच्छता का ख्याल और बायो टॉयलेट आदि की व्यवस्था सराहनीय था। परीक्षा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई माध्यमों से हमारी कोशिश है कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी और अभिभावक तनावमुक्त और शिक्षक आश्वस्त रहें। मोदी ने मध्यप्रदेश की श्वेता का परीक्षा पर चर्चा को शीघ्र आयोजित करने के सुझाव की सराहना की।
-
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का लंबी बीमारी के बाद भोपाल के एक निजी अस्पताल में रविवार को निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। यह जानकारी मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं उनके बेटे दीपक जोशी ने दी। उन्होंने कहा, मेरे पिताजी का बंसल अस्पताल में सुबह निधन हो गया। कैलाश जोशी का जन्म 14 जुलाई 1929 को हुआ था। वह 1977-1978 में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने मध्यप्रदेश में जनसंघ एवं भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके परिवार में तीन बेटे एवं तीन बेटियां हैं। उनकी पत्नी का निधन कुछ महीने पहले ही हुआ है। कैलाश जोशी मध्यप्रदेश विधानसभा में आठ बार विधायक रहे। वह राज्यसभा एवं लोकसभा के सदस्य भी रहे। उनका अंतिम संस्कार मध्यप्रदेश के देवास जिले में उनके गृह नगर हाटपिपल्या में सोमवार को किया जाएगा।
-
नई दिल्ली। संयुक्त मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के निधन पर छत्तीसगढ़ में 1 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। राजकीय शोक में राज्य में कोई भी सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित नहीं की जाएंगी वहीं राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। उन्होंने स्वर्गीय जोशी के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
-
नई दिल्ली। शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा की संयुक्त याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में रविवार सुबह 11:30 बजे सुनवाई होगी। विपक्षी दलों ने विधायकों की खरीदफरोख्त रोकने के लिए 24 घंटे में फ्लोर टेस्ट की मांग की है। विपक्ष की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में रिट पिटीशन की पैरवी अभिषेक मनु सिंघवी करेंगे। सुप्रीम कोर्ट पहुंचे कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा- तीनों दलों ने शपथ ग्रहण के खिलाफ याचिका लगाई। हमारी मांग है कि याचिका पर तुरंत सुनवाई हो और 24 घंटे में फ्लोर टेस्ट का निर्देश दिया जाए। ताकि इस नाजायज सरकार को हटाया जा सके।
-
मुंबई। महाराष्ट्र में भाजपा से हाथ मिलाने और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ लेने वाले अजित पवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने विधायक दल के नेता पद से बर्खास्त कर दिया। साथ ही, ‘व्हिप' जारी करने के अजित पवार के अधिकार को भी वापस ले लिया गया है। विधायक दल के अगले नेता का चयन होने तक राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल के पास उनके सभी अधिकार होंगे। सूत्रों ने बताया कि आज सुबह महाराष्ट्र की राजनीति के नाटकीय मोड़ लेने के बाद राकांपा प्रमुख शरद पवार ने विधायक दल की बैठक बुलायी थी। इस बैठक में पार्टी के 54 में से 49 विधायक शामिल हुए। सूत्रों ने बताया कि पार्टी को उम्मीद है कि बाकी बचे विधायक भी वापस लौट आयेंगे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी प्रमुख शरद पवार के भतीजे अजित पवार को 30 अक्टूबर को विधायक दल का नेता चुना गया था। घटनाक्रम में आलोक में पार्टी ने शरद पवार और जयंत पाटिल को पार्टी के रूख का निर्णय करने के लिए अधिकृत किया है। गौरतलब है कि राकांपा नेता अजित पवार के समर्थन से देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार सुबह मुख्यमंत्री पद की, जबकि राकांपा नेता अजित ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
