ब्रेकिंग न्यूज़

 कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा

- डिजिटल क्रॉप सर्वे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
- प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के लंबित आवेदनों पर धीमी कार्रवाई को लेकर जताई नाराजगी
- अमृत मिशन के कार्यों में तेजी लाने एवं विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव  । कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने  मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विभागीय कार्यों एवं जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए सर्वे कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता, सावधानी एवं त्रुटिरहित तरीके से किया जाए, ताकि किसानों की फसल संबंधी जानकारी का सही एवं प्रामाणिक डिजिटल अभिलेख तैयार हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य की नियमित निगरानी करने तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे किसानों से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करें -
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान बैंकों द्वारा योजना से संबंधित आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब एवं धीमी कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बैंक अधिकारियों को लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में बैंक स्तर पर होने वाली देरी से हितग्राहियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर आवेदनों के निराकरण में तेजी लाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। जिले में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए अब तक 14 हजार 785 लोगों ने आवेदन किया है। सभी आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए योजना के अंतर्गत लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जिले में 7 हजार 105 हितग्राही योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
अमृत मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश -
कलेक्टर ने नगरीय निकायों में अमृत मिशन के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण एवं अन्य लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं बुनियादी अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। कार्यों की गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने 132/33 केवी और 33/11 केवी उपकेन्द्र के लिए भूमि चिन्हांकन के दिए निर्देश -
कलेक्टर ने जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राजनांदगांव शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित 132/33 केवी और 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र की स्थापना हेतु उपयुक्त स्थान का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य की बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर विद्युत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाईन, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी श्री आयुष जैन, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english