जर्जर बीएसपी आवासों को शीघ्र खाली करें: प्रबंधन
-अनफिट घोषित भवनों में रहना सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम, दुर्घटनाओं की आशंका के मद्देनजर अपील
- अवैध कब्जों के विरुद्ध प्रवर्तन अनुभाग की कार्रवाई जारी, टाउनशिप को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने पर जोर
रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन ने भिलाई टाउनशिप में जर्जर एवं अनफिट घोषित आवासों में निवासरत रहवासियों तथा अवैध कब्जाधारियों से इन आवासों को शीघ्र खाली करने की अपील की है। प्रबंधन ने कहा है कि संरचनात्मक रूप से कमजोर हो चुके इन भवनों में निवास करना रहवासियों और उनके परिवारजनों की सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम उत्पन्न कर सकता है। विशेषकर बारिश के दौरान ऐसे जर्जर भवनों में दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
बीएसपी प्रबंधन के अनुसार, समय के साथ संरचनात्मक रूप से कमजोर हो चुके कई आवासों को निवास की दृष्टि से अयोग्य एवं जोखिमपूर्ण घोषित किया गया है। इन भवनों की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इनमें रहना सुरक्षित नहीं है। देश के विभिन्न हिस्सों में हाल के दिनों में जर्जर भवनों से संबंधित हुई दुर्घटनाओं को देखते हुए भी ऐसे आवासों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी आवश्यक है।
बीएसपी टाउनशिप में अवैध कब्जों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर सेवाएं विभाग के प्रवर्तन अनुभाग द्वारा अवैध कब्जाधारियों एवं भू-माफियाओं के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। टाउनशिप को अवैध कब्जों और अनधिकृत अतिक्रमण से मुक्त कराने के उद्देश्य से प्रवर्तन अनुभाग द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अनफिट एवं जर्जर घोषित आवासों में रहना सुरक्षित नहीं है। ऐसे आवासों में निवासरत रहवासियों तथा अवैध कब्जाधारियों से अपील की गई है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित आवासों को शीघ्र खाली कर दें। इससे संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ संबंधित आवासों के संबंध में प्रबंधन द्वारा की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई भी सुचारु रूप से सुनिश्चित की जा सकेगी।
बीएसपी प्रबंधन ने कहा कि टाउनशिप में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवासीय वातावरण सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जर्जर एवं जोखिमपूर्ण भवनों को लेकर की जा रही कार्रवाई का उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा टाउनशिप में सुरक्षित आवासीय व्यवस्था को मजबूत करना है।

.jpg)












Leave A Comment