बैठक में प्रस्तुत प्रस्ताव को मिली स्वीकृति, महापौर परिषद ने दी मंजूरी
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त सुरूचि सिंह की उपस्थिति में आहूत की गई। बैठक में निगम के विभिन्न विभागों की आवश्यकताओं, कर्मचारियों की उपलब्धता तथा शहर में बेहतर प्रशासनिक एवं मूलभूत सुविधाओं के संचालन को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से वाहन शाखा के लिए अस्थायी श्रमिक उपलब्ध कराने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका की नियुक्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों को विचारार्थ रखा गया।
बैठक के प्रथम चरण में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निगम की वाहन शाखा में उच्च कुशल, कुशल एवं अर्द्धकुशल वाहन चालक तथा हेल्पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इस कार्य के लिए कुल 1 करोड़ 77 लाख 54 हजार 790 रुपये की संभावित लागत निर्धारित की गई है। उक्त कार्य कराए जाने के संबंध में सलाहकार समिति द्वारा पूर्व में अनुशंसा प्रदान की जा चुकी है। समिति की अनुशंसा के पश्चात जेम पोर्टल के माध्यम से निविदा आमंत्रित करने की अनुमति हेतु प्रस्ताव महापौर परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया गया। महापौर परिषद के सदस्यों ने प्रस्ताव पर विस्तार से विचार-विमर्श करने के पश्चात कार्य कराए जाने की स्वीकृति प्रदान की। वाहन शाखा में आवश्यकतानुसार वाहन चालक एवं हेल्पर उपलब्ध होने से निगम के वाहनों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सकेगा। इससे निगम के विभिन्न विभागों में संचालित वाहनों के कार्यों को गति मिलेगी तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों के क्रियान्वयन में भी सहूलियत होगी।
वार्ड क्रमांक 33 संतोषी पारा शर्मा कॉलोनी में अधो संरचना मद वित्तीय वर्ष 2024-25 में डोम शेड निर्माण कार्य में बची हुई शेष राशि से वार्ड क्रमांक 33 संतोषी पारा कैंपेश्वर बैजनाथ धाम के पास डोम शेड निर्माण कार्य कराए जाने की अनुमति प्रदान की गई।
इसी प्रकार बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका के एक पद पर नियुक्ति के संबंध में भी चर्चा की गई। संबंधित पद के लिए अंतिम योग्यता सूची जारी की जा चुकी है, जिसमें एक अभ्यर्थी का चयनित सूची में तथा एक अभ्यर्थी का प्रतीक्षा सूची में नाम शामिल है। महापौर परिषद के समक्ष प्रस्तुत प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के पश्चात चयनित अभ्यर्थी की नियुक्ति किए जाने की अनुशंसा की गई।
बैठक में महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह, लालचंद वर्मा, साकेत चंद्राकर, केशव चौबे, एकांश बंछोर, नेहा साहू उपस्थित रहे। इसके अलावा अपर आयुक्त राजेन्द्र कुमार दोहरे, उपायुक्त दिनेश कोसरिया, जोन आयुक्त येशा लहरे, कार्यपालन अभियंता अनिल सिंह, लेखाधिकारी चंद्रभूषण साहू, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, वाहन शाखा प्रभारी शशिकांत वर्मा, सहायक राजस्व अधिकारी बसंत देवांगन एवं देवव्रत राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









.jpeg)

Leave A Comment