-
नागौर। एक मिनी बस सांड से टकराकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में 12 यात्रियों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दो मिनी बस से संत रामपाल के समर्थक महाराष्ट्र के लातूर से हरियाणा के हिसार जा रहे थे। कुचामन बाईपास के पास एक मिनी बस के सामने सांड आ गया। उसे बचाने के प्रयास में गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के समय ज्यादातर लोग नींद में थे।हादसा होने के बाद दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हादसा इतना भीषण था कि 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक घायल यात्री की मौत अस्पताल ले जाते वक्त हो गई। गाड़ी में शव व घायल फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से फंसे लोगों को निकाला तथा घायलों को अस्पताल भेजा। इनमें से 6 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने हादसे का शिकार हुए लोगों के शवों व हताहतों को कुचामन के राजकीय हॉस्पिटल पहुंचाया। इस दर्दनाक हादसे का शिकार हुए सभी 12 लोगों के शव कुचामन राजकीय चिकित्सालय की मर्चुरी में रखे गए हैं, जिनकी अभी तक कोई शिनाख्त नहीं हो पाई है। -
इंदौर। इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार अलसुबह देपालपुर पंचायत के सचिव योगेश दुबे के घर दबिश दी। छापे में टीम ने दावा किया है कि पंचायत सचिव दुबे के घर से करीब 15 तोला सोना, 4 लाख से ज्यादा नकद, दो मकान और देपालपुर में साढ़े 3 बीघा जमीन के दस्तावेज मिले हैं। लोकायुक्त डीएसपी संतोष सिंह भदौरिया ने बताया देपालपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत अत्याना के सचिव योगेश दुबे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत मिली थी। शिकायत को पुख्ता करने के बाद टीम ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे दबिश दी। जिस समय टीम ने दबिश दी दुबे घर पर ही थे। इसके बाद टीम ने सर्चिंग शुरू की। श्री भदौरिया ने बताया कि छापे में करीब 15 तोला सोना, 4 लाख 16 हजार रुपए नकद, 2 मकान, देपालपुर में साढ़े 3 बीघा जमीन के दस्तावेज मिले हैं, जो उसकी आय से कहीं ज्यादा है। टीम दुबे की अन्य संपत्ति और बैंक खातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। दुबे ने 1997 में नौकरी ज्वॉइन की थी। इस हिसाब से उनकी आय 20 लाख होनी चाहिए थी, लेकिन उनके पास करीब 2 करोड़ की संपत्ति मिल चुकी है।
-
कहा- छत्तीसगढ़ के साथ हो रहा है अन्याय…
नई दिल्ली। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया. उन्होंने 2500 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी की वकालत करते हुए कहा कि केंद्र द्वारा खरीदी नहीं किए जाने की वजह से आज देश का धान का कटोरा छत्तीसगढ़ विकट स्थिति में खड़ा है.सदन में अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि आज केंद्र सरकार ने राज्य सरकार के साथ भेदभाव करना शुरू कर दिया है. सरकार कहती है कि सहकारिता होनी चाहिए, चावल खरीदना बंद कर दिया,. वहां के लोग कांग्रेस को सत्ता में बैठाया यह सबसे बड़ी गलती है. उन्होंने सवाल किया कि क्या किसानों को प्रोत्साहन राशि देना क्या अन्याय है. हिन्दुस्तान में चावल बहुत से सारे राज्य हैं, जहां से चावल खरीदा जाता है, लेकिन छत्तीसगढ़ के साथ ही क्यों अन्याय हो रहा है.
