ब्रेकिंग न्यूज़

  सरगुजा के रामगढ़ में आकार ले रहा भव्य श्रीराम मंदिर, पर्यटन मंत्री  ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण

-रामगढ़ को धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
-श्रीराम मंदिर का निर्माण क्षेत्रवासियों की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक - श्री अग्रवाल
 रायपुर । छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहर रामगढ़ को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित ऐतिहासिक रामगढ़ में अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर की तर्ज पर श्रीराम मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने रामगढ़ पहुंचकर निर्माणाधीन श्रीराम मंदिर का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर निर्माण की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कुछ समय पूर्व उन्होंने रामगढ़ में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण की घोषणा और भूमिपूजन किया था। आज उस संकल्प को धरातल पर साकार होते देखकर अत्यंत सुखद अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की आस्था, विश्वास और भावनाओं से जुड़ा एक पवित्र संकल्प है। भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा और क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से यह निर्माण कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है।श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम भारतीय संस्कृति, मर्यादा, आदर्श और जीवन मूल्यों के प्रतीक हैं। उनके जीवन से समाज को सत्य, धर्म, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण की प्रेरणा मिलती है। रामगढ़ की पावन भूमि पर श्रीराम मंदिर का निर्माण क्षेत्र की आध्यात्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने कामना की कि प्रभु श्रीराम की कृपा से मंदिर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण हो और यह स्थान आने वाले समय में श्रद्धालुओं की आस्था तथा छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक गौरव का महत्वपूर्ण केंद्र बने।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध रहा है। प्रदेश की लोकमान्यताओं में छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का ननिहाल माना जाता है। वनवास काल के दौरान भगवान श्रीराम के छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरने की मान्यताएं भी प्रचलित हैं। रामगढ़ का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व इसी समृद्ध परंपरा से जुड़ा हुआ है। यहां स्थित रामगढ़ पर्वत, प्राचीन गुफाएं और प्राकृतिक सौंदर्य इस क्षेत्र को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं।
सरगुजा जिले का रामगढ़ ऐतिहासिक, पुरातात्विक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। यहां स्थित सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाएं प्राचीन भारतीय कला, स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। रामगढ़ पर्वत से जुड़ी भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की लोकमान्यताएं इस क्षेत्र के धार्मिक महत्व को और बढ़ाती हैं। साथ ही रामगढ़ को महाकवि कालिदास की साहित्यिक परंपरा से भी जोड़ा जाता है। ऐसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थान पर भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण क्षेत्र की धार्मिक पहचान को और सुदृढ़ करेगा।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों का विकास केवल श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। रामगढ़ में श्रीराम मंदिर के निर्माण से आने वाले समय में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावनाएं हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों, छोटे व्यवसायियों और पर्यटन से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर सृजित हो सकेंगे।उन्होंने कहा कि रामगढ़ में धार्मिक पर्यटन के साथ ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन की भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। यहां आने वाले श्रद्धालु भगवान श्रीराम के दर्शन के साथ क्षेत्र की प्राचीन गुफाओं, ऐतिहासिक स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य से भी परिचित हो सकेंगे। मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद रामगढ़ की पहचान एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण ने देशभर में धार्मिक एवं    सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की है। इसी प्रेरणा से रामगढ़ में श्रीराम मंदिर का निर्माण क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी आस्था और आकांक्षाओं को मूर्त रूप देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल का विकास हमारी सांस्कृतिक जड़ों को सहेजने और भावी पीढ़ियों को गौरवशाली विरासत से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री अग्रवाल ने मंदिर निर्माण की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता, धार्मिक गरिमा और स्थापत्य सौंदर्य का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण इस प्रकार होना चाहिए कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक गौरव का स्थायी प्रतीक बन सके।
श्री अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान श्रीराम के आशीर्वाद और क्षेत्रवासियों के सहयोग से रामगढ़ में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण का संकल्प शीघ्र साकार होगा। यह मंदिर न केवल सरगुजा अंचल, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english