बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उपलब्ध कराई गई आवश्यक सहायता
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देशानुसार गुरूर क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य जारी
बालोद/ जिले में लगातार बारिश के कारण बाढ़ प्रभावित ग्रामों में प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार गुरूर अनुविभाग में बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
ग्राम अरकार सहित आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीम द्वारा स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक राहत कार्य किए गए। जिन परिवारों के घरों में पानी भर गया था, उन्हें सुरक्षित रूप से पंचायत भवन में शिफ्ट कराया गया। प्रभावित परिवारों के लिए पंचायत भवन में ठहरने के साथ-साथ भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान
राहत कार्य गुरूर एसडीएम श्रीमती प्राची ठाकुर के नेतृत्व में संचालित किया गया। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों से सतत संपर्क बनाए रखते हुए उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नदी, नाले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत के सीईओ श्री पी एल धुर्वे सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।













.jpg)
Leave A Comment