ब्रेकिंग न्यूज़

  उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस

-उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल,जनजातीय समाज के उत्थान, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर दिया जोर
-बिरसा मुण्डा चौक में भगवान बिरसा मुण्डा की आदमकद प्रतिमा के लिए 10 लाख और सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख की घोषणा
 रायपुर.। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आज जिला मुख्यालय कांकेर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में इसमें शामिल हुए। सांसद श्री भोजराज नाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विधायक श्री आशाराम नेताम और श्री विक्रम देव उसेंडी तथा बस्तर संभाग गोंडवाना समाज के अध्यक्ष श्री सुमेर सिंह नाग सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
 जनजातीय गौरव दिवस में शामिल होने कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आदिवासी समाज के आंगादेव का परंपरानुसार पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, त्याग, तपस्या और संघर्ष का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के एक गरीब परिवार में जन्मे भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध आंदोलन का नेतृत्व करते हुए जनजातीय समाज को एकजुट करने का कार्य किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों तथा आदिवासी समाज के हितों के लिए संघर्ष किया। उनके योगदान और बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर एवं शहीद गैंदसिंह के योगदान का भी उल्लेख किया। 
श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, ताकि देश के जनजातीय नायकों के योगदान, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय समाज के उत्थान और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, रोजगार एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पीएम जनमन योजना, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तथा अन्य योजनाओं के माध्यम से विशेष रूप से जनजातीय समुदायों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। 
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम में उदय नगर के बिरसा मुंडा चौक में भगवान बिरसा मुण्डा की आदमकद प्रतिमा के लिए 10 लाख रुपए तथा सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने जिले की प्रमुख विभूतियों एवं प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।जनजातीय गौरव दिवस की अध्यक्षता करते हुए सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं को सहेजने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही समाज और देश के हित में अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया। उन्होंने समाज में शिक्षा के प्रसार और नशामुक्ति की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इन सामाजिक चुनौतियों को दूर करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने पीएम जनमन योजना, बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक सहित शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही धान खरीदी के संबंध में शासन की मंशा से अवगत कराते हुए कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
विधायक श्री आशाराम नेताम ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के समाज हित में किए गए कार्यों और उनके बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि हमारी पहचान हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक विरासत से है। हमें अपनी सांस्कृतिक पहचान को अपनाने और उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, आवास सहित विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विकास और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।विधायक श्री विक्रम देव उसेंडी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष का मार्ग अपनाया और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। राज्य सरकार जनजातीय समाज को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने तथा उनके सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। बस्तर संभाग गोंडवाना समाज के अध्यक्ष श्री सुमेर सिंह नाग एवं श्री महेश जैन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया तथा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और जनजातीय समाज के लिए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया।
कलेक्टर श्री कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा, जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मण्डावी, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी एवं उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक, उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव और श्री सतीश लाटिया सहित जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग कार्यक्रम में उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english