-
उदलगुरी। असम के उदलगुरी जिले में एक सड़क दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह ओरांग गेलाबिल इलाके के पास की है, जहां नेशनल हाईवे 15 पर खड़े ट्रक से एर्टिगा कार की जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। एक्सीडेंट में कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि एक शादी समारोह में शामिल होने गया परिवार नेशनल हाईवे 15 से लौट रहा था। ओरांग गेलाबिल इलाके के पास एक ट्रक हाईवे पर खड़ा हुआ था और तेज रफ्तार कार इसी से टकरा गया। कार की ट्रक के पीछे से टक्कर हुई थी। सभी मृतक एक ही परिवार से थे जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने दर्दनाक घटना पर शोक व्यक्त किया है।
-
नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इन नेताओं ने शक्ति स्थल पहुंचकर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इंदिरा को याद करते हुए ट्वीट किया, सशक्त, समर्थ नेतृत्व और अद्भुत प्रबंधन क्षमता की धनी, भारत को एक सशक्त देश के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका रखने वाली लौह-महिला और मेरी प्यारी दादी स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर शत् शत् नमन। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, शहादत सब कुछ खत्म नहीं करती, यह केवल एक शरुआत है... विश्व राजनीति में अलग पहचान, लौह इरादों से परिपूर्ण, भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री, श्रीमती इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर शत् शत् नमन। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी 102वीं जयंती पर मंगलवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, हमारी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। इंदिरा गांधी वर्ष 1966 से 1977 तक और फिर 1980 से 1984 तक देश की प्रधानमंत्री थीं। उनका जन्म 19 नवंबर 1917 को इलाहाबाद में हुआ था। वह दो अलग-अलग अवधि में 15 वर्षों से अधिक समय तक देश की प्रधानमंत्री रहीं। 31 अक्टूबर, 1984 को उनकी हत्या कर दी गई थी। -
नई दिल्ली। देश की पहली महिला प्रधानमंत्री और आयरन लेडी के नाम से मशहूर इंदिरा की 102वीं जयंती है। उनकी स्मृति में स्थापित इंदिरा गांधी मेमोरिल ट्रस्ट हर साल उनके जन्मदिन के मौके पर शांति, समाज सेवा, निरस्त्रीकरण और विकास के क्षेत्र में काम करने वाले किसी व्यक्ति या संगठन को प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार प्रदान करती है। इस पुरस्कार के लिए इस साल सर डेविड एटनबरो को चुना गया है। इस पुरस्कार के अंतर्गत 25 लाख रुपए नकद, एक ट्रॉफी और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाता है। -
बेंगलुरु। चुनाव आयोग ने कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई की है। चुनाव आयोग के फ्लाइंग स्क्वाड ने मतदान केंद्र होसकोट (बैंगलोर ग्रामीण जिला) में एक घर से 53 प्रेशर कुकर जब्त किए। दरअसल, स्क्वाड को सूचना मिली थी कि मतदाताओं को कुकर वितरित किए जा रहे हैं। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए चुनाव आयोग ने सोमवार को छापेमारी कर इन्हें जब्त कर लिया। गौरतलब है कि होसकोट में भी विधानसभा उपचुनाव होना है।
गौरतलब है कि कर्नाटक में 5 दिसंबर को 15 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होने जा रहे हैं। 5 दिसंबर को वोटिंग होने के बाद 9 दिसंबर को नतीजों की घोषणा की जाएगी। 11 नवंबर से ही राज्य में आचार संहिता लागू हो गई है। -
पटना। बिहार के गोपालगंज में सोमवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से छह बच्चियों की मौत हो गई। बरौली इलाके के सरेया गांव में हुई इस दुर्घटना में छह लोग घायल हुए। पुलिस के अनुसार सड़क पर मिट्टी डाली गई थी। जब टाइल्स से लदा ट्रक इस रास्ते से गुजरा तो उसके वजन से मिट्टी धंस गई और ट्रक सड़क किनारे मवेशी चरा रहीं बच्चियों पर पलट गया। पुलिस ने बताया कि दो जेसीबी की मदद से ट्रक को सीधा किया गया। स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला। मृतक बच्चियों की उम्र 8 से 15 वर्ष के बीच थी। इनमें अनीता और नीलम नाम की दो सगी बहनें भी थीं। हादसे के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
--
-
