निगम आयुक्त ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने आज निगम सभागार में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित कार्यों एवं प्रगतिरत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का निराकरण, आगामी निकाय चुनाव के लिए पोलिंग बूथों में आवश्यक व्यवस्था, शहर की प्रकाश व्यवस्था, ई-ऑफिस प्रणाली में लंबित प्रकरणों तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी गई। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को गंभीरता से लेते हुए उनमें तेजी लाएं और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें।
बैठक में आयुक्त ने छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन में नागरिकों द्वारा दर्ज कराई जा रही शिकायतों एवं मांगों की समीक्षा करते हुए उनका जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जोन स्तर एवं वार्ड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित विभाग के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने शहर के सभी पोलिंग बूथों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र में बिजली, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कर लें, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं एवं मतदान दलों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शहर की प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कार्यों में अपेक्षित तेजी नहीं आने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजारों एवं गली-मोहल्लों में कहीं भी स्ट्रीट लाइट बंद नहीं रहनी चाहिए। बंद एवं खराब लाइटों को तत्काल बदलने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नई लाइट लगाने की कार्रवाई की जाए। प्रकाश व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिकों को रात्रि के समय आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसी प्रकार ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों को शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित होने वाली फाइलों एवं प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। संबंधित अधिकारी समय-सीमा में अपनी कार्यवाही पूर्ण करें, जिससे प्रकरणों पर अग्रिम निर्णय एवं कार्रवाई समय पर हो सके।
शहर में विभिन्न मदों के अंतर्गत स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गति प्रदान करें। कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। लंबित कार्यों का नियमित फॉलोअप करें और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में तत्परता दिखाएं, ताकि निगम की सेवाओं एवं व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
समीक्षा बैठक के दौरान अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त डी के कोसरिया, सभी जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, लेखाधिकारी, एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे









.jpeg)

Leave A Comment