ब्रेकिंग न्यूज़

धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर सख्त

सांकरा ‘क’, धनोरा और पलारी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
बारदाना आपूर्ति, स्टेंसिल लगाने और पर्याप्त स्टैक बनाने के दिए निर्देश, पलारी केंद्र को समतल करने के निर्देश
 धनोरा के समिति प्रबंधक को हटाने के निर्देश, सभी केंद्रों की कमियां तत्काल दूर करने पर दिया जोर
बालोद/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज सांकरा ‘क’, धनोरा और पलारी धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों में धान खरीदी की तैयारियों, बारदाना की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। विभिन्न केंद्रों में पाई गई अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही धनोरा धान खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधक को हटाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
 बारदाना की पर्याप्त आपूर्ति और स्टेंसिल लगाने के निर्देश
 कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने धान खरीदी केंद्रों में बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी कार्य में बारदाना की कमी नहीं होनी चाहिए। उपलब्ध बारदानों में नियमानुसार स्टेंसिल लगाने तथा धान के सुरक्षित और व्यवस्थित भंडारण के लिए पर्याप्त संख्या में स्टैक तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खरीदी शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
 पलारी धान खरीदी केंद्र को समतल करने के निर्देश
 पलारी धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने केंद्र परिसर की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को केंद्र परिसर को तत्काल समतल कराने के निर्देश दिए, ताकि धान की आवक, तौल, परिवहन और भंडारण का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। उन्होंने कहा कि केंद्रों में साफ-सफाई और व्यवस्थित भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए।
 धनोरा के समिति प्रबंधक को हटाने के निर्देश
 धनोरा धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को समिति प्रबंधक को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य में जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। कार्य में लापरवाही और व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
 किसानों को न हो किसी प्रकार की असुविधा
 कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने तीनों केंद्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी के प्रत्येक चरण में शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
 उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी उपार्जन केंद्रों की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की धान खरीदी व्यवस्था का लाभ प्रत्येक पात्र किसान को समय पर मिले। किसानों का हित सर्वोपरि रखते हुए पूरी खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जाए। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english