जयपुर। राजस्थान के बीकानेर में सोमवार सुबह एक बस और ट्रक की जबर्दस्त टक्कर हो गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई वहीं, 20 से ज्यादा घायल हैं। टक्कर के दौरान बस का अगला हिस्सा ट्रक में घुस गया। दोनों वाहनों में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्यूबवेल से पानी लाकर आग बुझाई। हालांकि, इस दौरान कई यात्री बुरी तरह झुलस गए। जख्मी यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बस बीकानेर से सुबह 6.30 बजे जयपुर के लिए चली थी और एक घंटे बाद ट्रक और बस में टक्कर हो गई। हादसा बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ के लखासर गांव के पास नेशनल हाईवे 11 पर हुआ है। पुलिस ने बताया कि ट्रक से जबर्दस्त भिड़ंत के बाद सवारियों से भरी बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस वजह से कई सवारियां बुरी तरह से फंस गई। फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। भीषण हादसे की वजह से कई सवारियों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे के बाद बस के आग पकड़ लेने से भी राहत और बचाव कार्यों में कुछ देर लगी, जिससे लोगों को बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में कोहरे के कारण हादसा होने की बात सामने आ रही है। इस हादसे पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ये बेहद दर्दनाक हादसा है। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदना है। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। -
नई दिल्ली। दिल्ली में बिजली, पानी और महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्लीवालों को एक और मुफ्त योजना शुरू की है। यह योजना मुख्यमंत्री मुफ्त सीवर योजना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जिन इलाकों में सीवर लाइन है और वहां लोगों ने कनेक्शन नहीं लिया है उनको 31 मार्च तक का समय दिया जा रहा है। ताकि वो सीवर लाइन का कनेक्शन ले लें और इसका कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। केजरीवाल ने साफ कर दिया है कि सीवर अप्लाई करने वाले लोगों से डेवलपमेंट, कनेक्शन और रोड कटिंग चार्ज नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 100 मीटर के हिसाब से एक व्यक्ति पर सीवर लगाने का खर्च दस से 15 हजार रुपए का बोझ आता है। उन्होंने बताया कि इस योजना से करीब दो लाख 34 हजार लोगों को फायदा होगा, जिन्होंने अब तक सीवर का कनेक्शन नहीं लिया है।
-
नई दिल्ली। संसद में सोमवार से शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है जो 13 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र में सरकार 35 विधेयक लाने वाली है। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि इस सत्र में उनका लक्ष्य नागरिकता संशोधन विधेयक को पास कराना है। इस विधेयक का सभी विपक्षी दल और मानवाधिकार कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं लेकिन माना जा रहा है कि सरकार विधेयक को पास कराने की पूरी कोशिश करेगी।
गौरतलब है कि बीते अगस्त में मानसून सत्र के दौरान सरकार ने विशेष विधेयक लाकर जम्मू-कश्मीर पर लागू अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी कर दिया था। विवादित नागरिकता संशोधन विधेयक में प्रावधान है कि इच्छुक गैर मुस्लिम बांग्लादेशी, पाकिस्तानी और अफगानिस्तानी भारतीय नागरिकता पा सकेंगे।
2016 में लटक गया था विधेयक
पहली बार सरकार ने 19 जुलाई 2016 को यह विधेयक पेश किया, जिसे अगस्त में संसदीय समिति को भेज दिया गया था। समिति ने जनवरी, 2019 में अपनी रिपोर्ट दी।
कांग्रेस बोली, नागरिकता बिल का विरोध करेंगे
कांग्रेस के लोकसभा में नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पार्टी अपने कहे पर कायम है और वह इस विधेयक के कानून बनने का विरोध करेगी क्योंकि इसमें धर्म के आधार पर भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान है जो कि संविधान के खिलाफ है।
मानसून सत्र में पास हुए थे 30 विधेयक
बीते मानसून सत्र में 30 विधेयक पास हुए थे जो कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में अब तक सबसे अधिक है। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि इस बार भी संसद कार्यवाही तेजी से होगी और मानसून सत्र के विधेयकों का रिकॉर्ड टूट सकता है।
ये अहम बिल लाने की तैयारी
कॉरपोरेट दर में कटौती संबंधी विधेयक
ई सिगरेट प्रतिबंध अध्यादेश पर विधेयक
किशोर न्याय (देखभाल और सुरक्षा) संशोधन विधेयक
निजी डाटा सुरक्षा विधेयक
वरिष्ठ नागरिक भरण पोषण एवं कल्याण विधेयक
राष्ट्रीय पुलिस विश्वविद्यालय विधेयक
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय विधेयक
-
