ब्रेकिंग न्यूज़

 जिले में ’’सेवा संकल्प अभियान’’ का भव्य आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक

0- अभियान के तहत विविध कार्यक्रमों का होगा आयोजन, जन-जन तक पहुँचेगा अभियान
0- जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में संबंधित अधिकारियों को उनके कार्यों से कराया गया अवगत
दुर्ग. छत्तीसगढ़ शासन, जनसम्पर्क विभाग के दिशा-निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ’सेवा संकल्प अभियान’ का गरिमामय एवं व्यापक आयोजन किया जा रहा है। जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने, ’विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लेने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिले के ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर विविध आयोजन होंगे। कलेक्टर श्री सिंह ने अभियान के सुचारू संचालन, अंतर्विभागीय समन्वय और व्यवस्थाओं की निगरानी हेतु जिला स्तर पर अपर कलेक्टर व सीईओ जिला पंचायत को जिला नोडल अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को विभागीय अधिकारी नियुक्त किया है। अभियान की सफल संचालन हेतु जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। उक्त बैठक में संबंधित अधिकारियों को उनके कार्यों से अवगत कराया गया। कलेक्‍टर ने अधिकारियों को विभागीय कार्य योजना बना कर जिला नोडल अधिकारी जिला पंचायत सीईओ श्री बजरंग दुबे को प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में जिला नोडल अधिकारी श्री दुबे ने अभियान के सुचारू संचालन हेतु शासन द्वारा सौंपे गए विभागीय दायित्वों से अधिकारियों काे अवगत कराया।
     इस अभियान के सुचारू संचालन के लिए प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। इसके अंतर्गत पंचायत व नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा परिवार स्तर पर 'आशीर्वाद का दीया', स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालय स्तर पर '25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत', संस्कृति विभाग द्वारा ग्राम व नगर स्तर पर 'नमो सेवा गाथा' (नुक्कड़ नाटक) तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में 'आंगन का उत्सव' का आयोजन किया जाएगा। वहीं जनसंपर्क विभाग क्लस्टर व जिला स्तर पर 'कहानी बदलाव की', पर्यटन विभाग राज्य स्तर पर 'विकसित भारत संकल्प यात्रा', परिवहन विभाग जिला स्तर पर 'सेवा ज्योति यात्रा' तथा आवास एवं पर्यावरण विभाग नागरिक स्तर पर 'सेवा मेरा योगदान' (जिसमें नदी घाट स्वच्छता शामिल है) पहल का संचालन करेंगे। इसके अलावा सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा विकासखंड व विधानसभा स्तर पर 'सेवा सेतु शिविर', उच्च शिक्षा विभाग द्वारा चयनित शहरों में 'रंगोली राष्ट्र', वाणिज्य व उद्योग विभाग द्वारा क्षेत्रीय केंद्रों में 'राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज' और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर 'जनसेवक महाकुंभ' का भव्य आयोजन किया जाएगा।
    अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर 2026 की संध्या को पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगरीय प्रशासन विभाग के समन्वय से जिले के प्रत्येक जमीनी इकाई क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर प्रत्येक परिवार द्वारा ’आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा, जिसके लिए पूर्व-निर्धारित मैदानी टीमों द्वारा हितग्राहियों तक व्हाटअप वीडियो के माध्यम से आमंत्रण पत्र व संदेश पहुँचाया जाएगा। इसी कड़ी में स्कूल शिक्षा विभाग के नेतृत्व में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के मध्य जिले के सभी शासकीय व निजी विद्यालयों में 7 से 10 दिवसीय आयोजन के तहत ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिसमें बिना किसी अतिरिक्त व्यय के उपलब्ध कक्षों में बच्चों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और जिला व राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री श्री साय के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएँगे। आमजनों को जागरूक करने के लिए संस्कृति विभाग द्वारा तैयार किए गए 25-30 मिनट के हिंदी मास्टर स्क्रिप्ट व ऑडियो का स्थानीय भाषा में रूपान्तरण कर जिले में 18-20 प्रतिभाशाली नाट्य टोलियों का गठन किया गया है, जो ’नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों व सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन करेंगी, जिसमें 2 अक्टूबर को 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन शामिल है।  
   महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 के मध्य जिले के प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय ’आंगन का उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसके दौरान पोषण, मातृ सहायता व स्वास्थ्य पर संवाद, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक अभिनंदन, 2-3 श्रेष्ठ लाभार्थी माताओं का सम्मान, कॉमिक बुक व प्रधानमंत्री जी के पत्र का वितरण, बच्चों की खेल-चित्रकला गतिविधियाँ और फल-मिठाई वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। जनसंपर्क विभाग एवं खेल व युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में संपूर्ण अभियान अवधि के दौरान ’कहानी बदलाव की’ पहल संचालित होगी, जिसके तहत शासकीय योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों की वास्तविक कहानियों का डिजिटल संकलन कर प्रत्येक क्लस्टर से न्यूनतम 10 शॉर्ट रील्स (60 सेकंड) सोशल मीडिया पर साझा की जाएँगी। वहीं पर्यटन विभाग के नेतृत्व में जिले के परिवर्तनकारी विकास कार्यों, जैसे कि आधारभूत संरचना व जनजीवन में आए बदलावों को प्रदर्शित करने हेतु इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल क्रिएटर्स एवं युवाओं के लिए 3 से 4 दिवसीय ’विकसित भारत संकल्प यात्रा’ अध्ययन-भ्रमण आयोजित किया जाएगा।  
    अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर 2026 को परिवहन तथा नगरीय प्रशासन व पंचायत विभाग के समन्वय से ’सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी, जिसमें ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से पैदल समूह के आगे विशेष सुरक्षा उपकरणों से सुसज्जित वाहन (छोटा हाथी) में अखंड ’सेवा ज्योति’ लेकर यात्राएं जिला मुख्यालय पहुँचेंगी और वहाँ आयोजित विशाल जनसभा में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव संबोधन सुनेंगे तथा सामूहिक ’विकसित भारत 2047’ का संकल्प लेंगे। आवास एवं पर्यावरण, वन तथा गृह विभाग के सहयोग से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ’सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलाया जाएगा, जिसमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण, डिजिटल साक्षरता व साइबर सुरक्षा जैसे 25 निर्धारित सेवा कार्यों में से किसी एक कार्य में प्रत्येक नागरिक को कम से कम 25 मिनट का समय देने हेतु प्रेरित किया जाएगा और माय भारत पोर्टल पर फोटो-वीडियो अपलोड करने पर डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा, जिसके साथ ही जिले के नदी घाटों व जलस्रोतों का विशेष स्वच्छता, सौंदर्यीकरण व आरती कार्यक्रम संपन्न होगा।  
    आम नागरिकों को सीधे लाभान्वित करने के उद्देश्य से सामान्य प्रशासन, राजस्व व सुशासन विभाग द्वारा संपूर्ण अभियान अवधि के दौरान प्रत्येक विकासखंड व विधानसभा क्षेत्र में ’सेवा सेतु अभियान - सरकार आपके द्वार’ शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहाँ नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर काटे बिना एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी और मौके पर ही आवेदन स्वीकार कर पात्रता अनुसार हितग्राही बनाया जाएगा। उच्च शिक्षा व स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय से अभियान अवधि के दौरान एक निर्धारित तिथि पर जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ’रंगोली राष्ट’ का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों व महिला समूहों द्वारा बिना प्लास्टिक के केवल प्राकृतिक सामग्रियों (फूल, रेत, बीज, चावल, मिट्टी) का उपयोग करके 108 मीटर व्यास का विशाल ’भारत मंडल’ बनाया जाएगा और ड्रोन द्वारा इसका एरियल कवरेज किया जाएगा। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के माध्यम से ’राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित कर स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स व जमीनी इनोवेटर्स को अपने नए विचारों को विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत करने का मंच प्रदान किया जाएगा, जहाँ से श्रेष्ठ विचारों को राष्ट्रीय स्तर हेतु चयनित किया जाएगा। अंत में अभियान के भव्य समापन अवसर पर 17 अक्टूबर 2026 को पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा परिवहन व नगरीय प्रशासन विभाग के तत्वावधान में ’जनसेवक महाकुंभ - पंचायत से पार्लियामेंट’ का आयोजन होगा, जिसमें जिले के त्रि-स्तरीय पंचायती राज एवं नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों (सरपंच से सांसद तक) की विशाल उपस्थिति में वंदे मातरम के सभी 6 छंदों का सामूहिक गायन, 25 वर्षों के सुशासन पर वीडियो प्रदर्शन, जनप्रतिनिधियों के अनुभव कथन तथा प्रधानमंत्री जी के संबोधन के साथ विकसित भारत का सामूहिक संकल्प लेकर इस एक माह के ऐतिहासिक अभियान का औपचारिक समापन किया जाएगा।  

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english