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में रविवार को हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। रविवार को दिल्ली-एनसीआर की एयर क्वालिटी इंडेक्स अब 300 तक पहुंच गया है। दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से ये राहत तेज हवाओं के चलते मिली है। हवा की रफ्तार बढऩे से वातावरण में घुले-मिले प्रदूषक कणों में काफी कमी आई है। इससे वायु गुणवत्ता सूचकांक में शनिवार को पहले की तुलना में 101 अंकों का सुधार हुआ। विशेषज्ञों के मुताबिक अगले दो दिनों तक हवा की रफ्तार ऐसे ही रहने की संभावना है। पिछले चार दिनों से घुटनभरी और जहरीली हवा में सांस ले रहे दिल्ली के लोगों को शनिवार के दिन राहत मिली। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से चलने वाली चक्रवाती हवाओं ने वातावरण में जमी प्रदूषण की गंदगी को साफ करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार के दिन औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 458 के अंक पर था। इसमें तेज हवाओं के चलते काफी सुधार हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शनिवार के दिन का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 357 के अंक पर रहा। हवा अभी भी बेहद गंभीर श्रेणी में है। लेकिन, एक दिन पहले की तुलना में यह एक बड़ी राहत है। शाम 5 बजे हवा में प्रदूषक कण पीएम 10 की मात्रा 312 और पीएम 2.5 कणों की मात्रा 192 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रही, जो अभी भी स्वीकृत मानकों से लगभग तीन गुना है।
-
इंदौर। मध्यप्रदेश के बड़वानी में मंडवाड़ा के पास रविवार सुबह कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो गई। एक बच्ची गंभीर घायल है। कार सवार परिवार एक शादी में शामिल होने के लिए जा रहा था। घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे दब गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार सवार लोगों को बाहर निकाला। सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां 5 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कार सवार परिवार अंजड़ का रहने वाला था और शादी में शामिल होने के लिए कसरावद जा रहा था। पुलिस ने बताया कि मृतकों में अकील मिर्जा, उनकी पत्नी कौसर, छोटी बेटी मोहरा (2), मुबारीक टेलर और उनकी पत्नी सुल्ताना हैं। अकील की बड़ी बेटी घायल है। -
पटना। बिहार के पूर्वी चंपारण में शनिवार को मिड-डे मील बनाते वक्त बॉयलर फटने से 4 लोगों की मौत हो गई। 5 की हालत गंभीर है। हादसे में मारे गए लोगों के शव के हाथ-पैर और अन्य अंग घटना स्थल पर बिखड़े थे। स्थिति यह थी कि मृतकों के अंगों को कपड़े में बांधकर ले जाना पड़ा। घटना सुगौली प्रखंड के बंगरा गांव की है। एनजीओ द्वारा संचालित किचन में कुक बच्चों के लिए खाना बना रहे थे, तभी बॉयलर में विस्फोट होने से हादसा हो गया।
शनिवार तड़के करीब 4 बजे हुआ धमाका इतना तेज था कि बॉयलर के पास मौजूद चार लोगों के परखच्चे उड़ गए। किचन की दीवार गिर गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि जिस एनजीओ के किचन में धमाका हुआ, उसका नाम नव प्रयास है। एनजीओ स्कूलों में मिड-डे मील पहुंचाने का काम करता है। किचन में 12 लोग काम करते थे। स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों की पहचान की जा रही है। एक घायल की स्थिति गंभीर है, जिसे मुजफ्फरपुर रेफर किया गया। रसोइया के रूप में काम करने वाले अभिमन्यु के बारे में कुछ भी पता नहीं चल रहा है। उसके परिजन ने विरोध में सड़क जाम कर दिया था। डीएसपी विनीत कुमार ने समझा- बुझाकर सड़क जाम हटवाया। मौके पर एसडीओ प्रियरंजन राजू सहित स्थानीय अधिकारी व बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।
-
पणजी। गोवा में भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण मिशन के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद मिग 29 क्रैश हो गया है। दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रहे। दुर्घटना में शामिल विमान फाइटर जेट का ट्रेनर संस्करण था।नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने बताया कि मिग-29 के ट्रेनर विमान में इंजन में आग लग गई। पायलट कैप्टन एम शोकखंड और लेफ्टिनेंट कमांडर दीपक यादव सुरक्षित रूप से बाहर निकाल गए। मिग 29 के इंजन फेल होने के कारणों का पता नहीं चल सका है लेकिन कुछ रिपोर्ट में दावा किया गया कि विमान से कोई पक्षी टकराने के कारण ये हादसा हुआ है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पायलटों कैप्टन एम शोकखंड और लेफ्टिनेंट कमांडर दीपक यादव से बात की है। यह बहुत संतोष की बात है कि वे समय पर विमान से निकल गए और दोनों सुरक्षित हैं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं। नौसेना के सूत्रों ने पुष्टि की कि प्रशिक्षु पायलटों द्वारा उड़ाया जा रहा विमान एक खुले क्षेत्र में उतरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने दुर्घटना के बाद दो पैराशूटों के साथ-साथ धुएं के विशाल ढेर को देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। एक आवासीय क्षेत्र में उतरने के बाद पायलटों को शुरुआत में स्थानीय निवासियों द्वारा मदद की गई और उन्हें सुरक्षित व सचेत बताया गया था। मिग 29 के आईएनएस हंसा डाबोलिम में तैनात मिग 29 का विमान वाहक संस्करण है और विमान वाहक आईएनएस विक्रमादित्य के लिए नामित है। -
रांची। झारखंड में तीसरे चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 25 नवंबर को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। नामांकन पत्रों की जांच 26 नवंबर को होगी। 28 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। इस चरण में आठ जिलों के 17 निर्वाचन क्षेत्रों कोडरमा, बरक_ा, बरही, मांडू, हजारीबाग, सिमरया, बड़कागांव, रामगढ़, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया और कांके में 12 दिसंबर को मतदान होगा। इनमें एक सीट अनुसूचित जनजाति और दो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। वहीं पहले चरण के मतदान के लिए नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन है। 81 सदस्यों वाली विधानसभा में 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होगा। वोटों की गिनती 23 दिसंबर को की जाएगी।
-
नई दिल्ली। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र-एनसीआर में वायु की गुणवत्ता गंभीर बनी हुई है। राजधानी दिल्ली में आज सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 414 रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली के लोधी रोड में वायु गुणवत्ता सूचकांक 500 दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स में पिछले कुछ दिनों के मुकाबले सुधार नजर आया है। हालांकि, यहां अभी भी औसतन एक्यूआई 300 दर्ज किया गया है।
नोएडा में एयर क्वालिटी इंडेक्स 407 और ग्रेटर नोएडा में 392 पहुंच गया है। कुल मिलाकर दिल्ली की हवा की स्थिति में सुधार नहीं आया है। लोग बीमार पड़ रहे हैं और उनकी आंखों में जलन की शिकायतें आ रही हैं।
इसी बीच उच्चतम न्यायालय ने वायु प्रदूषण में कमी लाने के दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की तरफ से उठाए गए कदमों को गम्भीरता से लिया था। न्यायालय ने इन चार राज्यों के मुख्य सचिवों को कल निर्देश दिया कि वे 25 नवम्बर को उसके समक्ष प्रस्तुत हों। उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली में ऑड- ईवन स्कीम लागू करने पर भी सवाल उठाए हैं। -
नई दिल्ली। आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस है। इस अवसर पर आज नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने मीडिया के दुरूपयोग पर चिंता प्रकट की। उन्होंने कहा कि आजकल व्यापारिक समूह और राजनीतिक पार्टियां भी अपने समाचार पत्र और चैनल शुरू कर रही हैं। इनके माध्यम से वह अपने निहित स्वार्थों को और पत्रकारिता के सिद्धांतों के साथ समझौता कर रही हैं।
श्री नायडू ने कहा कि समाचारों को सनसनीखेज बनाना, समाचारों का पक्षपात पूर्ण कवरेज और पेड न्यूज़ आज मीडिया के सामने बड़ी चुनौती है।
गैर संचारी बीमारियों के खतरों की चर्चा करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि पत्रकारों को इस संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी बीमारियां हमारी पीढ़ी को खत्म कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खराब जीवन शैली और खान-पान की गलत आदतें ऐसी बीमारियों के लिए जिम्मेदार हैं। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि फेक न्यूज़ , पेड न्यूज़ से भी ज्यादा खतरनाक है और इससे कुशलतापूर्वक निपटने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रेस की आजादी सशक्त लोकतंत्र के लिए आवश्यक है और सरकार प्रेस की पूरी स्वतंत्रता सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि मीडिया को आलोचना का अधिकार है, लेकिन इसे फेक न्यूज़ और झूठी तथा भ्रामक खबरें देने से बचना चाहिए।
श्री जावड़ेकर ने कहा कि 1975 में आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने मीडिया की आज़ादी पर अंकुश लगा दिया था। श्री जावड़ेकर ने कहा कि मीडिया को जवाबदेह बनाए जाने की जरूरत है।